तुरतुरिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
तुरतुरिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 6 फ़रवरी 2016

तुरतुरिया: वाल्मीकि आश्रम एवं लवकुश की जन्मभूमि


सुबह का मौसम खुशखवार और गमख्वार था, सोचा कि एक बार फ़िर तुरतुरिया चला जाए। मोहदा रिसोर्ट से तुरतुरिया की दूरी 22 किमी और रायपुर से पटेवा-रवान-रायतुम होते हुए लगभग 118 किमी है। रायतुम के बाद यहाँ तक कच्ची सड़क है। शायद अभयारण्य में पक्की सड़क बनाने की अनुमति नहीं है। बाईक से सपाटे से चलते हुए ठंडी हवाओं के झोंकों के बीचे वन के प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेते हुए तुरतुरिया पहुंच गया। सड़क के दांई तरफ़ वाल्मीकि आश्रम बना हुआ और दांई तरफ़ नाले के किनारे मैदान में कुछ दुकाने सजी हुई थी। पता चला कि पुन्नी मेला का कार्यक्रम चल रहा है। आश्रम में कुछ भवन बने हुए हैं, समीप ही निर्मित कुंड में कुछ लोग स्नान कर रहे थे। 
वाल्मीकि आश्रम तुरतुरिया
पहाड़ी की तलहटी में यह मनोरम स्थान है, जनश्रुति है कि त्रेतायुग में वाल्मीकि यहां पर वैदेही सीता को लेकर आए थे और यहीं पर लवकुश का जन्म हुआ था। पहाड़ी से एक तुर्रा निकलता है जिसमें पुष्कल जल का प्रवाह बारहो महीने रहता है। तुर्रे से प्रवाहित होता जल "तुर-तुर" की ध्वनि के साथ भूमि पर गिरता है इसलिए इस स्थान का नाम तुरतुरिया रुढ़ हो गया। तुर्रे के मुंह पर अब गोमुख बना दिया गया है तथा इसके दोनो तरफ़ प्रस्तर प्रतिमाएं रखी हुई हैं। 
तुरतुर की ध्वनि करती जलधारा
विष्णु की एक स्थानक प्रतिमा है तथा दूसरी प्रतिमा भी पद्मासन में बैठे कीरिटधारी विष्णु की योगमुद्रा में है। इसे देख कर लोगों को बुद्ध का भान होता है। सन 1914 में तत्कालीन अंग्रेज कमिश्नर एच.एम्.लारी ने इस स्थल का महत्त्व समझने पर यहाँ खुदाई करवाई थी, जिसमे अनेक मंदिर और प्राचीन प्रतिमाएं प्राप्त हुयी थी। एच एम लारी के नाम का शिलालेख गोमुख के ऊपर लगा हुआ है। मेला लगा होने के कारण जलस्रोत में स्नान करने वालों का तांता लगा हुआ था। महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक-पृथक स्नान कुंड की व्यवस्था बनाई हुई है।
जल कुंड
प्राचीन मंदिर के भग्नावशेष यहां पर चारों तरफ़ बिखरे पड़े हैं। जिन्हें इस आश्रम में एक तरफ़ समेट दिया गया है और नवनिर्मित मंदिरों में स्थापित कर दिया गया है। द्वार पाल, दंडधर, गणेश, शिवलिंग, नंदी, केशीवध इत्यादि की प्रतिमाएं यहाँ रखी हुई हैं। योनीपीठ में स्थापित शिवलिंग किसी मंदिर के प्रस्तर कलश सा दिखाई देता है। जिसके शीर्ष पर नारियल एवं नीचे पद्म बना हुआ है। जब कहीं पर कोई पुरातन प्रतिमा प्राप्त होती है तो लोग स्वयं ही उसकी पहचान के विषय में अनुमान लगा लेते हैं, जैसे अंधो का हाथी। सब स्वविवेक से नामकरण कर लेते हैं। 
तुरतुरिया
लव कुश की जन्मभूमि मानने का कारण यहाँ प्राप्त हुई दो प्रतिमाएं है, इन प्रतिमाओं में एक खड्गधारी की कोहनी को अश्व ने अपने मुंह में दबा रखा है और वह अश्व के साथ युद्धरत है, दूसरी प्रतिमा एक व्यक्ति वृषभ के साथ युद्धरत है। इन्ही प्रतिमाओं से अनुमान लगाया गया कि लवकुश ने अश्वमेघ के घोड़े को रोक रखा है और यह स्थान लवकुश की जन्मभूमि कहलाने लगा। इन दोनो प्रतिमाओं में पहली प्रतिमा कृष्ण द्वारा केशीवध की है तथा दूसरी प्रतिमा वत्सासुर वध की है। यह दोनो प्रतिमाएं कृष्ण लीला से संबंध रखती है। अब इन दोनों प्रतिमाओं के कारण इस स्थान की मान्यता लवकुश की जन्मभूमि की पहचान के रुप में स्थापित हो गई। पर आंचलिक लोगों की जो श्रद्धा इस आस्था पर बनी हुई है, वह आगे सदियों तक चलने वाली है।
केशी वध एवं वत्सासुर वध की इन प्रतिमाओं को लवकुश माना जाता है।
इस स्थान पर प्राप्त भग्नावशेषों से मेरे अनुमान के अनुसार यहां आस पास सातवीं आठवी शताब्दी में निर्मित कोई भव्य मंदिर रहा होगा। जिसके भग्नावशेषों को इस स्थान पर एकत्रित कर दिया गया है। मंदिर के प्रस्तर स्तंभों का अलंकरण देख कर लगता है कि इसे उड़ीसा के शिल्पकारों ने निर्मित किया होगा। क्योंकि स्तंभों का अलंकरण उसी शैली में दिखाई देता है। आश्रम के आस-पास बहुत सारी खंडित प्रतिमाएं पड़ी हैं, जिन्हें सहेज कर रखने की आवश्यकता है। कुल मिलाकर यह स्थान रमणीय है, जहाँ जल की व्यवस्था हो ऐसे वनक्षेत्र में कई दिनों तक ठहरा जा सकता है। आश्रम के ऊपर स्थित पहाड़ी पर भालुओं एवं चीतलों का उन्मुक्त विचरण प्राकृतिक वातावरण को भव्यता प्रदान करता है

शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2016

छत्तीसगढ़: मातागढ़ तुरतुरिया


सूर्यरथ आकाशचारी था और हम वनभ्रमण कर रहे थे, वन में चारों ओर प्रकृति प्रदत्त सुगंध फ़ैली हुई है, यहाँ सुंगध फ़ैलाने के लिए किसी "फ़ॉग" की जरुरत नहीं है। यह अभयारण्य है, जहाँ पशु पक्षियों को शासकीय अभय प्राप्त है। कोई कहीं भी विचरण कर सकता है। परन्तु अभयारण्य में चलभाष तरंगों को उन्मुक्त विचरण की छूट नहीं है। तरंगें नहीं होने के कारण बार-नवापारा, तुरतुरिया, मोहदा रिसोर्ट कहीं पर भी चलभाष कार्य नहीं करता। आश्रम के ऊपर पहाड़ी पर वनविभाग में एक अठपहला भवन बना रखा है, जो वर्तमान में जानवरों का डेरा है। आश्रम के सामने से वहां जाने के लिए पैड़िया बनाई हुई हैं और इस पर "वैदेही विहार" का शिलापट लगाया हुआ है। ऊपर चढ़ने का मतलब है फ़ालतु में टांगे तुड़वाना। हाँ! अगर किसी को चलभाष पर बात करनी हो तो इस स्थान पर तरंगे मिल जाती हैं और बात हो जाती है। इसके लिए वैदेही विहार तक चढ़ना सार्थक है। यहीं से हमने भी घर पर बात करके सूचनाओं का आदान-प्रदान किया। 

तुरतुरिया में पूष माह की पूर्णिमा को तीन दिवसीय मड़ई (मेला) का आयोजन होता है। साथ ही रविवार होने के कारण सुबह से ही ग्रामीण स्नान-पूजन करने पहुंचे हुए थे। यहाँ स्थानीय ग्रामीणों ने मेला समिति भी बना रखी है, उसी के माध्यम से मेला का संचालन होता है। दुकानदारों के ठीए सुबह से ही जम गए हैं। ग्रामीण अंचल का मेला मड़ई आपसी भेंट मुलाकात का भी केन्द्र होता है। हमारे यहाँ देवऊठनी के बाद से मेलों की शुरुआत हो जाती है। स्थान का महत्व बढ़ने के साथ नाले को "सुरसरी गंगा" नाम दे दिया गया है। इसे पार करने के बाद सामने की पहाड़ी पर माता का मंदिर है और इस स्थान को मातागढ़ कहते हैं, देवी स्थान तक पहुंचने के लिए पैड़ियों का निर्माण कर दिया गया है।

बलौदाबाजार वाले पत्रकार साथी राजेश मिश्रा जी के साथ हम इस स्थान पर पहुंचे। नाले से थोड़ी दूर पर एक झोपड़ी में यज्ञ कुंड बनाया हुआ है और किनारे पर धम्म प्रवर्तन मुद्रा में मुख विहीन बुद्ध विराजमान हैं और कुछ अन्य प्रतिमाएं भी रखी हुई हैं। बुद्ध प्रतिमा के मुख को किसी ने भग्न कर दिया है। इस घर की दीवार पर दो स्थानक प्रतिमाएं भी रखी हुई हैं। अलंकरण की दृष्टि से शिल्प उत्तम है। परिधानों का भी महीनता से अंकन किया गया है। यहाँ से आगे बढ़ने पर पहाड़ी चढने के बाद मैदान है, जहाँ दाहिने तरफ़ भग्न भवन के स्तंभ दिखाई देते हैं तथा इस स्थान पर बड़ी ईंटे भी पड़ी हुई हैं। प्रस्तर स्तंभों के समक्ष किसी ने काली की पतिमा स्थापित कर दी है। पुराविद अरुणकुमार शर्मा के अनुसार यह भग्नावशेष बुद्ध विहार के हैं, परन्तु मुझे किसी शिवालय के भग्न अवशेष लगते हैं।

मातागढ़ मंदिर के समीप पहले बलि दी जाती थी, परन्तु यह बलि प्रक्रिया अब मंदिर के समीप पूर्ण नहीं की जाती। बकरे को मंदिर तक चावल चबवाने के लिए ले जाया जाता है (मान्यता है कि देवी में चढ़ाए हुए चावलों को अगर बकरा चाब या खा लेता है तो देवी बलि स्वीकार कर लेती है) चावल चबवाने के बाद नाले के आस पास ही काटा जाता है। राजेश मिश्रा बताते हैं कि समिति प्रति बकरा 50 रुपए के हिसाब से कर लेती है। उसके बाद ही यहाँ बकरा काटने दिया जाता है। नाले के समीप सैकड़ों वाहन खड़े थे, जिसमें लोग खाना पकाने की सामग्री लेकर आए थे और वहीं चूल्हा बनाकर कुछ लोग भोजन पकाने में लगे हुए थे। सांझ तक मेला भरपूर होने की संभावना थी।

यहाँ से लौटने के बाद हम पुन: आश्रम स्थल पर आ गए, थोड़ी देर विश्राम और चर्चा होते रही। यहां वैष्णव पंथ के महंत रामकिशोर दास निवास करते हैं। महंत जी भोजन के लिए बार बार आग्रह करते रहे, परन्तु हमारा भोजन तो रिसोर्ट में होना तय था। इसलिए विनम्रता से उनके आग्रह को टालते हुए वापस अपने डेरे की ओर चल पड़ा। इस समय 23 किमी का सफ़र सपाटे के साथ निपट गया, वरना आते हुए मार्ग कुछ लम्बा लगा और समय भी अधिक। नए रास्ते पर संभल कर चलना होता है और जब रास्ता देख समझ लिया जाता है सफ़र जल्दी कट जाता है। फ़ूलचुहकी चिड़ियों ने पुन: आने का निमंत्रण दिया, मै भी उन्हें आश्वासन देकर लौट आया।