नाटक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नाटक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 25 जनवरी 2011

छत्तीसगढ़ी संस्कृति से ओतप्रोत नाटक राजा फ़ोकलवा

सुमित दास, ललित शर्मा, श्याम बैस(अध्यक्ष बीज विकास निगम)
डोकरी दाई (दादी) और ममा दाई (नानी) का अपने नाती-पोतों पर अत्यधिक स्नेह होता है। उनसे सुनते थे कि-“मूल से ब्याज प्यारा होता है”। इसलिए बेटे से अधिक स्नेह नाती-पोतों पर होता है।

दादी-नानी से कहानी-किस्से बचपन में सभी ने सुने होगें। उस जमाने की भूत-प्रेत की फ़ंतासियाँ बहुत पसंद आती थी।

भूत प्रेतों के पास असीमित शक्तियां होती थी, यह सुनकर हम भी शक्ति पाने की की कल्पना करने लगते थे। लेकिन लोक कहानियों के पीछे छिपा जनकल्याणकारी संदेश बचपन में समझ नहीं आता।

बड़े होने पर उनका रंग दिखाई देता है। ऐसी “राजा फ़ोकलवा” नामक कहानी राकेश तिवारी जी ने अपनी दादी से सुनी थी। इस लोक कहानी ने उन्होने कुछ परिवर्तन किया और “राजा फ़ोकलवा” के नाम से नाटक तैयार कर मंचन प्रारंभ किया। जिसे आशातीत सफ़लता मिली।

अमित दास(पार्षद) ,सुमित दास,ललित शर्मा, श्याम बैस
मैने नाटक के विषय में सुना था, लेकिन उसका मंचन देखने का संयोग प्राप्त नहीं हुआ था। प्रयास जारी था राजा फ़ोकलवा से मिलने का और वह अवसर आ ही गया।

भनपुरी युवा समिति के तत्वाधान में 23/1/2011 कबीर कुटी में मंचन तय हुआ। हमें राजा फ़ोकलवा से मिलने का अपाईंटमेंट मिल चुका था। भीड़ भरी सड़कों से गुजर कर भनपुरी कबीर कुटी तक पहुंचने में विलंब हो चुका था।

जब पहुंचे तो नाटक का मंचन प्रारंभ होने ही वाला था। साजिन्दे अपने साज संभाल चुके थे। हरमोनियम, बेंजो, ढोलक, खंजरी की जुगलबंदी प्रारंभ हो चुकी थी। राकेश तिवारी जी हरमोनियम पर निर्देशक की भूमिका में थे।

राजा फ़ोकलवा का मंचन प्रारंभ होने ही वाला था, हमारी विलंबित आमद ने खलल डाल दिया। मैं सुमीत दास, अमित दास (पार्षद वार्ड नं-53) साथ ही साथ पहुंचे। स्वागत इत्यादि की औपचारिकताओं ने 10 मिनट और ले लिए। लेकिन संतोष था कि आज मंचन देखने मिलेगा तथा राजा फ़ोकलवा से मिल कर ही जाएंगे।

हारमोनियम पर निर्देशक गायक राकेश तिवारी
कार्यक्रम के मुख्य अथिति श्याम बैस ( अध्यक्ष बीज निगम) से हमारी राम राम जोहार के पश्चात कार्यक्रम प्रारंभ हुआ।

हमारे पौराणिक संस्कारों के अनुसार किसी भी कार्यक्रम का प्रारंभ गणेश वंदना से होता है। यहां भी दो विदुषकों द्वारा गणेश वंदना की गयी।

इसके पश्चात कहानी आगे बढती है। गाँव में फ़ोकलवा नामक एक लड़का अपनी माँ के साथ रहता है। आयु तो उसकी बढ जाती है, लेकिन दिमागी विकास नहीं हुआ रहता। हरकतें उसकी बच्चों वाली ही रहती हैं।

दिन भर गुल्ली-डंडा और डंडा पचरंगा इत्यादि खेलों में रमा रहता था। एक दिन उसकी माँ ने उसे जंगल से लकड़ी लाने भेजा तो उसे वहाँ नरभक्षी राक्षस और राक्षसनी का जोड़ा मिलता है। फ़ोकलवा की उनसे लड़ाई होती है। फ़लस्वरुप राक्षसनी के एक पैर का तोड़ा (पैर में पहने वाली वाली मोटी कड़ी या कड़ा) और साड़ी छीनने में कामयाब हो जाता है।

रक्सा-रक्सिन याने राक्षस और राक्षसनी
फ़ोकलवा साड़ी और तोड़ा लेकर अपनी माँ के पास पहुंचता है उसे साड़ी देता है और कहता है कि-देख तेरे लिए साड़ी लेकर आया हूँ और सारी घटना माँ को बता देता है।

एक दिन उसकी माँ साड़ी पहन कर घर के दूवार पर बैठी रहती है तो राजा की बेटी की सवारी उधर से निकलती है।

राजकुमारी को साड़ी पसंद आ जाती है। वह सेनापति को साड़ी की मांगने भेजती है। फ़ोकलवा की माँ साड़ी देने से इंकार कर देती है।

राज हठ बाल हठ और तिरिया हठ के सामने दुनिया झुकी है। यह समाचार राजा तक पहुंचता है। राजकुमारी ने साड़ी न मिलने तक भोजन का त्याग करने की धमकी दी।

राजा बिना माँ की राजकुमारी की सभी जिद पूरी करते थे। उन्होने साड़ी लेने के लिए महामंत्री को फ़ोकलवा की माँ के पास भेजा। फ़ोकलवा ने कहा कि साड़ी नहीं मिलेगी।

यह साड़ी तो मेरी माँ पहनेगी या मेरी पत्नी। महामंत्री निराश होकर राजा के पास लौट आता है।राजा को क्रोध आ जाता है। महामंत्री उसे सलाह देता है कि एक ही रास्ता बचा है राजकुमारी का विवाह फ़ोकलवा से करा दिया जाए।

सेनापति, राजकुमारी और फ़ोकलवा की माँ
फ़ोकलवा का विवाह राजकुमारी से हो जाता है। फ़ोकलवा राजकुमार बनकर राज महल में आ जाता है। उसकी यारी राज्य के व्यापारियों से हो जाती है।

वह उनसे रुपए पैसे लेकर अनैतिक कार्यों में लग जाता है। इसी बीच राजा की हत्या हो जाती है। फ़ोकलवा को राजा बना दिया जाता है।

राजा बनते ही फ़ोकलवा राज्य के प्राकृतिक संसाधन व्यापारियों को बेच देता है। उनसे धूस लेता है। उसे पता चल जाता है कि राजा की हत्या किसने की है।

जब महामंत्री और सेनापति को राजा की हत्या का रहस्य पता चलता है कि  राजा की हत्या के षड़यंत्र में फ़ोकलवा राजा शामिल है। तब फ़ोकलवा महामंत्री और सेनापति को बर्खास्त कर देता है।

राजा फ़ोकलवा के पात्र में हेमंत वैष्णव
एक दिन खुश होकर राक्षसीन का तोड़ा(कड़ा) वह राजकुमारी को दे देता है। तब राजकुमारी उसके जोड़े की मांग करती है।

आखिर में वह जंगल में जाकर राक्षसनी और राक्षस से लड़ता है। उनसे ताबीज और तोड़ा छीन कर ले आता है। तोड़ा राजकुमारी को देता है और ताबीज स्वयं धारण करता है।

धारण करते ही दोनो राक्षस और राक्षसनी में बदल जाते हैं। जंगल के राक्षस और राक्षसनी प्रेत योनि से मुक्त हो जाते हैं।

कहानी का उपसंहार यही निकलता है कि जिस राजा के राज में प्रजा सुखी नहीं है और राजा कुकर्मों में लगा हुआ है वह राक्षस योनि को ही प्राप्त होता है।

कुकर्मों की सजा एक न एक दिन मिलती ही है। वर्तमान से इसे जोड़कर देखें तो जन सेवा की आड़ में इस तरह का नाटक ही चल रहा है।

राक्षस योनि में बदलते राजा फ़ोकलवा और रानी
कहानी के पात्र दर्शकों को अंत तक बांधे रहते हैं। इस नाटक का प्रथम मंचन 2002 में रंग मंदिर रायपुर में हुआ था। इसके पश्चात के देश में 78 मंचन हो चुके हैं।
कहानी के मुख्य पात्र का जीवंत अभिनय हेमंत वैष्णव ने किया जिसका दर्शकों ने खूब आनंद उठाया।

पात्र परिचय- फोकलवा~हेमन्‍त वैष्‍णव, रानी~ आरती ठाकुर, दाई~ लक्ष्‍मी पाण्‍डेय, राजा, सेवक~ सुदामा शर्मा, मंत्री~ हेमलाल पटेल,
सेनापति ~ मनोज मिश्रा, गणेश,पण्डित, सेवक ~ डा. पुरूषोत्‍तम चन्‍द्राकर, रक्‍शा ~ नरेन्‍द्र यादव, रक्शिन ~ सरिता पाठक
चेरिया, परी ~ शारदा ठाकुर, सेठ ~ उत्‍तम ठाकुर, उद्योगपति ~ दीपक ताम्रकार, जोकर1 ~  दुष्‍यन्‍त द्विवेदी, जोकर 2~  नरेन्‍द्र यादव, सुवासिन ~ पूजा पाठक, गांववाले ~ हेमन्‍त शुक्‍ला, गायन पक्ष ~ राकेश तिवारी, विनोद शर्मा, विजया राउत, मिनाक्षी राउत, वादन पक्ष्‍ा ~ मनीष लदेर, उत्‍तम ठाकुर, मोहन साहू । नाटक के संगीत में कमाल की विविधताएं थी। सरगुजिहा,बस्तरिया लोकधुन के साथा चंदैनी, बिहाव, पंडवानी, पंथी, राऊत नाच का सुंदर मिश्रण किया था।

इस कार्यक्रम के आयोजक भनपुरी युवा समिति के संचालक उदय दास मानिकपुरी को साधुवाद देते हैं। सबसे खास बात रही कि दर्शकों ने बिना किसी शोर गुल से राजा फ़ोकलवा प्रहसन का आनंद लिया। इस नाटक में दर्शकों को बांधे रखने की क्षमता है।

शनिवार, 22 जनवरी 2011

नाटक से दूरदशन का सफ़र, रंग शिल्पी का अयोजन

नयी फ़िल्में मैने गिनती की देखी हैं। दूरदर्शन पर आने वाली बिना टिकट की फ़िल्म प्रति रविवार श्रद्धा भाव से देखी थी।

जब 1973-74 में टीवी आया गाँव के स्कूल में तो रविवार को शाम 4 बजे से ही अपना बोरा सामने में बिछाकर बैठ जाते थे।

उसके बाद गाँव में नाटक और नौटंकी वालों का भी डेरा लगता था। वहाँ भी जाते थे देखने। इस तरह नाटकों से लगाव रहा है बचपन से।

अब भी कहीं नाटक के मंचन के जानकारी मिल जाती है तो अवश्य ही चला जाता हूँ एक दर्शक की हैसियत से। मित्र बालकृष्ण अय्यर नाटकों  के कुशल चितेरे हैं। नामारुप वर्ष भर कुछ न कुछ प्रयोग और लीलाएं होते रहती हैं। नाटकों का मंचन भी।

कुछ माह पूर्व श्री बालकृष्ण अय्यर ने मुझे बताया था कि “रंगशिल्पी” नामक संस्था का निर्माण किया जा रहा है। बस इतनी ही चर्चा हुई थी।

उसके पश्चात रंगशिल्पी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय नाट्य समारोह का निमंत्रण ही प्राप्त हुआ। 7 से 9 जनवरी तक नेहरु हाऊस में नाटकों के द्वारा कलारंग बिखेरा गया।

7 जनवरी को व्यस्तता के कारण इस कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाया पर 8 जनवरी को जाने का दृढ निश्चय कर लिया था।
अल्पना  भी बहुत दिनों से भिलाई जाने के लिए कह रही थी लेकिन संयोग 8 तारीख को ही बना। हम भिलाई पहुंच गए।

पाबला जी को फ़ोनियाए तो पता चला कि वे नागपुर जाने की तैयारी कर रहे हैं। संजीव तिवारी जी को फ़ोन लगाए तो वे ऑफ़िस कार्य में व्यस्त थे।

हमने दोपहर का खाना बालकृष्ण जी यहाँ ही खाया ।एक बार नेहरु हाऊस जाकर आ गए। वहाँ खाली कुर्सियाँ ही मिली। उनसे ही बतियाने लगे।

नेहरु हाऊस की कुर्सियाँ भी अब कुंठित हो गयी हैं। उन्होने बताया कि एक जमाना था कि यहाँ  फ़िल्मों का आयोजन होता था।

कुर्सियाँ कम पड़ जाती थी तो लोग खड़े-खड़े पूरी फ़िल्म देखते थे। यही हाल नाटकों का भी था। लोग दीवाने थे नाटकों के। नाटकों के मंचन के समय तो हाल छोटा पड़ जाता था।

अब तो कोई दर्शक आ जाते हैं तो सैकड़ों कुर्सियां लपक जाती हैं उनका स्वागत करने। ऐसी स्थिति में कुंठा अवसाद आ ही जाता है।

कुर्सियों की व्यथा सुनने के पश्चात संजीव तिवारी जी का फ़ोन आ गया। हम पहुंचे सिविक सेंटर के रेस्टोरेंट में। दोसा के साथ विचार विमर्श चला।

सांझ ढलने लगी। नाटक प्रदर्शन का समय हो चुका था। पुन: नेहरु हाऊस पहुंचे। प्रवेश द्वार पर ही शरद कोकास जी से भेंट हुई। क्या कहने उनके अंदाज के। बस यूँ कहिए की घायल होते होते बचे चाय की दुकान पर।

पता चला कि नागपुर की नाट्य संस्था द्वारा श्री उदय प्रकाश के नाटक “राम सजीवन की प्रेम कथा” का मंचन होना है। शरद भाई कहाँ चूकने वाले थे, सीधे उदय प्रकाश जी को ही फ़ोनिया दिए, पान ठेले पर ही फ़ोन वार्ता शुरु हो गयी।

उदय प्रकाश जी ने अपनी कहानी के मंचन पर सभी को शुभकामनाएं दी। हमे भी महान कथाकार से फ़ोनालाप करने का सौभाग्य मिला व्हाया शरद कोकास।

भीतर हाल में मंचन की तैयारी चल रही थी। कुर्सियाँ व्यग्र थी दर्शकों को गोद में बिठाने के लिए। एक-एक करके दर्शक आ रहे थे। कुर्सियों को खुश करने के लिए। हम सब चाय-पान करके पहुंच गए हॉल में। 

शरद भाई ने माईक संभाल लिया। रामसजीवन के दल के विषय में जानकारी दी और हमें (अल्पना जी और मुझे) मंच पर बुलवा लिया

कार्यक्रम का शुभारंभ करने के लिए। हमें भी शुभारंभ करने की जल्दी थी क्योंकि जितनी देर नाटक प्रारंभ होने में होगी उतनी देर से हम घर पहुंचेगें।

अल्पना जी ने रंग शिल्पी द्वारा आयोजित किए गए नाट्य समारोह के लिए शुभकामनाएं दी। हमने भी दो शब्द रंग में जोड़ दिए शिल्प के।

अब नाटक शुरु हो चुका था। मंच पर कलाकार एक-एक करके आते गए और मंच जमने लगा। कुर्सियाँ भी शांत चित्त थी। मुंह फ़ाड़े देख रही थी मंच की ओर।

रामसजीवन गाँव का लड़का था, शहर में उच्च शिक्षा ग्रहण करने आया था। गाँव से शहर आकर उसे शहरिया हवा लग जाती है।

गाँव में घुंघट वाली लजीली-शर्मीली लड़कियाँ देखी थी। लेकिन शहर में फ़र्राट जींस टॉप वाली देख कर घायल हो जाता है।

बस वह प्रेम नामक प्रेत बाधा से ग्रसित हो जाता है। हम भी सामने बैठे बैठे यह प्रेम कथा कहीं और घटित होते देख रहें हैं। चेहरे पर मुस्कान तैर जाती है। जिसे संजीव भाई पढ लेते हैं।

क्योंकि एक देहाती दूसरे देहाती की मुस्कान भी पहचान जाता है। हम दोनो तीसरे देहाती का दर्द समझ जाते हैं आखों में ही। लेकिन जुबां चुप रहती है। आंखे ही बोलती हैं।

कहानी आगे बढती है, रामसजीवन दिन में भी सपने देखते हुए चलता है। कमरे में पड़े-पड़े अकेले से बातें करता है। वह जींस टॉप वाली छलावा बनकर उसके सामने आते-जाते रहती है।

वह समझता है कि हकीकत में घट रहा है। वह मानसिक बीमारी का शिकार हो जाता है। हास्टल के वार्डन रामसजीवन की हालत देख कर उसे घर पहुंचा देते हैं।

रामसजीवन कुछ सालों बाद वहीं फ़िर वापस आता है। तब तक चिड़िया उड़ चुकी होती है। उसके साथी नौकरी लग चुके होते हैं।

लेकिन अधूरी प्रेम कहानी रामसजीवन को कहीं का नहीं छोड़ती। इस तरह एक देहाती के निश्छल प्रेम की वाट लग जाती है।

मुझे एक हरियाणी फ़िल्म चंद्रावल का एक गीत याद आता है – “ परदेशी की प्रीत की रे कोई मत ना करियो होड़, बनजारे की याद यूँ भाई गया सुलगती छोड़”। अब रामसजीवन सुलगते रहता है। पर्दा गिर जाता है।

हम भी भाई बालकृष्ण से घर जाने की इजाजत लेते हैं। लेकिन वे हमें रोकना चाहते थे। रुकने का सब इंतजाम कर रखा था।

हमारी कुछ मजबूरियाँ थी। नाटक के शुरु होते ही उन्होने सारे गेट बंद करा दिए थे कि कोई दर्शक भाग न जाए।

हमें बड़ी मुश्किल से उन्होने घर जाने की इजाजत दी वह भी इस शर्त पर कि हम दुबारा आएंगे। सबसे बड़ी खुशी की बात यह रही कि अब नाटकों में नई पीढी भी रुचि लेने लगी है।

नाटकों मंचन जारी रहेगा। राष्ट्रीय स्तर पर नाट्य समारोह के सफ़ल आयोजन पर मैं रंग शिल्पी परिवार को साधुवाद देता हूँ।

मंगलवार, 14 सितंबर 2010

हमीरपुर की सुबह एक सार्थक संदेश के साथ हुई

अवधिया जी के साथ एक दर्शक
हरिया और उसका बेटा कल्लु दोनो ताड़ी बाज हैं। हमेशा ताड़ी के नशे में रहने वाले। इनके यार दोस्त भी नसेड़ी है। एक दिन साथ बैठकर पी रहे हैं। ताड़ी खत्म हो जाती है तो हरिया कहता है कि” कल्लु जा और ताड़ी लेकर आ। मुझे नशा कम हुआ है। कहीं से भी लेकर आ,नहीं तो तू मेरा बेटा नहीं है।“

कल्लु ताड़ी के लिए पैसे लेने अपने घर जाता है तथा माँ से पैसे मांगता है। वह पैसे नहीं देती तो कल्लु  उसके साथ गाली-गलौच करता है। तब उसकी माँ चैती उसकी पिटाई झाड़ू से कर देती है। दोनो में बहुत विवाद होता है। अचानक कल्लु चैती पर डंडे से प्रहार करता है और उससे पैसे छीन कर ताड़ी लेने चला जाता है।

हरिया और कल्ल
नशे बाज होने के कारण इनके घर की माली हालत ठीक नहीं है। कल्लु ताड़ी लेकर अपने बाप हरिया के पास पहुंचता है। दोनो खूब ताड़ी पीते हैं।

इधर गाँव का सरपंच श्रीधर कुछ रुपए और चावल देकर चैती पर डोरे डालता है, चैती उसे धमका देती है तो वह दूसरे हथकंडो पर आ जाता है। कल्लु को चोरी करता है, उसे पंचायत में बुला कर दंडित करना पड़ेगा। तभी चैती उसके द्वारा दिए गए रुपये और चावल को उसके मुंह पर मार देती है। तो वह गुस्से में सबको देख लुंगा कहकर वह चला जाता है।
अपनी माँ चैती को पीटता हुआ कल्ल

तभी चैती के घर में एक आगंतुक आता है वह उसे मां कह कर पुकारता है। कुछ खाने को मांगता है तथा रात रुकने के लिए बसेरा चाहता है। चैती उसे घर में रुकने को कहती है। इधर हरिया और कल्लु ताड़ी के नशे में मद मस्त होकर आते हैं।

घर में आगंतुक को देख कर पूछते हैं कि यह कौन है? आगंतुक कहता है कि वह एक सरकारी काम करने वाला आदमी है तथा इस तरफ़ वसूली में आया था। उसके पास बहुत सारे पैसे हैं, वह उन्हे पैसे दिखा देता है। इतने पैसे देखकर उनकी आँखे फ़टी की फ़टी रह जाती है और मन में लोभ जाग जाता है। कल्लु उसे चोर कहता है, और पूछता है कि इतने रुपए कहां से चुराकर लाया है। नही बताएगा तो मार डालूंगा कहकर उसका गला पकड़ लेता है। 

सरपंच श्रीधर और चैती
चैती उसे छोड़ाती है और कल्लु पर बरस पड़ती है। आगंतुक कौन है यह किसी को पता नहीं रहता। उसे चैती खाना खिलाकर सुला देती है।

इधर हरिया और कल्लु दोनो उसकी हत्या करके पैसे छीनने के योजना बनाते हैं। चैती उनको इस दुष्कृत्य के मना करती है। लेकिन दोनो नहीं मानते। हरिया सबसे पहले दाव लेकर उसकी हत्या करने जाता है लेकिन उसकी मासुमियत देख कर हत्या नहीं कर पाता, और ताड़ी पीने चला जाता है।

तब कल्लु उसकी हत्या कर देता है। हत्या के बाद पता चलता है कि आगन्तुक हरिया और चैती का खोया हुआ बेटा था। जो नदी में बह गया था। 

आगंतुक-हरिया-चैती
आगन्तुक ने अपने बारे में गांव के लोगों को बता दिया था कि वह  कौन है लेकिन हरिया और चैती के सामने भेद सुबह खोलना चाहता था।इस नाटक में यह बताने की कोशिश की गयी है कि नशे में आदमी संवेदनाएं खो देता है, लोभ और लालच में फ़ंस कर जंघन्य अपराध कर डालता है।

हिंसक हो जाता है जिससे उसका और समाज का अपूर्णिय नुकसान हो जाता है। समाज के लिए नशा खराब है। यह नाटक फ़्रांस के लेखक रुपर्ट ब्रुक के” लिथुआनिया” नामक नाटक से प्रेरित हो कर मंचित किया गया। सीधे-साधे ग्रामीण परिवेश की कहानी कहता नाटक हमीरपुर की सुबह हमारे सामने कई सवाल छोड़ जाता है।
अंतिम दृश्य-पछताते कल्लु-हरिया

बालकृष्ण अय्यर के कुशल निर्देशन में हरिया – शकील खान, कल्लु-योगेश पान्डे, चैती-सुशीला देवांगन, आगन्तुक-कविश गोखले, श्रीधर सरपंच-हेमलाल कौशल, रमुआ-सुरेश शर्मा ने प्रभावशाली अभिनय कर पात्रों को जीवंत कर दिया। मंच के पीछे के कलाकार मंच सज्जा-दीपिका नंदी, सामग्री संकलन-प्रकाश ताम्रकार, संगीत-वरुण चक्रवर्ती एव आमोस, प्रकाश-बालकृष्ण अय्यर थे। इनका कार्य भी सराहनीय रहा।

रंगमंदिर रायपुर में संस्कृति विभाग के सौजन्य से मंचित नाटक हमीर पुर की सुबह प्रभावशाली रहा। नशा हे खराब-झन पीहू शराब-अशोक भाई का नारा  है।

शनिवार, 11 सितंबर 2010

हमीरपुर की सुबह -- कैसी हो्गी?

आज एक खुशखबरी देना चाहता हूँ आपको। सर्व प्रथम गणेश चतुर्थी और ईद की हार्दिक शुभकामनाएं और ढेर सारी बधाई। इसके साथ ही एक खुशखबरी और जो नाटक{play} का शौक रखते हैं उनके लिए।

आज हमारे अजीज मित्र बालकृष्ण अय्यर के निर्देशन में "हमीर पुर की सुबह" नामक नाटक  ॥ सितम्बर शनिवार शाम साढे सात बजे रंगमंदिर रायपुर में खेला जाएगा। इसमें आप सभी आमंत्रित हैं। रंग मंदिर में पधार कर हमीर पुर की सुबह के मंचन का आनंद लें।

यह नाटक ।9।5 में फ़्रांस के लेखक रुपर्ट ब्रुक के नाटक "लिथुवानिया" से प्रेरित है। लिथुवानिया एक स्थान का नाम है तथा फ़ूल का भी। इस फ़ूल की खासियत यह है कि ये रात में ही खिलता है तथा सूर्योदय के पहले मर जाता है। इसकी जिन्दगी सिर्फ़ एक रात की होती है। 

बालकृष्ण अय्यर निर्देशन करते हुए
पात्र इस प्रकार हैं-

निर्देशक-- बाल कृष्ण अय्यर

कलाकार

शकील खान--हरिया-- यह एक मजदूर है
कविश गोखले-आगंतुक- एक रात का अतिथि
सुशीला देवांगन-चैती--हरिया की पत्नी
हेमलाल कौशल-श्रीधर--जमीदार
योगेश पाण्डेय-कल्लु--हरिया का बेटा
सुरेश शर्मा-रमुआ--ग्रामीण

पार्श्व कलाकार-- ड्रेस एवं सज्जा-दीपिका नंदी, प्रकाश ताम्रकार
संगीत--वरुण चक्रवर्ती
बाल कृष्ण अय्यर प्रख्यात नाट्य निर्देशक हैं इनका निर्देशन काफ़ी सधा हुआ और कसा हुआ होता है। पूर्व में भी हम देख चुके हैं इनका नाट्य निर्देशन। पुन: आप सभी को आमंत्रण है भुलिएगा नहीं।यह नाटक संस्कृति विभाग छत्तीसगढ शासन के द्वारा आयोजित है।
मिलते हैं रंगमंदिर में हमीर पुर की सुबह के साथ--स्वागत है।

रविवार, 25 अप्रैल 2010

निर्देशक बालकृष्ण अय्यर का उम्दा नाटक: फ़ांसी के बाद

एक अवास्तविक घटना "फ़ांसी के बाद" दरअसल अवास्तविक घटना इसलिए है कि एक तो ऐसा घटित होना वाकई संभव नही है, दूसरे इसलिए भी एक घटना का अवास्त रुप निर्दोष आदमी की जिन्दगी को मौत का जामा पहना देता है।

ईश्वर प्रसाद को फ़ांसी की सजा हो जाती है। उस पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी का गला दबा कर हत्या की है। लेकिन निर्धारित समय तक फ़ांसी के फ़ंदे में लटकाने के बाद भी ईश्वर प्रसाद जिंदा बच जाता है।

अब यहां एक अनोखी समस्या आ जाती है कि वह जिंदा तो हो जाता है पर उसकी याददास्त चली जाती है। तब दोबारा फ़ांसी पर चढाना भी एक समस्या है क्योंकि कानून के तहत जिस व्यक्ति को फ़ांसी दी जाती है,

उसे उसके अपराध के बारे में उसके होशहवास में बताना आवश्यक है कि उसे किस कारण से सजा दी जा रही है, अब इसके बाद जेल में प्रारंभ होती है ईश्वर प्रसाद की याददास्त को वापस लाने की कवायद।

तरह तरह की जुगत लगाई जाती है, उसे उसकी कहानी सुनाई जाती है, जेलर साहब समेत पूरा स्टाफ़ पुलिस द्वारा गढी गई कहानी का नाटक करके भी दिखाता है, जिसके आधार पर उसकी सजा मुकर्रर की गई थी। अंत में ईश्वर की याददास्त वापस आ जाती है,

वह पुलिस से उलट अपनी सच्ची घटना बयान करता है। जिसे सुन कर सब स्तब्ध रह जाते हैं और उसे निर्दोष मानने लगते हैं, लेकिन अदालत के आदेश का पालन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता।

ईश्वर को पुन: फ़ांसी दी जाती है पर यह फ़ांसी अपने पीछे कई सवाल छोड़ जाती है।

यह सारांश है कल मुक्ताकाश के नीचे बैठकर मेरे द्वारा देखे गए प्ले का। एक अरसे के बाद मैने कोई प्ले देखा। इस आभासी दुनिया से बाहर निकल कर। नहीं तो यहां के प्ले भी कम नही हैं जो हम देखते हैं।

हमारे मित्र बालकृष्ण अय्यर जी एक उच्चकोटि के नाट्य निर्देशक हैं। उनके कई निमंत्रण के बाद भी किसी प्ले में दर्शक के रुप में शामिल हो पाया।

इसका आयोजन 36 गढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा किया गया था। जिसमें भिलाई के "भारतीय जन ना्ट्य संघ"इप्टा" द्वारा इसे मंचित किया गया था।

निर्देशन की कसावट और शानदार संवाद प्रस्तुतिकरण ने डे्ढ घंटे तक दर्शकों को हिलने नही दि्या।उन्हे बांधे रखा अपने कला कौशल से।

जेलर के पात्र में मणिमय मुखर्जी, पंडित के पात्र में राजेश श्रीवास्तव तथा ईश्वर के पात्र  में शरीफ़ अहमद ने अपने अभिनय से कायल कर दिया।

इस प्ले के लेखक वि्मल बंदोपाध्याय और निर्देशक पंकज मिश्रा जी हैं। उद्घोषक के रुप में बालकृष्ण अय्यर जी ने उत्कृष्ट भूमिका निभाई।

अन्य मंच सहयोगियों ने अपनी भुमिका से चार चाँद लगा दिए। प्रकाश एवं ध्वनि संयोजन भी अच्छा था।मैने इस प्ले के कुछ चित्र अपने मोबाईल से लिए हैं रात का समय था इतने तो अच्छे नहीं हैं पर काम चलाऊ हैं प्रस्तुत हैं।

 बालकृष्ण अय्यर मंच पर निर्देशन करते हुए

  प्रथम दृश्य"फ़ांसी की सजा देते हुए"

  द्वितीय दृश्य" मृत्यु से बच जाना"

  तृतीय दृश्य "पंडित का मरने का नाटक करना"

  चतुर्थ दृश्य" ईश्वर की याददास्त लौटना और सत्य घटना का बयान करना"

 अंतिम दृश्य" कानून के रक्षार्थ ईश्वर को पुन: फ़ांसी पर चढाना"

जीवन की आपा धापी से निकल कर हमें कभी-कभी स्वस्थ्य मनोरंजन भी करना चाहिए, जिससे दिल-दिमाग दुरुस्त रहे और जीवन का वास्तविक आनंद आए, नहीं तो कदम-कदम पर पचड़े हैं और हम उसी में फ़ंसे रहते हैं। "यहां तो रोज फ़ांसी होती है और हम जिंदा बच जाते हैं अगली बार फ़िर से फ़ांसी के फ़ंदे का झट्का खाने के लिए। यही नियति है"....आमीन.....