हावड़ा ब्रिज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हावड़ा ब्रिज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 8 फ़रवरी 2016

कोलकाता का लैंडमार्क : हावड़ा ब्रिज


रंगीन कैलेंडरों में हावड़ा ब्रिज (रविन्द्र सेतू) साठ सत्तर के दशक में खूब छाया रहता था और यह कैलेंडर गांव के हर घर में मिल जाते थे। भले ही तारीख देखने के काम न आते हों, पर नील गगन का पार्श्व लिए हावड़ा ब्रिज चमकता हुआ दिखाई देता था। यह कोलकाता का "लैंड मार्क" बना हुआ है, किसी के चित्र में हावड़ा ब्रिज दिख गया तो समझ लो वह कोलकाता पहुंच गया। इसे प्रसिद्ध बनाने में फ़िल्मवालों का योगदान भी कुछ कम नहीं है। खैर कुछ भी हो, यह अभियांत्रिकी अनुपम रचना है। यह पुल कोलकोता शहर और हावड़ा को जोड़ने का एक मात्र साधन था। अब तो विद्यासागर सेतू भी बन गया है। इससे पहले हुगली नदी पर तैरता हुआ पुल था, नदी में जल स्तर बढ़ने पर पुल पर ट्रैफ़िक जाम हो जाता था।
 
अंग्रेजो ने तैरते हुए पुल के स्थान पर स्थाई ब्रिज बनाने का निर्णय 1933 में लिया और निर्माण योजना पर कई वर्षों काम करने के बाद 1937 में निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ और इसे 1943 में आम जनता के लिए खोल दिया गया। 14 जून 1965 को इसका नाम हावड़ा ब्रिज से रविन्द्र सेतू कर दिया गया। अनुमानत: इस बड़े पुल के निर्माण की लागत 333 करोड़ रुपए थी। यह दुनिया के 6 ब्रैकट पुल में से एक है। यह इस्पात की 26,500 टन से बनाया गया है। अब यह एक लाख वाहनों और पैदल चलने वालों को रोज़ ढोता है।

कुछ दिनों पूर्व डायचे वेले की एक रिपोर्ट में बताया गया कि यह पुल इंसानी थूक के कारण खतरे में हैं। यह पुल चंद खंभों पर टिका है। इंजीनियरों का कहना है कि इन खंभों को अब जंग लगने लगा है और इस जंग की वजह है पान और गुटखा। इस पुल से रोजाना लाखों लोग पान चबाते हुए गुजरते हैं और थूकते हुए निकल जाते हैं। कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के चीफ इंजीनियर के अनुसार जिन खंभों पर पुल टिका है उनमें से कुछ के आधार की मोटाई तो पिछले तीन साल में आधी रह गई है। यही हाल रहा तो मरम्मत के लिए पुल को बंद किया जा सकता है।

विशेषज्ञ मानते हैं कि पान, गुटखा में ऐसी चीजें होती हैं जो बेहद खतरनाक किस्म के यौगिक बना सकती हैं और स्टील को खत्म कर सकती हैं. कोलकाता की सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैब के डाइरेक्टर चंद्रनाथ भट्टाचार्य बताते हैं कि थूक के साथ मिलकर पान में मौजूद चीजें स्टील पर एसिड सरीखा असर छोड़ती हैं। यह पुल 2,300 फुट लंबा है तथा गर्मी के दिनों में इसकी लंबाई 3 फुट तक बढ़ सकती है। वैसे यह पुल बेहद मजबूत है और बरसों से बंगाल की खाड़ी के तूफानों को सहन कर रहा है। 

बचपन में सुनते थे (देखा तो था नहीं) कि बड़े जहाज आने पर हावड़ा ब्रिज एक किनारे की तरफ़ इकट्ठा हो जाता है और जहाज निकलने पर पुन: पहले जैसा हो जाता है। अंग्रेज गए तो इसकी चाबी ले गए और पुल जाम हो गया। बचपन जाने के बाद इस पुल को देखने का अवसर कई बार मिला परन्तु यह कथा कोरी गप्प ही निकली। फ़िर भी अभियांत्रिकी यह अनुपम उदाहरण आज भी मजबूती के साथ खड़ा है, यही नहीं, 2005 में एक हजार टन वजनी कार्गो जहाज इससे टकरा गया था, तब भी पुल का कुछ नहीं बिगड़ा लेकिन इंसान की एक छोटी सी लापरवाही को यह सहन नहीं कर पा रहा है, टैनिन के मिश्रण वाला थूक इसका दुश्मन बन गया है। देखिए हावड़ा ब्रिज के कुछ चित्र मेरे कैमरे की नजर से……

शनिवार, 4 अप्रैल 2015

शांगरी-ला : भूटान यात्रा - अंतिम किश्त

प्रारम्भ से पढ़ें 
सिलीगुड़ी में सुबह हुई, शहर घूमने का कार्यक्रम बना। सिलीगुड़ी में काफ़ी हिन्दी भाषी लोग भी रहते हैं और यहीं से नार्थ ईस्ट के लिए सभी गाड़ियाँ जाती है। गंगटोक, दार्जलिंग जाने वालों को यहीं आना पड़ता है। गोवाहाटी के लिए भी यहां से बस सेवा है। हमारी गाड़ी रात को न्यूजलपाईगुड़ी से थी। सिलीगुड़ी में चाईना मार्केट है और ऐसी ही एक मार्केट बस स्टैंड में भी है जहाँ वही सामान मिलता है जो चाईना मार्केट में मिलता है। हमने कुछ गर्म शाल खरीदे। नार्थ ईस्ट का डिजाईन कुछ अलग होता है और काफ़ी सुंदर भी दिखता है। इसलिए सोचा कि यादगार के तौर पर ले लिया जाए। क्योंकि भूटान में तो कैमरे के लिए सेल और चार्जर लेने में ही 1800 खर्च हो गए थे। वहां यह समान काफ़ी मंहगा मिला। अगर मुझे वहाँ पर ड्यूरो सेल मिल जाते तो दो ढाई सौ में ही काम चल जाता और 500 का सामान 1800 में नहीं खरीदना पड़ता।
सिलीगुड़ी में डाभ का स्वाद
मार्केट से लौटकर भोजन किया और बाकी साथी बागडोगरा एयरपोर्ट मार्केट चले गए और मैं होटल में ही बैठा रहा। ये अंधेरा होने पर पहुंचे। मुझे 5 घंटे बैठे बैठे गुजारने पड़े। इनके आते ही हम आटो लेकर न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पहुंच गए। सिलीगुड़ी से न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर है और यही एकमात्र है स्टेशन है जो उत्तर पूर्व को भारत से जोड़ता है। न्यू जलपाईगुड़ी में हमारी ट्रेन लग चुकी थी। मैने खाना नहीं नहीं खाया था। स्टेशन पर ही जल्दी से चावल और सब्जी लेकर खाई और ट्रेन में सवार होते ही ट्रेन अगली मंजिल की ओर चल पड़ी।
न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन
सुबह हम 9 बजे हावड़ा जंक्शन में पहुंचे। यहां रिटायरिंग रुम में रुम के लिए इंतजार करना पड़ा। बिना नहाए धोए दिन की शुरुवात करना ठीक नहीं लगता पर मजबूरी थी। क्या करते, कुछ देर बाद नम्बर आया तो पता चला कि रुम चार्ज 1200 रुपए है। हमें तो सिर्फ़ सामान ही रखना था और फ़्रेश होना था। अब फ़्रेश होने के लिए सार्वजनिक शौचालय का उपयोग करना पड़ा और सामान क्लार्क रुम में रख कर हम हावड़ा स्टेशन की जेट्टी की ओर चल दिए। हमारे साथियों को हावड़ा पुल देखना था और ऐसे स्थान की टिकिट लेनी थी जिसका स्टीमर हावड़ा पुल के नीचे से गुजरता हो। 5-5 रुपए में हमने गोलाघाट की टिकिट ली और हावड़ा ब्रिज की खूब फ़ोटुएं खींची।
लैंडमार्क ऑफ़ कोलकाता हावड़ा ब्रिज
इसके पश्चात कुछ अन्य स्थान देखने के लिए बाबू घाट की ओर चल पड़े। स्टीमर ने हमें बाबू घाट छोड़ा और सड़क पर आकर हम बिछड़ गए। भूटान में ठंड के कारण न ठीक से पानी पीया जा रहा था और न ठीक भोजन कर पाया था। बाबू घाट की पटरी पर स्ट्रीट फ़ुड की दुकाने हैं, जहां मैने देखा कि एक स्थान पर गर्मागर्म चावल, दाल, 3 सब्जी, चटनी सलाद के साथ भोजन दिया जा रहा है। बस मैने वहीं बेंच संभाल ली और पेट भर भोजन किया आत्मा तृप्त हो गई। पैसे देते समय मूल्य पूछा तो होटल वाले ने सिर्फ़ 40 रुपए लिए। इस 40 रुपए के भोजन में वह आनंद आया जो 15 दिनों के फ़ाईव स्टार के ढकोसलों में नहीं आया। इसके बाद बस से मैं हावड़ा आकर साथियों का इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद वे भी आ गए और हम अपनी ट्रेन पकड़ने के लिए शालीमार स्टेशन आ गए।
घाटशिला रेल्वे स्टेशन
शालीमार से हमारी ट्रेन सही समय पर चल पड़ी। मैं अपनी बर्थ पर थोड़ी देर के लिए सो गया। हल्ला गुल्ला होने के बाद नींद खुली तो पता चला कि ट्रेन किसी स्टेशन में खड़ी है और यह अब आगे नहीं जाने वाली। मैने स्टेशन मास्टर से पूछा तो पता चला कि आगे राउरकेला पास कहीं पर कोई विधायक रेल की पटरियों पर अपने सर्मथकों के साथ बैठे और रेल रोको आन्दोलन चला रखा है। सवारियों को ट्रेन छोड़ने की सलाह बार बार माईक से दी जा रही थी। एलाऊंस किया जा रहा था कि यह ट्रेन वापस शालीमार जाएगी और जिन्हें वहां जाना है वह इस ट्रेन से जा सकते हैं और जिन्हे नहीं जाना है वे ट्रेन छोड़ दे। हम झारखंड के सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड में थे।
बिलासपुर - आखिर छत्तीसगढ़ पहुंच गए
हमारे साथी तय नहीं कर पा रहे थे कि क्या किया जाए। पर मैने ट्रेन छोड़ना तय कर लिया था और अपना सामान लेकर प्लेटफ़ार्म की बेंच पर बैठ गया। वे भी कुछ देर में स्थिति को समझ कर आ गए। घाट शिला में रिश्तेदारों को फ़ोन किया और वे हमें लेने के लिए स्टेशन आ गए। इस तरह नेता जी एवं रेल्वे विभाग की कारस्तानी के कारण हमें जबरदस्ती एक दिन और 2 रात घाटशिला में गुजारनी पड़ी। इसके अलावा कोई रास्ता भी नहीं था। अगले दिन हमने कुर्ला हावड़ा की टिकिट ली और रात को घर पहुंचे। खुबसूरत भूटान की खुबसूरत यात्रा करके लौट आए। मुझे नेपाल से भूटान बहुत ही अच्छा लगा। कभी समय मिला तो कुछ दिन भूटान में और गुजारना चाहुंगा। आखिर इसे "सांगरिला" (स्वर्ग भूमि) जो कहते हैं।