भ्रष्ट्राचार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भ्रष्ट्राचार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 9 जून 2011

यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत--ललित शर्मा

विदेशी बैंको में जमा काला धन भारत लाने हेतू जनमत बनाने का काम लगभग 20 वर्षों से राजीव दीक्षित कर रहे थे। वे भारत के गाँव-गाँव में जनता के बीच अलख जगा रहे थे। लेकिन उनके पास संसाधन नहीं थे। वे प्रवचन देकर जाते और जनता सुन कर भूल जाती। बाबा रामदेव योग के जरिए देश-विदेश में प्रसिद्ध हो गए। उनसे राजीव दीक्षित का परिचय हुआ, दोनो ने काला धन वापस लाने के मुद्दे पर कार्य प्रारंभ किया। राजीव दीक्षित की मुहिम में बाबा जी शामिल हो गए। काला धन वापस लाने के लिए प्रचार-प्रसार एवं जन जागरण का कार्य बाबा रामदेव ने अपने शिविरों में प्रारंभ किया। लोगों को यह बात अच्छी लगी। तभी 2 जी घोटाला सामने आया, उसके बाद कामनवेल्थ एवं अन्य बड़े घोटाले प्रकाश में आए। जिसकी प्रतिक्रिया आम जनता में हुई और वह भी सोचने लगी कि वर्तमान केन्द्र सरकार घोटालो की जननी बन कर रह गयी है। आम जनता की पसीने की कमाई से घोटालेबाज लोग अपना घर भरने में लगे हैं।

अन्ना हजारे के भ्रष्ट्राचार विरोधी आन्दोलन की सफ़लता ने बाबा रामदेव के कान खड़े कर दिए। उन्होने विदेशी बैंकों से काला धन वापस लाने के लिए अपने सत्याग्रह की घोषणा पहले ही कर दी थी और यही सोचा होगा कि उनके अन्य शिविरों की तरह सरकार इस सत्याग्रह आन्दोलन को चलने देगी। इसी अति उत्साह में वे गलती कर बैठे। जब उनका सत्याग्रह प्रारंभ हुआ तो आम जन से लेकर फ़ेसबुक, ट्विटर, ब्लॉग इत्यादि नए मीडिया पर उनके समर्थन करने वालों का ज्वार उमड़ पड़ा। इलेक्ट्रानिक मीडिया और प्रिंट मीडिया ने भी इन्हे भरपूर कवरेज दिया। लोग गाँव और शहरों में सत्याग्रह के समर्थन में धरने पर बैठ गये। सत्याग्रह प्रारंभ होते ही वातावरण ऐसा बन गया कि दिल्ली की कांग्रेस सरकार अब गयी और तब गयी। इससे सरकार की भी चूलें हिल गयी। वह बैकफ़ुट पर आ गयी और अपने मंत्रियों को बाबा से चर्चा करने के लिए भेजा। ये चर्चा करने होटल में चले गए। बस बाबा रामदेव से यहीं पर चूक हो गयी।

होटल में क्या चर्चा हुई? इसकी जानकारी मीडिया तक नहीं पहुंची और न ही आम देशवासियों तक। यही पर संदेह बीज पड़ गए। बाबा का अनशन प्रारंभ हो गया। लगभग एक लाख लोग रामलीला मैदान में देश के विभिन्न प्रांतो से पहुंचे। देश की जनता भ्रष्ट्राचार के खिलाफ़ खड़ी हो चुकी थी। उसे लग रहा था कि बाबा रामदेव के रुप में ईश्वर ने कोई देवदूत भेज दिया जो उनके रिसते हुए घावों पर मरहम लगाएगा। कुछ राजनैतिक पार्टियाँ तवा गर्म होने का इंतजार कर रही थी कि वो भी अपनी रोटियां सेंक ले, बहती गंगा में हस्तप्रक्षालन कर वे भी पावन हो जाएं। मुद्दों की कमी से जूझ रही पार्टियों को बैठे बिठाए मुद्दा  मिल जाए। जिस तरह शेर के शिकार पर सियारों की नजर रहती है ठीक उसी तरह ये भी ताक रहे थे। सरकार की कपट भावना सीधे-साधे बाबा जी समझ नहीं पाए एवं चक्रव्युह में फ़ंस गए। शाम को चिट्ठी सामने आते ही हवा बदल चुकी थी। सरकार के प्रवक्ता उन्हे ठग घोषित कर रहे थे। 

बाबा जी को अंदेशा नहीं था कि आधी रात को सरकार की दमनात्मक कार्यवाही हो जाएगी। सोए लोगों पर पुलिस ने अपने डंडे चला दिए और जलियांवाला बाग की याद दिला दी। सुबह तक समाचार देश भर में फ़ैल चुका था और सरकार की दमनात्मक कार्यवाही की घोर भर्तसना हो रही थी। आम नागरिक भी सरकार के दमनात्मक रवैये के खिलाफ़ अपना मुंह खोल चुका था। पुलिस के बर्बर दमन ने बच्चो, महिलाओं एवं वृद्धों को भी नहीं बख्शा। कांग्रेसी प्रवक्ता के बुद्धि पर तरस आता है। वे कह रहे थे कि "बच्चो, महिलाओं एव वृद्धों को रामलीला मैदान में लाने की क्या जरुरत थी?" अरे पहले ही बता दिया होता कि डंडे बरसेगें तो वैसा ही इंतजाम किया जाता। बाबा जी की कोई खोज खबर नहीं लगी थी। टीवी वाले मंच से कूदते हुए का फ़ुटेज दिखा रहे थे। दोपहर को बाबा प्रगट हुए सलवार कुरते में।

बाबा को टीवी पर सलवार कुरते में देख कर एक बारगी चौक गया और मीडिया को वक्तव्य देते हुए उनका रोना कुछ जंचा नहीं। पुरुषोचित कार्य करने वाले व्यक्ति पर कितना भी कष्ट आ जाए, रोते नहीं है। बाबा जी को अपनी हत्या का डर सता रहा था, महिलाओं को कवच बना कर रामलीला मैदान में हजारों की संख्या में उपस्थित घायल कार्यकर्ताओं को छोड़ कर चला आना कुछ जंचा नहीं। कांग्रेस सरकार इतनी बेवकूफ़ नहीं है कि इनकी हत्या करवा कर एक मुसिबत और अपने गले में डालती। दुरांचल से आए हुए लोग लाठी डंडे खा कर दिल्ली में भूखे प्यासे भटकते रहे। इनको गिरफ़्तारी दे देनी थी और जेल चले जाना था लेकिन दिल्ली नहीं छोड़नी थी। जो कपालभाति और अनुलोम विलोम बाबा जी शिविर में कर रहे थे, वो जेल में भी कर सकते। जिससे लोगों का विश्वास तो बचा रहता। ये  आर्य समाज की उस परम्परा से आते हैं जहाँ स्वामी दयानंद, लाला लाजपत राय, भगत सिंह, स्वामी श्रद्धानंद, हुतात्मा लेखराम, महाशय राजपाल जैसे बलिदानी लोग हुए हैं, और देश धर्म हित अपने प्राणों की बलि दी है।

आज बाबा जी ने 11000 सैनिकों की सेना बनाने का एलान कर दिया और कहा कि दमन होने पर सेना जवाब देगी। इस वक्तव्य से लगता है कि बाबा के दिमाग में गर्मी चढ गयी है । लोकतंत्र में व्यक्तिगत सेना बनाने का अधिकार किसी को नहीं है और हमारा संविधान भी इस बात की स्वीकृति नहीं देता। भारत के संविधान को मानने वाले संविधान को चुनौती देने का कार्य कैसे कर सकते है। देश की जनता ने बाबा को अहिंसात्मक आन्दोलन में सक्रिय योगदान दिया। जब हिंसा ही करनी है तो नक्सली क्या बुरे हैं, उन्हे तो महारत हासिल है हिंसात्मक लड़ाई लड़ने में। क्यों लोग जान गंवाएगें बाबा के साथ। जिसमें नेतृत्व की क्षमता होती है वह निहत्थे ही आत्मबल के सहारे लड़ाई जीत सकता है। भ्रष्ट्राचार के विरुद्ध लड़ाई संवैधानिक दायरे में ही रह कर लड़नी चाहिए।

बातन हाथी पाईए और बातन हाथी पाँव। बाबा की की प्रसिद्धि का ग्राफ़ दो दिन में ही गिर गया। उनके अनशन को समाप्त करने के लिए गन्ना रस पिलाने वाले भी नही दिख रहे। देश की जनता ने इन पर विश्वास जताया था, लेकिन मुझे लगता है कि इनके पास नेतृत्व की क्षमता नहीं है, मंच पर बैठ कर योगासन करा लेना एवं प्रवचन दे देना सरल है, पर मैदान में आने के बाद भीड़ का नेतृत्व करना कोई आसान काम नहीं है। कांग्रेस सरकार ने निहत्थे लोगों पर लाठियाँ चलाई उसकी हम पुरजोर निंदा करते हैं, लेकिन इनके राम लीला मैदान छोड़ कर भागने वाले कार्य की सराहना नहीं कर सकते। एक बात तो है कि इस आन्दोलन से जनता जागरुक हुई है और इसका परिणाम आने वाले चुनाव में अवश्य दिखाई देगा। भारत की जनता इंतजार कर रही है कि सवा अरब की जनसंख्या वाले देश में कोई तो ऐसा आएगा जो उसे भ्रष्ट्राचारियो एवं अत्याचारियों से निजात दिलाएगा।

यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत। 
अभ्युत्थानं अधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहं।
परित्राणायत साधुर्नाम विनाशाय च दुष्कृताम्। 
धर्म संस्थापनात्ध्याये सं भवामी युगे युगे।


नोट-उपरोक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत हैं।
फ़ोटो -- गुगल से साभार, किसी को आपत्ति होगी तो हटा दी जाएगीं।

बुधवार, 25 मई 2011

दलाई लामा का घर मैक्लोडगंज और अमेरिकी डालर --- ललित शर्मा

आरम्भ से पढ़ें आज ४ मई २०११ है, हमने मैक्लोडगंज घुमने का कार्यक्रम बनाया. दाड़ी से बस से धर्मशाला बस स्टैंड पहुचे.  फिर हमने धर्मशाला के लिए जीप टैक्सी पकड़ी. अब धर्मशाला से मैक्लोडगंज की दुरी १० रूपये की हो गयी है. केवल ने मैक्लोडगंज में अपने एक मित्र को फोन कर दिया था. हमने तय किया थी कि दोपहर का खाना मैक्लोडगंज में ही खायेंगे. रास्ते में एक जगह पर आर्मी कैम्प भी है. मैक्लोडगंज पहुच कर केवल ने मित्र को फोन किया तो वह आ गया. वह एक अच्छे होटल में भोजन करने के लिए ले गया. हमने वहां रूफ टॉप पर ही डेरा जमाया. हमारे पहुचने से पहले एक एंग्लोइन्डियन जोड़ा पहले से मौजूद था. जो हमारे पहुचने पर थोडा असहज महसूस कर रहा था. अब उनके चक्कर में हम अपना टाइम क्यों ख़राब करें? हम भी वहीँ जम गए.खाने का आर्डर दिया गया. सबने आखिर तय किया कि बिरयानी का मजा लिया जाये.

रूफ टॉप से मैक्लोडगंज का नजारा देख रहे थे. सामने धौलाधार की पहाड़ियों पर जमी हुयी चमकदार बर्फ के बीच त्रिउंड भी दिख रहा था. वहां तक बहुत सारे यात्री जाते हैं. केवल के मित्र का पेशा ही ट्रेकिंग करना है. वह त्रिउंड तक यात्रियों के दल को लेकर जाता है. जब मैंने वहां तक जाने का इरादा जताया तो उसने कहा कि अभी मौसम ठीक नहीं है. पहाड़ों पर जमी हुयी बर्फ मनमोहक होती है. पहाड़ हमेशा मनुष्यों को चुनौती देकर आकर्षित करते हैं. लेकिन होते बड़े क्रूर हैं. थोड़ी ही गफलत में जान ले लेते हैं. कभी कोई यात्री दल फंस गया तो बर्फीला तूफान उन्हें निगल जाता है. लाश भी मिलना कठिन हो जाता है. इसलिए पहाड़ों पर ट्रेकिंग करने के लिए उत्साह और जोश के साथ सावधानियां भी बरतनी आवश्यक हो जाती हैं.

आस पास तिब्बती मन्त्र लिखे ध्वज लहरा रहे थे. इसके पीछे मान्यता है कि हवा में मन्त्रों का प्रसार होते रहे और वे कल्याणकारी हों. पास में ही एक व्यक्ति छत पर  कपडे रंग कर सुखा रहा था. यहाँ तिब्बतियों ने अपने धंधे खोल रखे हैं, आने वाले पर्यटकों से इन्हें अच्छी आमदनी हो जाती है. केवल का कहना था कि खाने का खर्च इन्हें भारत सरकार है और कपडे अमेरिका से आ जाते हैं. कुल मिला कर मौज है. लेकिन वतन से बिछुड़ने का इनका दर्द भी इसके साथ जुड़ा है. यही विश्वविख्यात दलाई लामा भी रहते हैं. हमने संपर्क किया था तो पता चला कि वे अमेरिका गए  हैं. इसलिए मुलाकात नहीं हो सकती थी. फिर कभी मुलाकात करने की कोशिश करेंगे.

खाना आ चूका था. खाने के साथ-साथ चर्चा भी हो रही थी. केवल ने बताया कि जाट जी भी आने वाले हैं. वे झरना देखना चाहते हैं. मैंने कहा कि अगर अभी आ लेते तो झरना दिखा ही देते. हमारे आस-पास बहुत से झरने हैं. वैसे भी सभी के अपने-अपने झरने होते हैं. जरा सा दुःख आया नही की झरने शुरू हो जाते हैं, दुःख के झरने एवं सुख के झरने के जल का स्वाद एक जैसा ही होता है. दुःख के झरने का जल आदमी पी जाता है और सुख के झरने का जल छलक जाता है. छलकता हुआ जल दिख ही जाता है. चाहे लाख कोशिश करो रुकता ही नहीं है. जाट जी थे नहीं. अन्यथा एक झरना तो बह ही जाता खली वाला. उसके फोटो-शोटो लग जाते ब्लॉग पर. नीरज भी सयाना बंदा है. खली का नाम सुनते ही डर गया. बोला कि खली के जाने के बाद ही आऊंगा.

भोजन के बाद हम पहुच गए बुद्ध मंदिर में. वहां एक पुस्तकालय भी है. मैंने उस पुस्तकालय में कुछ तिब्बती साहित्य देखना चाहा. क्योंकि तिब्बती तंत्र विद्या की काफी चर्चा होती है. लेकिन वहा पर हिंदी में कुछ भी नहीं था. तिब्बती या अंग्रेजी में पुस्तकें थी. मैंने उनसे पूछा कि और कहाँ मिल सकती हैं तो उसने कोई माकूल जवाब नहीं दिया. हम मंदिर में ऊपर की तरफ बढ़ गए. तिब्बती लोग मंदिर की परिक्रमा कर रहे थे. बीचों बीच स्वर्ण मंडित बुद्ध की प्रतिमा लगी है और उसके सामने ही दलाई लामा की गद्दी भी है. उसे अभी ढक कर रखा गया था. शायद दलाई लामा के आने के बाद उसकी चादर हटाते होंगे. एक बूढ़ा लामा सर पर विचित्र सी टोपी लगाये हुए था. जो उलटे सूप या छाज जैसी थी. मैंने पूछा तो पता चला कि सामने की और बढ़ी हुयी टोपी से चहरे पर बरसात का पानी नहीं गिरता. इसलिए टोपी का डिज़ाइन इस तरह का बना है.

मंदिर के सामने लाइन से बड़े-बड़े पट रखे हुए थे. जिस पर एक लामा और एक लड़की दंडवत कर  रहे थे लगातार. मैं खड़े होकर देखता रहा. तब तक उन्होंने ५० दंडवत तो कर ली होगी. इस विषय पर कोई ठोस जानकारी देने वाला नहीं मिला. शायद इनकी उपासना का एक अंग होगा. जिसमे शरीर सौष्ठव बना रहे. पहाड़ी लोग वैसे भी मजबूत होते हैं. पहाड़ की जिन्दगी बड़ी कठिन होती है. दिनचर्या मेहनत भरी होती है. लकड़ी काटने से लेकर पानी भरने तक सिर्फ चढ़ना और उतरना ही है. मैदानी इलाके के लोगों को पहाड़ों में थकान हो जाती है तो पहाड़ी इलाके के लोगों को मैदानों में. दोनों ही एक दुसरे के वातावरण में कठिनाई से ही चल पाते हैं. इसलिए शारीरिक रूप से मजबूत होना भी आवश्यक है.

बुद्ध मंदिर के प्रवेश द्वार पर एक बोर्ड लगा है. जिसमे पेंछन लामा के विषय में लिखा है और बताया गया है कि पंछेन लामा चीन की कैद में विश्व का सबसे कम उम्र का बंदी है. पेंछन लामा का जन्म २५ अप्रेल १९८९ को हुआ था.१८ मई १९९५ को दलाई लामा ने गेंधुन छोयकी नीमा को १० वें पेंछन लामा के स्थान पर पेंछन लामा घोषित किया. २८ मई १९९६ को चीनी अधिकारियों  ने स्वीकार किया कि पेंछन लामा उनके पास है, चीन सरकार ने एक बार उसकी फोटो जारी की थी उसके बाद उसकी कोई खोज-खबर नहीं है. तिब्बती उन्हें कैद से छुड़ाने के लिए आन्दोलन कर रहे हैं. उन्हें पेंछन लामा की जान की चिंता सता रही है.

आज से ५० वर्ष पूर्व तिब्बती शरणार्थी असम के रस्ते भारत में आये थे. ठन्डे प्रदेशों में रहने वालों को भारत की गर्म आब-ओ-हवा रास नहीं आई. जिसके कारण कईयों की मृत्यु भी हो गयी. तब भारत सरकार ने इन्हें ठन्डे प्रदेशो एवं उनके अनुकूल वातारवरण में रहने की इजाजत दे दी, इसके पश्चात् तिब्बतियों ने कर्णाटक, हिमाचल प्रदेश, कश्मीर, छत्तीसगढ़ के मैनपाट, एवं अन्य ठन्डे स्थानों में बसेरा किया. धर्मशाला को मुख्यालय बनाया गया. यहाँ इनकी निर्वासित सरकार भी निवास करती है. जिसके प्रधानमंत्री लोबसंग सांगये हैं. इनका मंत्री मंडल भी है जो तिब्बत की आजादी को लेकर ५० वर्षों से गाँधीवादी तरीके आन्दोलन कर रहा है.

तिब्बत से आये हुए अधिकांश शरणार्थी अब मर-खप गए. उनकी संताने भारत में बसी हुयी हैं. एक तिब्बती प्रोफ़ेसर से मेरी मुलाकात हुयी, वे अब केंद्रीय विश्वविध्यालय से सेवानिवृत हो चुके हैं. उन्होंने बताया कि वे भारत आये थे तब माँ के पेट में थे, उन्होंने भारत आकर ही जन्म लिया. ल्हासा के बारे में सुना है. देखा कभी नहीं. अब तो हम भारत के ही होकर रह गए हैं. तिब्बत की स्वतंत्रता की आस लगाये एक पीढ़ी तो ख़त्म ही हो गयी.दलाई लामा बुद्ध की 2500 वीं जयंती के अवसर पर 1956 में जब वे भारत आये थे. तब २४ बरस के थे. अब वे ७४ बरस के हो गए हैं. अर्ध शताब्दी बीत गयी भारत में.    

मंदिर की हमने भी परिक्रमा की, वहां पर बड़े-बड़े घुमने वाले डोलों में मंत्र भरे थे. उन्हें एक बार घुमाने से लाखों मन्त्रों के जाप का फल मिलता है."ॐ मणि पद्मे हूँ " बीज मंत्र है. इसी का जप सारे तिब्बती करते हैं. वैसे तो मैं पूर्ण आस्तिक हूँ, लेकिन मूर्ति पूजा के प्रति मेरी आस्था कम ही है. कर्मकांड भी नहीं झेलता...."दिल के आईने में है तश्वीरे यार, जब जरा गर्दन झुकाई देख ली." बस यही स्थिति है अपनी. हमने भी घुमा लिए डोले, जब घुमाने से ही फल मिल जाता है कौन करे फालतू मेहनत. मामला आस्था का ही है. केवल ने लिए चित्र और फिर हम मंदिर से चल पड़े. हमारे सामने दो गोरियां थी. लेकिन इन लोगों ने सलवार कुरते पहन रखे थे. भारतीय परिधानों का कोई जवाब नहीं है.

यहाँ मंदिर में भी मुझे छत्तीसगढ़िया परिवार काम करते मिला. मेरे यहाँ आने से पहले अगर ये मिल जाते और बताते कि दलाई लामा के घर में काम करके आये हैं तो मैं विश्वास नहीं करता और उनको लबरा घोषित कर देता. लेकिन अब मानना पड़ेगा कि छत्तीसगढ़िहा की पहचान दूर-दूर तक है. दलाई लामा के घर से चल कर हम बाज़ार में आ गए. जिसे जोगीवारा सडक कहते हैं. इस सड़क पर दोनों तरफ दुकाने हैं. तिब्बती दुकानदार ग्राहकों से मोल भाव करते नजर आ रहे थे. तो कुछ विदेशी गोरे मौज मस्ती में थे. उन्हें यहाँ पर मौज मस्ती के सारे साधन उपलब्ध हो जाते हैं. दम मरो दम कुसंस्कृति के लोग धार्मिक स्थलों को ख़राब कर रहे हैं. हमने तो अधिक अन्दर तक झाँकने की कोशिश नहीं कि वरना सारा भेद पता लगा लेते और उतना समय भी नहीं था मेरे पास..

बाज़ार में एक गोरी तो अधनंगी ही घूम रही थी. पता नहीं उसके कपडे किसी ने चुरा लिए या उसे गर्मी अधिक लग रही थी. आखिर वह मेरे गुप्त कैमरे की जद में आ ही गयी. लोग मुंह फाड़े देख रहे थे बिना टिकिट का तमाशा. भले ही गोरों की संस्कृति वैसी ही हो पर भारत में आकर उपहास का हेतु तो बन ही जाते हैं. फिर इनकी देखा देखि हमारे काले भी गोरे होने की राह पर चल पड़ते है. धोती से तो कच्छे में आ ही गए. एक गोरी दुकान के सामने उदास बैठी थी. शायद किसी आने वाले ने वादा करके धोखा दे दिया था. मुंह उतरा हुआ था. बार-बार सड़क की तरफ देख रही थी. अब परदेश में कोन सहाय हो. अगर कोई हो गया तो उसके ही गले पड़ सकती है. हमने तो राम राम की और आगे बढ़ लिए.

बस स्टैंड के चौराहे पर एक बौद्ध मंदिर है.यहाँ भी दर्शनार्थी पहुचते हैं.  बुद्ध का दर्शन था कि शरीर को इतना कष्ट मत दो कि साधन ही ख़त्म हो जाये और इतना भी इस पर आश्रित न होवो कि गुलाम ही हो जाओ. उन्होंने माध्यम मार्ग सिखाया. धम्म की शरण में ले गए. बाज़ार से निकलते हुए हमने दुकानों में बिकते सामान देखे. ये सामान सभी टूरिस्ट प्लेस पर मिल जाते हैं. सभी जगह एक जैसे ही सामान मिलते हैं. हिन्दुस्तानी ग्राहकों पर दूकानदार कम ही निगाह डालते हैं. उन्हें तो गोरों की जेब खली करवानी रहती है और फिर उन्हें तो गोरों से डालर मिलते हैं. सारा मामला डालर का ही है.

अब हमने बस स्टैंड से टैक्सी पकड़ी और वापस नीचे धर्मशाला की ओर चल पड़े.टैक्सी में पीछे सीट पर कुछ महानुभाव थे. वे भारतीय राजनीती पर गरमा गरम चर्चा कर रहे थे. मैंने भी अपने कान उनकी तरफ लगा दिए. एक ने कहा कि भ्रष्ट्राचार ने देश का बेडा गर्क कर दिया. दुसरे कहा कि बाबा रामदेव अच्छा काम कर रहे हैं. वो आन्दोलन चला रहे हैं, विदेशी बैंकों से धन वापस लाने के लिए. अच्छा काम कर रहे हैं. देश में बिना घूस दिए तो जायज काम भी नहीं होता. साले सभी चोर हैं. लाखों करोड़ रुपया राजा खा गया. मनमोहन सिंह कुछ कर नहीं रहे हैं. एक ने कहा कि वह तो रबर स्टेम्प है, क्या कर सकते हैं? मैं भी सोच रहा था कि भ्रष्ट्राचार की चर्चा अब आम आदमी के द्वारा भी होने लगी है. इसका अर्थ यही है कि आने वाले दिनों में देश कि जनता कुछ माकूल कदम उठाएगी. हम मैक्लोडगंज की यात्रा सम्पन्न करके डेरे पर आ रहे थे.......दक्षिण के मैक्लोडगंज बायालकूपे की सैर यहाँ करें। आगे पढें