पितृपक्ष लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पितृपक्ष लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 14 अक्टूबर 2011

निगाह जलती हुई ढिबरी पर -- ललित शर्मा

कनागत (पितृ पक्ष) समाप्त होते ही घरों में साफ़-सफ़ाई का कार्य प्रारंभ हो जाता है। दीवाली ही एक ऐसा त्यौहार है जिसमें घरों की सालाना मरम्मत होती है, छबाई-मुंदाई के साथ-साथ लिपाई पोताई। सभी घरों में एक साथ ही काम चलता है। इसके साथ फ़सल पकने का समय भी आ जाता है, खेत में पानी पलाने से लेकर, पैरा डोरी (धान का बोझा बांधने की रस्सी) बांटने का काम द्रुत गति से जारी रहता है। हरुना धान (जल्दी पकने वाला) आने के कारण भराही गाड़ा भी चलता है। किसान भी चाहता है कि दीवाली से पहले कुछ धान घर में आ जाए तो बेचकर दीवाली का त्यौहार ठीक-ठाक सामर्थ्य के अनुसार मना लिया जाए। चारों तरफ़ काम बोझ, मजदूरों के अभाव में निठल्लों की मौज हो गयी, काम कम और दाम अधिक, रामराज्य के 2 रुपए चावल का असर इतना अधिक हुआ कि दीवाली पर साफ़ सफ़ाई करने के लिए मजदूर ही उपलब्ध नहीं हैं। एकाध मिल गया तो बड़ी बात। अब लगता है कि अपना हाथ जगन्नाथ ही ठीक है।
वाश बेसिन का नल खराब हो गया, चूड़ी जाम होने के कारण मेरे से खुला नहीं। उसे अब काट कर निकालना पड़ेगा। तीन दिनों से प्लम्बर को ढूंढ रहा था। शाम को वह एक दुकान में बैठा मिल गया। बोला कि कल सुबह मुझे मोबाईल पर मिस काल कर देना पहुंच जाऊंगा। इधर व्यस्तता बढने के कारण सुबह उसे मिस काल नहीं दे पाया। शाम को फ़ोन लगाने पर उसने बताया कि ड्रिंक कर लिया हूँ, पीछे से मुर्गों के बासने की आवाज आ रही थी। मैने कहा कि त्यौहार की तैयारी हो गयी क्या? मुर्गे को झटका देने का टैम आ गया? बोला कि- अब काम में नहीं आ सकता, एक जगह दस हजार में ठेका लिया था, काम पूरा होने के बाद भी मजदूरी नहीं दे रहा है, दो दिन से साहब को बोल रहा हूं, मजदूर सिर पर चढाई कर रहे हैं। इसलिए आज उनकी सेवा (दारू सेवा) कर दिया। दो चार दिन सेवा का असर रहेगा तब तक मजदूरी मिल जाएगी। वाश बेसिन का नल निर्बाध चल रहा है। :)

पेंटर के पहुंचने पर पेंटिग का सामान लेने गया। उसका बताया सामान लेकर आया। हॉल में बरसों से एक ही रंग लग रहा है। दूकानदार से वाईल्ड लीलाक कलर मांगा। एसियन पेंट का डिब्बा उसने थमा दिया, दो लीटर के पैक पर 1188 रुपए मूल्य लिखा था, उसने मेरे से 120 रुपए लिए, मैने सोचा की माल सस्ता हो गया है। घर लाने पर पेंटर ने देखा कि रंग तो पहले लगे रंग से मैच नहीं कर रहा था। उसे लौटाने के लिए फ़िर जाना पड़ा। मैने दुकानदार से कहा कि - सब नकली माल रख रखा है, वह बोला असली ही है, बड़े पालिथिन पैक की पैकिंग फ़ूट गयी इसलिए 2-2 किलो के डिब्बे में डाल दिया था। अब असलियत सामने आ गयी। एसियन पेंट के डिब्बे में नकली माल धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। मैने दूसरा डिब्बा लिया, वो एसियन का ट्रेक्टर ब्रांड था, डिब्बा पहचान में आ गया, यही लगता है हमेशा। मतलब दीवाली के नाम पर धड़ल्ले से ठगी जारी है। उसे दो-चार गालियाँ दी कि-तुम सुधरने वाले नहीं हो।

बाड़े में घास अधिक हो गयी, लगातार बरसात होने के कारण उसका उपाय नहीं हो सका, कुछ कांग्रेस घास(गाजर घास) के बीच भी बह कर आ गए और घर के आस-पास उग गए। उदय इनके बीच ही सायकिल चलाता है, मना करने पर भी नहीं मानता, पिछले हफ़्ते रोज रात को खांसता था, एक दिन कहने लगा कि डकार नहीं आ रही, बड़ा व्याकुल दिखा, उसे डॉक्टर को दिखाया तो पता चला कि एक फ़ेफ़ड़े में कफ़ जमा हो गया है। 5 दिन दवाई लेने के बाद ठीक हुआ, यह गाजर घास का दुष्प्रभाव था, लगभग डेढ एकड़ की घास साफ़ करने के लिए मजदूर तो मिलना मुश्किल था, इसलिए घास खत्म करने वाली दवाई छिड़कने के लिए एक मजदूर बुलाया, दवाई कुछ मंहगी है पर घास का उपचार अच्छी तरह से कर देती है। बस छिड़कने के बाद दो-चार घंटे तक बरसात नहीं होनी चाहिए, दवाई छिड़कने का शुरु हुआ तो एक घंटे बाद ही जमकर बरसात हुई, दवाई सब धुल गयी। मतलब गयी भैंस पानी में। करलो खेती, भर लो दंड। आस पास की गाजर घास की छिलाई करवानी पडी, अब फ़िर किसी दिन दवाई का उपयोग किया जाएगा।

दीवाली चोरों के लिए भी है, चोरी उनकी पेट रोजी है, जो भी मिल जाए दीवाली के समय, उठाओ और चलो। पुलिस को दीवाली खर्चा उपर तक पहुंचाना पड़ता है। पिछली दीवाली पर शाम को मैं कहीं गया हुआ था, शालिगराम जी आए थे, जब घर वापस आया तो वे गेट के बाहर खड़े मिले। मुझे किसी अनिष्ट की आशंका हुई, पहुंचने पर उन्होने बताया कि बाड़े में चोर घुसे और कार की हेडलाईट निकाल रहे थे, खट-पट की आवाज सुनकर माता जी बाहर आई तो वे भाग गए, देखा तो कार की लाईट सलामत थी पर स्कूटर की हेडलाईट गायब थी। छोटी सी चोरी के लिए क्या पुलिस थाना जाएं, लोग बड़ी-बड़ी चोरी होने पर नहीं जाते, कौन झमेला करे? थ्री चीयर्स के बाद चोरों के मोहल्ले में ही पहुंच गया। चोरों के सरदार की खबर ली और कहा कि सुबह तक स्कूटर की हेडलाईट कौन ले गया है? मुझे खबर कर देना। सुबह जब सो कर उठा तो गेट के सामने स्कूटर की हेडलाईट लिए दो बंदे खड़े थे, उनका मुखिया बोला- माफ़ कर देना महाराज, ये मेरा दामाद है, अनजाने में इधर चोरी करने घुस गया, कुछ दीवाली खर्चा-पानी निकालने।

थाने के मुंशी को चोरों के ठिकाने का पता था और याराना भी, क्योंकि मुखबिरी भी इनसे ही करानी पड़ती है। एक बार दीवाली पर छेदक चोरहा का दांव कहीं नहीं लगा। दीवाली सूखी ही जा रही थी, मुंशी रोज पहुंच जाता था दीवाली खर्चा के लिए, कभी सिपाही भेज देता था। हलाकान होकर छेदक ने मुंशी के घर पर ही हाथ साफ़ कर दिया। मुंशी चोर ढूंढता रहा, उसे पता ही नहीं चला किसने चोरी की। छेदक के घर पहुंचा, वहाँ जुआ की महफ़िल जम गयी, मुंशी भी ढिबरी की लाईट में दांव पर दांव लगाने लगा। अचानक उसकी निगाह जलती हुई ढिबरी पर पड़ी, उसने पहचान लिया कि ढिबरी तो उसी के घर की है :), छेदक से पूछताछ की तो उसने बता दिया कि उसी के घर का माल है। मुंशी उसे पकड़ कर थाने ले गया तो दरोगा साहब से छेदक चोरहा ने सच-सच बता दिया कि मुंशी और सिपाही रोज हलाकान करते थे तो मुझे मजबूरी में मुंशी की वाट लगानी पड़ी। मतलब यह है कि दीवाली पर काम के साथ खर्च भी बढ जाता है। खर्च पूरा करने के लिए इंतजाम तो करना पड़ता है।


मंगलवार, 20 सितंबर 2011

पितृ तृप्तिकरण परियोजना --- ललित शर्मा

पितृपक्ष लगते ही रुठे पितरों को मनाने एवं मने हुए पितरों की श्रद्धा सेवा याने श्राद्ध की तैयारी होनी शुरु हो जाती है। लोकमान्यतानुसार पितर पितृ पक्ष में ही आते हैं। कहते हैं "जीयत पिता से दंगम दंगा, मरे पिता को पहुंचाए गंगा।" कथावाचक महाराज - जीवंता ने न दियो अनाज और मरया को कर दियो काज। जीते जी कुछ भी कैसा भी रहा हो पर मरने के बाद उसे पितर मानना जरुरी है। मृत्यु के तीसरे साल नए पितरों को पुराने पितरों से मिलाने की परम्परा है। उसके लिए भी बड़ा आयोजन किया जाता है, कुटुम सगे संबंधियों, बहन, बेटी को बुलाया जाता है, भोज के साथ मन भर दक्षिणा भी दी जाती है। तभी पितर तर्पण से तृप्त होकर नए पितरों को अपनी बिरादरी मे शामिल करते हैं। पितरों का रुठना-मनाना भी बहुत होता है, मनाने की इस प्रक्रिया में पुरोहित महाराज की भूमिका महत्वपुर्ण होती है। पुरोहित की दान दक्षिणा कम रह जाए तो पितरों को मनाना और भी कठिन हो जाता है साथ ही काल सर्पदोष का खतरा और बढ जाता है। इसलिए पितर खुश हों या न हो पर पुरोहित का खुश होना जरुरी है।

एक बार बेमतलब ही ज्ञानार्जन के लिए गरुण पुराण पढने की इच्छा हो गयी। जिज्ञासावश रेल्वे स्टेशन की दुकान से खरीद लाया। घर लाकर पढना शुरु किया, एक दो अध्याय पढे थे कि रात को अचानक चाचा जी तबियत खराब होने की सूचना मिली, टीवी पर कौन बनेगा करोड़पति सीरियल चल रहा था, करोड़पति को छोड़ कर आधे अधुरे कपड़े पहन कर भागे, जाकर देखा तो वे उठने के लायक नही थी, सांस लेने में तकलीफ़ हो रही थी। जल्दी से उठाकर कार में बैठाया गया और फ़ुल स्पीड में शहर के अस्पताल का रुख किया, उन्हे हृदयाघात हुआ था, आधे रास्ते में ही सांस रुक गयी। अस्पताल भी नहीं पहुंच पाए। वहीं से गाड़ी वापस लेकर घर आ गए। सुबह क्रिया कर्म किया गया। खबर लगते ही सब सगे संबंधी पहुंचने लगे। उन्हे पता चला कि मैं गरुड़ पुराण बांच रहा था। सब मेरे उपर चढ बैठे, कि बेमतलब के गरुड़ पुराण बांचने का फ़ल देख लिया। मैने कहा कि - जो व्यक्ति जीते जी गरुड़ पुराण बांच लेता है वह अमर हो जाता है। मरने के बाद तो कौन सुनता है? अगर चाचा जी भी बांच लेते तो मरते ही नहीं, क्योंकि उसमें मृतक क्रिया के लिए जितनी दान-दक्षिणा पुरोहित को देना लिखा है, सारी प्रापर्टी भी बेच कर नहीं चुका सकते थे। अब ऐसी हालत में कौन मरकर पितर बनना पसंद करेगा।

एक दिन पहले से ही पितर जी को खुश करने की तैयारी शुरु हो गयी। उत्तम पक्का भोजन बनना चाहिए, क्योंकि जब तक पितर जी का मन प्रसन्न नहीं होगा तब तक सुचारु रुप से गृहस्थी चलने का आशीर्वाद नहीं मिलेगा। कहते हैं किसी के मन को खुश करने का रास्ता पेट से होकर जाता है। पकवानों से पेट भरा रहे तो सब खुश। श्रीमती जी ने शाम से ही बड़बड़ाना शुरु कर दिया कि - "दुध वाला 5 लीटर दुध सुबह ही दे गया। बार बार बिजली जाने से फ़्रिज गरम हो गया है, ऐसे में खीर के लिए दुध कैसे बचेगा? शाम को उसे दुध लाना चाहिए था। सब्जी के तोराई नहीं आई है, कल तोराई की सब्जी बनाना जरुरी है।" मैने कहा - "अभी हाजिर हो जाएगी, फ़ालतु टेंशन लेने की जरुरत नहीं है।" बाजार पहुंचने पर पता चला की तोराई 70 रुपए किलो बिक रही है। सब्जी वाले ने बताया कि पितृपक्ष में तो मंहगी ही मिलेगी। 2-4 रुपए किलो बिकने वाली तोराई के भाव आसमान पर थे। तोराई की बेलें यूं ही घर में पेड़ों पर लटके रहती थीं, कोई तोड़ता भी नहीं था, सुखने पर उसके रेशों का उपयोग नहाने-धोने के ही काम आता था। लेकिन अब तोराई भी तसमई बन गयी।

घर पहुंचने पर नया आदेश मिला कि - "पंडितों को भोजन के लिए कहा कि नहीं।" मैने कहा - "भूल गया।" "तीन दिनों से कह रही हूँ कि पंडितों को भोजन करने के लिए फ़ोन कर दो, लेकिन मेरी सुनते कहाँ हो? दिन और रात इस कम्प्युपर बैठे-बैठे खोपड़ी खराब हो गयी है।", मैने कहा - अरे इसमें नाराज होने की क्या बात है, तुम भी चलाना सीख लो, कितने दिनों से कह रहा हूँ, मेरी बात पर ध्यान ही नहीं देती। एक ब्लॉगर और बढ जाएगा।" श्रीमती जी बोली - "मैं तो इसको आग भी नहीं लगाने वाली। फ़ालतु बैठे ठालों का काम है। मुझे तो बहुत काम है, मुबारक हो आपको कम्पयुटर।" मेरा ये दांव भी बेकार गया। मैने कहा - ऐसा कम्प्युटर चलाने में और लिखने में कौन सा जोर लगता है। लिख लेना दो चार लाईन और लगा देना अपने ब्लॉग पे, कविता हो जाएगी। कमेंट भी मेरे से अधिक ही मिलेगें।" "फ़ालतु काम छोड़ो पहले पंडितों को फ़ोन लगाओ।" अब आदेश मानना जरुरी था। रात दस बजे चौबे जी, शर्मा जी और पाण्डे जी को फ़ोन लगाकर भोजन का निमंत्रण दिया। एक ने तो असर्मथता जाहिर कर दी। बाकी तैयार हो गए।

सुबह 3 बजे से ही कड़ाही की आवाजें आने लगी। मुझे भी उठा दिया गया - "मैने कहा पितर जी को तो आने दो, अभी तो वे भी सोए होगें। 4 बजे ही मुझे जगा रही हो।" "पानी गर्म है फ़टाफ़ट नहा लो, मैं रसोई तैयार कर रही हूँ सुबह 8 बजे पंडित जी आ जाएगें"-जवाब मिला। पितर जी आना मुझे हमेशा कष्टदायक लगता है। अब सुबह से ही नया ड्रामा शुरु हो जाएगा। कौंवों को ढुंढा जाए, कौंवे भी इतने होशियार की बरस भर सिर पर बैठकर कांव-कांव लगाए रहते हैं और पितर आने पर गायब हो जाते हैं। छत पर चिल्लाते रहा मजाल है कोई एक कौंवा भी दिख जाए। बहुत इंतजार के बाद एक कौंवा आया, मै थाली लेकर खड़ा कांव-कांव कर रहा, वह भी भाव खा रहा था। डिस्क के एन्टिना पर बैठा मुझे कोई तवज्जो नही दे रहा था।  आज इन्होने ही मुझे अपनी बिरादरी में शामिल कर लिया। जब पितर ही इनके द्वारा भोजन ग्रहण करते हैं तो इनकी बिरादरी में ही शामिल समझा जाए। ज्ञानी कहते हैं कि जब कोई मनुष्य धरती पर आता है तो उसका पहला जन्म कौंवे के रुप में ही होता है, इसलिए पितर कौंवे के रुप में ही आते हैं। इनको भोजन कराने से पितर तृप्त होकर आशीर्वाद देते हैं। हम लगे रहे आशीर्वाद पाने की प्रक्रिया में। थोड़ी देर में कौंवा महाराज हमारे मनुहार से प्रसन्न हो गए और उन्होने भोजन ग्रहण किया।

अगला कदम था गाय को खिलाना। गाय तो हमारे घर पर नहीं है। इसलिए खीर पुरी की थाली साथ में लेकर गाय ढुंढनी पड़ती है। जहाँ कहीं भी मिल जाए उसका स्वागत सत्कार किया जाए। गाय को खिलाना भी जरुरी होता है, गाय में समस्त देवताओं का वास बताया गया है। हमारे घर में बारहों महीना गाँव की गाएं आकर हरी-हरी घास चरती हैं पर जिस दिन पितर आते हैं, इनका भाव बढ जाता है, एक भी दिखाई नहीं देती। माता जी समेत पुरा घर गायों को ताकते रहता है। घर के सामने से गाँव की सारी गाएं लेकर चरवाहा चराने जाता है, इधर गाएं नजर नहीं आ रही थी और पंडितों के आने का समय हो चुका था। बिना गाए को खिलाए पंडितों को कैसे खिलाएं, आज उन्हे भी कई जगह जाना रहता है भोजन करने। तभी सामने एक गाय आती दिखाई, दौड़ कर उसके पास गया। उसका मुंह और पैर धोकर आदर के साथ खीर पुरी खिलाई। गाय ने प्रसन्नता पूर्वक सिर हिलाकर आशीर्वाद दिया। हम तृप्त हो गए और पितर भी। लेकिन अभी तो कार्य पुरा नहीं हुआ है, कथा का एक खंड और बाकी है।

8 बज गए, इधर से निपटे तो पंडितों का इंतजार होने लगा, उनकी कहीं आहट ही सुनाई नही दे रही थी। गेट से निकल कर देखा तो चौबे जी अपने घर के सामने पीपल के नीचे कुर्सी  डाले हमारे से मुंह फ़ेरे बैठे हैं। मैं भी सोचता रहा कि रोज तो इनके मुंह की दिशा हमारी तरफ़ रहती है, आज विपरीत दिशा में कैसे बैठे हैं? हमने आवाज लगाई, तो बोले तैयार होकर आता हूँ। लड़का नहा है, वह भी बड़ा खाने आउंगा कह रहा था। मैने कहा कि सभी आ जाईए लेकिन जल्दी आईए। गजब है यार तोराई का भाव बढा तो बढा चौबे जी का भी भाव बढा गया। रोज यहीं मेरे से खैनी मांग कर खाते गपियाते रहते हैं, आज काम पड़ा तो नक्शा ही बदल गया। चौबे जी पहुंचे पुत्तन के साथ अब पाण्डे जी इंतजार होने लगा। उन्हे फ़ोन लगाया तो पता चला कि उनकी सायकिल पंचर है, गाड़ी भेजोगे तब आएगें, छोटे भाई को दौड़ाया गाड़ी लेकर पाण्डे जी को लाने। थोड़ी देर में पाण्डे भी हाजिर थे। भोजन दान-दक्षिणा सम्पन्न हुई। सभी देवता अपने-अपने लोक में चले गए। हमने भी भोजन कर अपने को तृप्त कर धन्य समझा। धन्य इसलिए समझा कि पितर को प्रशन्न करना एक परियोजना के पूर्ण होने के समान ही लगा। गया जी जाने तक पितर तृप्तिकरण की यह परियोजना जारी रहेगी।


ब्लोगोदय एग्रीगेटर