सीता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सीता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2016

छत्तीसगढ़: मातागढ़ तुरतुरिया


सूर्यरथ आकाशचारी था और हम वनभ्रमण कर रहे थे, वन में चारों ओर प्रकृति प्रदत्त सुगंध फ़ैली हुई है, यहाँ सुंगध फ़ैलाने के लिए किसी "फ़ॉग" की जरुरत नहीं है। यह अभयारण्य है, जहाँ पशु पक्षियों को शासकीय अभय प्राप्त है। कोई कहीं भी विचरण कर सकता है। परन्तु अभयारण्य में चलभाष तरंगों को उन्मुक्त विचरण की छूट नहीं है। तरंगें नहीं होने के कारण बार-नवापारा, तुरतुरिया, मोहदा रिसोर्ट कहीं पर भी चलभाष कार्य नहीं करता। आश्रम के ऊपर पहाड़ी पर वनविभाग में एक अठपहला भवन बना रखा है, जो वर्तमान में जानवरों का डेरा है। आश्रम के सामने से वहां जाने के लिए पैड़िया बनाई हुई हैं और इस पर "वैदेही विहार" का शिलापट लगाया हुआ है। ऊपर चढ़ने का मतलब है फ़ालतु में टांगे तुड़वाना। हाँ! अगर किसी को चलभाष पर बात करनी हो तो इस स्थान पर तरंगे मिल जाती हैं और बात हो जाती है। इसके लिए वैदेही विहार तक चढ़ना सार्थक है। यहीं से हमने भी घर पर बात करके सूचनाओं का आदान-प्रदान किया। 

तुरतुरिया में पूष माह की पूर्णिमा को तीन दिवसीय मड़ई (मेला) का आयोजन होता है। साथ ही रविवार होने के कारण सुबह से ही ग्रामीण स्नान-पूजन करने पहुंचे हुए थे। यहाँ स्थानीय ग्रामीणों ने मेला समिति भी बना रखी है, उसी के माध्यम से मेला का संचालन होता है। दुकानदारों के ठीए सुबह से ही जम गए हैं। ग्रामीण अंचल का मेला मड़ई आपसी भेंट मुलाकात का भी केन्द्र होता है। हमारे यहाँ देवऊठनी के बाद से मेलों की शुरुआत हो जाती है। स्थान का महत्व बढ़ने के साथ नाले को "सुरसरी गंगा" नाम दे दिया गया है। इसे पार करने के बाद सामने की पहाड़ी पर माता का मंदिर है और इस स्थान को मातागढ़ कहते हैं, देवी स्थान तक पहुंचने के लिए पैड़ियों का निर्माण कर दिया गया है।

बलौदाबाजार वाले पत्रकार साथी राजेश मिश्रा जी के साथ हम इस स्थान पर पहुंचे। नाले से थोड़ी दूर पर एक झोपड़ी में यज्ञ कुंड बनाया हुआ है और किनारे पर धम्म प्रवर्तन मुद्रा में मुख विहीन बुद्ध विराजमान हैं और कुछ अन्य प्रतिमाएं भी रखी हुई हैं। बुद्ध प्रतिमा के मुख को किसी ने भग्न कर दिया है। इस घर की दीवार पर दो स्थानक प्रतिमाएं भी रखी हुई हैं। अलंकरण की दृष्टि से शिल्प उत्तम है। परिधानों का भी महीनता से अंकन किया गया है। यहाँ से आगे बढ़ने पर पहाड़ी चढने के बाद मैदान है, जहाँ दाहिने तरफ़ भग्न भवन के स्तंभ दिखाई देते हैं तथा इस स्थान पर बड़ी ईंटे भी पड़ी हुई हैं। प्रस्तर स्तंभों के समक्ष किसी ने काली की पतिमा स्थापित कर दी है। पुराविद अरुणकुमार शर्मा के अनुसार यह भग्नावशेष बुद्ध विहार के हैं, परन्तु मुझे किसी शिवालय के भग्न अवशेष लगते हैं।

मातागढ़ मंदिर के समीप पहले बलि दी जाती थी, परन्तु यह बलि प्रक्रिया अब मंदिर के समीप पूर्ण नहीं की जाती। बकरे को मंदिर तक चावल चबवाने के लिए ले जाया जाता है (मान्यता है कि देवी में चढ़ाए हुए चावलों को अगर बकरा चाब या खा लेता है तो देवी बलि स्वीकार कर लेती है) चावल चबवाने के बाद नाले के आस पास ही काटा जाता है। राजेश मिश्रा बताते हैं कि समिति प्रति बकरा 50 रुपए के हिसाब से कर लेती है। उसके बाद ही यहाँ बकरा काटने दिया जाता है। नाले के समीप सैकड़ों वाहन खड़े थे, जिसमें लोग खाना पकाने की सामग्री लेकर आए थे और वहीं चूल्हा बनाकर कुछ लोग भोजन पकाने में लगे हुए थे। सांझ तक मेला भरपूर होने की संभावना थी।

यहाँ से लौटने के बाद हम पुन: आश्रम स्थल पर आ गए, थोड़ी देर विश्राम और चर्चा होते रही। यहां वैष्णव पंथ के महंत रामकिशोर दास निवास करते हैं। महंत जी भोजन के लिए बार बार आग्रह करते रहे, परन्तु हमारा भोजन तो रिसोर्ट में होना तय था। इसलिए विनम्रता से उनके आग्रह को टालते हुए वापस अपने डेरे की ओर चल पड़ा। इस समय 23 किमी का सफ़र सपाटे के साथ निपट गया, वरना आते हुए मार्ग कुछ लम्बा लगा और समय भी अधिक। नए रास्ते पर संभल कर चलना होता है और जब रास्ता देख समझ लिया जाता है सफ़र जल्दी कट जाता है। फ़ूलचुहकी चिड़ियों ने पुन: आने का निमंत्रण दिया, मै भी उन्हें आश्वासन देकर लौट आया। 

शुक्रवार, 21 दिसंबर 2012

रमई पाट में गर्भवती सीता ........ ललित शर्मा


पुजारी प्रेम सिंह एवं यायावर 
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 84  किलो मीटर दक्षिण-पूर्व दिशा में  20.57,06.28" उत्तर एवं 82.07,51.56" पूर्व में फ़िंगेश्वर से छूरा मार्ग पर सोरिद ग्राम के समीप रमई पाट है। सोरिद गॉंव पहुचने पर दाहिने हाथ की तरफ़ रमई पाट जाने का मार्ग  है। थोड़ी सी चढ़ाई पर पहाडियों के बीच रमई पाट देवी का मंदिर सुरम्य वन क्षेत्र में है। यहॉं कई मंदिर हैं, जिनमें प्रमुख शिवालय एवं रमई पाट देवी का स्थान है। इस स्थान पर पहुंचने के लिए पक्की डामर की सड़क बनी हुई है। सड़क का अंत मंदिर के द्वार पर ही पहुंच कर ही होता  है। यहॉं पहुचने पर मुझे कहीं ऊंचे स्थान से पानी गिरने की आवाज आती है। थोड़ी ही दूर पर आम के पेड़ की जड़ से रिस कर बहता हुआ जल एक कुंड में इकट्ठा हुआ दिखाई देता है। कुंड का यही निर्मल जल लगभग 100 फ़ुट जमीन के भीतर चल कर आगे एक चट्टान से नीचे गिरता है। जिससे ध्वनि उत्पन्न होती है।

गूगल से रमई पाट 
यहॉं मेरी मुलाकात बखरी में घास नींद रहे पुजारी प्रेम सिंह ध्रुव से होती है। प्रेम सिंह का परिवार इस स्थान की देखभाल कई पीढियों से कर रहा है। दुलार सिंह, झरियार सिंह, सुमेर सिंह के बाद चौथी पीढी में  में प्रेम सिंह का स्थान आता है। कदम-कदम पर गाँवों में कहानियॉं, किंवदन्तियॉं बिखरी हैं। ग्रामीण जन-जीवन मे इनका अत्यधिक मह्त्व है। दिन भर की हाड़ तोड़ मेहनत के बाद इन कहानियों किस्सों का रोमांच ही उर्जा देता है तथा ग्रामीणों के मनोरंजन का साधन भी कहानियॉं होती हैं। ग्रामीण अंचल के किस्से कहानी कोरी गप्प नहीं होते। उनके पीछे कभी कोई ठोस आधार भी दिखाई देता  है। एक कहानी मुझे छत्तीसगढ़ के फ़िंगेश्वर क्षेत्र के सोरिद ग्राम के समीप वनांचल में स्थित रमई पाट देवी मंदिर  के पुजारी प्रेम सिंह ध्रुव ने सुनाई।

काल भैरव 
मंदिर  के प्रांगण में खुले आसमान के नीचे काल भैरव अपने स्वान के साथ विराजमान हैं। समीप ही महिलावेश में हनुमान जी अहिरावण को अपने पैर से दबाए हुए खड़े हैं। मंदिर के सामने ही एक पाषाण विग्रह पर बहुत सारी लोहे की सांकल बंधी हुई हैं, इसे प्रेम सिंह कचना धुरवा देव बताते हैं। मनौती पूर्ण होने पर इनको सांकल चढाई जाती है। गर्भ गृह के द्वार पर सिंह प्रतिमा स्थापित है। इसे नरसिंह माना जाता है। गर्भ गृह में प्रस्तर की रामचंद्र, सीता एवं विष्णु की तीन मूर्तियॉं एक ही स्थान पर स्थापित हैं। रामचंद्र एवं सीता की मूर्ति को चांदी के मुकूट पहनाए हुए हैं। समीप ही प्रस्तर रुप  में बैगा-बैगीन भी विराजमान हैं। गर्भ गृह से थोड़ा अलग हट कर शिवालय भी बना हुआ है, जहां काले पत्थर का शिवलिंग स्थापित है।

शिव लिंग 
सभी देवी-देवता एक ही स्थान पर विराजित होने से थोड़ा कौतुहल मेरे मन में जागृत होता है। प्रेम सिंह चटाई बिछाते हैं और हमारी चर्चा प्रारंभ होती है। प्रेम सिंह कह्ते हैं कि जब रामचंद्र जी ने सीता का त्याग किया, तब वे गर्भवती थी। त्यागने पर लक्ष्मण उन्हें इस सघन वन में लाकर छोड़ गए। यहॉं सीता जी अकेली रह गयी। मन में सीता के प्रति अनुराग होने पर भगवान राम ने लक्ष्मण से उनका हाल-चाल पूछा। कुशलता बताने पर उनका मन नहीं माना। इधर भगवान द्वारा सीता जी के परित्याग करने पर देवलोक में हलचल हो रही थी। सभी देवता सीता जी से मिलने के लिए चल पड़े। भगवान राम भी व्यथित मन से सीता जी से मिलने के लिए यहॉं आए।

रामचंद्र जी, सीता जी, विष्णु जी 
सबसे पहले भगवान राम पहुंचे, इनके पीछे-पीछे विष्णु जी, शिव जी, नरसिंह जी, गरुड़ जी, काल भैरव जी, हनुमान जी भी पहुंचे। विष्णु जी ने भगवान राम को यहॉं पहले पहुंचे देखकर पूछ लिया कि परित्याग करने के पश्चात भी आप यहॉं कैसे आए? भगवान राम ने सीता के प्रति अपने अनुराग को उनसे मिलने आने का कारण बताया। भगवान राम तो सीता जी से मिल कर चले गए, पर बाकी देवता लौटना  नहीं चाह्ते थे। इसलिए सीता जी ने उन्हें अपने समीप ही रहने का स्थान दिया। तभी से सारे देवता इसी स्थान पर विराजमान हैं। हनुमान जी स्त्री रुप में होने के कारण बताते हुए कहते हैं कि यह रुप हनुमान जी  ने राम एवं लक्ष्मण को अहिरावण से मुक्त कराने दौरान धरा था। वे इसी रुप में यहॉं पर स्थापित हैं। कुछ दिनों पश्चात वाल्मिकी ॠषि का इस स्थान पर आगमन हुआ, उन्होने सीता माता को पहचान लिया और उन्हे अपने तुरतुरिया आश्रम में ले गए। जहॉं लव-कुश का जन्म हुआ। 

पेट पर हाथ रखे सीता जी 
इस स्थान की विशेषता यह है कि यहॉं गर्भवती सीता की सतत पूजित प्रतिमा स्थापित है। पुराविज्ञानी श्री जी एल रायकवार से चर्चा करने पर उन्होने बताया कि प्रतिमा विज्ञान में गर्भवती स्त्री की मूर्ति नहीं बनाई जाती। अगर किसी कारणवश बना भी दी जाती है तो उसकी पूजा नहीं होती। ऐसी प्रतिमा अपूजनीय होती है। गर्भवती सीता की प्रतिमा के विषय में मेरी अन्य विद्वानों से भी चर्चा हुई, उन्होने इस तरह की अन्य कोई प्रतिमा अन्य किसी स्थान पर पाए जाने अपनी अनभिज्ञता जाहिर की। इस मंदिर की लगभग सभी मूर्तियॉं खंडित हैं जिनकी बाद में सीमेंट से मरम्मत की गई है। इन देवताओं के अतिरिक्त यहॉ पर घाट में कुंवर बिछलवा, बूड़ती में शीतला माई (पश्चिम दिशा) उगती में ठाकुर ठकुराईन (पूर्व दिशा) बरमदेव, बरदे बाबा एवं घटुरिया देव आदि स्थानीय देवी देवता भी निवास करते हैँ।

नरसिंह 
सीता जी का रमई पाट नाम पड़ने के पीछे की मान्यता है कि उनका परित्याग होने के पश्चात इस स्थान में आने के कारण सभी देवता यहीं रम गए। इसलिए इस स्थान को रमई पाट कहा जाने लगा। इन मूर्तियों को प्रेम सिंह 9वीं, 10 वीं शताब्दी की बताते हैं, पर मूर्तियों का शिल्प देख कर लगता नहीं है कि यह मूर्तियां इतनी पुरानी होगीं। शायद फ़िंगेश्वर के फ़णीश्वर महादेव सी प्राचीनता दर्शाने के लिए इन्हें  9वीं, 10 वीं शताब्दी का बताया जा रहा है। बाल बंधने के समय (गर्भ पूजा तिहार) एवं हनुमान जयंती को यहॉं से वर्ष में दो बार जात्रा निकाली जाती है। तब पूजा के समय फ़िंगेश्वर राज के राजा-रानी आकर पूजा करते हैं तथा बकरे की बलि भी दी जाती है। पहले तो यहीं मंदिर के सामने बलि दी जाती थी। इसे राजा ने बंद करवा दिया। इसलिए यहॉं पर सिर्फ़ बकरे को चावल चबवाया जाता है। बलि थोड़ी दूर ले जाकर दी जाती है। लोग अपनी मनौती पूर्ण होने पर बकरे की बलि देते हैं। सदियों से यह परम्परा चल रही है और मान्यतानुसार आगे भी चलते रहेगी।
स्त्री वेश में हनुमान