उदय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
उदय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 20 अगस्त 2016

बाबू घाट की सुनहली सांझ

आरम्भ से पढ़ें 
हम पारो से लगातार चलते हुए तीन बजे फ़ुंतशोलिन पहुंचे। यहां से हमे छोटी गाड़ियों से न्यू जलपाईगुड़ी जाना था। फ़ुंतशोलिन पहुंच कर देखा कि वहां सिर्फ़ दो गाड़ियां आई हैं और हम कुल सत्रह लोग थे। टूर आपरेटर ने फ़ोन करके और गाड़ियों के लिए बोला तो पता चला कि मोदी जी के आगमन के कारण सभी गाड़ियां बुक हो गई हैं। मैने सोचा कि एक गाड़ी में द्वारिका प्रसाद जी एवं संतराम तारक जी का परिवार कुल सात नग चले जाएंगे। बाकियों के लिए और गाड़ी का इंतजाम हो रहा था। 
पारो का सुंदर दाचेन हिल रिसोर्ट
इंतजाम नहीं हुआ तो जैसे-तैसे हम लोग एक गाड़ी से पहुंच जाएंगे। इनको तकलीफ़ नहीं होगी, क्योंकि संग में महिलाएं भी थी। संतराम तारक जी का सामान उस गाड़ी में चढा दिया गया। जब ये गाड़ी में बैठे तो श्रीमती द्वारिका अग्रवाल ने कह दिया कि इस गाड़ी में तो हमारी फ़ैमिली जाएगी। तारक जी गाड़ी से उतर गए। अब इतना समय नहीं था कि कैरियर में बंधे हुए सामान को खोलकर फ़िर से निकाला जाए। मैने उस गाड़ी में नवीन तिवारी जी और राजेश अग्रवाल जी को भेज दिया और गाड़ी रवाना कर दी।
दाचेन हिल रिसोर्ट के कर्मचारी
इसके बाद एक छोटी कार आई उसमें ललित वर्मा टीकाराम वर्मा एवं संतराम तारक जी को सपत्नी भेज दिया । इसके बाद एक और गाड़ी की व्यवस्था हो गई, जिसमें मैं बिकाश, हेमंत, अंकित एवं राजेश सेहरावत आदि सबसे आखिर में चले। इसमें बसु दा भी साथ थे, उन्हें हासीमारा छोड़ना था। द्वारिका प्रसाद जी की गाड़ी को निकले आधा घंटा से अधिक हो चुका था। बसु दा को हासीमारा छोड़कर हम आगे बढे। हमारा ड्रायवर होशियार था, उसने गाड़ी सिलीगुड़ी ले जाने की बजाय एक अन्य रोड़ पर डाल दी। हम बांध के उपर से चलते हुए न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचे। दार्जलिंग मेल के चलने में मात्र पन्द्रह मिनट का समय बचा था।
दाचेन हिल रिसोर्ट के कर्मचारी
सतराम तारक जी अपने सामान की प्रतीक्षा कर रहे थे। मै द्वारिका प्रसाद जी के फ़ोन में घंटी बजा रहा था पर वे फ़ोन नहीं उठा रहे थे। आखिर में जब पांच मिनट बचे तो राजेश सेहरावत ने संतराम जी का बाकी सामान उठाया और दौड़ते हुए ट्रेन तक पहुंचे। हम लोग चिंतित थे कि इन लोग अभी तक नहीं पहुंचे हैं, गाड़ी के पास पहुंचकर देखा तो सारे लोग पहुंच चुके थे। जिनके कारण हमे विलंब हुआ और हम गेट पर खड़े होकर इंतजार करते रहे। हमारे ट्रेन में चढते ही वह चल पड़ी। अगर हम पारो से आठ बजे भी निकल लिए होते तो भागते हुए ट्रेन नहीं पकड़नी पड़ती। बिकास, अंकित और हेमंत यहीं रह गए। उनकी टेन हमारे बाद थी। हम एक ही बोगी में राजेश सेहरावत, संतराम तारक जी, राजेश अग्रवाल आदि थे। भोजन साथ में किए और सो गए।
फ़ुंतसोलिन की चेक पोस्ट
 सुबह हम कलकत्ता पहुंचे तो बसु के बताए होटल में गए, होटल बहुत घटिया सा था। उसने कहा नान एसी रुम खाली नहीं है। एक एसी रुम है पन्द्रह सौ में। मैने वह रुम ले लिया, क्योंकि मुझे अब अन्य किसी स्थान पर होटल ढूंढने की इच्छा नहीं हो रही थी। सोचा कि जैसा भी है, यहीं टिका जाए। शाम को तो यहां से निकलना है। बाकी लोग हावड़ा के लिए चले गए। मैं नहा धोकर आराम करने लगा। तभी याद आया कि यहां किशन लाल बाहेती जी रहते हैं, समय है उनसे ही मिल लिया जाए। फ़ोन लगाने पर उन्हें प्रसन्नता जाहिर की और अपना पता बता दिया। 
किशन जी बाहेती कोलकाता
मैं टैक्सी लेकर उनके बताए पते पहुंचा। उनका एक आदमी मुझे लेकर उनकी दुकान तक गया। उनके भाई साहब के दुकान में आने के बाद वे फ़ारिग हो गए और हम कलकता घूमने चल पड़े। सबसे पहले तो कुछ खाने की सोचे तो मैने कहा कि टिपिकल बंगाली खाना खाया जाए। किशन जी मुझे बंगाली रेस्टोरेंट भजो  हरि मन्ना लेकर गए। कोलकाता में "भजोहरी मन्ना" परंपरागत बंगाली खाने के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट की श्रृंखला है, जो भारत के अन्य मेट्रो सिटी में भी पाई जाती है। मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। यह रेस्टोरेंट धरमतल्ला एक्सप्लेनेड मैट्रो के समीप स्थित है। पहुंचने पर देखा तो काफी भीड़ थी, 10 मिनट तक अपनी बारी का इंतजार किया है, भूख चरम सीमा पर थी।

खुद खेंचु दंडिका से पहली सेल्फ़ी बड़ा बाजार कोलकाता
हमने विभिन्न तरह के बंगाली व्यंजनों का ऑर्डर दे डाला। एलिस मछली बंगालियों को सर्वकालिक प्रिय है। इसे विशेष तौर पर मेहमानों के लिए पकाया जाता है। भोजन लगने के बाद विभिन्न तरह की सब्जी दाल चावल सलाद इत्यादि देख कर मन खुश हो गया। एलिस मछली का स्वाद ही कुछ अलग था। इसके साथ ही पातौड़ी माछ का ग्रेडिएंट एवं मसाला बहुत ही पसंद आया। यह एलिस मछली से बाजी मार ले गई। किशन भाई ने निरामिष भोजन किया और हमने दोनों का आनंद लिया। इस तरह कोलकाता की दोपहर एक यादगार बन गई अगली यात्रा में भी कुछ इसी तरह भोजन का आनंद लिया जाएगा।
बाबू घाट कोलकाता से दिखाई देता विद्यासागर सेतु
इसके बाद हम कुछ सामान खरीदने बड़ा बाजार गए, वहां से अंग्रेजों के बसाए पुराने कलकत्ता शहर में चक्कर काटते हुए टैक्सी लेकर बाबू घाट पहुंचे। यहां की शाम देखी। वैसे कोलकाता में बाबू घाट प्रसिद्ध स्थान है। डूबते हुए सूरज की कुछ फ़ोटुएं खींची। इसके बाद किशन जी को डॉक्टर के पास जाना था वे मुझे एक स्थान पर छोड़ कर चले गए और मैं टैक्सी से होटल पहुंच गया। 
पुत्र उदय एव छोटा भाई कीर्ति
होटल से सामान लेकर हम हावड़ा स्टेशन आ गए। यहां राजेश सेहरावत से भेंट हुई। संतराम तारक और राजेश अग्रवाल की सीट भी मेरे ही कोच में थी।  ट्रेन में बैठने के बाद राजेश सेहरावत से विदा ली, उनको दिल्ली जाना था। संतराम तारक जी होटल से खाना लाए थे, हमने सबने साथ ही खाना खाया और सुबह रायपुर पहुंच गए। स्टेशन पर पुत्र उदय एवं छोटा भाई कीर्ती लेने के लिए आए हुए थे…। इति .........

सोमवार, 25 अप्रैल 2011

लड़की को बदमाशों ने मार दिया पापा----ललित शर्मा

टीवी के कार्यक्रमों का बाल मन पर गहरा असर हो रहा है। इन कार्यक्रमों से बच्चों के क्रियाकलाप भी प्रभावित होते हैं। बच्चों का पूरा समय टीवी देखने में ही लग रहा था। पढाई चुल्हे में गई। हिन्दुस्तान और पाकिस्तान के क्रिकेट मैच के दिन मैने टीवी चालु किया। अन्यथा टीवी बंद ही था।  टी वी बंद करने का अनुकूल असर भी बच्चों पर पड़ा। वे पढाई करने लगे थे। डिश तो शुरु नहीं किया पर डी डी वन चालु है।  उदय अभी 8 साल का है, अब वह समझने लगा है, गत दो सप्ताह से टीवी देख रहा है। पहले रात को नौ बजते ही सो जाता था, लेकिन फ़िल्म देखने के लिए रात 12 बजे तक जगा रहता है। कल भी उसने एक फ़िल्म  देखी। आज दोपहर वह फ़िल्म देख रहा था और मैं इधर नेट पर काम कर रहा था। मिस्टर इंडिया फ़िल्म चल रही थी, समीप होने के कारण उसके डायलाग मुझे सुनाई दे रहे थे। तभी अचानक उदय ने टी वी बंद कर दिया और बिजली के प्लग से भी उसका तार निकाल कर बाहर भाग गया।

टीवी की आवाज बंद होने पर मैने मुड़ कर देखा तो वह बाहर जा रहा था। मैने आवाज देकर उसे बाहर जाने का कारण पूछा। तो वह बोला कि "बम से लड़की को बदमाशों ने मार दिया पापा।" तब मुझे फ़िल्म का सीन याद आया कि मोगेम्बो कहता है"सारे भारत में खिलौनो में और कारों में भर कर बम लगा दो। सब तरफ़ त्राहि त्राहि मचने दो। खून की होली खेलेगें।" समुद्र के किनारे एक टेडी बियर में बम रखा था और उसे एक लड़की उठाती है और बम ब्लास्ट हो जाता है और लड़की मर जाती है। उदय इस दृश्य से सहम जाता है इसलिए टी वी बंद करके बाहर चला जाता है। मैं उसे आवाज देकर बुलाता हूँ और टीवी बंद करने का कारण पूछता हूँ। वह सहमे-सहमे कह्ता है " पापा, वह लड़की बम फ़ूटने से मर गयी तो मुझे अच्छा नहीं लगा। मै टीवी नहीं देखुंगा।" मैने टी वी फ़िर चालु किया और उसे बताय कि वह सीन निकल चुका है तु अभी बैठ कर देख। वह फ़िर टीवी देखने लगता है।

मैं टी वी देखते हुए उसकी भाव-भंगिमाओं पर नजर रखता हूँ। उसके चेहरे से मुझे लग रहा था कि वह डरा हुआ है। आराम से बैठ कर फ़िल्म नहीं देख रहा है। फ़िल्म के एक सीन ने उसके कोमल मन पर असर किया। कल सुबह उठेगा तो सामान्य हो जाएगा। इस तरह की घटना प्रत्येक बच्चे के साथ होती है। वर्तमान में बनने वाले टीवी कार्यक्रम एवं फ़िल्मों में हत्या, डकैती, ब्लात्कार, षड़यंत्र नग्न दृश्य इत्यादि ही फ़िल्माए जा रहे हैं। घर में पूरा परिवार एक साथ बैठ कर नहीं देख सकता। जिन बच्चों ने पुरानी फ़िल्मे नहीं देखी है उन्हे वर्तमान की फ़िल्में ही अच्छी लगती हैं। समाज में भी फ़िल्मों के प्रभाव वाले पहनावा और रहन सहन चल रहा है। टीवी और फ़िल्मों के दुष्प्रभाव से बच्चों में नकारात्मकता भरते जा रही है। जिस तरह फ़िल्मी बच्चे अपने माँ बाप से व्यवहार और संवाद करते हैं, उसी तरह का संवाद आज बच्चे अपने माँ बाप से करने लगे हैं। टीवी फ़िल्मों की नकल करने लगे हैं। रामायण एवं शक्तिमान धारावाहिक का असर तो हमने प्रत्यक्ष देखा है, पता नहीं धनुष के तीर से कितने बच्चों ने आंखे फ़ुड़वाई हैं और कितनों ने उड़ने की कोशिश में छत से छलांग लगाई है।

महलों से लेकर झोंपड़ी तक टीवी की पहुंच हो गयी है। लोग टीवी के साथ अब डिस्क एंटीना भी लगा रहे हैं। मैने बंजारों के अस्थाई टैंटो में भी डिश एन्टीना लगा हुआ देखा है। सास बहु के संवाद तो वैसे ही मशहूर हैं लेकिन अब टी वी सीरियल वाले बाकायदा संवाद लिख कर सास-बहु तक पहुंचा रहे हैं। अब सास-बहु और मियां बीबी के झगड़े में सीरियल के संवाद ही सुनाई देने लगे हैं। पॉंन्डस टैल्कम पावडर का एक विज्ञापन दिखाया जा रहा है, जिसमें जींस टॉप वाली लड़की बाईक पर आकर लड़के को भगा कर ले जा रही, जब लड़का अपने घर की तरफ़ देखता है तो कहती है " शादी भले ही हम भाग कर करेगें,पर रिसेप्शन घर वालों की सहमति से ही करेंगें।" मुझे यह समझ नहीं आया कि टैल्कम पावडर के विज्ञापन से भगौड़ी शादी का क्या संबंध है?  डी डी बन पर तो हर 15 मिनट में कंडोम और माला डी के विज्ञापन आ रहे हैं। गर्भनिरोधक गोलियों के वि्ज्ञापन चल रहे हैं। व्याभिचार को बढावा दिया जा रहा है। 

हम लोगों ने भी टीवी पर फ़िल्में देखी है, 74-75 से लेकर 92 तक पूरा परिवार एक साथ बैठ कर टीवी के कार्यक्रम देखता था और मोहल्ले वाले भी आ जाते थे रविवारीय फ़िल्म देखने के लिए। साफ़ सुधरी फ़िल्में दिखाई जाती थी जिसे सभी एक साथ बैठ कर देखते थे और फ़िल्मों का आनंद लेते थे। डिस्क के चलन से ही सारा गुल गपाड़ा हुआ है। घटिया कार्यक्रम चला कर लोगों की मानसिकता खराब करने का कार्यक्रम बेधड़क जारी है। फ़िल्म निर्माता भी ऐसे दृश्य फ़िल्मा रहे हैं कि जिन्हे बैठ कर वे भी परिवार के साथ नहीं देख सकते। उन्हे तो पैसा मिल रहा है समाज में विकृति फ़ैलाने का। क्या हिंसा और अश्लील दृश्यों के बिना फ़िल्मे बन एवं चल नहीं सकती? फ़िल्म फ़्लाप होने का रिस्क कौन ले? जो दिखता है वह बिकता है। वर्तमान पीढी को इस महामारी से कैसे बचाया जाए यह एक यक्ष प्रश्न है। पूरे कुंए में ही भांग पड़ी है। पता नहीं उदय जैसे कितने बच्चे इन कार्यक्रमों और फ़िल्मों को देख कर सहमते होगें?

(मैने चुपके से उदय चित्र लिए, जिसमें उसके चेहरे के भाव स्पष्ट दिख रहे हैं, फ़िल्म के सीन के हिसाब से उसकी मुख मुद्राएं बदल रही हैं)

रविवार, 14 नवंबर 2010

बाल दिवस और जीवन संघर्ष का प्रथम पाठ ---------- ललित शर्मा

आज 14 नवम्बर बाल दिवस का दिन है, साल में यह एक दिन बच्चों के नाम कर दिया गया। वैसे भी बाकी 364 दिन इन्ही के होते हैं।इस अवसर मैं कहना चाहता हूँ कि दुनिया की स्वनिर्मित (सेल्फ़ मेड) हस्तियों ने जीवन में संघर्ष किया तब किसी मुकाम तक पहुंचे। मैंने कई कामयाब लोगों के विषय में पढा जो सुबह अखबार बांट कर या कार पोंछ कर कुछ पैसे जुटाते थे। जीवन संघर्ष की यात्रा कार की पोंछाई से ही आगे बढती है। कई फ़िल्मों में भी यही कहानी देखी।
परसों रात विलंब से घर पहुंचा कोई 1 बज रहा होगा। सुबह भी देर से उठा। अगर पाबला जी का फ़ोन नहीं आया होता तो शायद 12 बजे तक सोया रहता। तभी श्रीमति जी कहा देखो चंदु (उदय) क्या कर रहा है? मैं जब जिज्ञासावश उसकी हरकतें देखने बाहर निकला तो कुछ अलग ही नजारा था। वह कामयाब होकर सेल्फ़ मेड हस्तियों में शामिल होने की तैयारी कर रहा था। आज बाल दिवस है इसलिए उसकी हरकतें आप भी देखें।

एक कुर्सी का जुगाड़ और काम शुरु

थोड़ी ऐसी सफ़ाई भी

मुझे गाड़ी पर धूल पसंद नहीं

क्यों ठीक है ना?

पहला पाठ शुरु है जीवन संघर्ष का। अभी ये नहीं जानता कि अभाव से भाव पैदा होता है। जो विरासत में मिलता है उसकी कोई कद्र नहीं होती। लेकिन खुद का कमाया हुआ धन आत्म संतुष्टि के साथ धन-जन की कद्र करना भी सिखाता है। जीवन की प्रथम पाठशाला यही है जो हमें मजबूत बनाती है। सभी को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं, सभी बच्चों को ढेर सारा प्यार।

सोमवार, 4 अक्टूबर 2010

उदय की मस्ती---तेरे लिए----------ललित शर्मा

सुनिए उदय की मस्ती---तेरे लिए




रविवार, 22 अगस्त 2010

उदय ने बनाया चित्र

सारे जहाँ से अच्छा हिन्दुस्तां हमारा, हम बुलबुले हैं उसकी ये गुलिस्ताँ हमारा, उदय १५ अगस्त से तीन दिन पहले से ही गा रहा था. 

स्कुल में झंडा जो फहराना था,कविता भी गानी थी.  

१५ अगस्त को मेरा कई जगह कार्यक्रम रहता है. इसलिए सभी जगह थोडा-थोडा समय देना पड़ता है. 

उदय ने मेरा झंडा फहराते हुए एक चित्र बनाया है और कहने लगा कि पापा इसे ब्लॉग पर लगाओ. पाबला जी और राज भाटिया दोनों ताऊ जी देखेंगे. 

इन्हें वो अच्छे से जानता है. राज भाटिया जी से तो बहुत देर तक बात की उसने. मैंने समझाया बेटा ये ताऊ जी हैं. 

दादा और पापा के बीच में एक बड़ी भारी शख्शियत होती है, उसे ताऊ जी कहते हैं. 

अब उसकी समझ में आ गया है. ताऊ जी किस शै का नाम है. देखिये उदय का बनाया हुआ चित्र. एक दिन वह इन दोनों के भी चित्र बनाएगा. 

उदय की चित्रकारी 




......