हम्पी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हम्पी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 16 जुलाई 2016

हैदराबाद में भटक कर ब्लॉगर पहुंचे अपने धाम : दक्षिण यात्रा सम्पन्न 21

आज का दिन हमने विप्रो भ्रमण के लिए नियत किया था। बाहरी आगंतुकों को शनिवार को इस परिसर में प्रवेश दिया जाता है। इसके लिए बाकायदा पहले से अनुमति लेने की आवश्यकता पड़ती है। उसके बाद वहां से परिचय पत्र जारी किया जाता है, उसे लेकर ही परिसर में प्रवेश दिया जाता है। जाहिर है विप्रो बड़ी कम्पनी है और इसने अपने कर्मचारियों के लिए परिसर में दोस्ताना वातावरण निर्मित कर रखा है, जिसमें बहुत बड़ी कैंटिन, बगीचा एवं ओपन थियेटर भी है। 
विप्रो बैंगलोर में पाबला जी के साथ
हम लगभग एक बजे विप्रो पहुंच गए। एक लम्बे सफ़र के बाद सुबह उठने में विलंब हो गया। यहां एक आकर्षक डोम बना हुआ है, जिसकी छत में कांच लगे हुए हैं, यह बहुत ही सुंदर दिखाई देता है। हमने दोपहर का नाश्ता यहां की कैंटीन में ही किया और परिसर का भ्रमण किया। विप्रो ने अपने परिसर में खूब हरियाली कर रखी है। बैगलोर जैसे शहर में शुद्ध वायु एवं वातावरण के लिए इसकी निहायत ही आवश्यकता दिखाई देती है। अन्य कम्पनियों और कारखानों को भी इससे सीख लेनी चाहिए कि कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढाने के लिए अच्छे माहौल की आवश्यकता पड़ती है।
विप्रो का ग्लास डोम
विप्रो भ्रमण के बाद हम होटल आ गए। विचार विमर्श कर फ़ैसला किया कि आज की रात 9 बजे हम यहां से प्रस्थान कर लें और रात भर गाड़ी चला कर हैदराबाद में विश्राम करें। ब्लॉगर मित्र विजय सप्पति जी का भी कई बार फ़ोन आ चुका था और वे रविवार को हैदराबाद में हमारी प्रतीक्षा कर रहे थे। दिन भर आराम करने के बाद हमने रात नौ बजे के आस पास होटल छोड़ दिया और वापसी के लिए गाड़ी चल पड़ी। वैसे रात का सफ़र करना तो नहीं चाहिए। परन्तु एक फ़ायदा यह रहता कि रात को ट्रैफ़िक कम रहता और सफ़र जल्दी कटता है। परन्तु नींद के झोंकों पर भी काबू करना पड़ता है।
रात का सफ़र, बैंगलोर से निकलते हुए
चलते मुझे भोजन करने की आवश्यकता महसूस नहीं हुई। पाबला जी खाने के मूड में नहीं थे क्योंकि खा लिए तो फ़िर गाड़ी चलाना मुश्किल हो जाएगा। बैंगलोर शहर के बाहर निकलते हुए हमने सोचा कि हाईवे पर कोई ढाबा मिलेगा तो खाना खा लिया जाएगा। परन्तु चलते हुए समस्या यह रहती है कि थोड़ा और चल लिया जाए, फ़िर देखा जाएगा। यही हमारे साथ हो रहा था। रात एक बजे ढाबा दिखाई दिया, हमने गाड़ी लगाई, जैसे ही भीतर प्रवेश किया तो माहौल समझ नहीं आया। हर जगह लोग दारु की बोतल लिए बैठे थे और कुछ अजीब से संदिग्ध चेहरे भी दिख रहे थे। मैं भीतर जाकर लौट आया, लम्बे सफ़र में सुरक्षा भी जरुरी होती है। पाबला जी को मना किया और गाड़ी फ़िर स्टार्ट कर ली।
रास्ते में एक मंदिर में पर्व
आगे चलकर एक स्थान पर सरदार जी का ढाबा दिखाई दिया। हमने गाड़ी वहीं रोक ली। लेमन राईस का आर्डर दे दिया, तब तक पाबला जी ने आराम कर लिया। लेमन राईस में मुंगफ़ली इतनी अधिक डाल दी कि मेरा मन उखड़ गया। पर खाना भी जरुरी था। अधूरे मन से भोजन किया और फ़िर हम आगे की यात्रा पर चल पड़े। देश में विकास हो रहा है और हाईवे बन रहे हैं। अच्छी स्पीड वाली सड़कों का निर्माण हो रहा है। हैदराबाद बैंगलोर हाईवे भी फ़ोर लाईन का बना है। परन्तु बीच का डिवाईडर पार करके कौन, कब आपकी गाड़ी के सामने आ जाए, इसका पता ब्रह्मा को भी नहीं चलता। 
जान जाए  चाहे लूले लंगड़े हों, पर सफ़र ऐसे ही करेंगे
हमने डिवाईडर पार निकलने वालों के कई एक्सीडेंट सुबह सुबह देखे, मन खराब हो गया। थोड़ी सी जल्दी मचाने के कारण लोग जान से हाथ धो बैठते हैं और सड़क दुर्घटना में सबसे अधिक जवान मौते होती हैं। पीछे माँ बाप औलादें बिलखती रह जाती है। बैरिकेट लगाकर बनाए गए हाईवे पर भी लोग घुस जाते हैं। इस यात्रा में मेरा पूरा ध्यान सड़क पर ही रहा। जहाँ भी रोड़ क्रासिंग दिखाई देती, पाबला जो हाथ का इशारा कर स्पीड कम करवाता, वरना इनसे गाड़ी एक सौ बीस से कम चलती ही नहीं है। सारी यात्रा में मेरा यही काम रहा। कभी-कभी तो मुझे भी इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़ते थे। :)
चिकनी फ़र्राटेदार सड़क
अब हमारा टारगेट हैदराबाद था, सुबह से कई बार विजय जी का फ़ोन आ चुका था, वो समझ रहे थे कि हम सुबह नाश्ते के टैम पर पहुंच जाएगें, परन्तु हम तो झपकियां लेते हुए आ रहे थे। इसलिए इतनी जल्दी पहुंचना संभव नहीं था। हम पौने एक बजे के लगभग हैदराबाद शहर में प्रवेश कर गए। विजय जी बताए पते को ढूंढते रहे, उनसे संपर्क करते हुए। उन्होंने एक ही स्थान के तीन तीन पते बता दिए, हमारा जीपीएस और कहीं ले गया। फ़िर मुड़ कर वापस आए। एक घंटे तक सिकंदराबाद कैन्ट एरिए में ही घूमते रहे, आखिर घूमते घूमते थक गए पर उनका घर का पता नहीं मिला। 
हैदराबार 82 किमी और नागपुर 562 किमी
मैने उनसे फ़ोन पर कहा कि हम हमारी जगह बता देते हैं, आप यहां आ जाओ। वे अपना पता ही बताते रहे, लेकिन घर से निकलने को तैयार नहीं हुए। मैने उनसे जी पी एस पता मांगा, वो भी नहीं दिया, जिस तरह विवेक रस्तोगी जी ने अपना जीपीएस पता दे दिया, जीपीएस में वो पता फ़ीड करते ही हम उनके घर के ठीक सामने पहुंच गए थे, किसी से पूछने की आवश्यकता नहीं पड़ी, इधर हम उनका घर ढूंढते हुए नागपुर रोड़ पर पहुंच गए। जहां से माईल स्टोन नागपुर की दूरी 500 किमी के आस पास दिखा रहा था। हम विजय जी का घर ढूंढते हुए एकदम पक चुके थे। माईल स्टोन देखकर सरदार का दिमाग सनक गया और गाड़ी नागपुर रोड़ पर बढ़ा दी। 
हैदराबाद के पार नागपुर की ओर
विजय जी का फ़िर फ़ोन आया, पूछे कहां पर हो, मैने कहा कि हम नागपुर निकल लिए और हैदराबाद से काफ़ी आगे आ चुके हैं। बोले कि मैं सुबह से इंतजार कर रहा हूँ, सारा बनाया हुआ खाना खराब हो जाएगा। मैने कहा कि अब लौटना संभव नहीं है और पाबला जी नाराज है, फ़ोन पर भी बात नहीं करेंगे। इसलिए इस मुलाकात को पेंडिग ही रखा जाए तो ठीक है। उन्होंने निराश होकर फ़ोन बंद कर दिया। नए शहर में घर तक बुलाने के लिए दो तरीके हैं, पहला तो उसे जीपीएस का अंक्षाश देशांश दे दो, जिससे वह बिना असुविधा के पते पर पहुंच जाएगा या फ़िर शहर का ऐसा कोई लैंड मार्क बता तो जहाँ तक कोइ आसानी से पहुंच जाए और उसे लेने आ जाओ। ये दोनो काम विजय जी ने नहीं किए और घर से ही निर्देश देते रहे। हमारा भी समय खराब हुआ और उनका भी खाना।
अस्ताचल  को जाता विरंचीनारायण
हैदराबाद में आराम करने का प्लान बना कर चले थे, वह फ़ेल हो गया। अब गाड़ी फ़िर हाईवे पर थी। रास्ते में एक उड़ीपी रेस्टोंरेंट में भोजन किया और आगे बढ गए। अभी भी हमको लगभग आठ सौ किमी का सफ़र करके घर पहुंचना था। रात भर गाड़ी चला कर थक चुके थे। शाम को ई टीवी की स्टेट हेड प्रियंका कौशल ने राजिम पर कार्यक्रम के प्रसारण की सूचना दी, तो कुछ मित्रों ने वीडियो बनाकर मुझे वाट्सएप पर भेज दिया। गाड़ी चलाते हुए लगातार 27 घंटे हो चुके थे, थककर बुरा हाल था, जैसे तैसे करके रात बारह बजे तक नागपुर पहुंचे और वहां रात रिश्तेदार संध्या सत्येन्द्र शर्मा जी के रात गुजारी। 
एक सेल्फ़ी हो जाए, बाय बाय दक्षिण यात्रा
यहां फ़ुल आराम कर एवं दोपहर का भोजन कर एक बजे के बाद नागपुर से निकले। शाम को भिलाई पहुंचते तक पाबला जी गाड़ी चलाने की हालत में नहीं थे। जैसे तैसे करके घर पहुंचे। मेरे पास सामान कुछ ज्यादा हो गया था। उसे लेकर बस में जाने का मेरा मन नहीं था। पाबला जी बोले कि घर पर ही रात आराम कर लो, सुबह चार बजे अभनपुर छोड़ आऊंगा। घर के समीप पहुंच कर रात रुकना मुझे जम नहीं रहा था तब हम नाम वर्मा जी को फ़ोन किया, उन्होने समस्या का हल निकाल दिया और गाड़ी लेकर पहुंच गए। इस तरह मैं रात ग्यारह बजे घर पहुंचा और हमारी दक्षिण की साप्ताहिक यात्रा निर्विघन सम्पन्न हुई।  इति दक्षिण यात्रा …

गुरुवार, 14 जुलाई 2016

राह में ऐसा भी होता है : दक्षिण यात्रा 19

होता है, होता है, ऐसा भी होता है। जब हम यात्रा पर निकलते हैं तो कई तरह की चुनौतियों का सामना भी करना पड़ता है। कुछ चुनौतियाँ प्रकृतिजन्य होती हैं, कुछ परिस्थितिजन्य तो कुछ स्वजन्य।। हम्पी से हम बेल्लारी होते हुए अनंतपुर की ओर लौट रहे थे। बेल्लारी शहर में प्रवेश करने पूर्व जीपीएस ने एक शार्टकट रास्ता दिखाया और हम उस पर ही चल पड़े। यह रास्ता ग्रामीण इलाके बीच से होकर चल रहा था। सिंगल रोड़ था, दोनो ओर खेत और हम कर्नाटक एवं आन्ध्र के सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीण अंचल से भी परिचित हो रहे थे।
ग्रामीण अंचल की सड़क एवं स्कूल से लौटते बच्चे
एक गाँव में मिर्चों के खेत दिखाई दिए, पाबला जी ने मिर्चों की फ़ोटो लेने के लिए गाड़ी रोकी। मेरा फ़ोटो लेने का मुड नहीं था, इसलिए गाड़ी में ही बैठा रहा। गाड़ी स्टार्ट थी क्योंकि एसी चल रहा था। पाबला जी फ़ोटो ले रहे थे, तभी मुझे विपरीत दिशा में कपास के खेत दिखाई दिए। मैने सोचा कि लगे हाथ कपास के खेतों की फ़ोटो ले ली जाए। कभी काम आ सकती है। मैं भी गाड़ी से बाहर आ गया और फ़ोटो लेने लगा। पाबला जी ने कैमरे से फ़ोटो लेकर उसे अपनी सीट पर रखा और दरवाजा बंद कर मोबाईल से भी फ़ोटो लेने लगे। जब मैं फ़ोटो लेकर लौटा और दरवाजा खोलने लगा तो खुला ही नहीं। मैं पाबला जी को आवाज दी, दरवाजा लॉक हो गया है। 

मिर्च के खेत
उन्होंने आकर देखा तो सारे दरवाजे लॉक हो गए हैं। गाड़ी के साथ एसी भी चालु था। अब माथे पर पसीने के साथ चिंता की लकीरें भी उभर आए। क्या किया जाए? मैने तो तत्काल निर्णय ले लिया कि अब एक बड़े पत्थर से कोई कांच फ़ोड़ा जाए और समस्या का हल निकाला जाए। पाबला जी थोड़ी देर पेड़ की नीचे खड़े रहे और मारुती एजेंसी में फ़ोन लगाया। उसने कहा कि थोड़ी देर में सोच के बताता हूँ क्या किया जाए। फ़िर उसे फ़ोन लगाया तो बोला स्केल से लॉक खुल सकता है। इतना तो हमें पता था, पर स्केल कहाँ से लाएं? हमारे सारे औजार तो गाड़ी में बंद हो चुके थे। तब मैं पास ही खेत में मिर्च तोड़ रहे लोगों के पास गया कि कोई स्केल या पट्टी मिल जाए। पर उन्हें सिर्फ़ तेलगु या कन्नड़ बोली आती थी। न वे मेरी बात समझ पाए, न मैं उन्हें समझा पाया, गाड़ी के पास लौट आया।
कपास के खेत
लगभग आधे घंटे से अधिक समय बीत चुका था। हम किंकर्तव्यविमूढ होकर सड़क पर खड़े थे। सोच रहे थे कि इस समस्या का क्या समाधान निकाला जाए। फ़िर मैने एक युटिलिटी वाहन वाले को रोका, उससे स्क्रूडायवर मांगा तो उसके पास छोटा स्क्रूडायवर मिला। ड्रायवर साईड के दरवाजे को उससे खोलने की कोशिश की। उस गाड़ी के ड्रायवर ने अपनी गाड़ी की चाबियाँ लगाकर देखी कि दरवाजा खुल जाए, पर सारे प्रयास विफ़ल रहे। आखिर निर्णय लिया गया कि पीछे के साईड कांच का रबर लॉक निकाल कर कांच निकाला जाए, फ़िर उस रास्ते से लॉक खोला जाए। स्क्रूडायवर से रबर लॉक खोला गया तो कांच बाहर आ गया।
चाबी निकालने में सहयोग देन वाले 
उस समय खेत से एक लड़का भी आ गया था, उसे गाड़ी के भीतर घुसाया गया और उसने दरवाजे की खूंटी उठाई और वह खुल गया। इस प्रक्रिया में एक घंटा लग गया। गाड़ी एक घंटे तक स्टार्ट रही। फ़िर हमने कांच का रबर लगाया और वह फ़िट हो गया। तब चलकर आगे की यात्रा प्रारंभ हुई। हुआ यूँ कि जब पाबला जी ने ड्रायवर साईड का दरवाजा खोलकर कैमरा रखा और उसे बंद किया तो झटके से लॉक की खूंटी थोड़ी सी नीचे सरक गई और गाड़ी के सभी दरवाजे लॉक हो गए। एक घंटे तक स्टार्ट गाड़ी में तेल अलग जला और समय के साथ दिमाग अलग खराब हुआ। पर हर हादसा एक सबक देता है। हमने इससे भी सीखा, सफ़र चलते एक चुनौती सामने आई और उसका हल भी ढूंढ़ा और कांच तोड़ने जैसे नुकसान से भी बचे।
ग्रामीण अंचल की बैल गाड़ी
एक घंटे की मशक्कत के बाद हमारी गाड़ी आगे बढी। पाबला जी सपाटे से ड्राईव कर रहे हैं, उनके मन में क्या चल रहा था ये तो मुझे पता नहीं, पर मैं एक घंटा बरबाद होने की सोच रहा था। क्योंकि हमें लेपाक्षी जाना था और अंधेरा होने से कुछ नहीं देख पाते। ग्रामीण इलाके की सड़क ने हमारा बहुत समय बरबाद किया। अगर इसे सकारात्मक तौर पर ले तो हमने यहां से बहुत कुछ सीखा तथा कर्नाटक एवं आंध्र की सीमा के गांव भी देख लिए। इस इलाके में बंजर जमीन बहुत अधिक है। इसलिए लोग मिर्च कपास आदि की खेती करते हैं। ग्रामीण इलाके से निकल पर हम हाईवे पर आ गए। हाईवे पर गाड़ी अपनी रफ़्तार में आ गयी। एक होटल में रुक कर भोजन किए और फ़िर लेपाक्षी की ओर चल दिए। जारी है …… आगे पढें। 

बुधवार, 13 जुलाई 2016

हम्पी की यादें लिए तेनाली राम के साथ लेपाक्षी ओर: दक्षिण यात्रा 18

प्राचीन हम्पी नगर पचीस किमी के दायरे में फ़ैला हुआ है, इसके सभी स्मारक देखने के लिए कई दिनों का समय चाहिए। हमारे पास गाड़ी थी, ठहरने खाने की व्यवस्था थी, पर समय नहीं था। इसलिए इस यात्रा को अधूरी छोड़कर ही जाना था। यहां कृष्ण मंदिर, अच्यूतानारायण मंदिर, माता मंदिर, जैन मंदिर, यल्लमा मंदिर आदि कई स्मारक हैं, जिन्हें हम नहीं देख सके। चलते चलते हमने यहाँ का पुरातत्विक संग्रहालय अवश्य देखा। यहां हम्पी से प्राप्त प्रतिमाएं रखी हुई हैं। गंगाधर को नगर के चौराहे पर छोड़ते हुए हम 11 मार्च को सुबह साढे दस बजे बेल्लारी की ओर चल दिए। फ़िर इतनी कम अवधि में हमने गुनने लायक तो हम्पी देख लिया था। 
राज कृष्ण देव राय अपनी दोनो पत्नियों चिन्ना देवी एवं तिरुमल देवी संग
विजयनगर साम्राज्य की बात हो और तेनाली राम का जिक्र न आए तो यह बहुत ना इंसाफ़ी होगी। तेनाली राम के किस्से बचपन  में पढकर बड़े हुए। वह एक चतुर व्यक्ति था, जो समस्याओं का समाधान चुटकियों में निकाल लेता था। जिस तरह अकबर ने अपने दरबार में नव रत्न नियुक्त किए थे, उसी तरफ़ राजा कृष्णदेव राय ने अपने अपने दरबार में अष्टदिग्गज नियुक्त कर रखे थे। इन्ही में से एक दिग्गज तेनाली राम था। तेनाली राम का कार्यकाल 1509 से 1529 ईस्वीं तक बताया जाता है। वह अपने बीस वर्ष के कार्यकाल में  ही इतना प्रसिद्ध हो गया कि उसे पाँच सौ वर्षों के बाद आज भी याद किया जा रहा है। 

तेनाली राम जन्म से शैव था, लेकिन बाद में उसने वैष्णव धर्म अपना लिया और अपना नाम  रामकृष्ण कर दिया।  शैव और वैष्णव उस समय में हिन्दू धर्म के दो विपरीत विपरीत संप्रदाय थे। इसका जन्म 16 वी सदी के आरम्भ में तेलगु ब्राह्मण परिवार में हुआ था।  ऐसा माना जाता है कि उनका जन्म आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के एक तेनाली नामक एक नगर में हुआ था।  तेनाली के पिताजी गरलाप्रति रमय्या तेनाली नगर के रामालिंगेश्वर स्वामी मन्दिर में पुजारी थे।  उसके पिता की मौत के बाद तेनाली राम को उसके चाचा ने पाला था | उसके जाति के धार्मिक रीती रिवाजो के कारण उन्हें शिक्षा नही दी गई।

तेनाली राम “भगवत मेला” नाम के एक प्रसिद्ध मंडली के साथ विजयनगर पहुचे।  उसके प्रदर्शन से प्रसन्न होकर कृष्णदेवराय ने उसे अपने दरबार में हास्य कवि के रूप में रख लिया और बाद में वो अष्टदिग्गज में शामिल हो गये। ऐसा माना जाता है कि तेनाली राम ने अपनी बुद्धि और रणनीति से समय समय पर विजयनगर साम्राज्य को दिल्ली सल्तनत से बचाया था। बुद्धिमता के मामले में तेनाली राम की बीरबल से तुलना कर सकते है परन्तु बीरबल की तरह तेनाली राम धनवान नही था। 

तेनालीराम के चरित्र की यह खासियत थी कि वो कभी भी बड़े से बड़े शत्रु के आगे हारा या झुका नही। हमेशा उसके पास एक ऐसा छिपा हुआ दांव रहता था, जिससे विरोधियो के छक्के छुट जाते थे। इसके अलावा तेनालीराम के पास जनता के विश्वास का सबसे बड़ा बल था। वो हर बार राजा कृष्णदेव राय को हवाई बातो से बचाकर अपनी जमीन और जनता के दुःख दर्द से जुड़े रहने को प्रेरित करता था।  इसके लिए वो हास्य का भरपूर इस्तेमाल करता था। 

तेनालीरामा अपने समय का सबसे बुद्धिमान व्यक्ति था, जिसका हमेशा अपने समय , समाज और प्रजा के हालात की नब्ज पर हाथ रहता था। तेनाली राम के काव्य पांडूरंगा महात्यम को तेलुगु साहित्य के पांच महान काव्यो में एक गिना जाता है। तेनाली राम के जीवन पर तेलगु और तमिल भाषा में नाटक भी रचे गये। तेनाली राम के किस्से भारत के सभी भाषा भाषियों की जुबान पर है। उसके किस्सों का भारत की विभिन्न भाषाओं में अनुवाद हुआ और बच्चों को उसके चतुराई भरे किस्से बड़े रोचक लगते हैं। 
बेल्लारी जिले का ग्रामीण इलाका
तेनाली राम की याद चल रही थी, हमको आज किसी भी हालत में लेपाक्षी मंदिर देखते हुए रात तक बैंगलोर पहुंचना था। गाड़ी सपाटे से चल रही थी। हमारे राड़ार पर लेपाक्षी मंदिर पहले थे उसके बाद बैंगलोर। हम्पी से बेल्लारी लगभग 60 किमी, बेल्लारी से लेपाक्षी 220 किमी तथा लेपाक्षी से बैंगलोर 125 किमी था। इस तरह हमें कुल चार सौ किमी से अधिक चलना था। बेल्लारी पहुंचने से पहले जी पी एस ने शहर से बाईपास कर दिया। हम सिंगल रोड़ पर आ गए। ग्रामीण इलाका था। सड़क किनारे गाँव और खेत। ग्रामीण इलाके में यही दिखाई देता है। इस सड़क पर हमारे साथ ऐसी दुर्घटना घट गई कि जो जिन्दगी भर के लिए सबक दे गई और कभी भूली नहीं जाएगी। जारी है आगे पढे…

मंगलवार, 12 जुलाई 2016

द्रविड़ शिल्पकला उत्कृष्ट हजार राम मंदिर : दक्षिण यात्रा 17

आरम्भ से पढ़ें
रनिवास से हम हम्पी के शाही आवासीय परिसर के प्रवेश द्वार पर स्थित हजार राम मंदिर पहुंच गए। पन्द्रहवीं सदी में कड़प्पा प्रस्तर से निर्मित यह राजा का निज मंदिर है, इस मंदिर में राजपरिवार द्वारा पूजा की जाती थी। यह जनाना आवास के समीप ही है।  कहा जाता है कि इसका निर्माण राजा कृष्णदेव राय ने अपने कार्यकाल में करवाया था।
हजार राम मंदिर का मुख्य मंडप
इसके सामने सुपारी बाजार है और मंदिर के गर्भगृह से समक्ष स्थापित गरुड़ स्तंभ दिखाई देता है। शाही आवासीय परिसर में स्थित इस मंदिर की शिल्पकला देखने लायक है। रामायण के कथानकों को भित्तियों में स्थान दिया गया है, रामकथा के हजार प्रसंगों का शिल्पाकंन करने के कारण इसे हजारराम मंदिर नाम दिया गया।
हजार राम मंदिर का महामंडप  एवं गर्भ गृह

मंदिर के गर्भगृह में वर्तमान में कोई प्रतिमा स्थापित नहीं है। मुख्य मंडप में काले ग्रेनाईट के चार अलंकृत स्तंभों का प्रयोग किया गया है। इन्हे पॉलिश करके चिकना किया गया है। इन स्तभों पर राम सीता, विष्णु, उमा महेश्वर, मुरलीधर एवं अन्य देवी देवताओं को स्थान दिया गया है। 
महामंडप के अलंकृत स्तंभ एवं गर्भगृह
मुख्य मंडप का वितान चतुष्कोणीय जिसमें सुंदर पद्मांकन किया गया है। मंदिर के मुख्यद्वार के शिलापट पर गजाभिषिक्त लक्ष्मी का अंकन है। मंदिर की बाहरी एवं भीतरी भित्तियों पर प्रचूर मात्रा में रामायण के कथानकों के साथ अन्य देवी देवताओं को भी स्थान दिया गया है। मुख्यद्वार पर एक तरफ़ महिषसुर मर्दनी एवं दूसरी तरफ़ भैरव की प्रतिमा बनाई गई है।
हजाराराम मन्दिर के द्वार पर भैरव अंकन
भगवान विष्णु को समर्पित यह भव्य मंदिर है,  इसका निर्माण राजपरिवार के धार्मिक अनुष्ठानों के लिए किया गया था। विशेष पर्वों पर आमजनता को भी इस मंदिर में दर्शन की अनुमति दी जाती रही होगी। यह मंदिर द्रविड़ शिल्पकला का अनुपम उदाहरण है। 
हजाराराम मन्दिर के द्वार पर महिषासुर मर्दनी अंकन
इसकी योजना में एक गर्भगृह, एक अंतराल, एक मुख मंडप तथा उत्तर-दक्षिण में अर्ध मंडप निर्मित हैं। पुर्व दिशा में विस्तारित सुंदर महा मंडप है। मंदिर की उत्तर दिशा में देवी का अलंकृत मंदिर भी है। हजारराम मंदिर अपने पॉलिश किए गए स्तंभों के कारण अलग पहचाना जाता है।
हजाराराम मंदिर की भित्ति पर रामायण के प्रसंगो का प्रदर्शन
भित्तियों पर अंकित प्रतिमाओं के मैने कुछ चित्र लिए, समय इतना नहीं था कि पूरी रामायण को अपने कैमरे में कैद कर सकूं। कुछ शिल्पांकन रामायण से हट कर भी दिखाई देता है, एक स्थान पर मुझे विष कन्याओं का शिल्पांकन भी दिखाई दिया। जो हाथ में फ़णीधर नाग लेकर उससे खेलती हुई दिखाई दे रही हैं। 
हजाराराम मन्दिर की भित्ति पर विष कन्या का अंकन
इसके साथ  ही सैनिक दल, आखेट, नृत्यांगनाओं एवं अन्य राजकीय गतिविधियों को भी दर्शाया गया है। हम्पी के सन्य मंदिरों की तरह इस मंदिर की छत से उपर का निर्माण ईंटों से किया गया है तथा सूर्खी एवं चूने की सहायता से प्रतिमाओं का निर्माण भी किया गया है, जो अभी क्षरित हो रही हैं। 
रामायण के प्रसंग में राजा दशरथ तीनो रानियों को यज्ञ शेष खीर का वितरण करते हुए
जिस तरह उत्तर भारत के मंदिरों में प्रत्येक मंदिर में मिथुन शिल्प को भी स्थान दिया गया है, वहीं हम्पी के मंदिरों में मिथुन प्रतिमाओं का लगभग अभाव ही है, अन्य किसी मंदिर में मुझे मिथुन प्रतिमाएं दिखाई नहीं दी। सिर्फ़ हजार राम मंदिर में अपवाद स्वरुप एक मिथुन भित्ति प्रतिमा दिखाई देती है। 
हजारराम मंदिर का इकलौता मिथुनांकन
शायद इस काल में मंदिरों में मिथुन प्रतिमाओं का अंकन कम हो गया होगा या मिथुन प्रतिमाओं के सार्वजनिक प्रदर्शन से बचा जाता होगा। कुछ भी हो सकता है, परन्तु एक मिथुन प्रतिमा का मिलना अपवाद ही माना जा सकता है। कुल मिलाकर हजार राम मंदिर द्वविड़ शिल्पकला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है। जारी है … आगे पढें

सोमवार, 11 जुलाई 2016

हम्पी के रनिवास का कमल महल एवं सुरक्षा प्रबंध : दक्षिण यात्र 16

किसी भी राज्य का सबसे सुरक्षित एवं संरक्षित स्थल रनिवास या जनानखाना हुआ करता था। ऐसा ही विजयनगर साम्राज्य में भी था। लगभग पचीस फ़ुट ऊंची पत्थर की दीवारों से घिरा हुआ जनानखाना यहां भी है। इसे किसी गढ़ के सदृश सुरक्षित बनाया गया है। 
जनानखाना हम्पी का प्रवेश द्वार
जनानखाना की सुरक्षा एवं आठों पहर निगरानी की के लिए वाच टावर बनाया हुआ है। जिस पर चढ कर दूर तक देखा जा सकता है। जनानखाना परिसर काफ़ी बड़ा है, इसमें रानी महल एवं कमल महल प्रसिद्ध है। इसके के समीप ही कोषागार स्थित है तथा कमल महल के पीछे हाथी खाना भी है। जहाँ राजकीय हाथी रखे जाते थे।

जनानखाना हम्पी में कमल महल का द्वितलीय भवन
जनानखाना में प्रवेश के लिए छोटा सा द्वार है। यहां प्रवेश शुल्क लिया जाता है। रानी महल का सिर्फ़ अधिष्ठान ही दिखाई देता है। बाकी भवन तो नष्ट हो चुका है। जनानखाना में महिलाओं के उत्सव मनाए जाते थे तथा यह राजपरिवार की महिलाओं के ग्रीष्मकालीन निवास के रुप में भी प्रयुक्त होता था।
कमल महल एवं सुरक्षा स्तंभ
यहां आमोद प्रमोद के साधन भी उपलब्ध कराए जाते थे। जिससे जनानखाना की महिलाओं का मनोरंजन होता रहे। जनानखाने में दर्शनीय सिर्फ़ कमल महल ही है। यही भवन बचा हुआ है, वरना सभी नष्ट हो गए। भारतीय एवं इस्लामिक शैली के मिश्रण निर्मित किया गया है।
प्रस्तर परकोटे से घिरा हुआ कमल महल
कमल महल को वास्तुकार ने ग्रीष्मकालीन भवन के रुप में निर्मित किया है। इसकी भित्तियों में सिरेमिक की नालियां बनाकर स्थापित की गई हैं, जिसमें सायफ़न पद्धति से जल प्रवाह बनता था और भवन ग्रीष्मकाल में शीतल रहता था। यह दुमंजिला भवन है। इसकी छत का निर्माण मेहराबों पर हुआ है। 
रानी महल के अवशेष एवं वाच टावर
भवन के निर्माण में ईंटों एवं चूने सुर्खी का प्रयोग किया गया है। द्वारों पर पुष्प वल्लरियों का सुंदर अलंकरण किया गया है। इन द्वारों के इस हिसाब से बनाया गया कि निरंतर वायु का प्रवाह बना रहे। जिससे भवन गर्म न हो। इस भवन की छत कमल की पंखुड़ियों जैसे निर्मित की गई हैं, इसलिए इसे कमल महल कहा जाता है।
कमल महल का वातानुकूलन प्रबंध
इस भवन में एक विशिष्टता मुझे यह दिखाई दी कि इन्डो इस्लामिक शैली में निर्मित होने के बाद भी इसके द्वार शीर्ष पर कीर्तिमुख का अंकन किया गया है। कीर्तिमुख के निर्माण का विधान सिर्फ़ शिवालयों में ही दिखाई देता था। कीर्तिमुख शिवगण है तथा शिव से वरदान प्राप्त  होने के पश्चात ही इसे मंदिरों की भित्ति में स्थान मिला। हो सकता है कि इस भवन का उपयोग रनिवास में धार्मिक कर्मकाण्डों एवं उत्सवों के लिए किया जाता रहा होगा, क्योंकि निवास भवनों में कीर्तिमुख अलंकरण का विधान नहीं है। जहाँ देव स्थापित हो वहीं कीर्तिमुख रहते हैं।
कमल महल के द्वार शीर्ष पर कीर्तिमुख अलंकरण
हम्पी सम्पन्न राज्य था, यहां की सड़कों पर बेशकीमती पत्थरों की दुकाने लगा करती थी। देश विदेश से व्यापारी अपनी श्रेष्ठतम वस्तुएं यहां विक्रय के लिए प्रदर्शित करते थे। जिस तरह मुगलों के समय में रनिवास में मीना बाजार लगाया जाता था उसी तरह यहां के रनिवास में मीना बाजार लगाया जाता रहा होगा। जिससे जनानखाने के लिए स्त्रियां अपनी पसंद का सामान खरीद सकें।

कमल महल का वातानुकूलन प्रबंध
हम्पी में धन और वैभव की कोई कमी नहीं थी। विट्ठल मंदिर एवं महानवमी दिब्बा की भित्तियों पर विदेशी व्यापारियों को प्रदर्शित किया है। इससे तय है कि यहां विदेशी व्यापारियों की पहुच हम्पी तक थी। बेशकीमती सामान एवं राज परिसर की स्त्रियों की सुरक्षा के लिए जनानखाने को सुरक्षित निर्मित किया गया है। जारी है… आगे पढें।

रविवार, 10 जुलाई 2016

रामायणकालीन किष्किन्धा (हम्पी) एवं उसकी जलप्रबंधन प्रणाली : दक्षिण यात्रा 15

आरम्भ से पढ़ें
हम्पी के विषय में मान्यता है कि यह रामायण काल का वानर राज्य किष्किन्धा है। शायद इसकी वजह यहाँ के वानर रहे होगें। हम जानते हैं कि हम्पी मंदिरों का शहर है, पम्पा का अपभ्रंश हम्पी नाम है। पम्पा तुंगभद्रा नदी का पुराना नाम है। हम्पी इसी नदी के किनारे बसा हुआ है। हम्पी से पहले एनेगुंदी विजयनगर की राजधानी हुआ करती थी। हम्पी को राजधानी बनाने के पीछे मूल कारण यहाँ की भौगौलिक संरचना है। चारों तरफ़ पहाड़ी से घिरे होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से इसे बसाया गया तथा राजधानी के लिए जल उपलब्ध कराने के लिए तुंगभद्रा नदी भी थी। मनुष्य को जीवन रक्षा के लिए जल की आवश्यकता होती है, जहाँ प्रचूर मात्रा में जल उपलब्ध हो और सामरिक दृष्टि से सुरक्षित हो ऐसे स्थान पर ही राजधानी बनाई जाती थी।
हम्पी नगर का माडल जिसके माध्यम से जलापुर्ति प्रबंध को बताया गया है।
हम्पी बहुत बड़ा नगर है, कल्पना से भी बड़ा। इसकी तुलना रोम से की जा सकती है। भवनों एवं मंदिरों का नगर है यह। विशाल क्षेत्र में जल पहुंचाने के लिए जल प्रबंधन प्रणाली का विकास बहुत ही नायाब तरीके से किया गया है। यहाँ का जल प्रबंधन तत्कालीन अभियांत्रिकी बड़ी मिशाल है। कर्नाटक की सबसे बड़ी नदी तुंगभद्रा इसी भूभाग से बहती है और इस भूभाग की संरचना ऐसी है कि बहती हुई नदी अचानक अपनी ऊंचाई खोकर नीचे की ओर आती है, परिणामतः यह अत्यधिक गति पकड़ लेती है और प्रचंड वेग से बहती है। बस इसी वेग का सदूपयोग यहाँ की जटिल जल प्रणाली को संचालित करने के लिए किया गय।
प्रणालिकाओं के माध्यम से तुंगभद्रा नदी जल वितरण प्रबंध

पत्थर की नालियाँ बनाकर शाही इलाके में जल लाया गया। नदी के वेग का उपयोग कर मुख्य प्रणालिका द्वारा जल शहर में आता था तथा उसके पश्चात अन्य लघु प्रणालिकाओं द्वारा इसे विभाजित कर अन्य स्थानों पर भेजा जाता था। विरुपाक्ष मंदिर में विशाल पाकशाला है। एक समय में यहाँ हजारों लोगों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था होती थी, तुंगभद्रा नदी का शीतल जल प्रणालिकाओं के माध्यम में पाकशाला में निरंतर वर्तमान में भी प्रवाहित हो रहा है। पाकशाला में जल की व्यवस्था करने के लिए किसी कुंए या बावड़ी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
विरुपाक्ष मंदिर के भोजनालय में प्रणालिका के माध्यम से तुंगभद्रा से सतत जलापूर्ति
प्रणालिकाओं से नदी का जल शहर में लाकर उसे लघु प्रणालिकाओं द्वारा विभाजित कर पुष्करी को भी भरा जाता था। शाही आवास क्षेत्र में काले कड़प्पा पत्थर से निर्मित एक सुंदर पुष्करी है, जिसे नदी के जल से भरने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद आवास क्षेत्र के मध्य में एक कुंआ है जिसे नदी के जल से भर दिया जाता था। उसके पश्चात कुंए के जल का उपयोग किया जाता था। कुंए से जल निकाल कर प्रणालिकाओं के माध्यम से आगे बढा दिया जाता था। इससे राज निवास, सैनिक छावनी, महानवमी दिब्बा, अंत:पुर एवं अन्य आवासों तक समुचित व्यवस्था की जाती थी। 
की होल कूप हम्पी
शाही आवास के मध्य में मुख्य मार्ग के समीप घुड़साल है, जहाँ आगंतुक अपने अश्वों को बांध कर विश्राम देते थे। यहाँ पर लगभग 40 फ़ुट लम्बे एकाश्म पत्थर की नांद (खेळ) रखी हुई है, जिसका उपयोग पशुओं की प्यास बुझाने के लिए किया जाता था। हम्पी नगर में एक शानदार तकनीक का उपयोग कर जल प्रबंधन किया गया है। यहाँ राजधानी का निर्माण करना तुलुवा वंश के शासकों के लिए दूर दृष्टि का परिचायक था। विजय नगर साम्राज्य सारे दक्षिण में छा गया और एक सुदृढ़ राज्य बना, भले की कालखंड पृथक हो परन्तु मगध से कम करके नहीं आँका जा सकता। जारी है आगे पढें…

शनिवार, 9 जुलाई 2016

पत्थर के दरवाजे एवं खराद का प्राचीन कार्य : दक्षिण यात्रा 14

हम्पी यात्रा कई मायनों में सार्थक रही, कुछ ऐसी चीजें देखने मिली जो अन्य स्थानों पर दिखाई नहीं देती। विजयनगर साम्राज्य का वैभव एवं उसके भवनों की भव्यता आज भी दिखाई देती है और पर्यटक को विस्मित कर देती है। यहां के निर्माणों को देखकर उसे सोचना पड़ता है कि इसका निर्माण मनुष्यों द्वारा ही किया गया है या किसी अन्य ग्रह के प्राणियों द्वारा। वैसे भी वर्तमान में डिस्कवरी चैनल पर तो इस तरह के निर्माणों को सीधे-सीधे ही परग्रहियों द्वारा निर्मित करार दे दिया जाता है और मनुष्य के कार्यों पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया जाता है।
हम्पी स्थित प्रस्तर द्वार
हम्पी का राजनिवास 59000 मीटर के क्षेत्र में फ़ैला हुआ है, यह विजयनगर का पुरातन हिस्सा है, जिसमें हरिहर बुक्का से लेकर राजा कृष्ण देव राय द्वारा निर्मित भवनों का जखीरा है। यह एक आहते से घिरा हुआ जिसमें तैतालिस भवन हैं। यह क्षेत्र ऊंची दोहरी दीवारों से घिरा हुआ है। आहते में तीन प्रवेश द्वार हैं, दो द्वार उत्तर एवं एक द्वार पश्चिम में। यहीं से आहते में प्रवेश के लिए मुख्यद्वार है तथा इसके समीप ही नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव मनाने के लिए विशाल मंच बनाया गया है जिसे "महानवमी डिब्बा" कहते हैं। इस मंच पर ही उत्सव के कार्यक्रम होते थे। 
हम्पी स्थित प्रस्तर द्वार
इसके समीप ही कड़प्पा पत्थर से निर्मित दो किवाड़ रखे हुए हैं। इनकी ऊंचाई लगभग 13 फ़ुट एवं चौड़ाई साढे तीन फ़ुट (बंद होने पर लगभग सात फ़ुट) होगी। ये दरवाजे बेड़ीदार बने हुए हैं। आज भी छत्तीसगढ़ अंचल में बबूल की लकड़ी के इस तरह के किवाड़ों (नौबेड़िया) का ग्रामीण अंचल में बहुतायत से उपयोग होता है। इस पत्थर के किवाड़ों का निर्माण शिल्पकार ने बड़ी कुशलता से किया है। दूर से देखने से प्रतीत नहीं होता कि ये किवाड़ पत्थर के होगें। लकड़ी द्वारा निर्मित किवाड़ो की सभी बारीकियों को कील समेत कुशलता से उकेरा गया है। चौखट में स्थापित करने के लिए इनमें नीचे तरफ़ मोटी कील बनाई गई हैं तथा पीछे की तरफ़ बंद करने के लिए अर्गल लगाने के छेद भी बनाए गए हैं।
हम्पी स्थित प्रस्तर द्वार
कहते हैं कि इस किवाड़ों का उपयोग आहते में प्रवेश करने वाले मुख्यद्वार में किया गया था। इसको खोलने एवं बंद करने के लिए हाथियों का उपयोग किया जाता था। इसे खोलना एवं बंद करना आदमी के बस की बात नहीं थी। परन्तु इन किवाड़ों के अवलोकन के पश्चात मुझे नहीं लगा कि कभी इनका उपयोग किया गया होगा। क्योंकि किवाड़ों में बनी धूरी (कील) में चिकनाई नहीं थी। वह वैसी ही खुरदरी हैं जैसी निर्माण के समय होगी। अगर इन किवाड़ों का उपयोग किया गया होता तो इनकी धूरी खोलने एवं बंद करने के घर्षण के कारण चिकनी होती। जब यह जानने के लिए मैंने धूरी का स्पर्श किया तो बस मुझे यही बात खटक गई थी। हो सकता है इन किवाड़ों का उपयोग छद्म द्वार के रुप में या दिखावटी द्वार के रुप में किया गया हो।
लेथ (खराद) मशीन में निर्मित होता स्तंभ
राजाओं नें हम्पी में जो निर्माण कार्य किए उसको देखकर देशी-विदेशी चकित रह जाते हैं। विशालकाय एकाश्म शिलाओं की प्रतिमाओं के साथ भव्य मंदिरों एवं भवनों का भी निर्माण हुआ। मंदिरों के निर्माण में विशेषता दिखाई देती है। कई मंदिरों के स्तंभ गोलाकार एवं खरादे हुए हैं। इन स्तभों का निर्माण काले कणाश्म (कड़प्पा) पाषाणों से हुआ है। इन स्तंभों को देख कर मैं सोच रहा था कि इनका निर्माण कैसे किया गया होगा?
लेथ (खराद) मशीन एवं उसपे निर्माण कार्य
हम्पी भ्रमण के दौरान मुझे इसके प्रमाण अनायास ही मिल गए, ढूंढने के लिए अधिक श्रम नहीं करना पड़ा। दशहरा उत्सव स्थल के समीप मुख्य मार्ग पर अपराधियों को सजा देने के लिए लगाए गए स्तंभों के मध्यम में दो पत्थर रखे हुए हैं, जिन पर खराद (लेथ) करने के चिन्ह दिखाई दे रहे थे। इन्हें देखने के पता चलता है कि लगभग 15 फ़ुट लम्बाई एवं 3X3 फ़ुट के प्रस्तरों का वजन सहने लायक वह कौन सी खराद मशीन होगी, जिस पर इन स्तंभों को तराशा गया होगा और उसके संचालन के लिए कौन सी उर्जा का उपयोग किया गया होगा?
हम्पी के राजमार्ग पर स्तम्भ अवसेष
भारत में लोहे की खोज बहुत पहले हो गई थी। लोहे से इस्पात भी बनाया जाने लगा था। दक्षिण की दमिश्त तलवारें विश्व प्रसिद्ध थी, उनकी धार एवं मजबूती का लोहा दुनिया मानती थी और यहाँ से उनका निर्यात भी बड़ी मात्रा में होता था। खराद मशीन के निर्माण के लिए इसी लोहे का प्रयोग किया गया होगा तथा चक्र की योजना से खराद बना कर इन स्तभों को कुशल कारीगरों द्वारा तराशा गया होगा। वर्तमान में कणाश्म (ग्रेनाईट) पाषाण को काटने के लिए डायमंड कटर का उपयोग किया जाता है, तब कहीं जाकर यह कठोर पाषाण कटता है। 
लेथ से खरादे गए स्तंभ हम्पी
पन्द्रहवीं शताब्दी में कारीगरों ने ग्रेनाईट काटने के लिए मजबूत लोहे के औजार बनाए और उनसे इन पत्थरों को तराशा। यह उस काल की आश्चर्यचकित करने वाली उत्तम तकनीक थी। विशाल चट्टानों को मशीन पर रज्जु चक्र यंत्र (चैन कुप्पी) की मदद से स्थापित किया जाता होगा और उसका सेंटर लेकर मशीन में बांधा जाता होगा। पन्द्रहवीं सदी में विद्युत का अविष्कार नहीं हुआ था इसलिए मशीन को चलाने के लिए पशुबल का उपयोग किया जाता था। जिस तरह तेल निकालने की मशीन या रहट चलाने के लिए चक्रों का प्रयोग किया जाता था उसी प्रकार इस मशीन को चलाने के लिए चक्रों का प्रयोग किया गया होगा एवं पशुओं के बल से मशीन संचालित होती होगी।
वृषभ शक्ति से चलित जयगढ़ राजस्थान की प्राचीन लेथ (खराद)
इस मशीन का जीवंत उदाहरण हमें राजस्थान के जयपुर के जयगढ़ दुर्ग 1726 ईं में दिखाई देता है। यहाँ विश्व की सबसे बड़ी तोप "जय बाण" का निर्माण हुआ था। दुर्ग के भीतर तोप बनाने का कारखाना है, जिसमें तोप की ढलाई के बाद उसे वास्तविक रुप देने एवं उसमें छेद करने के लिए पशु संचालित खराद मशीन का उपयोग किया गया था। यह मशीन बैलों से चलती थी। इसे आज भी सुरक्षित रखा गया है। मशीन संचालन की प्रणाली जानने के लिए यह एक अच्छा उदाहरण है। कई वर्षों पहले मैने इस मशीन को देखा था और इसकी संचालन की प्रणाली को समझा था। लकड़ी, लोहे तथा पत्थर को तराशने के लिए खराद मशीन का अविष्कार निर्माण कार्य में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया होगा।  जारी है आगे पढें।

गुरुवार, 7 जुलाई 2016

विजयनगर साम्राज्य का समृद्ध इतिहास : दक्षिण यात्रा 13

चलते-चलते एक नजर विजयनगर साम्राज्य के इतिहास पर भी डालते हैं। वर्तमान के खंडहरों में जो विजयनगर राज्य का वैभव दिखाई देता है, उसे बनाने में कई पीढिया बीत गई। तब कहीं जाकर आज भव्य भवन, सुव्यवस्थित बाजार, नगर सुरक्षा, जल प्रबंधन, नगर प्रबंधन, सैनिक छावनी, शस्त्रागार, अन्नागार, वास्तु शिल्प एवं प्रतिमा शिल्प दिखाई दे रहा है। अगर उस काल में किसी भी राजा ने देखा होगा तो इसी तरह की राजधानी बनाने की कल्पना की होगी और यहाँ के एश्वर्य से अचम्भित अवश्य हुआ होगा। विजयनगर साम्राज्य (1336-1646) मध्यकालीन दक्षिण भारत का एक साम्राज्य था। इसके राजाओं ने 310 वर्ष राज किया। 
विरुपाक्ष मंदिर के पुजारी एवं कथा का सुत्रधार ब्लॉगर
विजयनगर राज्य का वास्तविक नाम कर्णाटक साम्राज्य था। इसकी स्थापना हरिहर प्रथम और बुक्का राय प्रथम नामक दो भाइयों ने की थी। दोनो भाई युद्ध प्रेमी एवं कुशल रणनीतिकार थे पुर्तगाली इसे बिसनागा राज्य के नाम से जानते थे।इस राज्य की 1567 में भारी पराजय हुई और राजधानी विजयनगर को जला दिया गया। उसके पश्चात क्षीण रूप में यह और 80 वर्ष चला। राजधानी विजयनगर के अवशेष आधुनिक कर्नाटक राज्य में हम्पी शहर के निकट पाये गये हैं और यह एक विश्व विरासत स्थल है। पुरातात्त्विक खोज से इस साम्राज्य की शक्ति तथा धन-सम्पदा एवं वैभव का पता चलता है।
विजयनगर साम्राज्य की भव्यता की दास्तान कहते खंडहर
विजयनगर राज्य में चार विभिन्न वंशों ने शासन किया। प्रत्येक वंश में प्रतापी एवं शक्तिशाली नरेशों की कमी न थी। युद्धप्रिय होने के अतिरिक्त, सभी हिंदू संस्कृति के रक्षक थे। स्वयं कवि तथा विद्वानों के आश्रयदाता थे। हरिहर तथा बुक्क संगम नामक व्यक्ति के पुत्र थे अतएव उन्होंने संगम सम्राट् के नाम से शासन किया। विजयनगर राज्य के संस्थापक हरिहर प्रथम ने थोड़े समय के पश्चात् अपने वरिष्ठ तथा योग्य बंधु को राज्य का उत्तराधिकारी घोषित किया। संगम वंश के तीसरे प्रतापी नरेश हरिहर द्वितीय ने विजयनगर राज्य को दक्षिण का एक विस्तृत, शक्तिशाली तथा सुदृढ़ साम्राज्य बना दिया।
शाही आवास क्षेत्र विजयनगर साम्राज्य ह्म्पी
हरिहर द्वितीय के समय में सायण तथा माधव ने वेद तथा धर्मशास्त्र पर निबंधरचना की। उनके वंशजों में द्वितीय देवराय का नाम उल्लेखनीय है जिसने अपने राज्याभिषेक के पश्चात् संगम राज्य को उन्नति का चरम सीमा पर पहुँचा दिया। मुसलमानी रियासतों से युद्ध करते हुए, देबराय प्रजापालन में संलग्न रहा। राज्य की सुरक्षा के निमित्त तुर्की घुड़सवार नियुक्त कर सेना की वृद्धि की। उसके समय में अनेक नवीन मंदिर तथा भवन बने। दूसरा राजवंश सालुव नाम से प्रसिद्ध था। इस वंश के संस्थापक सालुब नरसिंह ने 1487 से 1490 ई. तक शासन किया। उसने शक्ति क्षीण हो जाने पर अपने मंत्री नरस नायक को विजयनगर का संरक्षक बनाया।
स्तंभ एवं भग्नावशेष विजाय्नगर साम्राज्य हम्पी
यही नरस नायक, तुलुव वंश का प्रथम शासक माना गया है। उसने 1490 से 1509 ई. तक शासन किया और दक्षिण में कावेरी के सुदूर भाग पर भी विजयदुंदुभी बजाई। तुलुब वंशज कृष्णदेव राय का नाम गर्व से लिया जाता है। उसने 1509 से 1539 ई. तक शासन किया। वह महान प्रतापी, शक्तिशाली, शांतिस्थापक, सर्वप्रिय, सहिष्णु और व्यवहारकुशल शासक था। उसने नायक लोगों को दबाया, उड़ीसा पर आक्रमण किया और दक्षिण के भूभाग पर अपना अधिकार स्थापित किया। सोलहवीं सदी में यूरोप से पुर्तगाली भी पश्चिमी किनारे पर आकर डेरा डाल चुके थे। उन्होंने कृष्णदेव राय से व्यापारिक संधि की जिससे विजयनगर राज्य की श्रीवृद्धि हुई।
विहंगम दृश्य विजयनगर साम्राज्य ह्म्पी
तुलुव वंश का अंतिम राजा सदाशिव परंपरा को कायम न रख सका। सिंहासन पर रहते हुए भी उसका सारा कार्य रामराय द्वारा संपादित होता था। सदाशिव के बाद रामराय ही विजयनगर राज्य का स्वामी हुआ और इसे चौथे वंश अरवीदु का प्रथम सम्राट् मानते हैं। रामराय का जीवन कठिनाइयों से भरा पड़ा था। शताब्दियों से दक्षिण भारत के हिंदू नरेश इस्लाम का विरोध करते रहे, अतएव बहमनी सुल्तानों से शत्रुता बढ़ती ही गई। मुसलमानी सेना के पास अच्छी तोपें तथा हथियार थे, इसलिए विजयनगर राज्य के सैनिक इस्लामी बढ़ाव के सामने झुक गए। विजयनगर शासकों द्वारा नियुक्त मुसलमान सेनापतियों ने राजा को घेरवा दिया अतएव सन् 1565 ई. में तलिकोट के युद्ध में रामराय मारा गया। मुसलमानी सेना ने विजयनगर को नष्ट कर दिया जिससे दक्षिण भारत में भारतीय संस्कृति की क्षति हो गई। 
विरुपाक्ष मंदिर के समक्ष स्थापित भव्य नंदी
अरवीदु के निर्बल शासकों में भी वेकंटपतिदेव का नाम विशेषतया उल्लेखनीय है। उसने नायकों को दबाने का प्रयास किया था। बहमनी तथा मुगल सम्राट् में पारस्परिक युद्ध होने के कारण वह मुसलमानी आक्रमण से मुक्त हो गया था। इसके शासनकाल की मुख्य घटनाओं में पुर्तगालियों से हुई व्यापारिक संधि थी। शासक की सहिष्णुता के कारण विदेशियों का स्वागत किया गया और ईसाई पादरी कुछ सीमा तक धर्म का प्रचार भी करने लगे। वेंकट के उत्तराधिकारी निर्बल थे। शासक के रूप में वे विफल रहे और नायकों का प्रभुत्व बढ़ जाने से विजयनगर राज्य का अस्तित्व मिट गया।
सुरक्षा चौकी विजयनगर साम्राज्य हम्पी
विजयनगर के शासक गण राज्य के सात अंगों में कोष को ही प्रधान समझते थे। उन्होंने भूमि की पैमाइश कराई और बंजर तथा सिंचाइवाली भूमि पर पृथक्-पृथक् कर बैठाए। चुंगी, राजकीय भेंट, आर्थिक दंड तथा आयात पर निर्धारित कर उनके अन्य आय के साधन थे। विजयनगर एक युद्ध राज्य था अतएव आय का दो भाग सेना में व्यय किया जाता, तीसरा अंश संचित कोष के रूप में सुरक्षित रहता और चौथा भाग दान एवं महल संबंधी कार्यों में व्यय किया जाता था। इन शासको में कृष्णदेव राय का नाम अग्रणी रुप से लिया जाता है और कहा जाए तो उनका शासन विजयनगर साम्राज्य का स्वर्ण काल था।  जारी है आगे पढें…