बुधवार, 12 अप्रैल 2017

एक पहाड़ी गाँव की यात्रा : उत्तराखंड

मनुष्य एवं प्रकृति का गठजोड़ जन्मघूंटी से हो जाता है। जब वह धरती पर जन्म लेकर पहली सांस लेता है तो प्रकृति से जुड़ जाता है। पशु-पक्षी, वन-पर्वत, नदी-नाले एवं स्वच्छंद पवन जीवन का आधार बन जाती है। भले ही अब मनुष्य सर्व सुविधा युक्त शहरों में बस रहा है, परन्तु प्रकृति के सहवास के लिए तत्पर रहता है। इनमें से मैं भी एक हूँ, जो हमेशा प्रकृति का सामिप्य पाने पहाड़ों, नदियों, वनों की ओर दौड़ लगाता रहता हूँ।
यात्रा के लिए तैयार, ट्रेन के इंतजार में
इस वर्ष की पहली घुमक्कड़ी बोहनी का सुत्रधार बीनु कुकरेती बने। बीनु कुकरेती का गांव बरसुड़ी उत्तरांचल के गढवाल में हैं। पूर्व में यहाँ जाने का कार्यक्रम बना, परन्तु संयोग नहीं होने के कारण पहुंच नहीं पाया। इस बार पुस्तक मेले से बरसुड़ी जाने का कार्यक्रम बन ही गया। आई एस बी टी से हम रात की बस से कोटद्वार के लिए चले,उत्तर प्रदेश परिवहन की खटारा बस, जिसका गेयर लगाने में ही चालक को आधी ताकत लगानी पड़ती थी।  हमारे साथ वैभव एवं धर्मवीर माथुर जी भी थे। इस समय ठंड अधिक पड़ रही थी क्योंकि सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण की ओर प्रस्थान कर रहे थे। देवताओं की छ: महीने की रात्रि समाप्ति की ओर थी। इसलिए ठंड भी अधिक थी।
पहाड़ों की सुंदरता
ठंड को देखते हुए इस बार मेरे साथ पहनने के कपड़े कम एवं ओढने के अधिक थे। बीनु ने भी चेता दिया था कि ठंड से बचने का सामान साथ में होना चाहिए। 221 रुपए प्रति व्यक्ति किराए में दिल्ली से मेरठ, बिजनौर होकर हम चार बजे कोटद्वार पहुंचे। बस ने कोटद्वार तक का 210 किमी का सफ़र पाँच घंटे में तय किया। यहाँ से हमें द्वारीखाल की बस मिलनी थी। कोटद्वार में ठंड अपनी चरम सीमा पर थी। यहाँ बस अड्डे के सामने कुछ अच्छे होटल हैं, जिसमें मिठाईयों के साथ चाय भी मिल जाती है। 
ग्रे हेडेड पैराकीट (तोता)
द्वारीखाल के लिए मिनी बसे चलती हैं। यहां से द्वारी खाल के लिए पहली बस सुबह छ: बजे जाती है। हमने होटल में चाय पीते हुए कुछ समय व्यतीत किया। बीनु ने कहा कि गाँव में सब्जियां नहीं मिलती है, इसलिए कुछ सब्जियाँ हमने कोटद्वार से खरीद ली। कोटद्वार से बस छ: बजे चल पड़ी और मुझे नींद आ गई। गुमखाल पहुंचने पर नींद खुली। यहाँ एक रेस्टोरेंट के सामने यह बस रुकी थी। ठंड भगाने के लिए एक एक चाय पी और आगे बढे। कोटद्वार से द्वारी खाल की दूरी 42 किमी की है। हम यहाँ आठ बजे पहुंच चुके थे। 
बरसुड़ी गांव की ओर ट्रेकिंग किशोर वैभव एवं धर्मवीर जी संग
द्वारीखाल से बरसुड़ी की दूरी लगभग सात किमी है। यह कच्चा रास्ता है, जिस पर कुछ दूरी तक चरचकिया जा सकती है, फ़िर पैदल ही चलना पड़ता है। यहाँ टैक्सी से हम कुछ दूरी तक पहुंचे और फ़िर पैदल यात्रा प्रारंभ की। एक तो पहाड़ी गांव पहुंचने का जज्बा और दूसरा यहाँ की संस्कृति से परिचित होने का जोश कदमों को आगे बढाए जा रहा था। रास्ते में चीड़ के पेड़ों के गिरे हुए पत्तों पर फ़िसलने के खतरा बना हुआ था। आखिर टहलते टहलते बीनु के गाँव पहुंच गए।
बरसुड़ी गाँव का स्वागत द्वार
गांव में प्रवेश द्वार बना हुआ है, प्रविश नगर कीजै सब काजा, हृदय राखि कोसलपुर राजा।  प्रवेश द्वार पर निर्माणकर्ता ग्राम प्रधान भीमदत्त कुकरेती का शिलालेख लगा है। पतली सी पगडंडी आगंतुकों को गांव की ओर ले जाती है। पहाड़ी गाँव की बसाहट ढलान के हिसाब से ऊपर नीचे होती है। घरों की निर्माण सामग्री में लकड़ी एवं पत्थरों का उपयोग होता है। छतें नीची होती हैं, अर्थात मकानों की ऊंचाई अधिक नहीं होती, छ: या सात फ़ुट तक की ऊंचाई की छत से गुजारा चल जाता है।  
धूप सेकते हुए बरसुड़ी गांव में 
घर पहुंच कर बीनु ने दरवाजा खोला और हम बाहर छत पर धूप सेवन करने बैठ गए। ताई ने गर्मागर्म चाय पिलाई और बीनु के चाचा भीमदत्त जी माल्टे काटने लगे। पहाड़ में यहाँ माल्टों का सीजन है। छत्तीसगढ़ में हम इन्हें लेटर्रा कहते हैं। खट्टा मीठा स्वाद होने से एकाध ही खाए जा सकते हैं। बहुत अधिक नहीं। ताई हरा नमक बनाकर ले आई (नमक में धनिया, लहसुन और मिर्च पीस दी जाती है) जिसे हमने माल्टे पर लगा कर खाया तो आनंद आ गया। पहाड़ों चिड़ियों की कुछ अलग प्रजातियाँ दिखाई देती हैं। घर के आसपास बहुत सारी चिड़ियां दिखाई दी। बीनु और वैभव चिड़ियों की फ़ोटो ले रहे थे और हम कुछ को पहचानने में लगे हुए थे।
नीरज जाट पहुंच कर माल्टे छील रिया है।
चाचा ने पुलाव बना लिया था। भाई धर्मवीर जी घर से आधा किलो देशी घी लाए थे। पुलाव में घी डालकर खाया। खाना खाने के बाद नींद आने लगी। मैं घर के भीतर भारी रजाई ओढकर सो गया। ठंड में रजाई में सोने का मजा ही कुछ और है। भले ही हमारी तरफ़ ब्लेंकेट ने रजाईयों को रिप्लेस कर दिया परन्तु मजा तो रजाई में ही है। ठंड के दिनों में अगर सु लग जाए तो बहुत तकलीफ़ होती है, समझ लो मरण तुल्य कष्ट होता है रजाई से बाहर निकल कर मूत कर आना। टंकी फ़ुल होते ही मेरी नींद खुल गई। नीरज जाट, निशा एवं अजय सिंह भी दिल्ली से कार से आ रहे थे। हमारे झपकी लेते तक नीरज लोग भी पहुंच गए और इनका भी स्वागर माल्टे से किया गया। 
सुंदर नजारे के बीच भीमदत्त कुकरेती के घर
इसके बाद हम चाचा के घर की ओर चल पड़े, जो गांव से दो ढाई किमी की दूरी पर था। चढाई उतराई से मुझे बड़ी तकलीफ़ होती है। मैदानी इलाके में तो भले ही बीस किमी चलना पड़ जाए परन्तु पहाड़ी इलाके गोडे तोड़ देता है, पिंडलियों में दर्द भर जाता है क्योंकि हमें पहाड़ में चलने की आदत ही नहीं है। गांव वालों को तो रोज की आदत है इसलिए उन्हें तकलीफ़ नहीं होती। परन्तु मैदान के आदमी पहाड़ में आकर मारे जाते हैं। तीखा ढलान एवं खड़ी चढाई ही दम फ़ुलाने के लिए काफ़ी होती है। आखिर धीरे धीरे चलकर हम चाचा जी के घर पहुंच गए। दोनों पैर चलकर सीधे हो चुके थे।  आगे पढें……

नोट यह यात्रा 9 जनवरी से 12 के बीच सम्पन्न हुई।

सोमवार, 13 फ़रवरी 2017

बारूद के धमाकों से नहीं मिटती लोक संस्कृति : अबुझमाड़ में करसाड़

पच्चीस बरसों के बाद अबुझमाड़ के नारायणपुर मार्ग पर जा रहे थे, उबड़-खाबड़ इकहरी सड़क अब चिकनी और दोहरी हो चुकी है। मार्ग पर सन्नाटे की जगह, चहल पहल दिखाई दे रही है। मोटर सायकिलों की भरपूर आवा जाही हो रही है, जो उस समय यदा कदा ही दिखाई देती थी। लग रहा था कि काफ़ी कुछ बदल गया है और बदल रहा है। 
देवी राजटेक (राजेश्वरी) स्थान
हम नारायणपुर से भीतर जंगल के कोकोड़ी गाँव में  आदिवासियों के त्यौहार करसाड़ जात्रा में सम्मिलित होने जा रहे थे। जहाँ करंगाल परगना के पैंतालिस गांव के आदिवासी तीन दिवसीय त्यौहार करसाड़ मनाने के लिए एकत्रित हुए थे। 

मिलन, जय जुहार
हमें कच्ची सड़क पर धूल उड़ाते हुए बहुत सारे लोग मोटर सायकिलों पर जाते हुए दिखाई दे रहे थे। हम भी उनके पीछे पीछे मंदिर तक पहुंच गए। सरई के वृक्षों के बीच सैकड़ों मोटरसायकिलें खड़ी थी एवं खुले मैदान में खई खजाने की दुकाने सजी हुई थी। आदिवासी महिलाएं-पुरुष एक दूसरे से मिलकर जुहार (अभिवादन) कर रहे थे।

देव मांझी महेश्वर पात्र के साथ लेखक ललित शर्मा
राज टेका (राजेश्वरी) के मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी हुई थी। परगना से आए हुए देव एक स्थान पर विराजमान थे। साथ ही जगदलपुर से आए हुए राजा के देवता (पाट देवता) की पूजा हो रही थी। देव हाड़े हिड़मा उनकी पत्नी राज टेका ग्राम भ्रमण पर थे। करंगाल परगना के देव मांझी महेश्वर पात्र के संचालन में सभी प्रक्रियाएं संचालित हो रही थी। 
पाट देवता, जगदलपुर राजा के देव
करसाड़ (कोंडागाँव क्षेत्र में ककसाड़) का अर्थ देवक्रीड़ा होता है, जिसे देवता खेलाना कहते हैं। करसाड़ को गोंडी भाषा में "करसी हियाना" कहा जाता है। करसाड़, हल्बा एवं गोंड़ दो जनजातियों के सम्मिलन एवं समरसता का पर्व है। देव मांझी महेश्वर पात्र ने कहते हैं कि बूढा देव के भाई का नाम हाड़े हिड़मा (कोकोड़ी करिया) है। उन्होंने मावली देवी की पुत्री राजटेका से प्रेम विवाह किया था। 

ढोल पर नृत्य 
मावली माता हल्बा जनजाति की देवी हैं और बूढा देव गोंड़ जनजाति के देवता हैं। बूढा देव के भाई हाड़े हिड़मा (कोकोड़ी करिया) एवं मावली देवी की बेटी राजटेका (राजेश्वरी) के प्रेम विवाह द्वारा हल्बा एवं गोंड़ जनजाति का मिलन हुआ और करसाड़ को दोनो जनजाति मिलकर मनाते हैं। 
युवा महिलाओं द्वारा नृत्य
इस तीन दिवसीय पर्व के पहले दिन करंगाल परगना के सभी देव कोकोड़ी पहुंचते हैं, जिनमें हाड़े हिड़मा के बेटा बेटी एवं भाई बहन होते हैं। यहाँ पहुंचने पर देव मांझी उनका आगमन सत्कार सम्मान करते हैं ढोल बजाए जाते हैं। उसके बाद बेटी एवं बहनों को एक पक्ति में एवं बेटे और भाईयों को अगल पंक्ति में स्थान दिया जाता है।
देवी की डोलियाँ
रात को सामुहिक भोज होता है तथा अगले दिन जात्रा संयोजकों की तरफ़ से सबको एक समय पकाने खाने के लिए चावल दाल दिया जाता है। अगले दिन सुबह हाड़े हिड़मा एवं राजटेका ग्राम भ्रमण पर जाते हैं, प्रत्येक गृहवासी इनका तेल एवं हल्दी लगाकर स्वागत करता है। ग्राम भ्रमण के पश्चात इनको यात्रा स्थल पर लाया जाता है।
हर हर बाइक घर घर बाइक - बदलाव की लहर 
नगाड़ों की ध्वनि के से देवता खेलाने का कार्य प्रारंभ हो जाता है। वृक्षों के नीचे आराम कर रहे सभी लोग आयोजन स्थल पर पहुंच जाते हैं। महिलाएं नृत्य करती हैं एवं युवा ढोल बजाते हुए कदमों पर थिरकते हैं तथा इनके बीच देवता खेलते हैं। सिरहों पर देवताओं की सवारी आ जाती है। यह कार्य रात तक चलता है। 
हाड़े हिड़मा एवं राज टेका देवी के आगमन की प्रतीक्षा करते 
उसके पश्चात अगले दिन सुबह देवता तालाब में स्नान करते हैं एवं उनकी इच्छा के अनुरुप मुर्गा, बकरा, सुअर आदि की बलि दी जाती है। इसी स्थान पर बलि पकाई खाई जाती है। मंडादेव से नारायणपुर की मावली मड़ई की तिथि प्राप्त कर सांझ तक सभी देवता अपने अपने स्थान को रवाना हो जाते है एवं करसाड़ यात्रा सम्पन्न हो जाती।
सभी देवता एक स्थान पर 
इस जात्रा के दौरान नारायणपुर की प्रसिद्ध मावली मड़ई के आयोजन की तिथि देवताओं से पूछ कर तय की जाती है। उनकी इच्छा के अनुसार नियत तिथि को नारायणपुर में मावली मड़ई का आयोजन किया जाता है। यह मड़ई आगामी 21-22 फ़रवरी को आयोजित होगी। जात्रा में सम्मिलित होकर इस अवसर को अपने कैमरे में कैद करना एक सुखद अनुभव रहा तथा आदिवासी संस्कृति को समीप से जानने एवं समझने का अवसर मिला।
पटेल, लेखक, चालकी, डॉ राजाराम त्रिपाठी, राजीव रंजन प्रसाद, देव मांझी महेश्वर पात्र एवं शिव कुमार पान्डेय
जो इलाका बारुद की गंध से हमेशा सराबोर रहता है और जहाँ कब किसकी मौत आ जाए, इसका पता नहीं है। मौत एवं जीवन के इस खेल के बीच अपने त्यौहारों एवं पर्वों को मनाते हुए अपनी प्राचीन परम्परा अक्षुण्ण रखना जीवटता ही है। इससे साबित होता है  कि लोक संस्कृति की जड़ें इतनी गहरी होती हैं कि इन्हें मिटाना संभव नहीं।