हैदराबाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हैदराबाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 16 जुलाई 2016

हैदराबाद में भटक कर ब्लॉगर पहुंचे अपने धाम : दक्षिण यात्रा सम्पन्न 21

आज का दिन हमने विप्रो भ्रमण के लिए नियत किया था। बाहरी आगंतुकों को शनिवार को इस परिसर में प्रवेश दिया जाता है। इसके लिए बाकायदा पहले से अनुमति लेने की आवश्यकता पड़ती है। उसके बाद वहां से परिचय पत्र जारी किया जाता है, उसे लेकर ही परिसर में प्रवेश दिया जाता है। जाहिर है विप्रो बड़ी कम्पनी है और इसने अपने कर्मचारियों के लिए परिसर में दोस्ताना वातावरण निर्मित कर रखा है, जिसमें बहुत बड़ी कैंटिन, बगीचा एवं ओपन थियेटर भी है। 
विप्रो बैंगलोर में पाबला जी के साथ
हम लगभग एक बजे विप्रो पहुंच गए। एक लम्बे सफ़र के बाद सुबह उठने में विलंब हो गया। यहां एक आकर्षक डोम बना हुआ है, जिसकी छत में कांच लगे हुए हैं, यह बहुत ही सुंदर दिखाई देता है। हमने दोपहर का नाश्ता यहां की कैंटीन में ही किया और परिसर का भ्रमण किया। विप्रो ने अपने परिसर में खूब हरियाली कर रखी है। बैगलोर जैसे शहर में शुद्ध वायु एवं वातावरण के लिए इसकी निहायत ही आवश्यकता दिखाई देती है। अन्य कम्पनियों और कारखानों को भी इससे सीख लेनी चाहिए कि कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढाने के लिए अच्छे माहौल की आवश्यकता पड़ती है।
विप्रो का ग्लास डोम
विप्रो भ्रमण के बाद हम होटल आ गए। विचार विमर्श कर फ़ैसला किया कि आज की रात 9 बजे हम यहां से प्रस्थान कर लें और रात भर गाड़ी चला कर हैदराबाद में विश्राम करें। ब्लॉगर मित्र विजय सप्पति जी का भी कई बार फ़ोन आ चुका था और वे रविवार को हैदराबाद में हमारी प्रतीक्षा कर रहे थे। दिन भर आराम करने के बाद हमने रात नौ बजे के आस पास होटल छोड़ दिया और वापसी के लिए गाड़ी चल पड़ी। वैसे रात का सफ़र करना तो नहीं चाहिए। परन्तु एक फ़ायदा यह रहता कि रात को ट्रैफ़िक कम रहता और सफ़र जल्दी कटता है। परन्तु नींद के झोंकों पर भी काबू करना पड़ता है।
रात का सफ़र, बैंगलोर से निकलते हुए
चलते मुझे भोजन करने की आवश्यकता महसूस नहीं हुई। पाबला जी खाने के मूड में नहीं थे क्योंकि खा लिए तो फ़िर गाड़ी चलाना मुश्किल हो जाएगा। बैंगलोर शहर के बाहर निकलते हुए हमने सोचा कि हाईवे पर कोई ढाबा मिलेगा तो खाना खा लिया जाएगा। परन्तु चलते हुए समस्या यह रहती है कि थोड़ा और चल लिया जाए, फ़िर देखा जाएगा। यही हमारे साथ हो रहा था। रात एक बजे ढाबा दिखाई दिया, हमने गाड़ी लगाई, जैसे ही भीतर प्रवेश किया तो माहौल समझ नहीं आया। हर जगह लोग दारु की बोतल लिए बैठे थे और कुछ अजीब से संदिग्ध चेहरे भी दिख रहे थे। मैं भीतर जाकर लौट आया, लम्बे सफ़र में सुरक्षा भी जरुरी होती है। पाबला जी को मना किया और गाड़ी फ़िर स्टार्ट कर ली।
रास्ते में एक मंदिर में पर्व
आगे चलकर एक स्थान पर सरदार जी का ढाबा दिखाई दिया। हमने गाड़ी वहीं रोक ली। लेमन राईस का आर्डर दे दिया, तब तक पाबला जी ने आराम कर लिया। लेमन राईस में मुंगफ़ली इतनी अधिक डाल दी कि मेरा मन उखड़ गया। पर खाना भी जरुरी था। अधूरे मन से भोजन किया और फ़िर हम आगे की यात्रा पर चल पड़े। देश में विकास हो रहा है और हाईवे बन रहे हैं। अच्छी स्पीड वाली सड़कों का निर्माण हो रहा है। हैदराबाद बैंगलोर हाईवे भी फ़ोर लाईन का बना है। परन्तु बीच का डिवाईडर पार करके कौन, कब आपकी गाड़ी के सामने आ जाए, इसका पता ब्रह्मा को भी नहीं चलता। 
जान जाए  चाहे लूले लंगड़े हों, पर सफ़र ऐसे ही करेंगे
हमने डिवाईडर पार निकलने वालों के कई एक्सीडेंट सुबह सुबह देखे, मन खराब हो गया। थोड़ी सी जल्दी मचाने के कारण लोग जान से हाथ धो बैठते हैं और सड़क दुर्घटना में सबसे अधिक जवान मौते होती हैं। पीछे माँ बाप औलादें बिलखती रह जाती है। बैरिकेट लगाकर बनाए गए हाईवे पर भी लोग घुस जाते हैं। इस यात्रा में मेरा पूरा ध्यान सड़क पर ही रहा। जहाँ भी रोड़ क्रासिंग दिखाई देती, पाबला जो हाथ का इशारा कर स्पीड कम करवाता, वरना इनसे गाड़ी एक सौ बीस से कम चलती ही नहीं है। सारी यात्रा में मेरा यही काम रहा। कभी-कभी तो मुझे भी इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़ते थे। :)
चिकनी फ़र्राटेदार सड़क
अब हमारा टारगेट हैदराबाद था, सुबह से कई बार विजय जी का फ़ोन आ चुका था, वो समझ रहे थे कि हम सुबह नाश्ते के टैम पर पहुंच जाएगें, परन्तु हम तो झपकियां लेते हुए आ रहे थे। इसलिए इतनी जल्दी पहुंचना संभव नहीं था। हम पौने एक बजे के लगभग हैदराबाद शहर में प्रवेश कर गए। विजय जी बताए पते को ढूंढते रहे, उनसे संपर्क करते हुए। उन्होंने एक ही स्थान के तीन तीन पते बता दिए, हमारा जीपीएस और कहीं ले गया। फ़िर मुड़ कर वापस आए। एक घंटे तक सिकंदराबाद कैन्ट एरिए में ही घूमते रहे, आखिर घूमते घूमते थक गए पर उनका घर का पता नहीं मिला। 
हैदराबार 82 किमी और नागपुर 562 किमी
मैने उनसे फ़ोन पर कहा कि हम हमारी जगह बता देते हैं, आप यहां आ जाओ। वे अपना पता ही बताते रहे, लेकिन घर से निकलने को तैयार नहीं हुए। मैने उनसे जी पी एस पता मांगा, वो भी नहीं दिया, जिस तरह विवेक रस्तोगी जी ने अपना जीपीएस पता दे दिया, जीपीएस में वो पता फ़ीड करते ही हम उनके घर के ठीक सामने पहुंच गए थे, किसी से पूछने की आवश्यकता नहीं पड़ी, इधर हम उनका घर ढूंढते हुए नागपुर रोड़ पर पहुंच गए। जहां से माईल स्टोन नागपुर की दूरी 500 किमी के आस पास दिखा रहा था। हम विजय जी का घर ढूंढते हुए एकदम पक चुके थे। माईल स्टोन देखकर सरदार का दिमाग सनक गया और गाड़ी नागपुर रोड़ पर बढ़ा दी। 
हैदराबाद के पार नागपुर की ओर
विजय जी का फ़िर फ़ोन आया, पूछे कहां पर हो, मैने कहा कि हम नागपुर निकल लिए और हैदराबाद से काफ़ी आगे आ चुके हैं। बोले कि मैं सुबह से इंतजार कर रहा हूँ, सारा बनाया हुआ खाना खराब हो जाएगा। मैने कहा कि अब लौटना संभव नहीं है और पाबला जी नाराज है, फ़ोन पर भी बात नहीं करेंगे। इसलिए इस मुलाकात को पेंडिग ही रखा जाए तो ठीक है। उन्होंने निराश होकर फ़ोन बंद कर दिया। नए शहर में घर तक बुलाने के लिए दो तरीके हैं, पहला तो उसे जीपीएस का अंक्षाश देशांश दे दो, जिससे वह बिना असुविधा के पते पर पहुंच जाएगा या फ़िर शहर का ऐसा कोई लैंड मार्क बता तो जहाँ तक कोइ आसानी से पहुंच जाए और उसे लेने आ जाओ। ये दोनो काम विजय जी ने नहीं किए और घर से ही निर्देश देते रहे। हमारा भी समय खराब हुआ और उनका भी खाना।
अस्ताचल  को जाता विरंचीनारायण
हैदराबाद में आराम करने का प्लान बना कर चले थे, वह फ़ेल हो गया। अब गाड़ी फ़िर हाईवे पर थी। रास्ते में एक उड़ीपी रेस्टोंरेंट में भोजन किया और आगे बढ गए। अभी भी हमको लगभग आठ सौ किमी का सफ़र करके घर पहुंचना था। रात भर गाड़ी चला कर थक चुके थे। शाम को ई टीवी की स्टेट हेड प्रियंका कौशल ने राजिम पर कार्यक्रम के प्रसारण की सूचना दी, तो कुछ मित्रों ने वीडियो बनाकर मुझे वाट्सएप पर भेज दिया। गाड़ी चलाते हुए लगातार 27 घंटे हो चुके थे, थककर बुरा हाल था, जैसे तैसे करके रात बारह बजे तक नागपुर पहुंचे और वहां रात रिश्तेदार संध्या सत्येन्द्र शर्मा जी के रात गुजारी। 
एक सेल्फ़ी हो जाए, बाय बाय दक्षिण यात्रा
यहां फ़ुल आराम कर एवं दोपहर का भोजन कर एक बजे के बाद नागपुर से निकले। शाम को भिलाई पहुंचते तक पाबला जी गाड़ी चलाने की हालत में नहीं थे। जैसे तैसे करके घर पहुंचे। मेरे पास सामान कुछ ज्यादा हो गया था। उसे लेकर बस में जाने का मेरा मन नहीं था। पाबला जी बोले कि घर पर ही रात आराम कर लो, सुबह चार बजे अभनपुर छोड़ आऊंगा। घर के समीप पहुंच कर रात रुकना मुझे जम नहीं रहा था तब हम नाम वर्मा जी को फ़ोन किया, उन्होने समस्या का हल निकाल दिया और गाड़ी लेकर पहुंच गए। इस तरह मैं रात ग्यारह बजे घर पहुंचा और हमारी दक्षिण की साप्ताहिक यात्रा निर्विघन सम्पन्न हुई।  इति दक्षिण यात्रा …

शुक्रवार, 18 मार्च 2016

प्राचीन विरासत गोलकुंडा का किला : दक्षिण यात्रा-3

सुबह हमने होटल छोड़ दिया और रात्रि कालीन सभा में गोलकुंडा भ्रमण के प्रस्ताव के अनुमोदन के पश्चात हमें गोलकुंडा किले के दर्शनार्थ जाना था। सुबह के साढे सात बज रहे थे। हैदराबाद में ट्रैफ़िक सुबह ही शुरु हो जाता है। हमारे होटल से गोलकुंडा तक हमें लगभग 20 किमी शहर के भीतर होकर पहुंचना था। रास्ते में एक स्थान पर नाश्ते का जुगाड़ दिख गया। एक व्यक्ति मोपेड पर बर्तन रखकर इडली उत्तपम बेच रहा था। बस इसी से लेकर हमने नाश्ता किया। गर्मागर्म इडली और उत्तपम खा कर लगा कि दिन बन गया। अब आगे का सफ़र आराम से हो सकता है। कुछ देर के सफ़र के बाद हम पुरानी बसाहट से होते हुए गोलकुंडा के किले के मुहाने तक पहुंच गए।
स्ट्रीट फ़ूड का आनंद, सुबह का नाशता
किले में सुबह की चहल-पहल प्रारंभ हो चुकी थी। टिकिट खिड़की भी खुल चुकी थी। किले के पास ही पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर हमने टिकिट खिड़की से 10-10 रुपए की टिकेटें खरीदी। टिकिट घर के सामने उद्यान बना हुआ है, कारपेट घास की तराई करते हुए लोग मिले। मैने सोचा कि गाईड ले लिया जाए। एक से चर्चा करने पर उसने 600 रुपए पारिश्रमिक बताया और उससे एक पैसा कम करने को तैयार नहीं था। इसके बदले मैने वहीं बिक रही गोलकुंडा दर्शन का हिन्दी ट्रैक्ट 20 रुपए में खरीद लिया। यह भी गाईड का ही काम करेगा। शुद्ध 580 रुपए की बचत हो गई। बाकी तो देखने दिखाने के लिए अपनी आँखे ही काफ़ी हैं। 30 वर्षों की घुमक्कड़ी के अनुभव से इतना तो समझ आ जाता है कि कहाँ क्या होगा?
गोलकुंडा का प्रवेश द्वार
गोलकुंडा का जिक्र हो तो सबसे पहले कोहिनूर हीरा ही याद आता है, जो आज ब्रिटेन की महारानी के ताज में जड़ा हुआ है और जिस पर भारत के अलावा पाकिस्तान भी अपना दावा ठोक रहा है। इस विश्वविख्यात हीरे का वास्तविक घर गोलकुंडा है, यह हीरा गोलकुंडा की खदान से ही निकला था। इसका प्राचीन नाम सामंती मणि था, जिसे भगवान सूर्य ने अपने पुत्र कर्ण को उपहार स्वरूप दिया था। गोलकुंडा में एक गरीब मजदूर को यह हीरा खुदाई के समय मिला था। मीरजुमला ने बतौर नजराना इसे शाहजहाँ को पेश किया।  जिन्होंने इसे तख्त–ए–ताउस में जड़वा दिया। इसके बाद यह हीरा महाराजा रणजीत सिंह से होते हुए ब्रिटेन के ताज तक पहुंच गया।
बाला हिसार द्वार की ओर जाता मार्ग
किले के मुहाने पर कड़प्पा पत्थर की स्लेट पर गोलकुंडा का नक्शा बना हुआ है, जिसे एकबारगी देख कर किले राह रस्ते समझ आ जाते हैं। टिकिट घर से मुख्य द्वार बाला हिसार दिखाई नहीं देता। उसके सामने दीवार एक पर्दा बनी हुई है। दांई तरफ़ एक पांच फ़ुट की गली से किले के मुख्यद्वार तक पहुंचा जाता है, इस द्वार को बाला हिसार द्वार कहा जाता है। पाषाण की चौखट पर लकड़ी के किवाड़ चढे हुए हैं। सिरदल पर दोनो ओर सिंह एवं मध्य में पद्मांकन है। द्वार की बनावट देख कर ही लगता है कि यह किसी हिन्दू राजा द्वारा बनाया गया है। सिरदल के उपर दोनो ओर सुंदर मयूराकृतियाँ बनी हुई हैं तथा द्वार बंद होने पर सुरक्षा की दृष्टि से झांकने के लिए एक झरोखा भी बना हुआ है। द्वार को मजबूती प्रदान करने के लिए उस पर लोहे का पतरा मढा होने के साथ हाथियों की टक्कर से बचाने के लिए मोटे कीले भी लगे हुए हैं।

बाला हिसार द्वार, हिन्दू शैली पर इस्लामिक शैली का निर्माण
द्वार से भीतर प्रवेश करते ही उजड़ा हुआ नगर दिखाई देने लगता है। चारों तरफ़ ईमारतें ही ईमारते दिखाई देती हैं। गोलकुंडा का किला 400 फ़ुट ऊंची (कणाश्म-कड़प्पा) ग्रेनाईट की पहाड़ी पर बना हुआ है। इसके तीन परकोटे हैं और यह 7 मील में फ़ैला हुआ है, इसके चारों तरफ़ 87 बुर्ज बने हुए हैं। बुर्ज युद्ध के समय तोप रखकर चलाने के काम आते थे। साथ ही वाच टावर भी बने हुए हैं। वैसे भी किले पहाड़ी के शीर्ष में बनाए जाते थे, इसके कारण दूर तक दिखाई देता है। यह भग्न नगर हैदराबाद शहर से पाँच मील की दूरी पर है। इस किले की सुरक्षा के लिये उसके चारो तरफ पांच मील पत्थर की चारदिवारी है। चारदीवारी के बाहर खाई है, इसमें 9 दरवाजे, 43 खिड़कियां तथा 58 भूमिगत रास्ते हैं।
किले के शीर्ष से विहंगम दृश्य
बाला हिसार किले का मुख्याकर्षण यहाँ की दूरसंचार व्यवस्था है। वास्तुकार ने इसे विशेषता से निर्मित किया है और ध्वनि विज्ञान का विशेष ध्यान रखा है। द्वार के समीप षटकोणिय आकृति की परिधि में ही करतल ध्वनि करने पर उसकी आवाज किले के शीर्ष तक पहुंचती है। इस स्थान पर गाईड पर्यटकों को ताली बजवा कर इसका चमत्कार दिखाते हैं। यह व्यवस्था किले की सुरक्षा को ध्यान में रख कर की गई है। ध्वनि की विविधता के आधार पर उपर रहने वालों को पता चल जाता था कि द्वार पर मित्र है, शत्रु है या फ़िर फ़रियादी है । यह ध्वनि मुखबीरों के भी काम आती थी, थोड़ी सी भी आवाज तरंगों में बदल कर दूर तक सुनाई देती थी। वर्तमान जिसे ईको सिस्टम कहा जाता है।
तोप एवं दूर संचार का केन्द्र
मैं और पाबला जी किले में बने हुए पथ पर आगे बढ़े जा रहे थे। सुबह का सूर्य यौवन की प्राप्ति की ओर बढ रहा था और धूप चमकने लगी थी। कुछ विदेशी यात्री भी किले को परख रहे थे, जिनमें दो युवतियाँ बिंदास अपने कैमरे लेकर बिना किसी गाईड के ही घूम रही थी। मुख्य द्वार पर आगे बढ़ने पर तारामती महल दिखाई देता है। समय की मार के बावजूद भी यह बचा हुआ है खंडहर होने से। किंवदंती है कि तारामती, जो क़ुतुबशाही सुल्तानों की प्रेयसी तथा प्रसिद्ध नर्तकी थी, क़िले तथा छतरी के बीच बंधी हुई एक रस्सी पर चाँदनी में नृत्य करती थी। सड़क के दूसरी ओर प्रेमावती की छतरी है। यह भी क़ुतुबशाही नरेशों की प्रेमपात्री थी।

रानी तारामती का महल
इस स्थान से सीढियों द्वारा उपर जाने पर एक द्वार और बना हुआ है, इसके बाद मैदान है, जहाँ से पहाड़ी के शीर्ष तक जाने के लिए दांए-बांए दो रास्ते हैं। पाबला जी नीचे ही रह गए और मैं बारहदरी तक उपर चढ गया। धूप बहुत तेज थी और अब उपर चढने में स्वास्थ्यगत समस्याएं सामने आती हैं। भले ही 30-30 पैड़ी चढ़ा, पर उपर पहुंच गया। गला सूखने लगा था। एक घूंट जल कि चाहिए थी। बारहदरी के समीप ही एक कैंटीन है, जहाँ से पानी लेकर पीया और फ़िर बारहदरी का निरीक्षण किया। यह ऊंचे अधिष्ठान पर निर्मित है।
प्रतिक्षारत पाबला जी
यहाँ पहुंचने के लिए दोनो तरफ़ पैड़ियाँ बनी हुई हैं। यहां से उपर आने पर एक बड़ा हॉल है, जिसके दोनो तरफ़ कमरे बने हुए हैं, यहाँ से दो जीने और बने हैं उपर जाने के लिए। यह जीने दो पार्ट में हैं। इसके बगल से एक जीना सीधे ही उपर दरबार तक पहुंचाता है। इस किले का शीर्ष यही दरबार है। नीचे के मंडप को दीवाने आम कहा  जाता है, जहाँ दरबारी बैठकर राजकाज में सम्मिलित होते थे और उपरी मंडप दीवाने खास है, जहाँ बैठ कर सुल्तान खास मंत्रणा करते थे और विशिष्ट जनों से मिलते थे। नीचे बाला हिसार द्वार से की गई हल्की सी आवाज की गूंज यहाँ तक सुनाई देती है। यही वास्तु का चमत्कार है।

बारहदरी का दीवान-ए-आम
बारहदरी भवन का नक्शा इस तरह बनाया गया है ताकि यह पहाड़ी के शिखर का विस्तार लगे। शिखर पर होने की वजह से यह दूर से ही नज़र आता है और भव्य दिखता है। दो तल की इस ईमारत में एक खुली छत है, जिसमें एक दर्शक दीर्घा है। जहाँ महत्वपूर्ण अवसरों पर शामियाने लगाये जाते थे। बारहदरी भवन के रास्ते में एक गहरा कुआँ है जो वर्तमान में सूखा है, किंतु उस समय सेना को पानी की आपूर्ति इसी कुएँ से की जाती थी। थोड़ी ही दूरी पर जीर्ण–शीर्ण अवस्था में एक भवन है, जिसके कोने में एक गोलाकार सुरंगनुमा रास्ता है। इसकी गहराई लगभग आठ किलोमीटर है। कुतुबशाही शासक आपातकाल में इसका उपयोग करते थे।
दीवान-ए-आम की छत पर मुख्य दरबार दीवान-ए-खास
किले के निर्माण के समय सबसे महत्वपूर्ण जलापूर्ति के साधन होते हैं। इतिहास गवाह है कि कई बार किलों की जलापूर्ति एवं रसद रोक कर भी राज्यों को हस्तगत किया गया है। किले के दक्षिण में मूसी नदी प्रवाहित होती है और इसी से किले में जलापूर्ति की व्यवस्था की गई थी।  यहाँ मोरियों के रुप में जलापूर्ति के चिन्ह दिखाई देने लगते हैं, इस ईमारत में एक फ़व्वारा भी बना हुआ है। किले में सुनियोजित ढंग से जलापूर्ति की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक तलों में जलसंचय की व्यवस्था थी। जो टेरीकोटा पाइपों द्वारा विभिन्न तलों के महलों, बगीचों और झरनों में पहुँचाई जाती थी। पाइपों के भग्नावशेष अब भी दीवारों पर देखे जा सकते हैं।  जारी है, आगे पढ़ें…

गुरुवार, 17 मार्च 2016

वो सत्रह घंटे : दक्षिण यात्रा-2

आरम्भ से पढ़ें 
सत श्री अकाल का संदेश सुबह 4 बजे मेरे चलभाष पर आ गया। मतलब पाबला जी भिलाई से अभनपुर की ओर प्रस्थान कर चुके थे। भिलाई से अभनपुर 60 किमी की दूरी पर है। मैने भी उनके पहुंचते तक तैयारी कर ली। मालकिन ने भी रास्ते के लिए खाना बना दिया। सुबह सवा पाँच बजे हमने अभनपुर से बंगलोर के लिए माता जी का आशीर्वाद लेकर यात्रा का श्री गणेश कर दिया। अभी अंधेरा ही था, रायपुर और भिलाई के बीच उजाला होने लगा, दिन निकलने वाला था। भिलाई से निकलते हुए पाबला जी मन एक बार फ़िर घर की तरफ़ जाने का हुआ, फ़िर उन्होने इरादा बदल कर गाड़ी हाईवे पर डाल दी। ठीक दो घंटे के बाद हमने सुबह सवा सात बजे राजनांदगाँव के बाद तुमड़ी बोड़ के गुरुनानक ढाबे में चाय पी। तुमड़ी बोड़ से डोंगरगढ़ के लिए रास्ता जाता है। 
सफ़र का प्रारंभ अभनपुर
मुकेश के पुराने गानों एवं जीपीएस वाली बाई के निर्देशों के तहत सपाटे से गाड़ी आगे बढ़ती गई। रायपुर नागपुर हाईवे फ़ोर लाईन होने के बाद से मैने कार द्वारा इस सड़क पर सफ़र नहीं किया था, तो अंदाजा था कि 12 से एक बजे के बीच नागपुर पहुंच जाएगें। पर हाईवे पर सपाटे के साथ गाड़ी एक सौ बीस की स्पीड से चल रही थी रास्ता जल्दी तय हो रहा था। हम सवा आठ बजे महाराष्ट्र की सीमा में प्रवेश कर गए। हमें नागपुर से संध्या जी के यहाँ का बना खाना लेना था। इसलिए उन्हें समय 12 से एक बजे के बीच का बताया गया था। हमारी गाड़ी लगभग साढ़े नौ बजे भंडारा के पास पहुंच चुकी थी। इससे लगा कि साढे दस बजे तक किसी भी हालत में नागपुर पहुंच जाएगें। 
तुमड़ी बोड़ ढाबा छत्तीसगढ़
हमने वहीं नाश्ता करने का निर्णय लिया। होटल वाले से दही होने की जानकारी ली, मिलने पर मटर के पराठे निकाल कर वहीं पर बैठ कर खाए। इस प्रक्रिया में आधा घंटा लग गया। इसके बाद नागपुर बायपास से हम शहर के बाहर ही बाहर निकल लिए। यह बायपास बुटीबोरी वाले रोड़ में जामठा के पास मिल जाता है। यहीं पर हमें खाना मिल गया। यहां से हम बारह बजे आगे बढे। हिंगणघाट होते हुए हमें आज रात हैदराबाद पहुंचना था। एक बजे के बाद भूख लगने लगी। हम भोजन करने के लिए हाईवे के किनारे नीम, बरगद, पीपल, महुआ आदि किसी छायादार वृक्ष की तलाश करने लगे। परन्तु एक घंटे तक तलाश करने पर भी हमें कहीं पर मनवांछित वृक्ष नहीं मिला। हर तरफ़ कीकर की ही झाड़ियाँ नजर आ रही थी। जिसके नीचे बैठने की सोच कर बचपन में लगाई डॉक्टर की सारी सुईयाँ याद कर तशरीफ़ सिहर जाती है।
सपाटे की सड़क
आखिर दो बजे एक ढाबे के पास नीम का एक वृक्ष दिखाई दिया, जिसके नीचे छाया में एक गाड़ी वाला सोया हुआ था। हमें यही स्थान उपयुक्त लगा भोजन के लिए। गाड़ी वृक्ष के नीचे लगा कर, छाया में चादर बिछाकर हमने आराम से भोजन किया। जब मनचाहा हो जाए तो उससे अच्छी तृप्ति और कोई नहीं हो सकती। भोजन के बाद हमने तीन बजे फ़िर सफ़र शुरु किया। यहाँ से हैदराबाद लगभग 400 किमी था। बीच में लगभग 50 किमी की सड़क का निर्माण अधूरा होने के कारण गति धीमी हो गई। इसके बाद आगे चलकर पांडुरकवड़ा होते हुए आदिलाबाद के बायपास से गुजरे। देखा जाए तो विदर्भ के इस इलाके में वर्षा आधारित फ़सल ही हो सकती है। सिंचाई के कोई साधन दिखाई नहीं दे रहे थे और न ही हरियाली। चारों तरफ़ झाड़ झंखाड़ एवं सूखा दिखाई दे रहा था।
दोपहर का भोजन कुड़ूए नीम की छांव में
हम एशियन हाईवे 43 पर चल रहे थे। एशियन हाईवे बनने के बाद यह पता चलना कठिन हो गया है कि हम किस गाँव से गुजर रहे हैं। क्योंकि इसकी गति इतनी अधिक है कि गांवों की तरफ़ ध्यान ही नहीं जाता। कामारेड्डी पहुंचने पर दिन ढल गया। चौड़ी सड़क गाड़ी सपाटे से चलती है और एक टोल से दूसरे टोल के बीच का सफ़र तेजी से कट जाता है। 45 रुपए के टोल से शुरु हुई यात्रा 103 रुपए तक पहुंच गई। ये टोल रोड़ भी नोट को कागज बनाने की मशीन हो गए हैं, आप उन्हें नोट दो और ये आपको उसके बदले में एक छोटी सी पर्ची थमा देते हैं। हमने टोल रोड़ की सारी पर्चियाँ जमा करना शुरु कर दिया था। टोल देते ही पर्ची गाड़ी के टूल बाक्स में पहुंच जाती थी। यह पर्चियों का गुल्लक बन गया था।
अब जबेलियाँ दिखने लगी।
पाबला जी ने हैदराबाद बंगलोर रोड़ पर शहर से बाहर होटल बुक करवा रखा था। आज हमने लगभग 872 किमी और 17 घंटे लगातार कार ड्राईव की। हम रात को 10 बजे होटल में पहुंच गए।  होटल पहुंच कर खाना खाया। इस यात्रा के दौरान सभी होटलों में नेपाली या असमी स्टाफ़ ही दिखाई दिया। नेपाल में भूकंप से हुए नुकसान के बाद बड़ी संख्या में नेपाली बाहर काम करने निकल गए। भाषा की समस्या होने के बाद भी ये नौकरी कर कुछ धन अर्जित करने के लिए जद्दो जहद कर रहे हैं। रात को सुबह जल्दी बंगलोर निकलने के लिए प्लान बनने लगा। पर गोलकुंडा का किला देखने का मुड बन गया तो तय किया गया कि किला नौ बजे खुलता है इसलिए होटल से आठ बजे चला जाए और रास्ते में ही नाश्ता किया जाए। किला देखकर बंगलोर के लिए प्रस्थान किया जाए। जारी है, आगे पढ़ें