मेला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मेला लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 1 मार्च 2014

छत्तीसगढ़ का मधुबन धाम

छत्तीसगढ़ अंचल में फ़सल कटाई और मिंजाई के उपरांत मेलों का दौर शुरु हो जाता है। साल भर की हाड़ तोड़ मेहनत के पश्चात किसान मेलों एवं उत्सवों के मनोरंजन द्वारा आने वाले फ़सली मौसम के लिए उर्जा संचित करता है। छत्तीसगढ़ में महानदी के तीर राजिम एवं शिवरीनारायण जैसे बड़े मेले भरते हैं तो इन मेलों के सम्पन्न होने पर अन्य स्थानों पर छोटे मेले भी भरते हैं, जहाँ ग्रामीण आवश्यकता की सामग्री बिसाने के साथ-साथ खाई-खजानी, देवता-धामी दर्शन, पर्व स्नान, कथा एवं प्रवचन श्रवण के साथ मेलों में सगा सबंधियों एवं इष्ट मित्रों से मुलाकात भी करते है तथा सामाजिक बैठकों के द्वारा सामाजिक समस्याओं का समाधान करने का प्रयास होता है। इस तरह मेला संस्कृति का संवाहक बन जाता है और पीढी दर पीढी सतत रहता है।
मधुबन धाम का गुगल मैप
कुछ स्थानों पर मेले स्वत: भरते हैं तो कुछ स्थानों पर ग्रामीणों के प्रयास से लघु रुप में प्रारंभ होकर विशालता ग्रहण कर लेते हैं। ऐसा ही एक स्थान छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले स्थित कुरुद तहसील अंतर्गत रांकाडीह ग्राम हैं। यहाँ 35 वर्षों से मधुबन धाम मेला फ़ाल्गुन शुक्ल पक्ष की तृतीया से एकादशी तक भरता है। मधुबन धाम रायपुर व्हाया नवापारा राजिम 61 किलोमीटर एवं रायपुर से व्हाया कुरुद मेघा होते हुए 69 किलोमीटर तथा ग्लोब पर  20040’4986” उत्तर एवं 81049’4262” पूर्व पर स्थित है।
मधुबन धाम का रास्ता और नाला
मधुबन लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर फ़ैला हुआ है। इस स्थान पर महुआ के वृक्षों की भरमार होने के कारण मधुक वन से मधुबन नाम रुढ हुआ होगा। यह स्थान महानदी एवं पैरी सोंढूर के संगम स्थल राजिम से पहले नदियों के मध्य में स्थित है। राजिम कुंभ स्थल से हम नयापारा से भेंड्री, बड़ी करेली होते हुए मधुबन धाम पहुंचे। यहाँ पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मेले के दौरान संतों के निवास के लिए संत निवास नामक विश्राम गृह बनाया हुआ है। आस पास के क्षेत्र में चूना से चिन्ह लगाए होने अर्थ निकला कि मेले की तैयारियाँ प्रारंभ हो गई हैं।
बोधन सिंह साहू खैरझिटी वाले
विश्राम गृह का अवलोकन करने के पश्चात मेरी मुलाकात खैरझिटी निवासी 82 वर्षीय बोधन सिंह साहू से होती है। राम-राम जोहार के पश्चात उन्हें कुर्सी देने पर वे कहते हैं - 35 वर्षों से मैं मधुबन क्षेत्र में कुर्सी तख्त इत्यादि पर नहीं बैठता। भूमि पर ही बैठता हूँ और नंगे पैर ही चलता हूँ। ईश्वरीय कृपा से आज तक मेरे पैर में एक कांटा भी नहीं गड़ा है।" वे ईंट की मुंडेर पर बैठ जाते हैं और हमारी चर्चा शुरु हो जाती है। मेला जिस जमीन पर भरता है वह जमीन रांकाडीह गाँव की है। मेरे पूछने पर वो कहते हैं कि इस गाँव में कोई भी डीही नहीं है। जिसके कारण इस गांव का नाम रांकाडीह पड़ा हो।
संत निवास मधुबन धाम
मेले के विषय में मेरे पूछने पर कहते हैं कि - " मेरा गांव खैरझिटी नाले के उस पार है। हमारे गांव में गृहस्थ संत चरणदास महंत रहते थे। वे तपस्वी एवं योगी थे। उनके मन आया कि मधुबन में मंदिर स्थापना होनी चाहिए, रांकाडीह के जमीदार से भूमि मांगने पर उसने इंकार कर दिया। इसके पश्चात वे घर लौट आए। एक दिन उनकी पत्नी ने चावल धो कर सुखाया था और गाय आकर खाने लगी। महंत ने गाय को नहीं भगाया और उसे चावल खाते हुए देखते रहे। यह दृश्य देखकर उनकी पत्नी आग बबूल होकर बोली - आगि लगे तोर भक्ति मा। तो महंत ने कहा कि - मोर भक्ति मा आगि झन लगा। मैं हं काली रात 12 बजे अपन धाम म चल दुहूँ। (मेरी भक्ति में आग मत लगा, मैं कल रात 12 बजे अपने धाम को चला जाऊंगा। अगले दिन रात 12 बजे बाद महंत ने बैठे हुए प्राणोत्सर्ग कर दिया। बात आई गई हो गई।
मधुबन धाम के मधुक वृक्ष
बोधन सिंह आगे कहते हैं कि - पहले यह घना जंगल था तथा जंगल इतना घना था कि पेड़ों के बीच से 2 बैल एक साथ नहीं निकल सकते थे। महंत के जाने के बाद यहां पर कुछ लोगों को बहुत बड़ा लाल मुंह का वानर दिखाई दिया। वह मनुष्यों जैसे दो पैरों पर खड़ा दिखाई देता था। देखने वालों ने पहले उसे रामलीला की पोशाकधारी कोई वानर समझा, लेकिन वह असली का वानर था। उसके बाद हम सब गांव वालों ने इस घटना पर चर्चा की। खैरझिटी गाँव में अयोध्या से बृजमोहन दास संत पधारे। उन्होने यहाँ यज्ञ करने की इच्छा प्रकट की। हम सबने जाकर रांकाडीह के गौंटिया से यज्ञ में सहयोग करने का निवेदन किया तो उन्होने पूर्व की तरह नकार दिया। लेकिन हम सब ने जिद करके यहाँ यज्ञ करवाया जो 9 दिनों तक चला। तब से प्रति वर्ष यहाँ यज्ञ के साथ मेले का आयोजन हो रहा है।
मधुबन धाम के विभिन्न समाजों के मंदिर
रांकाडीह निवासी शत्रुघ्न साहू बताते हैं कि "इस मेले में 11 ग्रामों खैरझिटी, अरौद, गिरौद, कमरौद, सांकरा, भोथीडीह, रांकाडीह, चारभाटा, कुंडेल, मोतिनपुर, बेलौदी के निवासी हिस्स लेते हैं। मेला स्थल पर विभिन्न समाजों के संगठनों ने निजी मंदिर एवं धर्मशाला बनाई हैं। साहू समाज का कर्मा मंदिर, देशहा सेन समाज का गणेश मंदिर, निषाद समाज का राम जानकी मंदिर, आदिवासी गोंड़ समाज का दुर्गा मंदिर, निर्मलकर धोबी समाज का शिव मंदिर, झेरिया यादव समाज का राधाकृष्ण मंदिर, कोसरिया यादव समाज का राधाकृष्ण मंदिर, लोहार समाज का विश्वकर्मा मंदिर,  कंड़रा समाज का रामदरबार मंदिर, मोची समाज का रैदास मंदिर, कबीर समाज का कबीर मंदिर, गायत्री परिवार का गायत्री मंदिर, कंवर समाज का रामजानकी मंदिर, मधुबन धाम समिति द्वारा संचालित उमा महेश्वर एवं हनुमान मंदिर, लक्ष्मीनारायण साहू बेलौदी द्वारा निर्मित रामजानकी मंदिर, स्व: मस्त राम साहू द्वारा निर्मित हनुमान मंदिर स्थापित हैं।"
सरोवर में विराजे हैं भगवान कृष्ण
मधुबन में मेला आयोजन के लिए मधुबन धाम समिति का निर्माण हुआ है, यही समिति विभिन्न उत्सवों का आयोजन करती है। फ़ाल्गुन मेला के साथ यहां पर चैत नवरात्रि एवं क्वांर नवरात्रि का नौ दिवसीय पर्व धूमधाम से मनाया जाता है तथा दीवाली के पश्चात प्रदेश स्तरीय सांस्कृति मातर उत्सव मनाया जाता है, जिसकी रौनक मेले जैसी ही होती है। चर्चा आगे बढने पर बोधन सिंह बताते हैं कि - मधुबन की मान्यता पांडव कालीन है, पाँच पांडव में से सहदेव राजा ग्राम कुंडेल में विराजते हैं और उनकी रानी सहदेई ग्राम बेलौदी में विराजित हैं, यहाँ से कुछ दूर पर महुआ के 7 पेड़ हैं , जिन्हें पचपेड़ी कहते हैं। इन पेड़ों को राजा रानी के विवाह अवसर पर आए हुए बजनिया (बाजा वाले) कहते हैं तथा मधुबन के सारे महुआ के वृक्षों को उनका बाराती माना जाता है।
हनुमान मंदिर एवं यज्ञ शाला
ऐसी मान्यता भी है कि भगवान राम लंका विजय के लिए इसी मार्ग से होकर गए थे। इस स्थान को राम वन गमन मार्ग में महत्वपूर्ण माना जाता है। मेला क्षेत्र के विकास के लिए वर्तमान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री अजय चंद्राकर ने अपने पूर्व विधायक काल विशेष सहयोग किया है। तभी इस स्थान पर शासकीय राशि से संत निवास का निर्माण संभव हुआ। मधुबन के समीप ही नाले पर साप्ताहिक बाजार भरता है। सड़क के एक तरफ़ शाक भाजी और दूसरी मछली की दुकान सजती है। होटल वाले ने बताया कि मेला के दिनों में यहां पर मांस, मछरी, अंडा, मदिरा आदि का विक्रय एवं सेवन कठोरता के साथ वर्जित रहता है। यह नियम समस्त ग्रामवासियों ने बनाया है। यदि कोई इस स्थान पर इनका सेवन करता है तो उसे बजरंग बली के कोप का भाजन बनना पड़ता और विक्रय करने वाले को पुलिस पकड़ लेती है।
शत्रुघ्न साहू मधुबन धाम समिति पदाधिकारी
आस पास से सभी ग्राम साहू बाहुल्य हैं, गावों की कुल आबादी में 75% तेली जाति की हिस्सेदारी है। हम मंदिरों के चित्र लेते हैं, बाजार क्षेत्र में मेले में दुकान लगाने के लिए आबंटन होने से काफ़ी शोर गुल हो रहा था। हनुमान मंदिर एवं यज्ञ शाला के चित्र लेने के पश्चात हम तालाब में स्थित कालिया मर्दन करते हुए श्रीकृष्ण की प्रतिमा का चित्र लेते पहुंचते हैं, तभी वहाँ पर गायों का झुंड आ जाता है, इससे हमारी फ़ोटोग्राफ़ी में चार चाँद लग जाते हैं, कृष्ण प्रतिमा के पार्श्व में गायें चरती हुई दिखाई देती हैं। कृष्ण का गायों के साथ जन्म जन्म का संबंध है। इसलिए गायें भी अपनी भूमिका निभाने चली आती हैं। तालाब में पचरी बनाने का कार्य जारी है। मेले को देखते हुए तैयारियाँ युद्ध स्तर पर हो रही हैं। आगामी फ़ाल्गुन शुक्ल की तृतीया (3 मार्च) से एकादशी (11 मार्च) तक मेला सतत चलेगा। हम मधुबन की सैर करके वापस राजिम कुंभ होते हुए घर लौट आए। 

(डिस्क्लैमर - सभी चित्र एवं लेखन सामग्री लेखक की निजी संपत्ति हैं, इनका बिना अनुमति उपयोग करना कापीराईट के अधीन अपराध माना जाएगा।)

सोमवार, 24 फ़रवरी 2014

राजिम कुंभ में एक दिन

चित्रोत्पला गंगा महानदी, सोंढूर और पैरी नदी के त्रिवेणी संगम पर माघ पूर्णिमा को प्रतिवर्ष मेला भरता है तथा इस मेले का समापन शिवरात्रि को होता है। भारत में तीन नदियों के संगम स्थल को पवित्र माना जाता है, यहाँ लोकमान्यतानुसार धार्मिक कर्मकांड सम्पन्न कराए जाते हैं। राजिम त्रिवेणी संगम में मेले का आयोजन कब से हो रहा है इसकी कोई ठोस जानकारी नहीं मिलती पर सन 2000 में इसका सरकारीकरण हो गया। फ़िर 2004 में भाजपा की सरकार सत्ता में आने के बाद इसे कुंभ का नाम दे दिया गया। जिससे स्वस्फ़ूर्त पारम्परिक आयोजन सरकारी आयोजन में बदल गया। इसके साथ ही माने हुए साधू संतों का आगमन प्रारंभ हो गया। धार्मिक कथा-प्रवचनों के आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी जन मनोरंजार्थ होने लगा। धीरे-धीरे राजिम मेला कुंभ में परिवर्तित हो गया।
राजिम कुंभ समिति सचिव गिरीश बिस्सा
कुंभ के आयोजन की तैयारियाँ एक माह पूर्व प्रारंभ हो जाती हैं, कुंभ में समन्वय स्थापित करने के लिए शासन के अधिकारियो के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मिलाकर एक आयोजन समिति का निर्माण किया जाता है। कुंभ का संचालन एवं आगतों की आवास, भोजन एवं सुरक्षा की व्यवस्था महत्वपूर्ण होती है। कुंभ में हजारों साधू-संत जुटते हैं जिनकी व्यवस्था करने के लिए समिति वालों को दिन रात एक करना पड़ता है साथ ही विशेष ध्यान रखा जाता है कि कहीं अव्यवस्था न फ़ैले। लोग मेला देखने जाते हैं और घूम फ़िर कर मनोरंजन करके चले आते हैं पर उन्हें पता नहीं रहता कि इस भव्य आयोजन के पार्श्व में दिन-रात मेहनत करने वाले कौन लोग हैं। राजिम कुंभ के सचिव के रुप में गिरीश बिस्सा 10 वर्षों से आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, सहयोग करने के लिए इनके साथ कर्मचारियों का बड़ा अमला है, जिससे कार्यों का निष्पादन होता है।
राजिम कुंभ में उदय भैया
बचपन में देखा था कि मेला प्रारंभ होने के एक सप्ताह पहले से ही बैल गाड़ियों का रेला प्रारंभ हो जाता है। लोग अपना खाना दाना लेकर हफ़्ते या पखवाड़े भर मेले में ठहरने की व्यवस्था करके आते थे। अब वे बैलगाड़ियां कहीं दिखाई नहीं देती, वर्तमान में आवागमन के आधुनिक साधन होने के कारण लोग सुबह मेले में आते और रात तक लौट जाते हैं। मैने मेले का पैदल ही भ्रमण किया। मेले में मनोरंजन से लेकर खाने-पीने की वस्तुओं की दुकानों के साथ खिलौने, दैनिक आवश्यकताओं की वस्तुओं तथा महिलाओं द्वारा खरीदी जाने वाली श्रृंगार सामग्री का विशेष आकर्षण दिखाई दिया। नदी  की रेत में मुरम की अस्थाई सड़क बना कर तत्कालिक नगर बसाया गया है। 
संत नगर
लोमश ॠषि आश्रम में गत वर्ष नागा साधुओं एवं स्थानीय साधुओं के बीच मारपीट और हंगामें की खबर सामने आई थी। इस वर्ष नागाओं को लोमश ॠषि आश्रम में स्थान नहीं दिया गया। सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस की व्यवस्था की गई थी। लोमश ॠषि आश्रम से मेले का विशाल दृश्य दिखाई देता है। कुलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शनार्थियों की लाईन लगी हुई थी। मंदिर के समीप ही नागलोक की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके साथ ही इस तरह की अन्य पाँच प्रदर्शनियाँ भी लगी हैं, इनको जंगल सफ़ारी, स्वर्ग नर्क इत्यादि नाम दिए गए हैं। 
नाग लोक की झांकी
हम नागलोक की प्रदर्शनी देखने पहुंचे। प्रदर्शनी में लाईट एवं साऊंड के संयोजन से जीवंत प्रभाव उत्पन्न किया गया है, द्वार टिकिट लेने वालों की लाईन लगी हुई थी। प्रवेश द्वार पर चिखली दुर्ग निवासी प्रकाश वैष्णव से मुलाकात होती है, इस प्रदर्शनी के वे मालिक हैं। पूछने पर कहते हैं कि - इस वर्ष मेलें कम ही लोग आए, उम्मीद से कम कमाई हो रही है। प्रदर्शनी बनाने में 1 लाख रुपया लग जाता है, फ़िर कर्मचारियों एवं बिजली का खर्च अलग देना पड़ता है साथ ही ट्रांसपोर्टिंग का खर्च पहले से अधिक हो गया है। ऐसी स्थिति में अगर 3 लाख रुपए से कम आवक हुई तो खा-पीकर सब बराबर हो जाता है।" इस कुंभ में वे 10 वर्षों से लगातार झांकी लगा रहे हैं, पहले एक ही झांकी होने से अच्छी आमदनी हो जाती थी, लेकिन अब झांकियों की संख्या बढने से आमदनी में कमी हो गई।
नाग लोक में नाग कन्याओं का सुवा नृत्य 
झांकियों का विषय धार्मिक रखा जाता है। जिसमें देवी देवताओं की फ़ाईवर की मूर्तियाँ लगाई जाती हैं, जिसे बिजली की मोटरों द्वारा संचालित करके झांकियों में जीवंत प्रभाव उत्पन्न किया जाता है। इसके बाद हमने जंगल सफ़ारी नामक झांकी का अवलोकन किया। जिसमें जंगल के जानवरों को दिखाया गया है। कहानी में जंगल के जानवर बैठक करके सशरीर स्वर्ग जाना चाहते हैं तथा इसके लिए वे गणेश जी एवं महादेव से विनती करते हैं। इसके पश्चात अनुमति मिलने पर वे स्वर्ग पहुंच कर मेनका, रंभा, उर्वशी नामक अप्सराओं के संग नृत्य करते दिखाई देते हैं। ग्रामीणों के स्वस्थ मनोरंजन का यह उत्तम उपाय है तथा इसे देख कर बच्चे भी रोमांचित होते हैं।
मुफ़्त में तारामंडल दर्शन
कुलेश्वर मंदिर के समीप ही एक स्थान पर लम्बी लाईन लगी हुई थी, देखने पर पता चला कि संस्कृति विभाग की तरफ़ से यहाँ पर मुफ़्त तारामंडल दिखाया जा रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं सौंदर्य प्रसाधन के सामान खरीदती दिखाई दे रही थी। मुख्य मंडप की तरफ़ बढने पर चश्मे की दुकान लगाए सुनील वंशकार से मुलाकात होती है। ये जबलपुर से मेले में दुकानदारी करने आए हैं। पूछने पर बताया कि - इस वर्ष मेले में कम लोग आए हैं, आसाराम बापू का कार्यक्रम होता था तो मेले में उनके शिष्यों की अधिक भीड़ होने से अच्छी कमाई हो जाती थी। उनके जेल जाने की वजह से कार्यक्रम नहीं हो पाया।" आगे कहते हैं कि -" वो अपराधी है कि नहीं यह तो न्यायालय तय करेगा, परन्तु उनके समर्थकों के आगमन से हमारी तो अच्छी कमाई हो जाती थी।"
गोदना गोदवा ले न……
चश्मे वाले समीप ही गोदना की दुकान सजी हुई है, यहाँ भिन्न-भिन्न तरह के गोदने के डिजाईन दिखाई दे रहे थे। इस दुकान के मालिक कलीम हैं। पूछने पर पहले तो अपना नाम लल्लू बताते हैं फ़िर कहते हैं कि "मेरा नाम कलीम है। फ़ाफ़ामऊ से आया हूँ और राजिम कुंभ में सन 2000 से प्रतिवर्ष आ रहा हूँ।" आमदनी के विषय पर पूछने पर कहते हैं कि "अबकि बार आमदनी कुछ कम ही है, ले-देकर दैनिक खर्च निकल रहा है।" गोदना करना इनका पारम्परिक पेशा है, पहले इनके पिता जी करते थे 1991 से अब इन्होने अपना पुस्तैनी धंधा अपना लिया। ये वर्ष भर मेलों में घूम कर रोजी-रोटी का जुगाड़ करते हैं। जिससे बच्चों का लालन पालन हो सके। इनका सारा समय मेलों और यात्राओं में बीत जाता है। दो महीने बस घर में रहते हैं।
मुख्य मंच राजिम कुंभ
मेलों के विषय में पूछने पर ये बताते हैं कि " हमारी यात्रा जेठ के महीने में अभार माता छतरपुर मेले से प्रारंभ होती है, फ़िर मंडौर ललितपुर का मेला करते हैं। सावन में सोनभ्रद शिवद्वार का मेला 1 महीने चलता है, भादो में काशी धाम बनारस चले जाते हैं। कार्तिक में रायपुर बंजारीधाम,  अगहन में बाराबंकी का महादेवा मेला, पूष में गोरखनाथ का मेला गोरखपुर, मकर संक्राति के खिचरी तिहार के बाद छत्तीसगढ़ आ जाते हैं जिसमें राजिम कुंभ, शिवरीनारायण मेला के पश्चात चैत्र नवरात्र में कामाख्याधाम गाजीपुर चले जाते हैं, यह मेला नवरात्र में एक महीने चलता है फ़िर दो महीना आराम करते हैं और फ़िर यही कार्यक्रम शुरु हो जाता है।
खैनी बनाओ और खाओ
गोदना से रक्त जनित बीमारियाँ फ़ैलने के विषय में कहते हैं कि - मैं पूरा ध्यान रखता हूँ कि इसके द्वारा एच आई वी न फ़ैले। गोदना से पहले डेटाल लगाता हूँ, एक गोदना गोदने के बाद मशीन की सुईयां बदल देता हूँ तथा रीगल कम्पनी की सुइयों का ही प्रयोग करता हूँ, इस मशीन से गोदना करने पर खून नहीं निकलता है, स्याही सिर्फ़ त्वचा की पहली परत के नीचे तक ही जाती है। साथ ही गोदना करने के बाद हल्दी लगा दी जाती है। हल्दी सबसे बड़ी एन्टीबायोटिक है। यह हमारा खानदानी पेशा है, इसलिए सारी सावधानी बरती जाती है। इस बातचीत के मध्य एक लड़की गोदना गोदाने के लिए आ जाती है। वह अपने हाथ में सिर्फ़ अंग्रेजी के दो अक्षर "P k" लिखवाती है और पुरा नाम लिखवाने की बजाए संकेत से ही काम चलाती है।
उखरा वाली
राजिम के मेले में "उखरा" बेचने वाले प्रतिवर्ष आते हैं, मेले की यही खई-खजानी है। धान की लाई को गुड़ या गन्ना रस में सान कर उसे मीठा कर दिया जाता है, पहले तो आठ आने में बहुत सारी मिल जाती थी। लेकिन अब इसका छोटा पैकेट 10 रुपए और बड़ा पैकेट 20 रुपए में मिलता है। शकुंतला ने उखरा की दुकान लगा रखी है। कहती है कि - मंहगाई बहुत बढ गई है। इसलिए उखरा का भी दाम बढाना पड़ा। वरना मुद्द्ल भी निकालना कठिन है। उसके बच्चे दुकान के आस पास ही घूम रहे हैं। साथ ही एक ढिमरिन चना बेच रही है। कुल्फ़ी, आईसक्रीम, गन्ना रस, चाट पकौड़ी, मिठाई, खिलौनों इत्यादि की दुकाने सजी हुई है। सभी को मेले से आमदनी की प्रतीक्षा है।
खिलौनों की दुकान
पहले मेले में गिलट के आभुषणों की दुकाने खूब दिखाई देती थी। लेकिन अब दिखाई नहीं दी, लगता है अब इनका चलन कम हो गया है। इनका स्थान आर्टिफ़िसियल ज्वेलरी ने ले लिया है। लोहार के बनाए हुए खेती एवं घरेलू उपरकर्णों की दुकाने भी नदारत हो गई है। सिर्फ़ चौकी बेलना बेचता हुआ एक बढई दिखाई दिया। एक स्थान पर दारु पीकर झगड़ा करता हुआ रामकंद बेचने वाला दिखाई दिया। आस पास के दुकानदारों ने कहा कि इससे वे बहुत परेशान हैं। सुबह से शाम तक पिए रहता है और दुकानदारों से रार करते रहता है।
डोर पर जिन्दगी
अब हम संतों के मंडप की तरफ़ पहुंचे, यहाँ पर एक लड़की रस्सी पर चलकर संतुलन साधने वाला खेल दिखा रखी थी। नटों का यह परम्परागत पेशा है। तरह तरह के करतब दिखा कर जीविकोपार्जन करते हैं। हजारों साल से ये कौतुक दिखाने का पेशा चला आ रहा है। राजे रजवाड़ों के खत्म होने के बाद इन्हें मेले-ठेलों में प्रदर्शन करना पड़ता है, वरना इन नटों को राजाश्रय प्राप्त होता था और राजपरिवार के मनोरंजन के लिए सदैव उपलब्ध रहते थे। छोटी सी लड़की बांस को गले में लटकाए सिर पर कलश रखे रस्सी पर चलकर संतुलन साध रही थी, नीचे बिछे हुए तौलिए पर लोग इच्छानुसार पैसे डाल रहे है जिन्हें उसकी माँ सकेल रही थी।
व्यवस्थाओं में व्यस्थ प्रताप पारख
संतों के कुंभ स्नान करने के लिए नदी की रेत को हटा कर विशाल जल कुंड तैयार किया गया है। इसके प्रवेश द्वार पर मंत्री द्वय के फ़्लेक्स लगे हैं। कुछ स्नान कर रहे थे तो कुछ लोग किनारे बैठ कर खैनी घिस रहे थे। अखाड़ों के संतों महंतो को डोम बना कर दिए गए हैं, जिसके पास जितनी बड़ी फ़ौज है, उसके डोम उतने ही बड़े हैं। संस्कृति विभाग के कर्मचारी इनकी आवश्यकताओं की पूर्ति करने में लगे हुए दिखाई दिए। एक स्थान पर प्रताप पारख से मुलाकात होती हैं। संतों के अस्थाई नगर के बीच कुंभ में आने वाली विशिष्ट लोगों के लिए चायपानी की व्यवस्था की गई है। इसकी जिम्मेदारी शिवनंदन दूबे मुस्तैदी से निभा रहे हैं। मंच पर कार्यक्रम प्रस्तुति की जिम्मेदारी राकेश तिवारी, युगल तिवारी संभाल रहे हैं तथा सतपाल, समीर टल्लू, सुधीरे दुबे, प्रमोद पाण्डे कुंभ की व्यवस्था संभालने में सक्रीय हैं।
शंकराचार्य मंडप
लोमश ॠषि आश्रम के पास ही नागा साधुओं का डेरा लगा हुआ है, भभूत रमाए नंग धंड़ग साधू मेलार्थियों को आकर्षित करते हैं। धूने की अग्नि सिलगाए चिलम से धुंआ उड़ाते दिखाई देते हैं। मै जब इनके टोले में पहुंचा तो एक युवा नागा साधू ने करतब दिखाना शुरु किया। पहले अपने लिंग को एक डंडे पर लपेट लिया फ़िर उस डंडे पर दोनो तरफ़ एक एक साधू को खड़ा कर दिया, लोग दांतों तले अंगुली दबा कर इस कौतुक को देख रहे थे। फ़िर कहने लगा कि - इसे कहते हैं पावर, है कोई जो यह कर सके। इस तरह उसने कई करतब दिखाई और इसके बाद उदय मुझसे कई तरह के सवाल करता और रास्ते भर पैदल चलते हुए मैं उसकी शंकाओं का समाधान करते रहा। इसके पश्चात हम चाय की तलब पूरी करने टेंट में आ गए।
कुलेश्वर महादेव में दर्शनार्थी एवं पुलिस व्यवस्था
चाय पानी के पश्चात दिन ढलने लगा, मौसम भी कुछ नरम बना हुआ था, बदलियों से लग रहा था कि कभी भी बरस सकती हैं। अगर बरसात होती है तो इतने सारे लोगों को सिर छुपाने के लिए जगह तलाशनी पड़ेगी। मुख्य प्रवेश द्वार के समीप गीता प्रेस गोरखपुर वालों का स्टाल लगा है। साथ ही आर्युवेदिक दवाई वाले तथा ज्योतिष भी मेले का लाभ उठा रहे हैं। पुलिस की पैट्रोलिंग करती गाड़ियाँ एवं बैरिकेट के समीप कंट्रोम रुम से सुरक्षा पर नजर गड़ाए अधिकारी दिखाई देते हैं। इस बीच संतों की कलश यात्रा आती दिखाई देती हैं, मैं कैमरे से 2-4 चित्र लेता हूँ, एक परसुधारी संत मुझे फ़ोटो लेते हुए देखकर अपने मंडप में मिलने के लिए कहते हैं, शायद उन्हें फ़ोटुओं की जरुरत होगी। लेकिन मेरे पास इतना समय नहीं था कि उनसे मंडप में मिलने जाऊं।
कुछ माला मुंदरी हो जाए मेला कि निशानी
पूजा की सामग्री बेचने वालों की दुकाने सजी हैं, इसमें कुछ लोग इलाहाबाद, प्रयाग, मालवाचंल के खंडवा निमाड़ क्षेत्र, बनारस इत्यादि से आए हुए हैं। राजिम कुंभ विशेषता यह है कि जिस स्थान पर लगता है वहां तीन जिलों की सीमाएं मिलती हैं, एक तरफ़ लोमश ॠषि आश्रम धमतरी जिले में है तो दूसरी तरफ़ राजीव लोचन मंदिर गरियाबंद जिले में आता है और नयापारा नगर रायपुर जिले में। तीन जिलों के प्रशासन के संयुक्त प्रयास से ही राजिम कुंभ का सफ़ल आयोजन होता है। संस्कृतियों, धर्मों, पंथों एवं मेलानुरागियों का मिलन क्षेत्र अब राजिम कुंभ बन गया है। समन्वित सहयोग एवं प्रयास से ही यह भगीरथ कार्य सम्पन्न होता है।

(डिस्क्लैमर - सभी चित्र एवं लेखन सामग्री लेखक की निजी संपत्ति हैं, इनका बिना अनुमति उपयोग करना कापीराईट के अधीन अपराध माना जाएगा।)

शुक्रवार, 22 फ़रवरी 2013

झांकी फ़ेसबुकिस्तान की

मेलों की अपनी मौज है, नौटंकी, नाच-गाने, डांस पार्टियाँ, चना-चबेना, बाबा-बाबी, साधु-साधिन, मंदिर-शिवाला, गरम-ठंडा, पुलिस का डंडा आदि की फ़ौज है। साथ ही गुम इंसान की खोज में होती उद्घोषणाएं, मेले को पूर्ण रुप प्रदान कर परवान चढाएं। नदी तट पर जजमानों की जेब खाली कराते पंडे, पंडों की पहचान में लहराते झंडे और चोर-उचक्कों एवं पाकिटमारों की तलाश करते पुलिसिया डंडे, मेले की मौज हैं। धक्का-मुक्की होने से जुतम पैजार होने पर हाथ की सफ़ाई को तैयार युवकों के साथ बुढऊ भी हाथ साफ़ कर लेने का मौका नहीं चूकते। मेला घूमने की साध लिए स्वर्गारोहण को तैयार डुकरिया, टिकुली-फ़ुंदरी सांटे, नैनों से वार कर घायल करती नचनिया का ठुमका पटना को हिलाने के लिए काफ़ी है। मेला मे रेला कराने के लिए एक झुमका गिराना काफ़ी है।

ये मेले तो वर्ष में एक बार नियत तिथि, स्थान एवं समय पर भरते हैं। एक ऐसा आभासी मेला है जिसमें सतत् रेले चलते हैं। जहाँ मेले के सारे रंग दिख जाएगें। जहाँ इंटरनेट कनेक्ट हो जाए, इसे वहीं लगा हुआ पाएगें। इस मेले का नहीं कोई ठौर ठिकाना, कोई अपना है पराया है और बेगाना। यह मेला सोशल मीडिया मेला या आभासी मेला कहलाता है। 24X7 कल्लाक चलता है रुकता नहीं कभी, सबका मन बहलाता है।। कब दिन होता और कब रात होती, पता ही नहीं चलता। इसे मैं फ़ेसबुकवा मेला कहता हूँ, जो रात 2 बजे भी जमता। यहाँ मेलार्थी खा पीकर विचरण करते मिल जाएगें। कुछ तो ऐसे फ़ेसबुकिए हैं कि जिनकी बत्ती सदा हरी रहती है। बासंती सम्मिलन मुद्रा में सदा हरियाए रहते हैं। जहाँ देखी कबूतरी लाईन लगाए रहते हैं। चल छैंया छैंया छैया ये हिन्दी फ़ेसबुक है भगिनी-भैया…

मेले का प्रारंभ सुप्रभात से होता है, एक सज्जन 6 बजे फ़ोटो चेपता है। फ़िर दो लाईनों की कविता पर इठलाता है। तब तक 8 बज जाता है, उनका बेटा आता है। बाप की लगाई फ़ोटुओं पर लाईक चटकाता है, अपना पुत्र धर्म निभाता है। बाप-बेटे बारी-बारी मौज लेते हैं। बहती गंगा में स्नान के साथ कच्छे भी धोते हैं। इसके बाद शुरु होता है अखबारी कतरनों का दौर, काट-काट फ़ैलाते हैं चहूँ ओर। उनको लगता है महत्वपूर्ण खबर गर नहीं फ़ैलाई, फ़ेसबुकिए खबरों से वंचित रह जाएगें, जो अखबार नहीं खरीदते वे खबरें कहां से पाएगें। इन खबरों के बीच एक सज्जन संघियों का आव्हान कर हुए लट्ठम लट्ठा, खफ़ा इस तरह हैं कि लाठी टूटे या लट्ठा-पट्टा। फ़टफ़टिया महाराज झोले से मुंदरी-माला बेचने निकाल रहे हैं। तब तक भविष्य वक्ता भी पूजा पाठ करके अपनी चौकी संभाल रहे हैं। परबतिया भौजी का जागरण पर प्रसिद्ध डिरामा शुरु हो जाता है। बंदर डमरु बजा बजा कर मदारी को नचाता है। बिना टिकिट झांकी में लोटावन साव लोटा धरे नदिया तीर में बैठे हैं, कहते हैं मोह माया संसार त्यागो, ब्रम्ह सत्य बाकी झूठे हैं।

वाल पर कवियत्रियों द्वारा काव्य पाठ हो, मेला धर्मी टूट के पड़ते है ऐसे, सरकार की किसी योजना के अंतर्गत मुफ़्त शक्कर तेल बंट रहा हो जैसे। दो लाईनों की कविता पर हजारों लाईक और सैकड़ों कमेंट आ जाते हैं। कहीं लाईक के चक्कर में यज्ञोपवीत संस्कार के लिए तैयार बटूक दंड कमंडल धरे रह जाते हैं। कहीं पर मुल्ला मौलवियों के फ़तवे से हलकान परेशान चचा रमजानी दिखाई दे जाते हैं, डबल बेड बेचकर, सिंगल बेड खरीद कर अपनी खाल बचाते हैं। चाट का ठेला तो फ़ुलकी का रेला, तिरछी नजरों से होता बवेला, जूतों की सेल, छुकछुक रेल, बच्चों की धमाचौकड़ी, बूढों के सहारे की लकड़ी, इलाज के लिए सहायता मांगते लोग, मंदिर के चंदा की रसीद और खाटू वाले का बाबा का छप्पन भोग। कहीं अंखियों से गोली मारे और चैटियाते महिला वेष धारी पुरुष तो कहीं वेब कैम की मौज लेते बहन जैसे भाई ( दोनो लिंगों में फ़िट) कहीं होती सगाई तो कहीं होता क्रंदन, दुहाई है दुहाई।

महा साहित्यकारों के दल-दल तो कहीं दबंग नेता जोर सबल, कहीं बवाल, कहीं ख्याल, कहीं ठप्पा, कहीं ठुमरी, कहीं कुरता, कहीं कमरी। कहीं किकणी (लघु घंटिका) की रुनझुन तो कोई कोने से ताक रहा गुमसुम। कोई आत्ममुग्ध, कोई गंगा स्नानी शुद्ध, कोई बुद्ध, जेल से कमेंट करता निरुद्ध। गोंसईया को गरियाती गोंसाईन तो कहीं बनी-ठनी पतुरिया, हवा में उड़ता लहरिया। जीव जुड़ावन गोठ तो कहीं मुंग के संग मोठ। विमोचित होते कविता संग्रह, तो कहीं बिकते विग्रह, कहीं रुठे हुए ग्रह तो कहीं साठी सुंदरियों का सुमधुर नयनाग्रह। कहीं जवानी के चित्र लगाए आत्ममुग्ध बूढे-बूढिया कहीं डायमंड फ़ेसियल कराए कौंवे तो कहीं उड़ती चिड़िया। सरकार को गरियाती नौजवानी तो कहीं टपकता आँखों से पानी। कोई चढा टंकी पर तो कोई फ़िदा है मंकनी पर। कोने में खड़ी डंकनी की ढेंचू-ढेंचू तो किसी वाल पोस्ट हो जाती टिप्पणी खेंचू-खेंचू।  

रामखिलावन के बाबू जहाँ कहीं भी चले आओ, हम बड़का पुल पर तोहार इंतजार करित हैं, अरे नुनवा हम कितना देर से खोज रहे हैं, जल्दी पुलिस चौकी के पास चले आओ, तोहार माई बहुत रो रही हैं …… पल पल में खोया-पाया उद्घोषणा होती है जारी, भैया की खोज में व्याकूल है नारी। कहीं दादी की खोज में पतोहू तो कहीं नाती खोजता बिसाहू। पुलिस भी मौके पर बनती है सहाय। जिसका खो गया अपना, होता वो असहाय। बेटे-बेटी की होती है खोया पाया में एन्ट्री, एक ही जगह सिमट जाता है सारा कंट्री। आँखों ही आँखों होते हैं इशारे, चल भाग चले पूरब की ओर कहते लिव इन रिलेशन को तैयार बेचारे। लंठ पति की होती बेलनटाईन पिटाई, कहीं उघड़ते अंतर संबंधों पर होती क्राई। कहीं उबला चना तो कहीं भेजा फ़्राई। यही फ़ेसबुकिया मेला है भाई। बहनापा ओढे दिखाई देते हैं कुछ नर, ये नारी सानिध्य में सुकून पाते हैं, पत्नी संग लायसेंसी फ़ोटो लगाते हैं, विवाहित होने का चर्चा फ़ैलाते हैं फ़िर मजे से मौज लेते हैं ये नर, घोड़े के भेष में फ़िरते हैं खर। ये फ़ेसबुकिया मेला है बस तू निरंतर चर निरंतर चर। 

संझा को खुल गई फ़ेसबुकिया क्लास, विज्ञान पढाते मास्टर जी बच्चों को, कोई ज्ञानी समझाता गूढ़ ज्ञान अकल के कच्चों को। कोई ले घिस कर चंदन माथे पर सांट रहा कोई समाजवाद और साम्यवाद पर लेक्क्चर छांट रहा। कोई धर्म के नाम पर ज्ञान बांट रहा कोई लिए लकुटिया डांट रहा। किसी का हुआ है नवा-नवा बियाह, आ भैया तू भी फ़ोटो लगा। फ़ेसबुक पर हो रही है मुंह दिखाई। दुल्हनिया सकुची शरमाई। संग है भतार, चच्चा बब्बा, साथ दिख रहा सिंगार का डब्बा। कोई गुल बिजली पर निरंतर मामा की जय बुलाता है, कोई लिंक चेप-चेप जबरिया पढ़वाता है। कोई मचाए हुए टैगा टैगी, कोई टैग हटा रहा खा के मैगी। भैंगे-भैंगी की जो आँख घूमती रहती है। वह फ़ेसबुकिया मेले में ही आकर ठहरती है। शेर और बकरी दोनों एक ही घाट पर पानी पीते हैं, समाजवादी, गांधीवादी, साम्यवादी, पूंजीवादी मंसूबे यहाँ जीते हैं। जासूसी एजेन्सियाँ भी यहाँ ऐंठी हैं, भगोड़ों को ढूंढने दूरबीन लगाकर बैठी हैं। बहुत हो गया मेले का ठाठ, चलते-चलते घुटने दर्द से भर आए। ये फ़ेसबुक है भाए ये फ़ेसबुक है भाए………

गुरुवार, 3 मार्च 2011

प्राचीन पद्म तीर्थ राजिम कुंभ की एक दिन की सैर

माघ की पूर्णिमा और छत्तीसगढ का प्राचीन राजिम मेला। दोनो एक दूसरे के पूरक हैं। त्रिवेणी संगम  का स्थान प्रयाग जैसा ही महत्व रखता है।

बचपन में जब माघ की पूर्णिमा आती थी तो दो दिन पहले से ही बैल गाड़ियों का रेला लग जाता था। 20-20 बैल गाड़ियों की कतारें चलती थी। बैलों के गले में बधी घंटियों की सुरम्य ध्वनि मन को प्रफ़ुल्लित कर  देती  थी।

बसंत का मौसम आल्हादित करता था। बैल गाड़ियों के नीचे बंधी लालटेन अहसास कराती थी कि बैल गाड़ियों का काफ़िला यात्रा पर है। आगे वाली बैल गाड़ी के पीछे सभी बैल गाड़ियाँ कतार में चली जाती थी।

महिला, पुरुष, बच्चे सब अपने घर गृहस्थी का सामान लाद कर चलते थे। माघ पुर्णिमा की  सुबह बैल गाड़ियाँ चित्रोत्पला गंगा यानी महानदी के किनारे अपना डेरा डाल देती थी।

बैलों के लिए चारे पानी एवं आराम की व्यवस्था की जाती थी। दो गाड़ियाँ मुझे दिख ही गयी। एक परिवार हंसता हुआ बैलगाड़ी के मजे लेते हुए जा रहा था।

इसके बाद पहट को सभी  महिलाएं नदी स्नान कर राजीव लोचन भगवान एवं कुलेश्वर महादेव के दर्शन करने जाती थी।

तब तक पुरुष खाना बना कर रखते थे। जब महिलाएं स्नान एवं दर्शन करके आती थी तब पुरुष एवं बच्चे मेला घुमने एवं दर्शन करने जाते थे।

जब 3-4 बजे पुरुष मेला घूम कर आ जाते थे तब महिलाएं अपनी दैनिक उपयोग की वस्तुए खरीदने जाती थी।

इस तरह मेला शिव रात्रि त्तक चलता था। नदी की ठंडी-ठंडी रेत पर रात को ढोलक और झांझ-मंजीरे के साथ भजन और रामायण की चौपाईयों का आनंद लिया जाता था, नौजवान सर्कस एवं टूरिंग टॉकिज की तरफ़ चल पड़ते थे।

एक से एक धार्मिक फ़िल्में मेले का आकर्षण बढा देती थी। हम भी अपनी सायकिल से मेले का आनंद लेते थे। माघ पुर्णिमा से शिवरात्रि तक आज भी मेला चलता है, लेकिन वह बात नहीं रही अब।

रात को मेला तो देख लिया था, अब दिन में भी देखना था। सो तीन बजे हम फ़टफ़टिया से चल पड़े मेले की ओर।

रास्ते में एक भी बैलगाड़ी नजर नहीं आई। मुंह पर स्कार्फ़ बांधे सैकड़ों लांग ड्राईव वाले जोड़े दिखे। जोड़ा तो हमारा भी था बुढउ माट साब के साथ, 3 महीने में रिटायर होने  वाले हैं। सोचा कि इन्हे भी कुलेश्वर महादेव के दर्शन करा दें।

पहले मेला नदी के उस पार राजिम में भरता था। अब नदी में उत्सव स्थल बन जाने के कारण कुलेश्वर महादेव एवं लोमश ॠषि आश्रम तक भीड़ आ जाती है।

साधु संतों के लिए विशाल डोम बना कर आवास व्यवस्था की गयी थी। कुछ लाल बत्ती वाले हाई प्रोफ़ाईल साधु दिखे तो कुछ सिर्फ़ दाल-भात वाले भी। कोई काहू में मगन कोई काहू में मगन।

लोमश ॠषि आश्रम के परकोटे के अंदर नागा साधुओं ने कब्जा जमा रखा था। नगं-धड़ंग-दबंग भभूति रमाए, मोर पंखी  से आशीष बांट रहे थे।

कुंभ मेला शुरु होते ही दूसरे दिन देशी साधु एवं परदेशी साधुओं में खुले आम चिमटे चले थे। जिसमें से कुछ घायल हुए, कुछ बच गए। पुलिस केस भी हुआ। लेकिन नागा लोगों का कौन क्या बिगाड़ सकता है?

जिन्हे अपने वस्त्रों का भी मोह नहीं है। गांजा  की धुआं उड़ रही  थी, चिलम की धोंकनी जारी है, गुट बना कर बम बम भोले का उद्घोष हो रहा है,

चिलम को प्रणाम करते ही एक साधु ने कहा - "जय जय भोले शंकर, कांटा गड़े न कंकर, बैरी दुश्मन को तंग कर। जिसने नहीं पी गांजे की कली, उस लड़के से लड़की है भली। तोड़ दुश्मन की नली,  बम बम कहकर एक गहरा सुट्टा लगाया और ढेर सारा धुंआ उगला, जो हवा में फ़ैल गया। इनकी चेलियाँ भी इर्द-गिर्द घूम रही थी।

मैं किसी नागा साधू से चर्चा करना चाहता था, फ़ोटो लेना चाह रहा था। अब इनके मुंह कौन लगे? कब भड़क जाए क्या भरोसा। लेने के देने पड़ जाएं।

आश्रम में इनकी थाह लेने लगा। वापसी में गेट के पास तख्त पर आसन लगाए एक नागा साधु अपने 10-15 चेलों के साथ टिके हुए थे।

उसके सामने ही एक युवा नागा बाबा जमे हुए थे। उसकी आँखों में चमक एवं सम्मोहकता थी। मैं उसकी ओर ही बढ लिया। उन्होने अपना नाम सनतपुरी बताया और पास ही बिठा लिया।

भभूत लगाई, हम भी कवचित हो गए, मतलब अदृश्य बख्तरबंद धारण कर लिया। बाबा से पूछ कर एक दो फ़ोटो ली। एक सिपाही डंडा लिए खड़ा था। मैने उससे फ़ोटो खींचने कहा तो वह बोला-कमांडर साहब देख रहे हैं। देखते रहे कमांडर हमने माट साब से फ़ोटो ले्ने कहा।

उन्होने भी फ़ोटो की वाट लगा दी। जैसे तैसे काम के लायक एक दो फ़ोटो खींच ही गयी। बाबा जी  को 10 का एक नोट चढाया और हम बाहर खिसक लिए।

कुंभ में सरकारी सेवकों द्वारा साधुओं की डटकर सेवा हो रही थी। सुरक्षा व्यवस्था भी तगड़ी थी। धरम मंत्री के दूत तैनात थे। प्रदेश की किरकिरी नहीं होनी चाहिए।

कोई साधु नाराज न हो, क्योंकि प्रायोजित कार्यक्रम में सबका ध्यान रखना आवश्यक है, स्व स्फ़ूर्त कार्यक्रम में तो स्वयं की व्यवस्था से आना होता है। 

मुझे लगा की मेले का आनंद नहीं  रहा। सिर्फ़ व्यवसायिकता रह गयी, राजिम मेले ने कुंभ का स्वरुप लेते ही प्राण त्याग दिए, मेला तो मिलता है लेकिन आत्मा नहीं मिलती।

एक चाय वाले की दुकान में चाय पी्ने का  मन हुआ तो उसका पता मैने पूछा। उसने धर्म नगरी दामा खेड़ा से आना बताया। सूरत से अखंड बेवड़ा नजर आ रहा था।

मैने पू्छा-धर्म नगरी में दारु मिलती है क्या? नहीं मिलती- उसने कहा। तो तुम कहां से पीते हो? घर में छुप कर पी लेते हैं जिससे साहेब को पता मत चले। उससे चाय पी  कर आगे बढ लिए।

एक स्थान पर विभिन्न मंत्रालयों की प्रदर्शनी लगी हुई थी। अवलोकन करते हुए भंडार ग़ृह के टैंट में पहुंचे, वहाँ मु्ख्यमंत्री एवं अशोक बजाज के आदमकद फ़्ले्क्स लगे थे।

चित्रावलियाँ सजी थी, लेकिन किसी भी फ़्लेक्स में हमारी फ़ोटो नहीं मिली। मिलती भी कैसे? इतना समय तो हम देते ही नहीं है कि अध्यक्ष महोदय के गोदाम  निरीक्षण-परीक्षण के दौरे पर फ़ोटो लेने के वक्त साथ रहें।

कभी रहे भी हैं तो सक्रीय कार्यकर्ता सामने आ जाते हैं, जिससे उनकी सक्रीयता दिखे। चलो कोई बात नहीं, फ़िर कभी। आगे भी कुंभ होते रहेगें। लगते रहेगें जिन्दगी के मेले। वन विभाग के टेंट में धान से भूसे को प्रेस करके ठोस इंधन बनाया गया था तथा उसके उपयोग की सिगड़ी भी रखी थी।प्रयास अच्छा है।

स्वास्थ्य विभाग के टेंट में डॉक्टर तो मिले नहीं, सिर्फ़ कर्मचारी ही थे। कौन इनसे मगजमारी करे? आगे बढ गए। बाहर आते ही एक बहु चर्चित फ़ारेस्ट गार्ड मिल गया। यह हमेशा ही अपने कारनामों से निलंबित रहा है, इसे एक स्टार लगाए देख कर मुझे थोड़ा आश्चर्य हुआ, लेकिन मैं जल्दी ही सभंल गया क्योंकि ऐसे ही महान लोगों की जरुरत वि्भाग को होती है।

नदी के किनारे एक लुंगी कुरते में मूसल सा लेकर बैठा था। नजदीक जाने पर पता चला की रामकंद है। अक्सर हमने मेले में इसके पतले-पतले स्लाईस खाए हैं।

रामकंद उड़ीसा के नरसिंह नाथ में पाया जाता है। इसे बरसों रखा जा सकता है। सुब्रमणियम राव ने इसके फ़ायदे भी बताए, इसका सेवन करने से बवासीर भगंदर, गैस अफ़ारा आदि रोगों में फ़ायदा मिलता है।

उसकी फ़ोटो लेने लगा तो कहने लगा - ले लीजिए फ़ोटो, सबकी अपनी-अपनी दुकानदारी है, पेट लगा ही है। फ़िर उसने दैनिक भास्कर के एक समाचार की कटिंग निकाल कर दिखाई, जिसमें उसके एवं रामकंद के वि्षय में जानकारी छापी थी किसी संवाददाता ने।

आजकल कोई फ़ोटो भी मुफ़्त में नहीं देता, उसके लिए भी कुछ दे्ने पड़ते हैं, इसलिए अपना मोबाईल कैमरा सही है। चुपके से काम कर जाता है। हवा भी नहीं लगती।

घर लौटते हुए, धान की लाई (खील) के गुड़ चढे उखरा लेने नहीं भूले, यही मेले की मिठाई होती है। पहले मेले में गन्ने (कुसियार) आते थे। लेकिन अब नहीं दिखे, जलेबी शक्कर पारा भी कम ही दिखे।

हाँ  5 रुपए में भोजन देने वाले दाल-भात सेंटर भरपुर थे, इनकी संख्या 50 से उपर बताई जा रही थी। लेकिन मुझे तो खाली ही नजर आए।

शायद ही कोई जाता होगा खाने। फ़िर भी व्यस्था चोखी समझी जाए। महाशिवरात्रि पर्व पर कुंभ मेले का समापन है।

सभी देवता निज धाम को प्रस्थान करेंगे। छोड़ जाएगें पावन नदी में अपना कुड़ा करकट मल-मुत्र। जिसे झेलेंगे हम ही और हमारी आने वाली पीढी।

पुराने पुल के पास नया पुल बन रहा है। शायद अगले साल 10 किलो मीटर का फ़ालतु चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने बड़े ही सरल शब्दों में अपने उद्गार प्रगट किए।