orissa लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
orissa लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 28 सितंबर 2015

राजा रानी मंदिर का मनमोहक शिल्प : कलिंग यात्रा

भुवनेश्वर की सुबह चमकीली थी और हमारी तासीर उनींदी। पुरातत्व विभाग के सर्वेक्षण क्वाटर हमारी शरणस्थली बना हुआ था। रात नींद तो बहुत देर बाद आई। सुबह उठने पर तय किया गया कि आज का दिन भुवनेश्वर के भ्रमण को अर्पित किया जाए। वैसे देखें तो भुवनेश्वर मंदिरों की नगरी कहा जा सकता है। वैसे भी इसे पूर्व का काशी भी कहा जाता है। इसके साथ यह भी जानना चाहिए कि यह एक प्रसिद्ध बौद्ध स्‍थल भी रहा है। 
राजा रानी मंदिर भुवनेश्वर
प्राचीन काल में 1000 वर्षों तक बौद्ध धर्म यहां फलता-फूलता रहा है। इसी तरह सातवीं शताब्‍दी में यहां प्रसिद्ध हिंदू मंदिरों का निर्माण हुआ था। इस प्रकार भुवनेश्‍वर वर्तमान में एक बहुसांस्‍कृतिक शहर है। तीसरी शताब्‍दी ईसा पूर्व यहीं प्रसिद्ध कलिंग युद्ध हुआ था। इसी युद्ध के परिणामस्‍वरुप अशोक एक लड़ाकू योद्धा से प्रसिद्ध बौद्ध अनुयायी के रुप में परिणत हो गया था। अशोक जीवन में इस युद्ध में आमूलचूल परिवर्तन कर दिया।
मुख्य द्वार अलंकरण
किंवदन्ति है कि किसी समय भुवनेश्वर में सात हजार मंदिर थे, जिनका निर्माण सात सौ वर्षों में हुआ था। परन्तु अब छ: सौ  मंदिरों के बचे होने की सूचना है। यहां से सौ किमी की दूरी पर उत्खनन से तीन बौद्ध विहार, रत्नगिरि, उदयगिरि, ललितगिरि भी प्राप्त हुए हैं। इससे पता चलता है कि यहाँ 13 वीं सदी तक बौद्ध धर्म मुख्य रुप से प्रचलित था। बौद्ध धर्म की तरह यहाँ जैन धर्म के भी अवशेष मिलते हैं। जैनों के लिए भी यह स्थान काफी महत्‍वपूर्ण है। 
पाशुपत सम्प्रदाय के तपस्वी
प्रथम शताब्‍दी में यहां चेदी वंश का एक प्रसिद्ध जैन राजा खारवेल' हुए थे। राजधानी से छ: किमी की दूरी पर उदयगिरि खंडगिरि की गुफ़ाओं का निर्माण जैन राजा खारवेल ने करवाया था। यह गुफ़ाएं आज भी बहुत अच्छी अवस्था में हैं। यहाँ श्रावकों एवं श्रमणियों के रहने एवं उपासना करने के लिए इसका विकास हुआ था। इस तरह माना जा सकता है कि भुवनेश्वर अपने प्राचीन वैभवकाल में "कास्मोपोलेटिन सिटी" की तरह व्यवस्थित था। 
पुत्र वल्लभा
भुवनेश्वर भ्रमण हमने राजा रानी मंदिर से प्रारंभ किया। विशाल प्रारंण में स्थिति इस मंदिर को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित किया गया है और बगीचा भी बहुत शानदार बनाया गया है। यह बगीचा इतना सुंदर है कि शहर की भीड़ भाड़ वाली जगहों से बचकर नव प्रेमीजन प्रेमालाप संवाद हेतु इस स्थान की शरण लेना उचित समझते हैं। वृक्षों की छांव तले प्रेमिका की गोद में सिर रख कर सोना किसे नहीं भाएगा। मंदिर प्रांगण में पहुंचते ही हमें पहले यही दृश्य दिखाई दिया। कई जोड़े दुनिया की आँखों में धूल झोंक रहे थे या शतुरमुर्ग की तरह अपना सिर धूल में गड़ाए हुए थे। मन: स्थिति दोनो तरह की हो सकती है। खैर समय चक्र के अनुसार बदलाव संभव है और परिलक्षित भी हो रहा है। वैसे भी इस मंदिर को "प्रेम मंदिर" भी कहा जाता है।
शुक सारिका
लिंग राज मंदिर  एवं राजा रानी मंदिर के बीच एक सरोवर है, जहाँ लोग धार्मिक कर्मकांड सम्पन्न करने के लिए आते  हैं। राजा रानी मंदिर जैसा कि नाम से विदित होता है मैने सोचा था किसी राजा रानी की स्मृति में निर्मित होगा, परन्तु इसकी कथा कुछ अलग ही है। लौह द्वार से हमने परिसर में प्रवेश किया। दूर से ही रेड सेंड स्टोन से निर्मित भव्य मंदिर अपनी ओर आकर्षित कर रहा था। बिकाश बाबू चित्र लेने लगे और हमने एक बार परिक्रमा करके मंदिर के शिल्प का निरीक्षण किया। मंदिर की भित्तियों में बहुतायत में सुंदर अलंकरणो के साथ बहुत सारी प्रतिमाएं है। जिनमें से कुछ के चित्र मैने लिए।
दिक्पाल यमराज
पंचरथ शैली के इस मंदिर का निर्माण 11 वीं सदी में सोमवंशी राजाओं ने किया था। मंदिर के मुख्य द्वार स्तंभों पर अर्धमानवाकृति में नाग-नागिन विराजमान हैं। द्वार शिला पर मध्य में लकुलिश एवं  प्रस्तरपाद पर नौग्रह अंकित हैं। द्वार पे दोनो तरफ़ तीन सिंह एवं उनके नीचे हाथी दिखाए गए हैं। यही संरचना कोणार्क के सूर्य मंदिर में भी दिखाई देती है। उड़ीसा के मंदिरों में द्वार पर मुझे नवग्रह लगाने की परम्परा दिखाई दी। मंदिर का निर्माण दो हिस्सों में पहला जगमोहन एवं दूसरा (विमान) गर्भगृह। गर्भगृह की ऊंचाई लगभग साठ फ़ुट होगी। अधिष्ठान की थरों पर कोई नक्काशी नहीं है। गर्भगृह की भित्तियों पर सुंदर प्रतिमा अलंकरण हैं और चारों दिशाओं में विशाल आमलक को थामें हुए भारवाहक दिखाई देते हैं। मंदिर के गर्भगृह में कोई प्रतिमा नहीं है परन्तु द्वार शिला एवं भित्तियों पर अंकित लकुलीश इसके शिवालय होने का स्पष्ट संकेत देता है।    
आत्म मुग्धा
मंदिर के शिल्प एवं भित्तियों के प्रतिमा अलंकरण किसी खजाने से कम नहीं है। गर्भगृह की भित्तियों में शिव, नटराज, पार्वती के विवाह के दृश्यों के अंकन के कृशकाय तपस्वी का अंकन भी दिखाई देता है। शाल भंजिका, मुग्धा, पुत्र वल्लभा, शुकसारिका आदि अप्सराओं के साथ शार्दूल का भी अंकन किया गया है। भित्तियों पर मैथुन की भिन्न भिन्न मुद्राओं में प्रतिमाओं का अंकन भी बहुतायत में है। कंदूक क्रीड़ा करती एवं शौचालय को जाती स्त्री का भी अंकन किया गया है। यहां की प्रतिमाओं की वेशभूषा, केश सज्जा एवं आभूषणों पर उड़ीसा का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है। एक प्रतिमा में स्त्री को एक हाथ में पायल लिए दिखाया गया है। यमराज, नटराज, शिव, पार्वती एवं दिक्पाल इत्यादि का शिल्पांकन किया गया है। 
पायल उतारती हुई अप्सरा
अन्य सजावटी प्रतिमाओं में व्याल, गज इत्यादि के साथ पत्र पुष्प एवं वृक्षों का भी अंकन नयनाभिराम है। लावण्यमयी नायिकाओं का पुष्ट यौवन प्रदर्शन दर्शकों का मन मोह लेता है। मैथुन शिल्पांकन की दृष्टि से यह इसकी प्रतिमाएं खजुराहो के मंदिरों से कम करके नहीं आंकी जा सकती। राजा रानी मंदिर के शिल्प का दर्शन करना बहुत ही अच्छा अनुभव था। शिल्प शास्त्रों में वर्णित अप्सराओं का शिल्पांकन कुशलता के साथ किया गया है। कोणार्क के मंदिर साथ तो बिसु महाराणा का नाम जुड़ा हुआ है, परन्तु इस मंदिर के शिल्पी का नाम कहीं पता नहीं चलता। राजा रानी मंदिर के दर्शन के पश्चात हम आगे चल पड़े। जारी है आगे पढे……

गुरुवार, 24 सितंबर 2015

सूर्य मंदिर कोणार्क के विध्वंस की कथाएं - कलिंग यात्रा

प्रारंभ से पढ़े…… जब इतिहास के पन्नों पर समय की गर्द जमा हो जाती है तो सत्यता भी प्रभावित होती है। तब बहुत सारी किंवदन्तियाँ, मिथक, कहानियां एवं गल्प कथाएं उसका स्थान लेकर सत्य को ढक कर भ्रमित कर देती हैं। यही स्थिति कोणार्क की भी है। इसके विध्वंस के पार्श्व में कई तरह के मिथक एवं लोकमान्यताएं प्रचलित हैं। इनके बीच सत्यान्वेषण करना कठिन एवं दूरुह कार्य है। लिखित अभिलेख एवं प्रमाण मिलने पर सत्यता सामने आ जाती है, परन्तु प्रमाण न होने के कारण सिर्फ़ कयास ही लगाए जा सकते हैं या जनश्रुतियों एवं लोकमान्यताओं पर ही आधारित रहना होता है।

चुम्बक पत्थर - विध्वंस के पीछे जनश्रुति है कि सूर्य मंदिर के शिखर पर एक चुम्बक पत्थर लगा था, इसके प्रभाव से समुद्र से गुजरने वाले सागरपोत इस ओर खींचे चले आते थे जिससे उन्हें भारी क्षति होती थी और उनके दिशा निरुपण यंत्र चुम्बक के प्रभाव में आने के कारण भ्रमित हो जाते थे। जिससे दिशा भ्रम हो जाता था। इसलिए मुस्लिम नाविक इसे निकाल ले गए। केन्द्रीय शिला के स्थान पर यह चुम्बक प्रयुक्त होता था, इसे निकालने के कारण मंदिर की भित्तियों का संतुलन बिगड़ गया और दीवारे गिर पड़ी। इस घटना कोई आधार नहीं मिलता न कोई लिखित अभिलेख। सबसे पहले प्रश्च यह उठता है कि शिखर की टनों वजनी शिला को आवेशित कर चुम्बक किस तरह बनाया गया होगा? आठ सौ वर्षों पूर्व इतने बड़े चुम्बक बनाने का उदाहरण कहीं नहीं मिलता। इससे प्रतीत होता है कि चुम्बकीय पत्थर की कहानी कपोल कल्पित है।

वास्तु दोष - कई वास्तु शास्त्री मानते हैं कि मंदिर निर्माण परिकल्पना में वास्तु दोष था। यह भवन वास्तु के नियमों के विपरीत तैयार हुआ था। वास्तु शास्त्री तर्क देते हैं कि - मंदिर का निर्माण रथ आकृति होने से पूर्व, दिशा, एवं आग्नेय एवं ईशान कोण खंडित हो गए। पूर्व से देखने पर पता लगता है, कि ईशान एवं आग्नेय कोणों को काटकर यह वायव्य एवं नैऋर्त्य कोणों की ओर बढ़ गया है। प्रधान मंदिर के पूर्वी द्वार के सामने नृत्यशाला है, जिससे पूर्वी द्वार अवरोधित होने के कारण अनुपयोगी सिद्ध होता है। नैऋर्त्य कोण में छायादेवी के मंदिर की नींव प्रधानालय से अपेक्षाकृत नीची है। उससे नैऋर्त्य भाग में मायादेवी का मंदिर और नीचा है। आग्नेय क्षेत्र में विशाल कुआं स्थित है। दक्षिण एवं पूर्व दिशाओं में विशाल द्वार हैं, जिस कारण मंदिर का वैभव एवं ख्याति क्षीण हो गई हैं। मै मानता हूं कि सूर्यमंदिर के पतन में कोई वास्तु दोष कार्य नहीं कर रहा था। यह मानव के दिमाग की उपज मात्र है। बिसु महाराणा उत्तम दर्जे का वास्तुकार था, उसके कार्य पर संदेश नहीं किया जा सकता।

राजा की अकाल मृत्यू - यह कई इतिहासकारों का मत है, कि कोणार्क मंदिर के निर्माणकर्ता, राजा लांगूल नृसिंहदेव की अकाल मृत्यु के कारण, मंदिर का निर्माण कार्य खटाई में पड़ गया। इसके परिणामस्वरूप, अधूरा ढांचा ध्वस्त हो गया। लेकिन इस मत को एतिहासिक आंकड़ों का समर्थन नहीं मिलता है। पुरी के मदल पंजी के आंकड़ों के अनुसार और कुछ १२७८ ई. के ताम्रपत्रों से पता चला, कि राजा लांगूल नृसिंहदेव ने १२८२ तक शासन किया। कई इतिहासकार, इस मत के भी हैं, कि कोणार्क मंदिर का निर्माण १२५३ से १२६० ई. के बीच हुआ था। अतएव मंदिर के अपूर्ण निर्माण का इसके ध्वस्त होने का कारण होना तर्कसंगत नहीं है। ऐतिहासिक प्रमाणों की दृष्टि से यह दावा भी खारिज हो जाता है।

शिल्पकार की मृत्यू - जन श्रुति है कि इस मंदिर में कभी पूजा नहीं हुई, एक दंतकथा प्रचलित है कि संपूर्ण प्रकार के निर्माण हो जाने पर शिखर के निर्माण की एक समस्या उठ खड़ी हुई। कोई भी स्थपति उसे पूरा कर न सका तब मुख्य स्थपति के धर्मपाद नामक 12 वर्षीय पुत्र ने यह साहसपूर्ण कार्य कर दिखाया। उसके बाद उसने यह सोचकर कि उसके इस कार्य से सारे स्थपतियों की अपकीर्ति होगी और राजा उनसे नाराज हो जाएगा, उसने उस शिखर से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मौत के पश्चात इस मंदिर में न प्राण प्रतिष्ठा हुई और न कोई पूजा हो सकी। इसलिए देख रेख के अभाव में मंदिर ढहते गया।

एक कथा के अनुसार, गंग वंश के राजा नृसिंह देव प्रथम ने अपने वंश का वर्चस्व सिद्ध करने हेतु, राजसी घोषणा से मंदिर निर्माण का आदेश दिया। बारह सौ वास्तुकारों और कारीगरों की सेना ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा और ऊर्जा से परिपूर्ण कला से बारह वर्षों की अथक मेहनत से इसका निर्माण किया। राजा ने पहले ही अपने राज्य के बारह वर्षों की कर-प्राप्ति के बराबर धन व्यय कर दिया था। लेकिन निर्माण की पूर्णता कहीं दिखायी नहीं दे रही थी। तब राजा ने एक निश्चित तिथि तक कार्य पूर्ण करने का कड़ा आदेश दिया। 

बिसु महाराणा के पर्यवेक्षण में, इस वास्तुकारों की टीम ने पहले ही अपना पूरा कौशल लगा रखा था। तब बिसु महाराणा का बारह वर्षीय पुत्र, धर्म पाद आगे आया। उसने तब तक के निर्माण का गहन निरीक्षण किया, हालांकि उसे मंदिर निर्माण का व्यवहारिक ज्ञान नहीं था, परन्तु उसने मंदिर स्थापत्य के शास्त्रों का पूर्ण अध्ययन किया हुआ था। उसने मंदिर के अंतिम केन्द्रीय शिला को लगाने की समस्या सुझाव का प्रस्ताव दिया। उसने यह करके सबको आश्चर्य में डाल दिया। लेकिन इसके तुरन्त बाद ही इस विलक्षण प्रतिभावान का शव सागर तट पर मिला। कहते हैं, कि धर्मपाद ने अपनी जाति के हितार्थ अपनी जान तक दे दी। सूर्य मंदिर से हम चंद्रभागा के तट की ओर चल पड़े ………   आगे पढ़े जारी है………