रामनवमी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
रामनवमी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 6 जुलाई 2016

हम्पी का शाही स्नानघर, पुष्करणी एवं महानवमी उत्सव : दक्षिण यात्रा 12

आज हमें हम्पी नगर का बहुतेरा भाग देखना था। पाबला जी ने निर्णय ले लिया था कि 10 बजे तक हम्पी छोड़ देगें। हमने तैयार होकर उड़ूपी रेस्तरां में इडली का नाश्ता किया, तब तक हमारा गाईड गंगाधर भी आ गया था। सबसे पहले हम शाही स्नानघर पहुंचे। रानियों के स्नान के लिए विशेष कुंड का निर्माण किया गया था जिसमें बाहर की दीवारों में ढके हुए झरोखे हैं जिनसे हवा का आवागमन हो सके।  चौरस रानी कुंड की लम्बाई चौड़ाई 30 मीटर है, जिसमें 15 मीटर लम्बाई चौड़ाई एवं डेढ मीटर गहराई है। इसमें चारों तरफ़ झरोखे बने हुए हैं, जहां बालकनियाँ भी बनी हुआ हैं और सुंदर अलंकरण किया गया है। 
शाही स्नान घर हम्पी
इसके चारों तरफ़ बरामदा है जिसकी छत मेहराबों पर टिकी हैं। इस इमारत पर मुस्लिम स्थापत्य का पूर्ण प्रभाव दिखाई देता है। इसकी छतों सुंदर आकृति का वितानालंकरण दिखाई देता है। कुंड से जल निकासी एवं जल भराव की व्यवस्था प्रणालिकाओं द्वारा की गई है, जिससे सदैव निर्मल जल प्राप्त हो सके। गर्मी के दिनों में यह स्थान बहुत सुकून देता होगा। आज सिर्फ़ अहसास ही किया जा सकता है। जब जलती बलती ग्रीष्म ॠतु में यहाँ जल किलोल किया जाता होगा तो यह स्थान किसी स्वर्ग से कम नहीं लगता होगा। 
शाही स्नान घर का भीतरी दृश्य
शाही स्नान घर से कुछ दूरी पर सैनिकों की बैरकें हुआ करती थी। यहां सैनिकों के लिए किसी स्थाई संरचना का निर्माण नहीं दिखाई देता। परन्तु उनके भोजन करने के लिए जल की व्यवस्था दिखाई देती है। यहाँ तुंगभद्रा का जल प्रणालिकाओं के माध्यम से पहुंचाया जाता है, जिससे सैनिक जल द्वारा अपना नित्य कार्य स्नान भोजन इत्यादि कर सकें। स्थान का निरीक्षण करने पर प्रतीत होता है कि सैनिकों के रहने के लिए तंम्बु आदि की अस्थाई व्यवस्था की जाती रही होगी। वर्तमान में भी सैनिकों के अस्थाई निवास के लिए तम्बुओं की व्यवस्था ही होती है।
महानवमी उत्सव मंच हम्पी
यहां से हम शाही आवास परिसर की ओर चल दिए। विदित हो कि विजयनगर साम्राज्य (हम्पी) के तुलुवा वंश के राजा कृष्ण देव राय वैष्णवधर्मी थे। परन्तु उन्होनें सभी पंथो एवं धर्मों का आदर किया। उनके कार्यकाल में बने हुए भवनों के वास्तुशिल्प में यह स्पष्ट परिलक्षित होता है। हिन्दू शैली के साथ मुगल शैली का समावेश निर्माण में हुआ है। उनमें उत्सव धर्मिता की भी कमी नहीं थी। महानवमी (रामनवमी) पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता था जिसमें राज्य भर की प्रजा उपस्थित होकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्सव का आनंद लेती थी। उनके कार्यकाल में राज्य में विदेशियों का आगमन भी होता था। वे व्यापार करने, घोड़े बेचने एवं अपने कला कौशल प्रदर्शित करने के लिए आते थे।

नृत्य उत्सव का प्रदर्शन
उत्सव के आयोजन के लिए राज परिसर में भव्य मंच का निर्माण किया गया था। जिसे महानवमी दिबा कहा जाता है। यह वर्गाकार मंच 22 फ़ुट ऊंचा एवं 80 फ़ुट लम्बा एवं चौड़ा वर्गाकार है। इसे राजा कृष्ण देव राय ने उड़ीसा के गजपति शासकों की विजय पर स्मृति के रुप में बनवाया था। इस पर चढने के लिए सामने से पैड़ियाँ बनी हुई हैं और पार्श्व में दस फ़ुट ऊंचा द्वार बना हुआ है, जिससे भीतर से इस पर पहुंचा जा सकता है। हो सकता है इसका प्रयोग राजा के आगमन एवं कलाकारों के मंच पर पहुंचने के लिए किया जाता होगा। जब अचानक कलाकर मंच पर पहुंचता होगा तो दर्शक विस्मय से देखते होते होंगे।

चतुरंगिणी सेना का प्रदर्शन
इस मंच के निर्माण में कला कौशल का भरपूर प्रयोग किया गया है, यह भी वहां उपलब्ध कड़प्पा प्रस्तर से ही बनाया गया है। ऊंचे अधिष्ठान के ऊपर गजथर का निर्माण किया गया है। इसके बाद अन्य पशुओं एवं उनके कारनामों को दिखाया गया है। छोटे गवाक्षों के साथ नृत्यरत सुंदरियों को दिखाया गया है। युद्धरत सैनिकों एवं हाथियों के करतबों को मंच की भित्तियों में स्थान दिया गया है। इनके राज्य में विदेशी राजदूत भी आते थे, उनका भी चित्रण किया गया है।  हिन्दुओं के त्यौहारों का शिल्पांकन किया गया है। विशेषकर होली पर ढफ़ बजाते हुए एवं नृत्य करते  हुए दिखाया गया। 
जल प्रबंधन के लिए प्रस्तर प्रणालिकाएँ
इस मंच का उपयोग कौतुक प्रदर्शन से लेकर, गायन, वादन, नृत्य एवं अन्य प्रतियोगिताओं के संचालन के लिए होता था। मंच के समक्ष बैठ कर देखने के लिए काफ़ी बड़ा मैदान है तथा इसके सामने पुष्करी का निर्माण भी किया गया है। जिससे आने वाले दर्शकों को पेयजल उपलब्ध हो सके। मंच की बांई तरफ़ की दीवार पर चतुरंगणी सेना को दिखाया गया है, जिसमें हाथी, घोड़े ऊंट एवं पैदल सेना का चित्रण किया गया है। इससे जाहिर होता है कि राजा के पास सुदृढ सेना थी, जिसके बल पर उसने पूरे दक्षिण भारत को फ़तह कर लिया और विजयनगर साम्राज्य की स्थापना की। उत्सव के लिए इतना बड़ा मंच मुझे अन्य किसी स्थान पर देखने नहीं मिला। महानवमी का त्यौहार अवश्य ही राजकीय त्यौहार के रुप में मनाया जाता रहा होगा।
शाही आवास क्षेत्र स्थित पुष्करणी
महानवमी दिबा के समक्ष पुष्करणी एवं कुंआ बना हुआ है। तुंगभद्रा नदी का जल नहरों एवं प्रस्तर प्रणालिकाओं के माध्यम से योजनाबद्ध रुप से सारे नगर में पहुंचाया जाता था। पुष्करणी में जल निकासी एवं भराव की व्यवस्था दिखाई देती है। इसका निर्माण काले पत्थर से किया गया है। जिसमें समकोण बनी हुई पैड़ियां पुष्करणी की सुंदरता में चार चाँद लगाती दिखाई देती हैं। इसके आगे ही चौरीसी स्तंभों की इमारत है। जिसके स्तंभों के चिन्ह मात्र दिखाई देते हैं बाकी पुरा परिसर काल के गाल में समा गया है। समय की मार से सब ढह गया। जो कुछ बचा है, उसे आज पर्यटक देखने आते हैं। जारी है…… आगे पढें।

मंगलवार, 24 नवंबर 2015

भये प्रकट कृपाला दीनदयाला - कलिंग यात्रा

लगभग एक बज गया था और भूख जोरों की लगी थी, ऑटो वाले को उसकी दक्षिणा देकर विदा किया, भला आदमी था, उसका व्यवहार अच्छा लगा वरना कल सुबह वाले ने लूटने में कोई कसर ही नहीं छोड़ी थी। होटल पहुंच कर सात्विक भोजन दालमा भात खाया और रुम पर आराम करने पहुंच गए। संझा का कार्यक्रम भुवनेश्वर का बाजार देखने और शहर घूमने का था। हर शहर की अपनी अलहदा तासीर होती है, उससे भी रुबरु होना जरुरी रहता है। 

शाम ऑटो पकड़ कर बाजार की तरफ़ निकले। आज रामनवमी थी, रास्ते में राममंदिर के समीप उतर गए। मंदिर के समक्ष बहुत भीड़ थी। अगर भीतर जाते तो फ़िर वही, जूते चप्पल की रखवाली, मोबाईल जमा करना इत्यादि प्रक्रिया से गुजरना पड़ता। हमने सड़क पर खड़े खड़े ही मर्यादा पुरुषोत्तम को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे दी और उन्होने स्वीकार भी कर ली। सोचा होगा कि घुमक्कड़ हैं ये लोग, क्या भरोसा दूबारा आएगे कि नहीं। इसलिए स्वीकार कर लेने में ही भलाई है, इस घटना के साक्ष्य के रुप में हमने एक सेल्फ़ी भी खींच ली।

बिकाश ने कहा कि यहाँ के मॉल देखे जाएं, मैं भी तैयार हो गया। सड़क पार करके ग्यारह नम्बर की गाड़ी पर सवार होकर मॉल पहुंच गए। घूम फ़िर कर एक कपड़े की दुकान में घुस गए। ऑफ़र चल रहा था, एक के साथ एक फ़्री का। बिकाश कहने लगा कि पतलून ले लो। अब हम पतलून पसंद करने लगे। खूब मगज मारी करने के बाद एक नाप की दो पतलून नहीं मिली। जो पसंद आती थी उसकी जोड़ी नहीं मिलती थी। थक हार कर बाहर आ गए, अब फ़्री के ऑफ़र में तो यही होना है। 

एक जगह निकोन कम्पनी का काऊंटर लगा था। कई दिनों से सोच रहा था कि एक एस एल आर कैमरा लेना है। परन्तु लेंस आदि के भाव देख कर हिम्मत ही नहीं होती थी। सोचा कि आज मोल भाव जम जाए तो ले लिया जाए। उसकी दुकान में पहुंच कर कई कैमरे देखे, पर जमे नहीं। क्योंकि वहाँ डिजिटल कैमरों की रेंज अधिक थी और वह मैं 30X जूम का वह कैमरा तो हाथ में लेकर घूम रहा था। खैर यहाँ से भी बैरंग लौट आए। 

अब मार्केट में घूमते फ़िरते उड़ीसा हैंडलूम की कई दुकाने दिखाई दी। मन आया कि कोई साड़ी खरीद ली जाए उड़िया पैटर्न की मालकिन के लिए। वैसे हमने जीवन में कभी कोई साड़ी नहीं खरीदी थी। यह सब खरीदने का काम मालकिन का ही है, हमारे बस का नही। दुकान वाले ने सूती की बहुत सारी साड़ियां दिखाई, पर समझ नहीं आया क्या लें और क्या न लें। बिकाश बाबू कुछ कुछ मामलों में हमारे जैसे ही हैं। आखिर वाट्सअप काम आया। हमने साड़ियों की फ़ोटो खींच कर वाट्सअप पर भेज दी, उसकी दुकान में नेट कुछ धीमा चल रहा था। फ़ोटो आदान प्रदान एवं स्वीकृति में ही आधा घंटा लग गया। आखिर एक साड़ी पैक करवा कर नोट दिए और बाहर आ गए। चलो कुछ तो खरीदा, वरना यहां से भी हाथ हिलाते निकलते।

इस इलाके के आस-पास स्ट्रीट फ़ूड की बहुत सारे ठेले हैं, सब जगहों के स्ट्रीट फ़ुड की अपनी विशेषता होती है। हमने गोलगप्पे का आनंद लिया, बाकी पकोड़े वकोड़े मकोड़े तो हमको जमते नहीं है। वैसे भी सफ़र में सबसे अच्छा और बिना मिलावट का खाना दो ही मानता हूँ, पहला केला, दूसरा अंडा और तीसरा नारियल पानी। तीनों ही हाईजेनिक हैं, कोई मिलावट नहीं और दुनिया में सब जगह मिलते हैं अगर वहाँ भाषा भी नहीं आती तो लोग इशारे से समझ जाते हैं और काम बन जाता है। अब यहाँ से ऑटो पकड़ कर फ़िर अपने मोहल्ले सांतरापुर पहुंच गए। 

हम जिस होटल में भोजन करते थे वह पहले तल्ले पर था और नीचे मिठाईयों की दुकान। जिसमें तरह-तरह की मिठाईयाँ सजी हुई थी। बिकाश बाबू मिठाईयों के दास है और हम उदास। मिठाईयाँ देख कर इनके गाल फ़ड़कने लगते हैं। भोजन करके मिठाईयों की दुकान में घुस गए और लगे छेने की मिठाईयां झाड़ने। आखिर जोर कर हमको छेने की बिना शक्कर की मिठाई खिला ही दी। वैसे भी उड़ीसा की छेने की मिठाईयों का कोई जवाब नहीं, छेना गाजा, छेना पोड़ा और भी न जाने क्या क्या। बिकाश बाबू ने बहुत सारी मिठाईयों का स्वाद चखा, हम देखते रहे। मिठाईयाँ खाकर रुम में पहुंच गए क्यों कि कल सुबह जगन्नाथ पुरी जाने की तैयारी करनी थी। दो दिन पुरी के नाम हैं…… जारी है, आगे पढें…। 

बुधवार, 24 मार्च 2010

भये प्रकट कृपाला दीन दयाला : रामनवमी पर्व

भए प्रगट कृपाला दीन दयाला
राम रामेति रामेति रमे रामे मनोरमे------ भगवान राम के जन्मदिन के लिए प्रकृति ने साज श्रृंगार धारण कर लिए हैं, आम्रवन के बौर खुश्बु से महक रहे हैं पलास के फ़ुल के रंगों से वन दहक रहे हैं,  

कोयल की कुक से वातावरन सुरभित हो रहा है, वानरों की टोली आम एवं महुवा के वृक्षों पर धमा चौकड़ी मचा रही है, इस प्रकार प्रकृति के साथ-साथ रामजी की सेना भी तैयार है उनका स्वागत करने के लिए। नवरात्र पर जस गीत के मांदर और मंजीरों का संगीत गुंजाएमान है। इस प्रकार सभी राम जन्मोत्सव की प्रतीक्षा में हैं।

रामनवमी का दिन अबुझ है किसी भी मंगल कार्य के लिए। बेटी का विवाह हो या गृह प्रवेश बिना किसी पंडित के पोथी पत्रा देखे शुभ माना गया है। राम जन्म हेतु तुलसी दास जी कहते हैं " नवमी तिथि मधुमास ॠतु, मध्यदिवस अति शीत न घामा, अखिल लोकदायक विश्रामा।" बस हम प्रति वर्ष मर्यादा पुरुषोत्तम के जन्मदिवस के उत्सव मनाने की प्रतीक्षा करते हैं-आज वह घड़ी आ गई है।

राम कथा निरंतर चलते ही रहती है, उत्तर कांड मे गोस्वामी तुलसी दास जी ने राज्य अभिषेक का वर्णन किया है। भगवान राम का राज्याभिषेक हो गया, सभी जन हर्षित हुए, भगवान शिव आए देवता आए सभी ने स्तुति की। अयोध्या के नर नारी सुखी हो गए। घर-घर राम कथा होने लगी। तुलसी दास जी राम कथा को समाप्त नही किया बल्कि घर-घर में बांट दिया। सब राम कथा कहने सुनने लगे-- 

मर्यादा पुरुषोत्तम
सबके गृह-गृह होही पुराना।
राम चरित पावन विधि नाना।।

नर अरु नारि राम गुन गावंहि।
करहि दिवस निसि जात न जानहि॥

एक राम अवधेस कुमारा।
तिन्ह कर चरित विदित संसारा।।

नारि विरह दु:ख लहेउ अपारा।
भयेउ रोष रन रावण मारा।।

राम के राज्य में कोई अनाथ नही, क्योंकि जिनके माता-पिता नही थे वे भगवान राम जैसे प्रजा पालक पिता को प्राप्त कर सनाथ हो गए थे। राम पुत्र हीनों को पुत्र का सुख देते थे। पुत्र पिता के दु:ख शोक का हरण करता है, सुख देता है। राम सबके दु:ख शोक को हर कर पुत्र जैसा सुख देते हैं। गोस्वामी जी ने भी राम रामराज्य का यही रुप दिखाया है,----

श्री रामचंद्र की जय
राम राज बैठे त्रैलोका।
हरषित भए गए सब सोका॥

दैहिक दैविक भौतिक तापा।
रामराज नहि काहुहिं व्यापा॥

सब नर करहिं परस्पर प्रीती।
चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति रीती॥

भगवान राम का जन्मोत्सव चैत्र के शुक्ल पक्ष मे बसंत के आहलाद भरे मौसम मे होता है-शक्ति की आराधना के दिवस मे राम का प्राक्टय उत्सव होता है,

आज राम नवमी है विश्व के करोड़ों लोगों के आराध्य का जन्मदिवस, इस अवसर पर हम मंगल कामना करते हैं कि आपके जीवन में निरंतर सुखों का अम्बार लगे।

आपका जीवन आनंदमय हो इसी आशा के साथ - सिया पति रामचंद्र की जय-- पवन सुत हनुमान की जय्। आप सभी को रामनवमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।