विदेशी बैंको में जमा काला धन भारत लाने हेतू जनमत बनाने का काम लगभग 20 वर्षों से राजीव दीक्षित कर रहे थे। वे भारत के गाँव-गाँव में जनता के बीच अलख जगा रहे थे। लेकिन उनके पास संसाधन नहीं थे। वे प्रवचन देकर जाते और जनता सुन कर भूल जाती। बाबा रामदेव योग के जरिए देश-विदेश में प्रसिद्ध हो गए। उनसे राजीव दीक्षित का परिचय हुआ, दोनो ने काला धन वापस लाने के मुद्दे पर कार्य प्रारंभ किया। राजीव दीक्षित की मुहिम में बाबा जी शामिल हो गए। काला धन वापस लाने के लिए प्रचार-प्रसार एवं जन जागरण का कार्य बाबा रामदेव ने अपने शिविरों में प्रारंभ किया। लोगों को यह बात अच्छी लगी। तभी 2 जी घोटाला सामने आया, उसके बाद कामनवेल्थ एवं अन्य बड़े घोटाले प्रकाश में आए। जिसकी प्रतिक्रिया आम जनता में हुई और वह भी सोचने लगी कि वर्तमान केन्द्र सरकार घोटालो की जननी बन कर रह गयी है। आम जनता की पसीने की कमाई से घोटालेबाज लोग अपना घर भरने में लगे हैं।
अन्ना हजारे के भ्रष्ट्राचार विरोधी आन्दोलन की सफ़लता ने बाबा रामदेव के कान खड़े कर दिए। उन्होने विदेशी बैंकों से काला धन वापस लाने के लिए अपने सत्याग्रह की घोषणा पहले ही कर दी थी और यही सोचा होगा कि उनके अन्य शिविरों की तरह सरकार इस सत्याग्रह आन्दोलन को चलने देगी। इसी अति उत्साह में वे गलती कर बैठे। जब उनका सत्याग्रह प्रारंभ हुआ तो आम जन से लेकर फ़ेसबुक, ट्विटर, ब्लॉग इत्यादि नए मीडिया पर उनके समर्थन करने वालों का ज्वार उमड़ पड़ा। इलेक्ट्रानिक मीडिया और प्रिंट मीडिया ने भी इन्हे भरपूर कवरेज दिया। लोग गाँव और शहरों में सत्याग्रह के समर्थन में धरने पर बैठ गये। सत्याग्रह प्रारंभ होते ही वातावरण ऐसा बन गया कि दिल्ली की कांग्रेस सरकार अब गयी और तब गयी। इससे सरकार की भी चूलें हिल गयी। वह बैकफ़ुट पर आ गयी और अपने मंत्रियों को बाबा से चर्चा करने के लिए भेजा। ये चर्चा करने होटल में चले गए। बस बाबा रामदेव से यहीं पर चूक हो गयी।होटल में क्या चर्चा हुई? इसकी जानकारी मीडिया तक नहीं पहुंची और न ही आम देशवासियों तक। यही पर संदेह बीज पड़ गए। बाबा का अनशन प्रारंभ हो गया। लगभग एक लाख लोग रामलीला मैदान में देश के विभिन्न प्रांतो से पहुंचे। देश की जनता भ्रष्ट्राचार के खिलाफ़ खड़ी हो चुकी थी। उसे लग रहा था कि बाबा रामदेव के रुप में ईश्वर ने कोई देवदूत भेज दिया जो उनके रिसते हुए घावों पर मरहम लगाएगा। कुछ राजनैतिक पार्टियाँ तवा गर्म होने का इंतजार कर रही थी कि वो भी अपनी रोटियां सेंक ले, बहती गंगा में हस्तप्रक्षालन कर वे भी पावन हो जाएं। मुद्दों की कमी से जूझ रही पार्टियों को बैठे बिठाए मुद्दा मिल जाए। जिस तरह शेर के शिकार पर सियारों की नजर रहती है ठीक उसी तरह ये भी ताक रहे थे। सरकार की कपट भावना सीधे-साधे बाबा जी समझ नहीं पाए एवं चक्रव्युह में फ़ंस गए। शाम को चिट्ठी सामने आते ही हवा बदल चुकी थी। सरकार के प्रवक्ता उन्हे ठग घोषित कर रहे थे।
बाबा जी को अंदेशा नहीं था कि आधी रात को सरकार की दमनात्मक कार्यवाही हो जाएगी। सोए लोगों पर पुलिस ने अपने डंडे चला दिए और जलियांवाला बाग की याद दिला दी। सुबह तक समाचार देश भर में फ़ैल चुका था और सरकार की दमनात्मक कार्यवाही की घोर भर्तसना हो रही थी। आम नागरिक भी सरकार के दमनात्मक रवैये के खिलाफ़ अपना मुंह खोल चुका था। पुलिस के बर्बर दमन ने बच्चो, महिलाओं एवं वृद्धों को भी नहीं बख्शा। कांग्रेसी प्रवक्ता के बुद्धि पर तरस आता है। वे कह रहे थे कि "बच्चो, महिलाओं एव वृद्धों को रामलीला मैदान में लाने की क्या जरुरत थी?" अरे पहले ही बता दिया होता कि डंडे बरसेगें तो वैसा ही इंतजाम किया जाता। बाबा जी की कोई खोज खबर नहीं लगी थी। टीवी वाले मंच से कूदते हुए का फ़ुटेज दिखा रहे थे। दोपहर को बाबा प्रगट हुए सलवार कुरते में।बाबा को टीवी पर सलवार कुरते में देख कर एक बारगी चौक गया और मीडिया को वक्तव्य देते हुए उनका रोना कुछ जंचा नहीं। पुरुषोचित कार्य करने वाले व्यक्ति पर कितना भी कष्ट आ जाए, रोते नहीं है। बाबा जी को अपनी हत्या का डर सता रहा था, महिलाओं को कवच बना कर रामलीला मैदान में हजारों की संख्या में उपस्थित घायल कार्यकर्ताओं को छोड़ कर चला आना कुछ जंचा नहीं। कांग्रेस सरकार इतनी बेवकूफ़ नहीं है कि इनकी हत्या करवा कर एक मुसिबत और अपने गले में डालती। दुरांचल से आए हुए लोग लाठी डंडे खा कर दिल्ली में भूखे प्यासे भटकते रहे। इनको गिरफ़्तारी दे देनी थी और जेल चले जाना था लेकिन दिल्ली नहीं छोड़नी थी। जो कपालभाति और अनुलोम विलोम बाबा जी शिविर में कर रहे थे, वो जेल में भी कर सकते। जिससे लोगों का विश्वास तो बचा रहता। ये आर्य समाज की उस परम्परा से आते हैं जहाँ स्वामी दयानंद, लाला लाजपत राय, भगत सिंह, स्वामी श्रद्धानंद, हुतात्मा लेखराम, महाशय राजपाल जैसे बलिदानी लोग हुए हैं, और देश धर्म हित अपने प्राणों की बलि दी है।
आज बाबा जी ने 11000 सैनिकों की सेना बनाने का एलान कर दिया और कहा कि दमन होने पर सेना जवाब देगी। इस वक्तव्य से लगता है कि बाबा के दिमाग में गर्मी चढ गयी है । लोकतंत्र में व्यक्तिगत सेना बनाने का अधिकार किसी को नहीं है और हमारा संविधान भी इस बात की स्वीकृति नहीं देता। भारत के संविधान को मानने वाले संविधान को चुनौती देने का कार्य कैसे कर सकते है। देश की जनता ने बाबा को अहिंसात्मक आन्दोलन में सक्रिय योगदान दिया। जब हिंसा ही करनी है तो नक्सली क्या बुरे हैं, उन्हे तो महारत हासिल है हिंसात्मक लड़ाई लड़ने में। क्यों लोग जान गंवाएगें बाबा के साथ। जिसमें नेतृत्व की क्षमता होती है वह निहत्थे ही आत्मबल के सहारे लड़ाई जीत सकता है। भ्रष्ट्राचार के विरुद्ध लड़ाई संवैधानिक दायरे में ही रह कर लड़नी चाहिए।
बातन हाथी पाईए और बातन हाथी पाँव। बाबा की की प्रसिद्धि का ग्राफ़ दो दिन में ही गिर गया। उनके अनशन को समाप्त करने के लिए गन्ना रस पिलाने वाले भी नही दिख रहे। देश की जनता ने इन पर विश्वास जताया था, लेकिन मुझे लगता है कि इनके पास नेतृत्व की क्षमता नहीं है, मंच पर बैठ कर योगासन करा लेना एवं प्रवचन दे देना सरल है, पर मैदान में आने के बाद भीड़ का नेतृत्व करना कोई आसान काम नहीं है। कांग्रेस सरकार ने निहत्थे लोगों पर लाठियाँ चलाई उसकी हम पुरजोर निंदा करते हैं, लेकिन इनके राम लीला मैदान छोड़ कर भागने वाले कार्य की सराहना नहीं कर सकते। एक बात तो है कि इस आन्दोलन से जनता जागरुक हुई है और इसका परिणाम आने वाले चुनाव में अवश्य दिखाई देगा। भारत की जनता इंतजार कर रही है कि सवा अरब की जनसंख्या वाले देश में कोई तो ऐसा आएगा जो उसे भ्रष्ट्राचारियो एवं अत्याचारियों से निजात दिलाएगा।
यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत।
अभ्युत्थानं अधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहं।
परित्राणायत साधुर्नाम विनाशाय च दुष्कृताम्।
परित्राणायत साधुर्नाम विनाशाय च दुष्कृताम्।
धर्म संस्थापनात्ध्याये सं भवामी युगे युगे।
नोट-उपरोक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत हैं।
फ़ोटो -- गुगल से साभार, किसी को आपत्ति होगी तो हटा दी जाएगीं।



