परिकल्पना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
परिकल्पना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 28 अक्टूबर 2013

परिकल्पना साहित्य सम्मान काठमाण्डू

नेपाल यात्रा प्रारंभ से पढें
होटल पहुंचने के बाद पता चला कि आज भी हमारे जैसे बचे-खुचे लोगों के लिए छोटा सा कार्यक्रम रखा गया है। सारे ब्लॉगर साथी तो थे ही। होटल के एक हॉलनुमा कमरे में सोफ़े और कुर्सियाँ लगाई गई। पीछे परिकल्पना ब्लॉगर सम्मान का बैनर लगाया गया। हम चाय पीकर रेस्टोरेंट में गप्पे हाँक रहे थे। उधर से बार-बार बुलावा आ रहा था कार्यक्रम में शामिल होने के लिए। 
श्री सनत रेग्मी द्वारा गिरीश पंकज जी का सम्मान
मनोज भावुक, सरोज सुमन, सुशीला पुरी शैलेष भारतवासी, पाबला जी इत्यादि यहीं जमें हुए थे। लगातार फ़ोटो लेने के कारण मेरे कैमरे की बैटरी ने आखिर जवाब दे दिया। मैं कैमरे को अपने कमरे में रख आया और कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गया। सूचना मिली कि आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रज्ञा प्रतिष्ठान के सचिव सनत रेग्मी जी होगें।
श्री सनत रेग्मी द्वारा ललित शर्मा का सम्मान
कार्यक्रम प्रारंभ सुनीता यादव के सरस्वती वंदना गायन से हुआ, सुशीला पुरी, रविन्द्र प्रभात, सनत रेग्मी, गिरीश पंकज पीठासीन हुए, कार्यक्रम का संचालन लखनऊ से पधारे डॉ रामबहादुर जी ने संभाला। सबसे पहले बचे खुचे ब्लॉगर्स में बी एस पाबला, गिरीश पंकज, ललित शर्मा, संजीव तिवारी का उत्तरीय स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र से सम्मान किया गया। संजीव तिवारी की अनुपस्थिति में छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रचार प्रसार के लिए उन्हें दी गई सम्मान सामग्री मुझे ग्रहण करनी पड़ी। 
श्री सनत रेग्मी द्वारा बी एस पाबला जी का सम्मान
इसके पश्चात सनत रेग्मी जी कहा कि इस कार्यक्रम ने दो देशों के बीच सेतू बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होने परिकल्पना की टीम को इसके लिए साधूवाद दिया तथा कहा कि समय अधिक हो चुका है और 9 बजने के बाद काठमाण्डू पूरी तरह बंद हो जाता है इसलिए मुझे जाना होगा। 
मनोज भावुक काव्य पाठ करते हुए
इस कार्यक्रम के बाद कवि एवं कवियत्रियों को अपना भौकाल टाईट करना था। सभी अपनी काव्य सामग्री साथ लाए थे। सुनीता यादव, डॉ रामा द्विवेदी, विनय प्रजापति, मुकेश सिन्हा, मुकेश तिवारी, गिरीश पंकज, सुशीला पुरी, रविंद्र प्रभात, डॉ राम बहादुर इत्यादि ने अपना कविता पाठ किया। मनोज भावुक जी ने अपनी भोजपुरी गजलों से मौसम को हरा भरा कर दिया तथा सरोज सुमन जी ने भोजपुरी गजलें गा कर माहौल जमा दिया।
मुकेश सिन्हा काव्य पाठ करते हुए
नमिता राकेश ने हिन्दी और पंजाबी में कविता पाठ किया, "आदमी से दूर होता जा रहा है आदमी, आदमी की आदमियत पर भरोसा क्या करें, अपनी हस्ती खुद मिटाता जा रहा है आदमी " तथा पंजाबी कविता के अंश - " ओह वी उडना चाउन्दी सी, पतंग वांग, पर उसदी उडारी निरबर सी,उसनू दित्ती जाण वाली ढील ते " इस तरह सभी काव्य पिपासुओं ने अपनी-अपनी कविताएं भांजी।
संपत मोरारका काव्य पाठ करते हुए
पाबला जी कार्यक्रम के बीच से उठ कर चले गए थे। शायद उन्हे भूख लग रही थी। कविता पढने का मुक्त आह्वान तो मुझसे भी किया गया था। समस्या यह थी कि कविताएं मुझे याद नहीं रहती। अगर व्यक्ति लगातार काव्य गोष्ठियों में गमनागमन करता रहे तो करत करत अभ्यास के कविताएं याद हो जाती है। मैने सोचा था कि यदि कविता पढने का मौका आएगा तो अपने ब्लॉग से निकाल लुंगा। 
सुनीता यादव काव्य पाठ करते हुए
लेकिन हम ऐसे होटल में रुके थे वहां इंटरनेट की सुविधा नहीं थी। साथ ही भारत के फ़ोन यहाँ आने के बाद बंद हो गए इसलिए डॉटा कार्ड का भी इस्तेमाल नहीं हो सकता था। इस समस्या के कारण मैं चूक गया और कविता पाठ न कर सका। खैर कोई बात नहीं अब कुछ कविताएं रामचरित मानस की चौपाई की तरह याद कर लेगें। इंटरनेट पर अधिक भरोसा करना ठीक नहीं।
डॉ रामा द्विवेदी काव्य पाठ करते हुए
कार्यक्रम समापन हुआ, सभी भोजन कक्ष में पहुंचे और हमने कमरे में ही डेरा लगा लिया। राजीव शंकर मिश्रा जी बनारस वाले संग चर्चा चलते रही। थकान के कारण खाना हमने कमरे में ही मंगवा लिया। हमारी घड़ी के अनुसार रात के लगभग साढे ग्यारह बजे पाबला जी एवं गिरीश भैया पहुंचे। तब तक हमारा खाना पूर्ण हो चुका था। राजीव शंकर जी ने कहा कि मैं सुबह आप लोगों को विदा करने के बाद जाऊंगा तथा रात को होटल में ही रुकुंगा। 

सुशीला पुरी एवं नमिता राकेश जी
उनसे विदा लेने के बाद हमने अपना बिस्तर सभांल लिया। पाबला जी ने अपने कैमरे की बैटरियां चार्जिंग में लगा दी थी। मेरे कैमरे की बैटरियाँ भी ठंडी पड़ चुकी थी, उन्हे भी गर्म करना था। पाबला जी ने कहा कि आपकी बैटरियाँ भी चार्ज हो जाएगें, सो जाईए। मैने भी सोचा कि यदि चार्ज नहीं हुई तो कोई बात नहीं। कोई भी हो एक कैमरा तो कम से कम चलने लायक रहेगा ही। उसी की फ़ोटुओं से काम चला लिया जाएगा। सुबह 4 बजे चलने का वादा करके हम सभी बिस्तर के हवाले हो गए।

गुरुवार, 19 मई 2011

जाट का नया अविष्कार --आपस में प्रेम करो, मेरे ब्लॉग प्रेमियों.... ...

आरम्भ से पढ़ें  हमारे गाँव में एक अखाड़ा था, नाग पंचमी को कुश्ती की प्रतियोगिता हुआ करती थी. चार आने से लेकर १० रुपये तक के इनाम हुआ करते थे. बच्चों को चार आने, आठ आने से १ रूपये तक के इनाम मिला करते थे. जब किसी को पछाड़ कर कुश्ती जीत जाते थे, तो चार आने का इनाम पाने की ख़ुशी का बयान करना मुश्किल हो जाता था. परिकल्पना सम्मान समारोह की तो बात ही कुछ और थी. गाँव से दिल्ली तक का सफ़र और साथ में सम्मान पुरस्कार भी, मित्रों से मिलने की ख़ुशी आनन्द ही कुछ और है. २९ अप्रेल को रायपुर प्रेस क्लब में सृजन गाथा सम्मान का आयोजन था. जिसमे दो ब्लोगर्स मुझे और राजकुमार सोनी को यह सम्मान लेना था. लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम की वजह से मैं इस कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सका. मैंने जय प्रकाश मानस जी को फोन पर उपस्थित न होने के कारन खेद व्यक्त किया. 

हिंदी भवन में सम्मान समारोह प्रारंभ हो चूका था. प्रारंभ निर्मला कपिला जी से हुआ. लेकिन उन्हें प्रमाण पत्र काजल कुमार जी का दे दिया गया था. वे उसके बाद थोड़ी चिंतित दिखाई दी. उनका प्रमाण पत्र फिर मिल गया.मंच पर सम्मान ग्रहण करते नए-पुराने चेहरों ने ऐसी शमा बांधी कि आन्नद ही आ गया. खटीमा वाले परम मित्र शास्त्री जी ने मुझे बधाई दी, अच्छा लगा उनसे रूबरू होना. ब्लॉगर मित्रों से मिलन जारी रहा. आडोटोरियम के प्रवेश द्वार पर हिंदी निकेतन का स्टाल लगा हुआ था. जहाँ से ब्लॉगर्स को पुस्तकें दी जा रही थी और वहीँ पर पुस्तकों के लिए राशी भी जमा हो रही थी. मैंने और संगीता जी ने अपनी पुस्तकों की  बुकिंग राशी जमा करायी और हाल के अन्दर आ गए.

काजल कुमार जी कब आये और कब गए पता ही चला, दुसरे दिन उनका व्यंग्य चित्र देख कर समझ आया कि वे भी मौजूद थे. पहले तो सिर्फ एक जाट ही मिला करता था, नीरज जाट जी, इब तो एक जाट देवता (संदीप पवार) और मिला. नीरज ने खोपड़ी सफाचट करवा रखी थी.कहने लगा कि इस पे सोलर प्लेट लगवानी है. पहाड़ों पर बिजली की समस्या होती है. मोबाइल और कैमरे की बैटरी चार्ज नहीं होती तो बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है. सोलर प्लेट लगाने से बैटरी लगातार रिचार्ज होती रहेगी तो घुमने का आन्नद ही कुछ और होगा. यह पर्वतारोहियों और घुमतु लोगों के लिए एक बड़ी खोज है. जरुरत पड़ने पर इसकी एनर्जी से मेट्रो को भी चलाया जा सकता है. इस आइडिये को नीरज जाट को तुरंत पेटेंट करना चाहिए.अन्यथा अमेरिका पेटेंट करा सकता है. नहीं तो नूंए टापता रह ज्यागा.

भीतर हम चर्चा कर रहे थे, तभी खुशदीप भाई आये और मुझे बताया कि पुण्य प्रसून जी आ चुके हैं और बाहर गेट के पास हैं, चलिए उन्हें ले आते है.मैं,खुशदीप भाई, शाहनवाज सिद्धकी और संजीव तिवारी बाहर गेट पर आये. मैंने संजीव भाई से इस मौके की तश्वीर लेने कहा. पुण्य प्रसून जी दो नवोदित पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे. दोनों पत्रकार उनसे मिल कर बहुत ही उत्साहित थे. उन्होंने खुशदीप भाई को कहा कि समय का ध्यान नहीं रखा जा रहा है और मंच पर नेता जी को बैठा रखा है. खुशदीप भाई ने उन्हें भीतर आने का निवेदन किया. लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया. संजीव भाई तश्वीर लेने की बजाय आस-पास कहीं चले गए. तभी रणधीर सिंह सुमन जी आ गए. उनसे चर्चा हुयी और हम लोग चौक तक चाय पीने चले गए. उसके पश्चात वहां पर क्या घटा मुझे पता नहीं.

इसके पश्चात् चाय का समय हो गया. जहाँ चाय का इंतजाम था वहां बहुत भीड़ हो गयी. हम इंतजार में खड़े रहे. जब भीड़ कम हुयी तो नाश्ता ख़त्म हो चूका था. संजय भास्कर ने एक चाय लाकर मुझे दी. गुरुदेव कहने लगे "बेरा होगे हे महाराज, इंहे-कहीं दू दू ठीक मार लेथन, फेर टैम नई मिलय." मैं मुस्कुरा कर रह गया. अब नाटक शुरू होने वाला था. सब आडोटोरियम में पहुँच चुके थे. नाटक शुरू हुआ, एक-एक दृश्य पर ब्लॉगर्स के कमेन्ट आ रहे थे. "बेहतरीन, उम्दा, आपके अभिनय हम कायल है, सुन्दर प्रस्तुति, वाह वाह, कमाल कर दिया." और हम सुन-सुन कर हँसे जा रहे थे. ब्लॉगर्स हैं वहां टिप्पणियों की कमी नहीं रहेगी. भरपूर मिलेगी. नाटक के कलाकारों को भी भरपूर टिप्पणी मिली और साधुवाद. नाटक बढ़िया था. मनोरंजन हुआ.

नाटक समाप्ति के बाद भोजन के लिए चल पड़े. वहां भी लाइन लगी थी. लाइन में लग कर भोजन करना बहुत ही तकलीफदेह हो जाता है मेरे लिए,  इसलिए हम अन्दर ही बात करते रहे. संगीता जी, गिरीश दादा, पवन चन्दन जी, केवल राम चर्चाएँ चलती रही. गिरीश दादा संगीता जी से मिल कर अभिभूत हो गए और ताई आशीर्वाद दीजिये कह कर साष्टांग प्रणाम किया.हमने इस अवसर को कैमरे में कैद कर लिया. यहीं पर दिवेदी जी और संगीता जी की ज्योतिष चर्चा हुयी. फिर नीचे भोजन के लिए आ गए. लाइन कम हो गयी थी. हमें भी होटल तक जाना था. रात हो रही. ११ बजे के बाद ऑटो मिलने की भी संभावना नहीं थी. गिरीश दादा भी हमारे होटल में ही जाना चाहते थे.इसलिए उन्हें मिलाकर हम ६ हो गए. 

चलते चलते एक फोटो और ली गयी. भोजन करके होटल चलने के लिए वहां साधन देखते रहे, तभी खबर मिली की पद्म सिंग हमें होटल तक हमें छोड़ने जा रहे हैं, संगीता जी भी भाई के साथ कार से आई थी. हमने उन्हें भी रोक लिया.सवारी अधिक थी इसलिए दो गाड़ियों की जरुरत थी. कनाट प्लेस के बाद बसंत रोड वाले चक्कर पर हम लोग घूम गए..पद्म सिंह एक तरफ निकल गए और हम एक तरफ मैट्रो के साथ हो लिए. रास्ते में संगीता जी ने बताया की भाई साहब ने नयी कार ली है और एक महीने पहले ही चलाना सीखा है. मान गए उनके हौसले को, दिल्ली की सड़कों पर गाड़ी चलाने के. पदम् सिंह भी इन्हें होटल पंहुचा आये थे. संगीता जी से विदा लेकर रात १२ बजे हम होटल पहुचे. सम्मान पत्र के साथ ५-५ किलो पुस्तकों का भी वजन था और उसे भी हमें ही उठाना था.

रात जब रूम में पहुचे तो गुरुदेव मुस्कुराये.२-२ हो गया था, चहरे पर मुस्कान कायम थी, आँखों की रौशनी बढ़ चुकी थी, अँधेरे में भी चंद्रकांता पढ़ रहे थे. कमाल की चीज है, सब मर्जों की एक दवाई...जहाँ दवा दुआ काम नहीं आई, वहां ये काम आई. इस तरह परिकल्पना उत्सव, हिंदी निकेतन, नुक्कड़ डोट कॉम की तरफ से हुए आयोजन के मूक दर्शक बने. मूक दर्शक इसलिए की परिकल्पना उत्सव के सहयोगियों का भी परिचय मंच से होना चाहिए था. कार्यक्रम गरिमामय रहा. ब्लॉग जगत के इतिहास में अभी तक तो कोई ऐसा कार्यक्रम नहीं हुआ है.आडोटोरियम खचाखच भरा हुआ था. इसके लिए परिकल्पना ब्लॉग उत्सव, हिंदी निकेतन, नुक्कड़ डोट कॉम साधुवाद के पात्र है.ब्लोगोत्सव के पश्चात धडाधड प्रतिक्रियाने आने लगी, उत्तरी ध्रुव -दक्षिणी ध्रुव एक हो गए. अलबेला भाई की पोस्ट आ गयी. विरोध के स्वर भी मंडराने लगे. 

खुशदीप भाई ने भी गुस्सिया कर एक पोस्ट लिख मारी. हम सोच में पड़ गए, ये क्या हो रहा है भाई, इतना शोर शराबा काहे मचा है? क्या करते हम, धीरज धर कर बैठे रहे. तुलसी आज्ञा से -"धीरज धर्म मीत अरु नारी, आपात काल बिचारिये चारी." छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखण्ड,महाराष्ट्र, से ब्लॉगर्स पहुचे थे. परिकल्पना ब्लॉग उत्सव के माध्यम से हमें सभी ब्लॉगर्स से मिलने का मौका मिला और ऐसा कोई भी रसायन नहीं है जो सभी को संतुष्ट कर सके. हल्ले-गुल्ले से जाहिर होता है कि दिल्ली का ब्लॉग उत्सव सफल रहा. दिल्ली ब्लॉग उत्सव की सफलता पर चीयर्स करते हैं और मिलते हैं अगले ब्लॉगर मिलन में.. आपस में प्रेम करो, मेरे ब्लॉग प्रेमियों....  चीयर्स…।  आगे पढें

बुधवार, 18 मई 2011

1ड्राईवर-2 नेविगेटर-३ देवियाँ -हिंदी भवन की ओर-------ललित शर्मा

संजीव तिवारी जी 
आरम्भ से पढ़ें 
रूम में पहुचने पर अवधिया जी स्नान में लगे थे और संजीव भाई फोन पर.... सुनीता जी का फोन आ रहा था कि "आप लोग तैयार रहिये.मैं लेने आ रही हूँ". पवन जी भी फोन पर संपर्क में बने हुए थे. गिरीश दादा एयर पोर्ट पर इंतजार कर रहे थे कि कोई लेने आएगा... मैंने उन्हें कहा कि टेक्सी पकडिये और चले आइये. उन्होंने कहा कि महफूज अली ने कहा है कि वे सीधे एयर पोर्ट आयेगे. इधर महफूज ने फोन पर बताया कि उनकी गाड़ी लेट चल रही है. अभी आनंद बिहार में खड़ी है. मैंने गिरीश बुलेरो जी को कहा कि किसी का इंतजार न करें और सीधे चले आयें. नहीं तो एअरपोर्ट पर ही रह जायेंगे.

गर्म हवा
इधर कमरे में लगा ए.सी. काम नहीं कर रहा था. पंखे से भी गर्म हवा आ रही थी. पाबला एवं मेडम के भी कमरे का यही हाल था. शिकायत करने पर होटल का एक कर्मचारी आया और  उसने ए.सी में पानी डाला. अवधिया जी को  उसने कहा-"अब ठंडा हो जायेगा सर. थोडा इंतजार करें और कमरे का दरवाजा बंद कर लें. थोड़ी देर ठंडी हवा  आई और फिर ए.सी बंद हो गया. वो तो हमने एक मित्र को वचन दे दिया था कि अन्दर का ए.सी. नहीं चलाएंगे, वर्ना ८००/- देने की बजे १००/- में ही सब ठंडा हो जाता कूल-कूल, फिर चाहे पीपल के नीचे ही सो जाओ. ताजगी का अहसास ही रहता. आखिर हमने कमरा बदल दिया. लेकिन हाल वही रहा.

दोनों -पाण्डे
इधर खुशदीप भाई और सतीश जी का फोन आ गया, वे हमारा लोकेशन ले रहे थे. दिनेश राय दिवेदी जी, खुशदीप भाई, सतीश सक्सेना जी, और शाहनवाज़ जी हमारे होटल पहुच गए. पाबला जी से हाथ मिलाना मतलब अपना हाथ जान बूझ कर शिकंजे में देना  है और जो एक बार हाथ मिला लेता है. फिर दूर से ही राम राम कर लेता है. हम ठहरे अनाड़ी भुलक्कड बार-बार शिकंजे में हाथ दे देते है. मेरे दिमाग में यही था कि वे जान बुझ कर हाथ हो कस के दबाते हैं. तो क्या सभी के साथ यही करते हैं? जरा आजमा लिया जाये. सुनीता जी पहुची तो मैंने चुपचाप उन्हें पाबला जी से हाथ मिलाने कहा. जब उन्होंने पाबला जी कि ओर हाथ बढाया तो पाबला जी ने हाथ गीला है कह कर उल्टा कर दिया. मेरी परिक्षण करने की योजना धरी-धरी रह गयी.

तख्ते ताउस पर सीनियर ब्लॉगर
जब रायपुर से चले  थे तो अल्पना जी ने दिल्ली के एक-दो काम बताये थे. उन्हें चावडी बाजार कुछ खरीदना था. मैंने सोचा कि रविवार को दिन भर का समय है. खरीद लेगे. आज ब्लॉगर्स से ही मिल भेंट लिया जाये. सभी दूर-दूर से आये हैं. सुनीता जी के साथ उनके रथ में चल पड़े घर की ओर हमारे साथ  दिल्ली वाले साथी भी थे. घर पहुच कर सभी से मिले. नाश्ते का उम्दा इंतजाम था और मेजबान भी मेहमानों की खातिरदारी में मुस्तैद. समोसे, कचौरी, मिठाइयाँ, और  ढोकले भी थे. ये तो शाहनवाज जी की पोस्ट देखने से पता चलेगा. प्लेट की फोटो उन्होंने ही ली थी. अल्पना जी ने सुनीता जी से अपने सामान के बारे में बताया तो पता चला कि चावडी बाजार रविवार को बंद रहेगा. ब्लॉगर धमा-चौकड़ी में ३ बज चुके थे. हिंदी भवन का कार्यक्रम ३बजे शुरू होना था.इसलिए मज़बूरीवश काम कल पर टाल दिया और सभी चल दिए हिंदी भवन की ओर....

चर्चा जारी है
रस्ते में गाड़ी का ड्राईवर रविन्द्र भवन की ओर चला गया. इधर गाड़ी में ड्राईवर एक था और नेविगेटर दो थे. पाबला जी सामने की सीट पर बैठ कर मोबाइल पर रास्ता ढूंढ़ रहे थे और इधर संजीव तिवारी भी मोबाइल पर रास्ता बता रहे थे. दोनों के कॉम्पटीशन में ड्राईवर चकरा गया. इधर-उधर चक्कर काटते-काटते . सुनीता जी कह रही थी अल्पना जी को "आप भी पाण्डे और मैं  भी पाण्डे, इस लिहाज से दोनों बहन ही हुयी. हम बैक सीटर बने हुए पण्डे की तरह दोनों जजमानो का मुंह ताक रहे थे. काफी रस्सा कसी के बाद आखिर हम हिंदी भवन पहुच ही गए. सुनीता जी की दार्जलिंग की चाय का असर कुछ कम होने लगा था. हिंदी भवन के बाहर बेनर लगा हुआ था. अर्थात हम सही जगह पर थे. अन्दर पहुचने पर हाल भर चूका था. ई पंडित जी का प्रवचन चल रहा. बिना पंडित के प्रवचन के कोई भी शुभ काम नहीं होता हमारे देश में. अग्रे अग्रे ब्राह्मणा:

ओ तेरे क्या कहने - दूर दृष्टि
हमने पांचवी छटवी पंक्ति की सीट संभाली, आगे सीटों पे आरक्षित का बोर्ड लगा था. फिर पहले आओ और पहले पाओ वाला सिस्टम सब जगह लागु है.  संगीता स्वरूप जी एवं स्वरूप जी से राम-राम हुयी और हम भी उसी पंक्ति में जम गए केवल राम के साथ. तभी रतन सिंग जी भी आ गए. उनसे मैंने उबंटू की सीडी मंगाई थी और वे वादे के अनुसार लाये भी थे. स्टेज पर रविन्द्र जी झमाझम शेरवानी जैसे कुरते पैजामे में बारात के दुल्हे की तरह जाँच रहे थे. अविनाश जी काम के बोझ के तले दबे थे. कार्यक्रम बड़ा था, बोझ तो होना ही था और इतने सारे ब्लॉगर इकट्ठे कर लेना और उनके आगामी वारों को झेलने के लिए तैयार रहना कोई मामूली बात नहीं है. राजीव तनेजा जी तो बाहर ही मिल गए थे. मुस्कुराता हुआ दमकता चेहरा कोई कैसे भूल सकता है. एम.एम. वर्मा जी से भी एक वर्ष में मुलाकात हुयी.पवन चन्दन जी आरक्षित सीट पर विराजमान थे.

एक पंक्ति में तीन देवियाँ संजू भाभी, संगीता पुरी जी, बंदना जी, विराजमान थी. सभी से नमस्ते हुयी. मैंने एक चक्कर लगा कर सभी से मिलने की कोशिश की. थोड़ी देर में गोलियों के सौदागर लव बाय महफूज भी पहुच गए . महफूज मेरे पास ही आकर बैठ गए. सामने खुशदीप भाई, निर्मला जी विराजमान थे. पीछे पाबला जी और अजय झा जी. सामने कुछ धुरंधर ब्लॉगर भी थे. गिरीश दादा और पद्म सिंह बम बजर पर लगे हुए थे. इन सब ब्लॉगर्स को ही पहचानते थे. बाकि तो प्रायोजकों को तो हमने पहचाना नहीं था.मुख्यमंत्री के आने में कुछ विलम्ब था. इसलिए मंच से घोषणाएं चल रही थी. थोड़ी देर में सुगबुगाहट हुयी तो समझ गए की मुख्यमंत्री जी पहुच रहे है. उनके आते ही पावर पॉइंट प्रजेंटेशन शुरू हुआ. तब यही लगा कि कार्यक्रम ब्लॉगर्स का न होकर प्रकाशन का है. लेकिन थोड़ी ही देर में धुंध छंट गयी और कार्यक्रम ब्लॉगर्स के हाथ में पहुँच गया.सभी के साथ हमने भी तसल्ली की गहरी साँस ली.

आसंदी पर मुख्यमंत्री के साथ प्रख्यात कवि अशोक चक्रधर, श्री रामदरश मिश्र जी, श्री प्रभाकर श्रोत्रिय जी, गिरिराज शरण अग्रवाल जी एवं दो अन्य महानुभाव शोभायमान थे. कार्यक्रम दो घंटे विलम्ब से प्रारंभ हुआ. कुछ पुस्तकों का धडाधड विमोचन हुआ. इसके पश्चात सम्मान होने लगे. ब्लॉगर आपस में चर्चिया रहे थे. मिलन होने पर एक दुसरे से रु-ब-रु हो रहे थे. जय कुमार झा जी से पुन: भेंट हुयी. कुछ भी हो अपने मिशन के पक्के हैं. उनके जज्बे को सलाम है..

खुशदीप सहगल, मोहिंदर कुमार जी
जब मैं पीछे की और गया तो डॉ.दराल भाई साहब नज़र आये. उनसे आशीर्वाद लिया. प्रसन्न मुदित मन से उन्होंने गले लगा लिया. एक चित्र भी राजीव भाई ने लिया. बलबीर पुंज हरियाणा वाले और ई पंडित जमुना नगर, दीपक बाबा, राजीव कुमार जी, अरुण राय जी से पहली बार मुलाकात हुयी. मेरे सामने खुशदीप भाई के साथ  बैठे एक ब्लॉगर को पहचानने की कोशिश करता रहा, लेकिन नाम याद नहीं आया, वे मुड़ कर पीछे देखते थे, लेकिन हम दोनों में से किसी ने परिचय करने की जहमत नहीं उठाई. खुशदीप भाई ने भी परिचय नहीं कराया. घर आ कर याद आया की मोहिंदर कुमार जी थे :). इनसे मेरी कई बार बात भी हो चुकी थी. क्या करें? फ्लाईट की सवारियों का यही हाल होता है...........  आगे पढें…

सोमवार, 16 मई 2011

३ बन्दर और मंसूबों का खून---------ललित शर्मा

यात्रा के लिए बहुत सारी तैयारियां करनी पड़ती है. गर्मी के मौसम में सबसे पहले तो टिकिट की व्यवस्था करनी पड़ती है. इसकी व्यवस्था हो जाये तो  फिर अन्य व्यवस्थाएं. टिकिट तो अल्पना जी ने पहले ही करवा ली थी. मुझे हिमाचल की और जाना था तो गर्म कपडे एवं पिट्ठू बैग भी रखना पड़ा. सुबह श्रीमती जी ने ३ बजे उठ कर खूब सारा खाना बना दिया, अतिरिक्त कपडे भी बैग में डाल दिए.हमारी ट्रेन रायपुर सुबह ७.४० पर थी. मैंने सुबह ६.३० को ही अल्पना जी को फोन लगा दिया, और रायपुर के लिए चल पड़ा, मेरा सोचना रहा है कि ट्रेन भले ही लेट हो जाये, पर सवारी को लेट नहीं होना चाहिए. हमारे साथी भी तैयार थे जाने के लिए. रायपुर से मुझे अल्पना जी एवं जी.के.अवधिया जी को गोंडवाना एक्सप्रेस की सवारी करनी थी. दुर्ग से बी.एस.पाबला एवं संजीव तिवारी जी को इसी ट्रेन में चढ़ना था.

मैं स्टेशन में गेट के सामने बैठ कर दिल्ली जाने वाली सवारियों का इंतिजार करने लगा. सबसे पहले अल्पना जी पहुची. मैंने उन्हें देख लिया था,  लेकिन वे भी थोडा ढूंढे इसलिए चुप बैठ कर मजा लेने लगा. तभी वे चिंतित दिखाई दी तो मुझे सामने आना ही पड़ा. ट्रेन आ चुकी थी, मेरी निगाहें अवधिया जी को ढूंढ़ रही थी. उनकी भी सीट हमारी ही बोगी में थी. बोगी में पहुचने पर देखा तो अवधिया जी अपनी सीट संभाल चुके थे. सुबह घर से नास्ता करके नहीं चले थे. इसलिए रायपुर और भिलाई के बीच में नास्ता किया. तभी पाबला जी का फोन आ गया. मैंने बताया कि ट्रेन रायपुर से रवाना हो चुकी है.अब वे भी स्टेशन की और चल पड़ें. संजीव तिवारी जी से फोनिक चर्चा हुयी. उनकी  ए.सी बोगी की टिकिट थी. उन्होंने बताया की पाबला जी की टिकिट कन्फर्म नहीं हुयी है. तो हमने अपनी सीटों पर स्थान बना दिया. दुर्ग स्टेशन पहुचने पर दिखाई नहीं दिए. ट्रेन चलने पर मैं फिर अपनी बोगी में वापस आ गया.

वादे के अनुसार राजनादगांव आने पर संजीव तिवारी जी इडली का नाश्ता लेकर आ गए. मैंने अवधिया जी को बुलाया और सबने इडली का नाश्ता किया. संजीव भाई ने कुछ फोटुएं ली. रायपुर से ३ बन्दर भी हमारे साथ थे. वे हर वे तिलमिला रहे थे.जब से ट्रेन में सिगरेट पीना बंद हुआ है.तब से ऐसे दृश्य अक्सर देखने मिल जाते हैं. वे बार-बार टॉयलेट की तरफ भाग रहे थे. पूछने पर पता चला की ट्रिपल आई (तीसरी आंख) का एक्जाम देने दिल्ली जा रहे हैं. उन्होंने एक बार भी पढाई के विषय में चर्चा नहीं की. कुल मिला कर माँ बाप की आँखों में धूल झोंक कर अपना भविष्य बर्बाद करने की राह पर थे. रात का जागरण होने के कारण मुझे नींद आ रही थी. मैंने दोपहर में एक झपकी ली और थोड़ी देर बाद नागपुर पहुँच गए. पर पाबला जी के दर्शनों का लाभ अभी तक नहीं मिल पाया था.

नागपुर में हमारे मयारू दाऊ जी एक्साईज सुपरिटेंडेंट सूर्यकांत गुप्ता जी पहुच चुके थे. नागपुर में ट्रेन का इंजन एवं मार्ग बदली होता है. इसका हमने भरपूर फायदा उठाया. दाऊ जी से काफी दिनों के बाद मुलाकात हुयी. पाबला जी ने मुलाकात के दृश्यों का वेब कास्ट किया. मोबाईल से बढ़िया चित्र आये. नागपुर में पानी लिया. मेडम ने अपनी पानी की बोतल घर से भर रखी थी और हम स्टेशन की पानी की बोतल से काम चला रहे थे. नागपुर से ट्रेन चलने पर हमने भोजन किया और मैंने फिर सोने की ठान ली. मेडम बंदरों का खेल देखती रही.बंदरों की उछल कूद जारी थी. 

इटारसी पहुचने पर अंसारी साहब का फोन आया. वे खाना लाने को कह रहे थे. लेकिन हमारे पास खाना इतना सारा था कि ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था. शाम के नास्ते में बची हुयी इडलियों पर हाथ साफ़  किया. अवधिया जी की पूरी सब्जी एवं मेडम का थेपला ज्यों की त्यों रखा था. रात को भोजन में थेपला ही लिया.ए.सी. सवारियां अपने ठिकाने पर थी. भोपाल शहर का पानी मटमैला है. इसलिए पीने की इच्छा नहीं होती. पहले जब हमारी राजधानी भोपाल थी. तब यहाँ आना-जाना लगा रहता था. लोग पान के साथ चूना अधिक खाते हैं. यहाँ के पानी में कैल्सियम की कमी बताई जाती है. भोपाल शहर के साथ बहुत सी पुरानी यादें जुडी हैं. यहाँ से बीना तक हमने भोजन किया और बीना स्टेशन पर पहुचने पर मित्रों ने आतिशबाजी शुरू कर दी. उनका यह अंदाज पसंद आया. यहाँ  प्लेटफार्म  पर  कूछ देर पैदल मार्च भी किया. यहीं पर मैंने कादम्बनी का वह अंक ख़रीदा जिसमे पियूष पांडे ने एक लेख में वेब कास्टिंग का जिक्र किया है. अब रात के ११ बज रहे थे. सोने का समय था.बन्दर अभी तक उछल कूद में ही लगे थे.

सुबह मथुरा के आस-पास आँख खुली. ७.१० पे अलवर जाने वाली पेसेंजर खड़ी थी. एक बार तो मन में आया कि यही से उतर कर गोविन्दगढ़, अलवर,खैरथल, जिन्दोली ओर चला जाये. जाना हमें दिल्ली था. कार्यक्रम के पश्चात् तो कहीं की भी यात्रा बन सकती है.  बन्दर गांजे की सिगरेट के चक्कर में लगे हुए थे. मेडम उनींदी थी, बंदरों की उछल-कूद ने उन्हें सोने नहीं दिया. सुबह सोने का यत्न करने लगी. अब दिल्ली पहुचने का समय हो गया था. एक बन्दर ने अलग-अलग रंग की चप्पले पहन रखी थी. शायद के चप्पल खलमाडी को भेंट चढ़ा आया था और खालिस्थान की पूर्ति मंदिर से कर ली थी. अंतत: ट्रेन निजामुद्दीन ८ बजे पहुच गयी. पाबला जी से मुलाकात यही हुयी.स्टेशन पहुचने पर अविनाश जी को फ़ोन लगाया गया. उन्होंने रुकने के स्थान का पता दिया. पाबला जी ने पूछा कि वहां ए.सी है  कि  नहीं? अविनाश जी ने अनभिज्ञता जाहिर की. संजीव तिवारी जी ने बताया कि सुनीता शानू जी का फोन आया था ओर उन्होंने अपने घर रुकने का इंतजाम कर रखा है. फिर हमने तय किया कि पहाड़ गंज के होटल में आश्रय लिया जाये. वहीँ से स्नानादि करके आगे का कार्यक्रम बनाया जाये.

होटल पहुचने पर कमरे बुक कराये गए. आज कल होटलों में एड्रेस प्रूफ देना पड़ता है. दिल्ली में आतंकी घटनाओं के बाद पुलिस  ने अनिवार्य कर दिया है. जब मैंने अपने एड्रेस प्रूफ के लिए बैग की तलाशी ली तो मेरा एटीएम्, ड्राइविंग लायसेंस, आई कार्ड कुछ भी नहीं मिला. यहीं से खोपड़ी ख़राब हो गयी. यह सब बैग बदलने के चक्कर में घर पर ही भूल आया था. वैसे विजिटिंग कार्ड पड़े थे. होटल वाले ने उसी से काम चला लिया. लेकिन मेरी आगे हिमाचल में मोटर सायकिल से यात्रा करने के मंसूबों का खून होते नजर आ रहा था. मेरी मेल में उनकी स्केन कापी पड़ी थी. लेकिन उसे प्रिंट करके हुबहू बनाने वाला भी चाहिए था. लेकिन कोई उचित माध्यम नहीं मिल पा रहा था इस काम के लिए, मैंने पहले तो स्केन  कापी ढूँढना चाहा. मेल बॉक्स भरा पड़ा था. सर्च करके देखने पर भी  वह मेल पकड़ में नहीं आ रही थी. सब अपने-अपने रूम में पहुच चुके थे ओर मै मेल बाक्स से माथा-फ़ोड़ी कर रहा था........ आगे  पढ़ें 

शुक्रवार, 29 अप्रैल 2011

फ़िर वही दिल लाया हूँ --- ललित शर्मा

सुबह हो चुकी है,दिल्ली जाने वाली सवारियाँ चल पड़ी है। मित्रों से मिलने की खूशी में रात नींद कम ही आई। मिलते हैं कल सुबह दिल्ली में। जहाँ सजेगी महफ़िल दीवानों की, दिलवालों की। हम भी दिल ही लाए हैं आपके लिए। नकली नहीं, असली धड़कता हुआ दिल। जरा कान लगाएगें तो स्पंदन सुनाई देगा। इसका दुर्लभ  चित्र हमने ही कल सुबह लिया है।

अब चलते हैं और मिलते हैं ब्रेक के बाद सुबह निजामुद्दीन के नुक्कड़ पर, जहाँ होंगे अविनाश वाचस्पति जी, पवन-चंदन जी, अजय झा जी, राजीव तनेजा जी, पद्म प्रतापसिंह, खुशदीप सहगल और भी जाने माने ब्लॉगर मित्र।

गुरुवार, 28 अप्रैल 2011

दिल्ली जाने वाले यात्री अपनी सीट संभाल लें --- ललित शर्मा

घड़ी की टिक-टिक के साथ वह घड़ी भी समीप आ रही है जब परिकल्पना साकार होगी, जब ब्लॉगोत्सव महाकुंभ दिल्ली में ब्लॉगर आभासी दुनिया से बाहर निकल कर आपस में स्नेह भाव से भेंट करेंगे। छतीसगढ से दिल्ली जाने वाला स्पेसयान लांचिग प्लेटफ़ार्म पर तैनात कर दिया गया है। मुख्य पायलट बी एस पाबला जी ने को-पायलट जी के अवधिया के साथ स्पेसयान लांच करने की सभी प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली है, उल्टी गिनती चालु है, दिल्ली पहुंचने वाले यात्री अपनी सीट संभाल लें, फ़िर न कहना कि जादू नहीं दिखाया। हम भी तैयार हैं, हिन्दी भवन भी तैयार होकर खुशदीपों का आलोक प्रसारित कर रहा है। 21 मई से पहले हमने भी सोचा कि ब्लॉगर मित्रों से मिल ही लें, जादू की जप्फ़ी पा लें, यारां नाळ रज्ज के मिलना और मिल कर आनंद लेना, यही जीवन का उद्देश्य है।

ब्लॉग इतिहास रचा जा रहा है। जिसका साक्षी होना मेरे लिए और मित्रों के लिए गर्व की बात है। अल्लामा इकबाल ने कहा है – “हमे भी याद रखना जब लिखें तारीख़ गुलशन की”। जब अल्लमा इकबाल इतिहास में दर्ज होना चाहते हैं तो ब्लॉगर तो विशुद्ध ब्लॉगर ठहरे, कौन ब्लॉगर कम है, जिन्होने इतिहास बनाया है, वे इतिहास लिखेंगे और इतिहास में दर्ज भी होगें। परिकल्पना साकार होकर मूर्त रुप ले रही है। जिसका समय को इंतजार था कि ब्लॉगिंग पर कुछ सार्थक कार्य हो। वह अब होने जा रहा है। जिस पर ब्लॉग जगत को गर्व होगा। सभी मित्रों को परिकल्पना ब्लॉगोत्सव द्वारा खुला आमंत्रण है। संगीता पुरी जी झारखंड से दिल्ली के लिए चल पड़ी हैं।

छतीसगढिया यात्रा दल स्पेसयान के साथ
कुछ चीलगाड़ी में भी आएगें, कुछ अपने वाहनो से, कुछ सरकारी वाहनों से। हमने सोचा कि जब देश के विज्ञानियों ने बहुत तरक्की कर ली है अब ब्लॉगर कुंभ स्पेशल स्पेशयान से ही पहुंचा जाए। खुब जमेगा मेला जब मिल बैठेगें दीवाने ब्लॉगर। पिछले समय ब्लॉगर मिलन का अपुर्व आनंद आया। उसका अहसास ही गुंगे के गुड़ जैसा है। हमारा स्पेस शटल लैंड करेगा पवन चंदन जी की चौखट पे। वहीं से आगे का कार्यक्रम तय किया जाएगा। चौखट के लिए स्पेसयान रायपुर से चलेगा जिसमें हम, अल्पना देशपाण्डे जी, जी के अवधिया जी सवार होगें। उसके पश्चात दुर्ग से संजीव तिवारी जी सवार होगें। भाई अशोक बजाज जी अपने लाल बत्ती वाले यान में पहुंचगें। सुबह के नास्ते में इडली का स्वाद लिया जाएगा राजनांदगाँव में, दोपहर का खाना नागपुर में होगा। जहाँ सूर्यकांत गुप्ता जी मौजूद रहेगें। शाम को घोड़ा डोंगरी में चाय का इंतजाम है ससुराल वालों ने, उसके पश्चात रात का खाना भोपाल से प्रारंभ होगा जो बीना तक चलेगा। बीना में आधा घंटा चहल कदमी करके स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाएगा और वहीं से जबलपुरिया साथियों का स्पेश शटल गिरीश बिल्लौरे के नेतृत्व में इसी स्पेशयान से जुड़ जाएगा।

जबलपुरिया शटल
दिल्ली बहुत दूर है उनके लिए, जिन्होने अपने दिल के दरवाजे बंद कर रखे हैं। दिल्ली के लिए दिल के दरवाजे खूले रखना आवश्यक है। यह बात तत्कालीन रक्षामंत्री जार्ज फ़र्नांडीज ने अच्छी तरह समझी थी। उन्होने कृष्ण मेनन बंगला नम्बर 3 के दरवाजे ही उखड़वा दिए थे। ताकि कोई भी बेरोकटोक प्रवेश कर सके। हमारे पास बंगला तो नहीं है दिल्ली में, पर दिल जरुर है, उनकी सीख काम आई और दिल की चौखट से किवाड़ ही निकलवा दिए हमने। तभी न दिल्ली में ब्लॉगर मित्र खुले दिल से मिलते हैं और हर मुलाकात अविस्मरणीय होती है। खटाखट कैमरे चलते हैं, धड़ाधड़ पोस्ट लिखी जाती हैं, ब्लॉग जगत को पल-पल की सूचना दी जाती है। जिसे देख के किसी भी वी वी आई पी कहाने वाले को ईर्ष्या हो सकती है, कहने का मतलब यह है कि रज्ज के मजा लिया जाता है और हिन्दी ब्लॉगिंग के विकास पर गंभीर सार्थक चिंतन किया जाता है।

जब रविन्द्र प्रभात जी ने परिकल्पना उत्सव प्रारंभ किया था तो हमने भी नहीं सोचा था कि यह ब्लॉग़िंग के इतिहास में मील का पत्थर बनने जा रहा है। ब्लॉगोत्सव ने सफ़लता के झंडे गाड़ दिए। अविनाश वाचस्पति जी, रश्मि प्रभा जी एवं रणधीर सिंह सुमन जी, जाकिर अली “रजनीश” भी परिकल्पना उत्सव में सक्रीय सहभागी रहे, ब्लॉगत्स्व समिति में मुझे भी स्थान दिया गया। रविन्द्र जी गत कई वर्षों से ब्लॉग़ विश्लेषण कर रहे हैं। नए-पुराने सभी ब्लॉग पर उनकी पैनी नजर रह्ती है। यह श्रम साध्य कार्य्र है, एग्रीगेटर बंद होने से यह कार्य और भी कठिन हो गया है। तब भी ब्लॉग समीक्षा का कार्य निरंतर जारी है। ब्लॉग इतिहास पर पहली पुस्तक एवं हिन्दी ब्लॉगिंग अभिव्यक्ति की नई क्रांति का प्रकाशन किया गया है, इनका विमोचन भी कार्यक्रम के दौरान होना है।ब्लॉगोत्सव की पूरी टीम को साधुवाद।