शिल्प लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शिल्प लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 27 नवंबर 2015

जगन्नाथ मंदिर का शिल्प एवं इतिहास - कलिंग यात्रा

उड़ीसा राज्य के तटवर्ती क्षेत्र में स्थित जगन्नाथ मंदिर हिन्दुओं का प्राचीन एवं प्रसिद्ध तीर्थ स्थान है। हिन्दूओं की धार्मिक आस्था एवं कामना रहती है जीवन में एक बार भगवान जगन्नाथ के दर्शन अवश्य करें क्योंकि इसे चार धामों में से एक माना जाता है। वैष्णव परम्परा का यह मंदिर भगवान विष्णु के अवतार कृष्ण को समर्पित है। यहाँ की वार्षिक रथयात्रा विश्व प्रसिद्ध है। इस मंदिर में तीन मुख्य देवता भगवान जगन्नाथ, उनकी बहन सुभद्रा एवं भाई बलभ्रद की पूजा होती है। जगन्नाथ के धार्मिक महत्व के विषय में जन-जन जानता है। फ़िर भी मैं संक्षेप में उल्लेख करना चाहुंगा।
सुभाष चौक पुरी
इस मंदिर का निर्माण कलिंग राजा अनंतवर्मन गंगदेव ने कराया था। मंदिर का जगमोहन एवं विमान भाग इनके शासन काल (1078-11148 ई) में निर्मित हुआ था। फ़िर सन 1147 में राजा अनंग भीम देव ने इस मंदिर को वर्तमान रुप दिया था। इसका ताम्रपत्रों में उल्लेख बताया जाता है। मंदिर में जगन्नाथ अर्चना सन १५५८ तक होती रही। इस वर्ष काला पहाड़ ने ओडिशा पर हमला किया और मूर्तियां तथा मंदिर के भाग ध्वंस किए और पूजा बंद करा दी तथा विग्रहो को चिलिका झील मे स्थित एक द्वीप मे गुप्त रखा गया। बाद में, रामचंद्र देब के खुर्दा में स्वतंत्र राज्य स्थापित करने पर, मंदिर और इसकी मूर्तियों की पुनर्स्थापना हुई।
मंदिर का विहंगम दृश्य
कलिंग शैली में निर्मित इस मंदिर को हम देखे तो वर्तमान में भी काला पहाड़ द्वारा किए गए विध्वंस के चिन्ह दिखाई देते हैं। मुख्य मंदिर के आमलक एवं जगमोहन की छत को उसके द्वारा तोड़ दिया गया प्रतीत होता है। प्रस्तर निर्मित इस मंदिर के विशाल आमलक एवं जगमोहन की छत का पुनर्निर्माण हुआ है। जो प्रस्तर निर्मित न होकर चूना सुर्खी से बना हुआ है अलग ही दिखाई देता है। राजा ने जगन्नाथ मंदिर का भव्य निर्माण कराया था। इसकी भित्तियों पर अप्सराएं, वादक, भारसाधक, व्यालों के साथ मिथुन मूर्तियां भी स्थापित की गई हैं। इसकी भव्यता देखते ही बनती है।
चलो चले मुसाफ़िर
मंदिर का विस्तार वृहत क्षेत्र में है, जो लगभग चार लाख वर्ग फ़ुट में विस्तारित है और चारदिवारी से घिरा हुआ कलिंग स्थापत्यकला एवं शिल्प का उदाहरण है तथा यह भारत के भव्यतम स्मारक स्थलों में से एक है। मुख्य मंदिर वक्ररेखीय आकार का है, जिसके शिखर पर विष्णु का श्री सुदर्शन चक्र (आठ आरों का चक्र) मंडित है। इसे नीलचक्र भी कहते हैं। यह अष्टधातु से निर्मित है और अति पावन और पवित्र माना जाता है। मंदिर का मुख्य ढांचा एक 214 फ़ुट (65 मी) ऊंचे पाषाण चबूतरे पर बना है। इसके भीतर आंतरिक गर्भगृह में मुख्य देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं। 
सिंह द्वार पर स्थापित गरुड़ स्तंभ
मंदिर का मुख्य भाग विशाल है। मंदिर की पिरामिडाकार छत और लगे हुए मण्डप, अट्टालिकारूपी मुख्य मंदिर के निकट होते हुए ऊंचे होते गये हैं। यह एक पर्वत को घेरी हुई छोटी पहाड़ियों एवं टीलों के समुह सदृश दिखाई देता है। मुख्य भवन एक बीस फ़ुट (6.1 मी) ऊंची दीवार से घिरा हुआ है तथा दूसरी दीवार मुख्य मंदिर को घेरती है। एक भव्य सोलह किनारों वाला एकाश्म स्तंभ, मुख्य द्वार के ठीक सामने स्थित है। इसका द्वार दो सिंहों द्वारा रक्षित हैं।
ध्वज एवं चक्र
मंदिर के शिखर पर स्थित चक्र, सुदर्शन चक्र का प्रतीक है और लाल ध्वज भगवान जगन्नाथ का प्रतीक माना जाता है। इस मंदिर से अनेक किंवदन्तियां एवं लोककथाएं जुड़ी हुई हैं। एक कथा के अनुसार भगवान जगन्नाथ की इंद्रनील या नीलमणि से निर्मित मूल मूर्ति, एक अगरु वृक्ष के नीचे मिली थी। यह इतनी चकचौंध करने वाली थी, कि धर्म ने इसे पृथ्वी के नीचे छुपाना चाहा। मालवा नरेश इंद्रद्युम्न को स्वप्न में यही मूति दिखाई दी थी। तब उसने कड़ी तपस्या की और तब भगवान विष्णु ने उसे बताया कि वह पुरी के समुद्र तट पर जाये और उसे एक दारु (लकड़ी) का लठ्ठा मिलेगा। उसी लकड़ी से वह मूर्ति का निर्माण कराये। राजा ने ऐसा ही किया और उसे लकड़ी का लठ्ठा मिल भी गया।

रथयात्रा मार्ग
उसके बाद राजा विश्वकर्मा बढ़ई कारीगर समक्ष मूर्ति बनवाने के लिए उपस्थित हुए। विश्वकर्मा जी ने यह शर्त रखी, कि वे एक माह में मूर्ति तैयार कर देंगे, परन्तु तब तक वह एक कमरे में बंद रहेंगे और राजा या कोई भी उस कमरे के अंदर नहीं आये। जब कई दिनों तक कोई भी आवाज नहीं आई, तो उत्सुकता वश राजा ने कमरे में झांका और वह वृद्ध कारीगर द्वार खोलकर बाहर आ गया और राजा से कहा कि मूर्तियां अभी अपूर्ण हैं, उनके हाथ अभी नहीं बने थे। राजा के अफसोस करने पर मूर्तिकार ने बताया कि यह सब दैववश हुआ है और यह मूर्तियां ऐसे ही स्थापित होकर पूजी जायेंगीं। तब वही तीनों जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की मूर्तियां मंदिर में स्थापित की गयीं।
भोग प्रसाद रिक्शा
महान सिख सम्राट महाराजा रणजीत सिंह भगवान जगन्नाथ को मानते थे, उन्होने इस मंदिर को प्रचुर मात्रा में स्वर्ण दान किया था, जो कि उनके द्वारा स्वर्ण मंदिर अमृतसर को दिये गये स्वर्ण से कहीं अधिक था। कहते हैं कि उन्होंने अपने अंतिम दिनों में यह वसीयत भी की थी कि विश्व प्रसिद्ध कोहिनूर हीरा, जो विश्व में अब तक सबसे मूल्यवान और सबसे बड़ा हीरा है, इस मंदिर को दान कर दिया जाए। लेकिन यह सम्भव ना हो सका, क्योकि उस समय तक ब्रिटिशों ने पंजाब पर अपना अधिकार करके, उनकी सभी शाही सम्पत्ति जब्त कर ली थी। वर्ना कोहिनूर हीरा, भगवान जगन्नाथ के मुकुट की शान होता।
मंदिर मुख्य प्रवेश द्वार
जगन्नाथ मंदिर की एक खास बात है कि इसमें हिन्दूओं के अतिरित्क अन्य धर्मावलम्बियों का प्रवेश वर्जित है। मुख्यद्वार पर ही इस आशय की चेतावनी लिखी हुई है। भारतीय सिक्ख, जैन एवं बौद्धों के लिए प्रवेश की छूट है, परन्तु उन्हें अपनी भारतीय पहचान दिखानी होती है। मंदिर ने धीरे-धीरे गैर-भारतीय मूल के लेकिन हिन्दू लोगों का मंदिर क्षेत्र में प्रवेश स्वीकार करना आरम्भ किया है। अन्यथा बाली द्वीप के लोगों को भी प्रवेश नहीं दिया जाता था। पूछने पर पण्डा जी ने बताया कि अन्य लोगों को भगवान स्वयं रथयात्रा के दिन मंदिर से बाहर आकर दर्शन देते हैं, इस दिन कोई भी भगवान के दर्शन कर सकता है। यह  रथ यात्रा आषाढ शुक्ल पक्ष की द्वितीया को होती है, जो तिथियों के अनुसार जून या जुलाई में होती है। जारी है… आगे पढें।

सोमवार, 20 अप्रैल 2015

रथचक्र में कालचक्र : कलिंग यात्रा


विशाल रथ के विशाल पहिए, हाँ भई विशाल्र रथ को खींचने के लिए विशाल पहियों की योजना की आवश्यकता थी। अधिष्ठान की ऊंचाई को ध्यान में रख कर पहियों की ऊंचाई भी तय की गई थी। प्रत्येक पहिया तीन मीटर का है अर्थात नौ फ़ुट नौ इंच ऊंचाई होगी। पहिए भी साधारण नहीं है, किसी भी गहने को महीनता से निर्मित करने में एक स्वर्णकार जितना श्रम करता है, उससे अधिक श्रम एवं अलंकरण प्रत्येक पहिए में बिसु (विष्णु) महाराणा के कारीगरों ने किया है। धातु पर कार्य करने अपेक्षा शिलाओं पर कार्य करना अत्यधिक कठिन है। शिलाओं पर जो भी कार्य होता है वह पूर्णता की ओर ही बढ़ता है। एक छेनी गलत चल जाने पर सुधार की गुंजाईश नहीं रहती। फ़िर वह दोष सहस्त्राब्दियों तक के लिए स्थाई हो जाता है।

मैं चक्र का निरीक्षण कर रहा था और बिकाश का ध्यान चक्र के साथ फ़ोटो लेने में था। यह वही स्थान है जहाँ अधिकतम पर्यटक एक चित्र जरुर लेते हैं। बिकाश मेरे सुक्ष्म निरीक्षण में व्यवधान उत्पन्न कर रहा था। कहते हैं "लौंडों की दोस्ती, जी का जंजाल"। बस कुछ ऐसा ही मामला था। उसकी रुचि कोणार्क के सतही दर्शन में थी और मेरी इच्छा गहन अध्ययन करने में। बस अपनी आंखो से देख कर समझने पर विश्वास है। जो देखा उसके विषय में मंतव्य अपनी मंत्रणा के हिसाब से देता हूँ। बिकाश की ईच्छा पूर्ण करनी पड़ी। वर्तमान में एक नई समस्या का सामना भी करना पड़ रहा है। कैमरे से फ़ोटो खींचने के साथ वही दृश्य मोबाईल से भी खींचना पड़ता है। एक ही दृश्य को दो-दो बार कैद करना पड़ता है। डिजिटल युग ने फ़ालतु के काम बढ़ा दिए। 

सूर्य रथ समस्त चक्र (पहियों) की परिकल्पना एक जैसी है। प्रत्येक में 8 आरे है और इन आरों के मध्य इतने ही लघु आरे भी हैं। अगर थोड़ा सा दिमाग लगाए और खोपड़ी खुजाएं तो निर्माणकर्ता ने प्रत्येक पहिए को 24 घंटे का बनाया और इस 24 घंटे को 8 बड़े एवं 8 छोटे आरों में विभक्त किया है। अब बड़े आरे 24 घंटे को आठ भागों में विभक्त करते हैं तो प्रत्येक आरा मध्य के हिस्से तीन घंटे आते हैं। इसी तरह छोटे आरे मध्य के हिस्से नब्बे मिनट आते हैं। इन नब्बे मिनटों को पाठे के 30 लघु गोलकों  में बांटा गया है इस तरह प्रत्येक लघुगोलक के हिस्से तीन मिनट आते हैं और लघु गोलक पर पड़ने वाली छाया को तीन हिस्से में बाटने पर एक मिनट का समय होता है। जो घंटे की प्रथम इकाई है। यह सूर्य घड़ी न्यूनतम इकाई मिनट तक का समय बता सकती है।  इससे तय होता है कि यह एक सूर्य घड़ी है। जो सूर्य की परछांई के हिसाब से समय बताती है। 

सूर्य रथ के इन चक्रों में जीवन स्पंदित होता है, जिस तरह हम वर्तमान के चलचित्र देखते हैं और उसमें जीवन से संबंधित सभी कारक एवं कारण दिखाई देते हैं, उसी तरह इन चक्रों में उत्कीर्ण वृक्ष, वल्लरियाँ, वन चर, जल चर, थलचर, नभचर एवं मानवों के साथ देवताओं को स्थान दिया गया है। प्रतीत होता है स्वर्ग यहीं उतर आया है। प्रथम चक्र में अवतारों को स्थान दिया है। सूर्योदय के समय व्यक्ति की दिनचर्या में ईश्वर स्तुति उपासना प्रमुख कार्य होता है, जो देवताओं के स्मरण के बगैर संभव नहीं है। जिस तरह लौकिक परम्परा में गणपति का प्रथम स्थान है, उसी तरह शिल्पकार भी छेनी और हथौड़ी उठाता है तो सर्वप्रथम स्वमान्य, कुलमान्य ईष्टदेव का स्मरण कर कार्य को प्रारंभ करता है। 

चक्र के प्रत्येक भाग को महीनता से अलंकृत किया गया है, अलंकरण देख कर ऐसा लगता है कि शिल्पकार दत्तचित्त होकर प्रस्तर पर आभुषणों का निर्माण कर रहा हो। चक्र की धूरी पर अलंकृत कील अत्यधिक महत्वपूर्ण है, भले ही इसका निर्माण अलंकरण की दृष्टि से किया है परन्तु इस पर रथ संचालन का समस्त भार है। सूर्य रथ का चालक अरुण रथ हांकने से पहले एक दृष्टि तो अवश्य धूरी की कील पर डालता ही होगा। धूरी पर पद्मांकन किया गया है जो इसके सौंदर्य में वृद्धि कर रही है। चक्र के पार्श्व में गज, नर, वानर, सिंह इत्यादि को उत्कीर्ण किया गया है। जैसे की सम्पूर्ण वनांचल ही अर्क रथ का स्वागत करने चला आया हो। 

अगले चक्र में सांझ का वर्णन दिखाई दे रहा था। सांझ के समय सूर्य अस्ताचल को जाता है और दिन भर के कार्य सम्पादन के पश्चात मनुष्य को आलस घेर लेता है और वह रात की प्रतीक्षा करता है, या फ़िर सांझ ढ़लते ही दिवस भर से नायिका प्रियतम की प्रतीक्षा में उकता कर उबासियाँ और अंगड़ाईयाँ लेते हुए द्वार आहट को सुनने के लिए व्यग्र रहती है। इन भावों का प्रभावोत्पादक ढ़ंग से इस चक्र आठों आरों पर चित्रण किया गया है। किसी चित्र में नायिका आ उत्तरीय हवा से उड़कर उसके पुष्ट सौंदर्य को प्रदर्शित कर रहा है तो कहीं वह चौकी पर बैठी हुई व्यग्रता से प्रतीक्षारत दिखाई देती है।  … जारी है, आगे पढ़ें……।