कोलकाता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कोलकाता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 20 अगस्त 2016

बाबू घाट की सुनहली सांझ

आरम्भ से पढ़ें 
हम पारो से लगातार चलते हुए तीन बजे फ़ुंतशोलिन पहुंचे। यहां से हमे छोटी गाड़ियों से न्यू जलपाईगुड़ी जाना था। फ़ुंतशोलिन पहुंच कर देखा कि वहां सिर्फ़ दो गाड़ियां आई हैं और हम कुल सत्रह लोग थे। टूर आपरेटर ने फ़ोन करके और गाड़ियों के लिए बोला तो पता चला कि मोदी जी के आगमन के कारण सभी गाड़ियां बुक हो गई हैं। मैने सोचा कि एक गाड़ी में द्वारिका प्रसाद जी एवं संतराम तारक जी का परिवार कुल सात नग चले जाएंगे। बाकियों के लिए और गाड़ी का इंतजाम हो रहा था। 
पारो का सुंदर दाचेन हिल रिसोर्ट
इंतजाम नहीं हुआ तो जैसे-तैसे हम लोग एक गाड़ी से पहुंच जाएंगे। इनको तकलीफ़ नहीं होगी, क्योंकि संग में महिलाएं भी थी। संतराम तारक जी का सामान उस गाड़ी में चढा दिया गया। जब ये गाड़ी में बैठे तो श्रीमती द्वारिका अग्रवाल ने कह दिया कि इस गाड़ी में तो हमारी फ़ैमिली जाएगी। तारक जी गाड़ी से उतर गए। अब इतना समय नहीं था कि कैरियर में बंधे हुए सामान को खोलकर फ़िर से निकाला जाए। मैने उस गाड़ी में नवीन तिवारी जी और राजेश अग्रवाल जी को भेज दिया और गाड़ी रवाना कर दी।
दाचेन हिल रिसोर्ट के कर्मचारी
इसके बाद एक छोटी कार आई उसमें ललित वर्मा टीकाराम वर्मा एवं संतराम तारक जी को सपत्नी भेज दिया । इसके बाद एक और गाड़ी की व्यवस्था हो गई, जिसमें मैं बिकाश, हेमंत, अंकित एवं राजेश सेहरावत आदि सबसे आखिर में चले। इसमें बसु दा भी साथ थे, उन्हें हासीमारा छोड़ना था। द्वारिका प्रसाद जी की गाड़ी को निकले आधा घंटा से अधिक हो चुका था। बसु दा को हासीमारा छोड़कर हम आगे बढे। हमारा ड्रायवर होशियार था, उसने गाड़ी सिलीगुड़ी ले जाने की बजाय एक अन्य रोड़ पर डाल दी। हम बांध के उपर से चलते हुए न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचे। दार्जलिंग मेल के चलने में मात्र पन्द्रह मिनट का समय बचा था।
दाचेन हिल रिसोर्ट के कर्मचारी
सतराम तारक जी अपने सामान की प्रतीक्षा कर रहे थे। मै द्वारिका प्रसाद जी के फ़ोन में घंटी बजा रहा था पर वे फ़ोन नहीं उठा रहे थे। आखिर में जब पांच मिनट बचे तो राजेश सेहरावत ने संतराम जी का बाकी सामान उठाया और दौड़ते हुए ट्रेन तक पहुंचे। हम लोग चिंतित थे कि इन लोग अभी तक नहीं पहुंचे हैं, गाड़ी के पास पहुंचकर देखा तो सारे लोग पहुंच चुके थे। जिनके कारण हमे विलंब हुआ और हम गेट पर खड़े होकर इंतजार करते रहे। हमारे ट्रेन में चढते ही वह चल पड़ी। अगर हम पारो से आठ बजे भी निकल लिए होते तो भागते हुए ट्रेन नहीं पकड़नी पड़ती। बिकास, अंकित और हेमंत यहीं रह गए। उनकी टेन हमारे बाद थी। हम एक ही बोगी में राजेश सेहरावत, संतराम तारक जी, राजेश अग्रवाल आदि थे। भोजन साथ में किए और सो गए।
फ़ुंतसोलिन की चेक पोस्ट
 सुबह हम कलकत्ता पहुंचे तो बसु के बताए होटल में गए, होटल बहुत घटिया सा था। उसने कहा नान एसी रुम खाली नहीं है। एक एसी रुम है पन्द्रह सौ में। मैने वह रुम ले लिया, क्योंकि मुझे अब अन्य किसी स्थान पर होटल ढूंढने की इच्छा नहीं हो रही थी। सोचा कि जैसा भी है, यहीं टिका जाए। शाम को तो यहां से निकलना है। बाकी लोग हावड़ा के लिए चले गए। मैं नहा धोकर आराम करने लगा। तभी याद आया कि यहां किशन लाल बाहेती जी रहते हैं, समय है उनसे ही मिल लिया जाए। फ़ोन लगाने पर उन्हें प्रसन्नता जाहिर की और अपना पता बता दिया। 
किशन जी बाहेती कोलकाता
मैं टैक्सी लेकर उनके बताए पते पहुंचा। उनका एक आदमी मुझे लेकर उनकी दुकान तक गया। उनके भाई साहब के दुकान में आने के बाद वे फ़ारिग हो गए और हम कलकता घूमने चल पड़े। सबसे पहले तो कुछ खाने की सोचे तो मैने कहा कि टिपिकल बंगाली खाना खाया जाए। किशन जी मुझे बंगाली रेस्टोरेंट भजो  हरि मन्ना लेकर गए। कोलकाता में "भजोहरी मन्ना" परंपरागत बंगाली खाने के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट की श्रृंखला है, जो भारत के अन्य मेट्रो सिटी में भी पाई जाती है। मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। यह रेस्टोरेंट धरमतल्ला एक्सप्लेनेड मैट्रो के समीप स्थित है। पहुंचने पर देखा तो काफी भीड़ थी, 10 मिनट तक अपनी बारी का इंतजार किया है, भूख चरम सीमा पर थी।

खुद खेंचु दंडिका से पहली सेल्फ़ी बड़ा बाजार कोलकाता
हमने विभिन्न तरह के बंगाली व्यंजनों का ऑर्डर दे डाला। एलिस मछली बंगालियों को सर्वकालिक प्रिय है। इसे विशेष तौर पर मेहमानों के लिए पकाया जाता है। भोजन लगने के बाद विभिन्न तरह की सब्जी दाल चावल सलाद इत्यादि देख कर मन खुश हो गया। एलिस मछली का स्वाद ही कुछ अलग था। इसके साथ ही पातौड़ी माछ का ग्रेडिएंट एवं मसाला बहुत ही पसंद आया। यह एलिस मछली से बाजी मार ले गई। किशन भाई ने निरामिष भोजन किया और हमने दोनों का आनंद लिया। इस तरह कोलकाता की दोपहर एक यादगार बन गई अगली यात्रा में भी कुछ इसी तरह भोजन का आनंद लिया जाएगा।
बाबू घाट कोलकाता से दिखाई देता विद्यासागर सेतु
इसके बाद हम कुछ सामान खरीदने बड़ा बाजार गए, वहां से अंग्रेजों के बसाए पुराने कलकत्ता शहर में चक्कर काटते हुए टैक्सी लेकर बाबू घाट पहुंचे। यहां की शाम देखी। वैसे कोलकाता में बाबू घाट प्रसिद्ध स्थान है। डूबते हुए सूरज की कुछ फ़ोटुएं खींची। इसके बाद किशन जी को डॉक्टर के पास जाना था वे मुझे एक स्थान पर छोड़ कर चले गए और मैं टैक्सी से होटल पहुंच गया। 
पुत्र उदय एव छोटा भाई कीर्ति
होटल से सामान लेकर हम हावड़ा स्टेशन आ गए। यहां राजेश सेहरावत से भेंट हुई। संतराम तारक और राजेश अग्रवाल की सीट भी मेरे ही कोच में थी।  ट्रेन में बैठने के बाद राजेश सेहरावत से विदा ली, उनको दिल्ली जाना था। संतराम तारक जी होटल से खाना लाए थे, हमने सबने साथ ही खाना खाया और सुबह रायपुर पहुंच गए। स्टेशन पर पुत्र उदय एवं छोटा भाई कीर्ती लेने के लिए आए हुए थे…। इति .........

सोमवार, 8 फ़रवरी 2016

कोलकाता का लैंडमार्क : हावड़ा ब्रिज

रंगीन कैलेंडरों में हावड़ा ब्रिज (रविन्द्र सेतू) साठ सत्तर के दशक में खूब छाया रहता था और यह कैलेंडर गांव के हर घर में मिल जाते थे। भले ही तारीख देखने के काम न आते हों, पर नील गगन का पार्श्व लिए हावड़ा ब्रिज चमकता हुआ दिखाई देता था। यह कोलकाता का "लैंड मार्क" बना हुआ है, किसी के चित्र में हावड़ा ब्रिज दिख गया तो समझ लो वह कोलकाता पहुंच गया। इसे प्रसिद्ध बनाने में फ़िल्मवालों का योगदान भी कुछ कम नहीं है। खैर कुछ भी हो, यह अभियांत्रिकी अनुपम रचना है। यह पुल कोलकोता शहर और हावड़ा को जोड़ने का एक मात्र साधन था। अब तो विद्यासागर सेतू भी बन गया है। इससे पहले हुगली नदी पर तैरता हुआ पुल था, नदी में जल स्तर बढ़ने पर पुल पर ट्रैफ़िक जाम हो जाता था।
 
अंग्रेजो ने तैरते हुए पुल के स्थान पर स्थाई ब्रिज बनाने का निर्णय 1933 में लिया और निर्माण योजना पर कई वर्षों काम करने के बाद 1937 में निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ और इसे 1943 में आम जनता के लिए खोल दिया गया। 14 जून 1965 को इसका नाम हावड़ा ब्रिज से रविन्द्र सेतू कर दिया गया। अनुमानत: इस बड़े पुल के निर्माण की लागत 333 करोड़ रुपए थी। यह दुनिया के 6 ब्रैकट पुल में से एक है। यह इस्पात की 26,500 टन से बनाया गया है। अब यह एक लाख वाहनों और पैदल चलने वालों को रोज़ ढोता है।

कुछ दिनों पूर्व डायचे वेले की एक रिपोर्ट में बताया गया कि यह पुल इंसानी थूक के कारण खतरे में हैं। यह पुल चंद खंभों पर टिका है। इंजीनियरों का कहना है कि इन खंभों को अब जंग लगने लगा है और इस जंग की वजह है पान और गुटखा। इस पुल से रोजाना लाखों लोग पान चबाते हुए गुजरते हैं और थूकते हुए निकल जाते हैं। कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के चीफ इंजीनियर के अनुसार जिन खंभों पर पुल टिका है उनमें से कुछ के आधार की मोटाई तो पिछले तीन साल में आधी रह गई है। यही हाल रहा तो मरम्मत के लिए पुल को बंद किया जा सकता है।

विशेषज्ञ मानते हैं कि पान, गुटखा में ऐसी चीजें होती हैं जो बेहद खतरनाक किस्म के यौगिक बना सकती हैं और स्टील को खत्म कर सकती हैं. कोलकाता की सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैब के डाइरेक्टर चंद्रनाथ भट्टाचार्य बताते हैं कि थूक के साथ मिलकर पान में मौजूद चीजें स्टील पर एसिड सरीखा असर छोड़ती हैं। यह पुल 2,300 फुट लंबा है तथा गर्मी के दिनों में इसकी लंबाई 3 फुट तक बढ़ सकती है। वैसे यह पुल बेहद मजबूत है और बरसों से बंगाल की खाड़ी के तूफानों को सहन कर रहा है। 

बचपन में सुनते थे (देखा तो था नहीं) कि बड़े जहाज आने पर हावड़ा ब्रिज एक किनारे की तरफ़ इकट्ठा हो जाता है और जहाज निकलने पर पुन: पहले जैसा हो जाता है। अंग्रेज गए तो इसकी चाबी ले गए और पुल जाम हो गया। बचपन जाने के बाद इस पुल को देखने का अवसर कई बार मिला परन्तु यह कथा कोरी गप्प ही निकली। फ़िर भी अभियांत्रिकी यह अनुपम उदाहरण आज भी मजबूती के साथ खड़ा है, यही नहीं, 2005 में एक हजार टन वजनी कार्गो जहाज इससे टकरा गया था, तब भी पुल का कुछ नहीं बिगड़ा लेकिन इंसान की एक छोटी सी लापरवाही को यह सहन नहीं कर पा रहा है, टैनिन के मिश्रण वाला थूक इसका दुश्मन बन गया है। देखिए हावड़ा ब्रिज के कुछ चित्र मेरे कैमरे की नजर से……

शनिवार, 4 अप्रैल 2015

शांगरी-ला : भूटान यात्रा - अंतिम किश्त

प्रारम्भ से पढ़ें 
सिलीगुड़ी में सुबह हुई, शहर घूमने का कार्यक्रम बना। सिलीगुड़ी में काफ़ी हिन्दी भाषी लोग भी रहते हैं और यहीं से नार्थ ईस्ट के लिए सभी गाड़ियाँ जाती है। गंगटोक, दार्जलिंग जाने वालों को यहीं आना पड़ता है। गोवाहाटी के लिए भी यहां से बस सेवा है। हमारी गाड़ी रात को न्यूजलपाईगुड़ी से थी। सिलीगुड़ी में चाईना मार्केट है और ऐसी ही एक मार्केट बस स्टैंड में भी है जहाँ वही सामान मिलता है जो चाईना मार्केट में मिलता है। हमने कुछ गर्म शाल खरीदे। नार्थ ईस्ट का डिजाईन कुछ अलग होता है और काफ़ी सुंदर भी दिखता है। इसलिए सोचा कि यादगार के तौर पर ले लिया जाए। क्योंकि भूटान में तो कैमरे के लिए सेल और चार्जर लेने में ही 1800 खर्च हो गए थे। वहां यह समान काफ़ी मंहगा मिला। अगर मुझे वहाँ पर ड्यूरो सेल मिल जाते तो दो ढाई सौ में ही काम चल जाता और 500 का सामान 1800 में नहीं खरीदना पड़ता।
सिलीगुड़ी में डाभ का स्वाद
मार्केट से लौटकर भोजन किया और बाकी साथी बागडोगरा एयरपोर्ट मार्केट चले गए और मैं होटल में ही बैठा रहा। ये अंधेरा होने पर पहुंचे। मुझे 5 घंटे बैठे बैठे गुजारने पड़े। इनके आते ही हम आटो लेकर न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पहुंच गए। सिलीगुड़ी से न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर है और यही एकमात्र है स्टेशन है जो उत्तर पूर्व को भारत से जोड़ता है। न्यू जलपाईगुड़ी में हमारी ट्रेन लग चुकी थी। मैने खाना नहीं नहीं खाया था। स्टेशन पर ही जल्दी से चावल और सब्जी लेकर खाई और ट्रेन में सवार होते ही ट्रेन अगली मंजिल की ओर चल पड़ी।
न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन
सुबह हम 9 बजे हावड़ा जंक्शन में पहुंचे। यहां रिटायरिंग रुम में रुम के लिए इंतजार करना पड़ा। बिना नहाए धोए दिन की शुरुवात करना ठीक नहीं लगता पर मजबूरी थी। क्या करते, कुछ देर बाद नम्बर आया तो पता चला कि रुम चार्ज 1200 रुपए है। हमें तो सिर्फ़ सामान ही रखना था और फ़्रेश होना था। अब फ़्रेश होने के लिए सार्वजनिक शौचालय का उपयोग करना पड़ा और सामान क्लार्क रुम में रख कर हम हावड़ा स्टेशन की जेट्टी की ओर चल दिए। हमारे साथियों को हावड़ा पुल देखना था और ऐसे स्थान की टिकिट लेनी थी जिसका स्टीमर हावड़ा पुल के नीचे से गुजरता हो। 5-5 रुपए में हमने गोलाघाट की टिकिट ली और हावड़ा ब्रिज की खूब फ़ोटुएं खींची।
लैंडमार्क ऑफ़ कोलकाता हावड़ा ब्रिज
इसके पश्चात कुछ अन्य स्थान देखने के लिए बाबू घाट की ओर चल पड़े। स्टीमर ने हमें बाबू घाट छोड़ा और सड़क पर आकर हम बिछड़ गए। भूटान में ठंड के कारण न ठीक से पानी पीया जा रहा था और न ठीक भोजन कर पाया था। बाबू घाट की पटरी पर स्ट्रीट फ़ुड की दुकाने हैं, जहां मैने देखा कि एक स्थान पर गर्मागर्म चावल, दाल, 3 सब्जी, चटनी सलाद के साथ भोजन दिया जा रहा है। बस मैने वहीं बेंच संभाल ली और पेट भर भोजन किया आत्मा तृप्त हो गई। पैसे देते समय मूल्य पूछा तो होटल वाले ने सिर्फ़ 40 रुपए लिए। इस 40 रुपए के भोजन में वह आनंद आया जो 15 दिनों के फ़ाईव स्टार के ढकोसलों में नहीं आया। इसके बाद बस से मैं हावड़ा आकर साथियों का इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद वे भी आ गए और हम अपनी ट्रेन पकड़ने के लिए शालीमार स्टेशन आ गए।
घाटशिला रेल्वे स्टेशन
शालीमार से हमारी ट्रेन सही समय पर चल पड़ी। मैं अपनी बर्थ पर थोड़ी देर के लिए सो गया। हल्ला गुल्ला होने के बाद नींद खुली तो पता चला कि ट्रेन किसी स्टेशन में खड़ी है और यह अब आगे नहीं जाने वाली। मैने स्टेशन मास्टर से पूछा तो पता चला कि आगे राउरकेला पास कहीं पर कोई विधायक रेल की पटरियों पर अपने सर्मथकों के साथ बैठे और रेल रोको आन्दोलन चला रखा है। सवारियों को ट्रेन छोड़ने की सलाह बार बार माईक से दी जा रही थी। एलाऊंस किया जा रहा था कि यह ट्रेन वापस शालीमार जाएगी और जिन्हें वहां जाना है वह इस ट्रेन से जा सकते हैं और जिन्हे नहीं जाना है वे ट्रेन छोड़ दे। हम झारखंड के सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड में थे।
बिलासपुर - आखिर छत्तीसगढ़ पहुंच गए
हमारे साथी तय नहीं कर पा रहे थे कि क्या किया जाए। पर मैने ट्रेन छोड़ना तय कर लिया था और अपना सामान लेकर प्लेटफ़ार्म की बेंच पर बैठ गया। वे भी कुछ देर में स्थिति को समझ कर आ गए। घाट शिला में रिश्तेदारों को फ़ोन किया और वे हमें लेने के लिए स्टेशन आ गए। इस तरह नेता जी एवं रेल्वे विभाग की कारस्तानी के कारण हमें जबरदस्ती एक दिन और 2 रात घाटशिला में गुजारनी पड़ी। इसके अलावा कोई रास्ता भी नहीं था। अगले दिन हमने कुर्ला हावड़ा की टिकिट ली और रात को घर पहुंचे। खुबसूरत भूटान की खुबसूरत यात्रा करके लौट आए। मुझे नेपाल से भूटान बहुत ही अच्छा लगा। कभी समय मिला तो कुछ दिन भूटान में और गुजारना चाहुंगा। आखिर इसे "सांगरिला" (स्वर्ग भूमि) जो कहते हैं। 

बुधवार, 4 फ़रवरी 2015

सैर कर गाफ़िल … भूटान

सैर कर गाफ़िल दूनिया की, जिन्दगानी फ़िर कहाँ …… सैलानियों के लिए यह आदर्श वाक्य हो गया है। देशाटन और पर्यटन करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का मन करता है परन्तु इसके रास्ते में रोड़े भी बहुत अधिक हैं। घर द्वार से निकलते निकलते भी कोई न कोई काम आ ही जाता है जो आपकी यात्रा को प्रारंभ ही नहीं होने देगा। ऐसी स्थिति में नफ़ा-नुकसान देखे बिना गाफ़िल हो कर  ही यात्रा को अंजाम देना पड़ता है। बस सब तरफ़ से आँखें बंद कर लो और चल पड़ो अपने मनचाहे स्थान की ओर, तभी यात्रा सम्पूर्ण होती है। वरना जीवन में पहेलियों के इतने जंजाल होते हैं कि एक को सुलझाते ही उसमें से दूसरी उलझन जन्म लेती दिखाई देती है।

मेरी पुस्तक "सरगुजा का रामगढ़" प्रकाशन के अंतिम दौर पर थी, तभी रविन्द्र प्रभात जी का फ़ोन आया कि अबकि बार ब्लॉग़र सम्मेलन भूटान में हो रहा है और आपकी स्वीकृति चाहिए। भूटान का नाम सुनकर मैने अपनी स्वीकृति दे दी। क्योंकि कई महीनों से बिकास और मेरे बीच भूटान भ्रमण को लेकर मंथन चल रहा था। जाना वह भी चाहता था और मैं भी। परन्तु कोई "साईत" नहीं निकल रहा था। रविन्द्र जी के फ़ोन से हमें भूटान यात्रा को लेकर गंभीरता से सोचना पड़ा। मैने जल्दबाजी में ही पुस्तक पूर्ण की एवं उसका प्रकाशन भी हो गया। अब मुद्दा विमोचन को लेकर टंगा हुआ था। इस पुस्तक का विमोचन हमारे मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के द्वारा होना पूर्व में ही तय हो गया था। अब उनकी तरफ़ से तिथि का निर्धारण होना था। समय धीरे धीरे सरकता जा रहा था।

इसी बीच छत्तीसगढ़ के अन्य मित्र भी इस यात्रा में सम्मिलित हो रहे थे। जिनमें गगन शर्मा, गिरीश पंकज, अल्पना देशपान्डे इत्यादि। मैं भूटान यात्रा सड़क मार्ग से तय करना चाहता था इसलिए पाबला जी को फ़ोन लगाया। तो उन्होने बताया कि पापा की तबियत ऊक-चूक रहती है, अगर ठीक लगा तो चलेगें। अर्थात तय नहीं था उनका जाना। रविन्द्र जी ने परमिट के फ़ार्म भेज दिया। इधर अल्पना भी सपरिवार तैयार हो रही थी। उसका सही जवाब नहीं आ रहा था और टिकिट करवाने में विलंब होता जा रहा था। मैने गगन शर्मा जी  को टिकिट करवाने कह दिया और अल्पना को अल्टीमेंटम दे दिया। फ़ार्म भेजने के बाद टिकिट करवाने की जिम्मेदारी उसकी थी। मुझसे यहीं पर बड़ी चूक हो गई। अपनी टिकिट अलग ही करवानी थी। यही चूक आगे चल कर मानसिक यंत्रणा का कारक बन गई।

हमारी यात्रा रायपुर स्टेशन से हावड़ा मुंबई मेल द्वारा 12 जनवरी 2015 को शाम को प्रारंभ होनी थी। सब कुछ तय समय के हिसाब से चल रहा था। परन्तु कुछ न कुछ व्यवधान मानव जीवन में आते ही रहते हैं। छोटे भाई कीर्ति की एक महीने से तबियत ठीक नहीं थी। शाम को उसको टेबलेट लेने के लिए ध्यान दिलाना पड़ता था। वरना भूल जाता था। नगर पंचायत के चुनाव भी चल रहे थे और एक साप्ताहिक समाचार पत्र के सम्पादक का दायित्व भी इसी दौरान संभालना पड़ा। कुल मिला कर उलझने बढती ही जा रही थी। नगर पंचायत चुनाव में ताऊ जी के पुत्र पार्षद का चुनाव जीत चुके थे और उन्हें 13 तारीख को उपाध्यक्ष के लिए चुनाव लड़ना था। उनका कहना था कि 13 को शाम की फ़्लाईट से कलकत्ता चले जाना, जिससे अपने साथियों से मिल जाओगे और यहाँ का चुनाव भी निपट जाएगा।

मैने अल्पना को वर्तमान स्थिति से अवगत करवा दिया और कह दिया कि शाम की फ़्लाईट से चल कर दार्जलिंग मेल के समय पर सियालदाह स्टेशन पर मिल जाऊंगा। उसने नाराजगी जाहिर की और मैने अपनी सफ़ाई दी। यहीं से बात से बिगड़नी प्रारंभ हो गई। उसके बाद मैने इन्हें सैकड़ों बार कॉल किया लेकिन फ़ोन पर कोई जवाब नहीं आया। 13 तारीख को दोपहर 1 बजे भाई के विजय होने का समाचार आ गया और छोटा भाई कीर्ति, भतीजा, छोटू और बेटा उदय मुझे एयरपोर्ट छोड़ने आ गए। शाम 4/15 के इंडिगो विमान से सफ़र तय कर 5/40 को दमदम हवाई अड्डे पर पहुच गया। यहाँ पहुच कर भी अल्पना को फ़ोन लगाया तो कोई जवाब नहीं आया। क्योंकि मेरी आगे की टिकिट तो उनके साथ ही सम्मिलित थी। न ही उन्होने मुझे कायदे से मेरा सीट नम्बर दिया। इसके पीछे मुझे सिर्फ़ अपनी अहमियत सिद्ध करने का भाव ही समझ में आया। आएगा साला खुद पड़ गिर और ढूंढेगा अगर साथ जाना है तो।

मैं हवाई अड्डे से टैक्सी लेकर सियालदाह स्टेशन की ओर चल पड़ा। मेरा टैक्सी ड्रायवर हिन्दी भाषी और बिहार के गया जिले का निवासी था। बहुत अच्छी हिन्दी बोलता था और पढने लिखने का शौकीन था। उससे चर्चा करते हुए 22 किलोमीटर का रास्ता कट गया और सियालदाह स्टेशन पहुंच गया। इस स्टेशन पर बहुत ही भीड़ भाड़ थी। सामान ढोकर थोड़ा आगे बढने पर पता चला कि कल संक्राति है और गंगासागर जाने वालों का मेला लगा हुआ था। इसलिए अत्यधिक भीड़ दिखाई दे रही थी। सारे तीरथ बार बार, गंगासागर एक बार। स्टेशन पहुंचा तो 7 बजे थे। मैने एटीएम के पास अपना डेरा लगा लिया। क्योंकि मेरे पास टिकिट भी नहीं थी जो प्लेटफ़ार्म पर पहुंच सकता। मैने एक प्लेटफ़ार्म टिकिट खरीदी और इनका इंतजार करने लगा। इन लोगों ने मुझे इस तरह से बांध दिया था कि मैं मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रहा था। गुस्से का स्तर शनै शनै बढते जा रहा था। 

आठ बजे मैने गगन शर्मा जी फ़ोन लगा कर वस्तु स्थिति बताई तो उन्होने कहा कि वे 9 बजे प्लेटफ़ार्म पर पहुंच जाएगें। इस बीच मैने घर से लाया हुआ भोजन कर लिया। वादे के अनुसार गगन शर्मा जी नौ बजे पहुंच गए। हमारी ट्रेन दार्जलिंग एक्सप्रेस दस बजे थी। गगन शर्मा जी ट्रेन एवं टिकिट की स्थिति देखने गए और मैं अपने स्थान पर ही बैठा रहा। आज अपने आप को बहुत ही मजबूर समझ रहा था। अब दिमाग सनकने के कगार पर था। चार्ट लगने में थोड़ा समय था। चार्ट लगते ही हमने देखना शुरु किया तो मेरा नाम ही नहीं दिखाई दिया। अब मैने तय किया की सामान्य टिकिट लेकर ट्रेन में ही सीट की व्यवस्था कर लुंगा। मै सामान्य टिकिट लेकर लौटा तो गगन शर्मा जी ने बताया कि मेरी टिकिट बी-3 में है और उन लोग अपनी सीट पर बैठ चुके हैं। अब पारा और अधिक चढ गया। इधर सामान्य टिकिट के पैसे फ़ालतु लग गए। मैने दौड़ कर टिकिट कैंसिल कराई और किसी तरह अपने कोच में पहुंचा। इसे कहते हैं कर भला तो हो बुरा…………। आगे पढ़ें 