तांत्रिक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
तांत्रिक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 25 अक्टूबर 2012

सिरपुर का सुरंग टीला .......Sirpur Chhattisgarh.............ललित शर्मा

महानदी का विहंगम दृश्य 
 प्रारंभ से पढ़ें 
भोर में ही नींद खुल गई, रेस्ट हाउस कुछ भुतहा सा लगा, हो क्यों न? जब सिरपुर में इतने मुर्दे उत्खनित होकर जीवंत  हो रहे हैं तो भुतहा लगना स्वाभाविक है। कोई चुड़ैल सपने में नहीं आई पर भारीपन अत्यधिक था। राजीव थक कर खर्राटे ले रहे थे, जैसे-तैसे 6 बजाए घड़ी ने तो थोड़ा उजाला हुआ। सुबह की चाय का इंतजाम आदित्य सिंह के घर से होना था, रेस्ट हाउस का चौकीदार उनके घर से चाय ले आया था। रेस्ट हाउस के प्रबंधन पर गुस्सा आ रहा था कि सुबह की चाय का इंतजाम भी नहीं कर सकते। चौकीदार ने चाय दी और हम बिस्तर से उठ गए। उसे नहाने के लिए गर्म पानी का हुकुम सुनाया तब तक राजीव के साथ गपशप चलती रही। कुछ दिनों पूर्व राजीव नालंदा और बोध गया घूम कर आए हैं, वहीं के किस्से चल रहे थे। राजीव ठन्डे पानी से नहाये और हम आदतानुसार गर्म पानी से। सामने ही चित्रोत्पला गंगा प्रवाहित हो रही थी पर ठंडे पानी में स्नान करने का मन नहीं बना।

सिरपुर भ्रमण की तैयारी 
चौकीदार को नाश्ते के लिए भेजा और हम आदित्य सिंह की प्रतीक्षा करने लगे। वे सुबह 7 बजे आने का अहद कर गए थे, पर पहुंचे नहीं। चौकीदार गर्म पकोड़े और समोसे लेकर आया, राजीव रंजन का उपवास था, नौरात्रि प्रारंभ हो चुकी थी राजीव ने पूरे नौ दिन फलाहार करने का व्रत ले रखा था। नास्ते और भोजन की डरकर हमें ही थी। नास्ता करने के बाद सुस्ती आने लगी, सोने का मन करने लगा। तभी आदित्य सिंह पहुच गए, प्रभात सिंह की जिम्मेदारी उन्हें ही संभालनी थी। हमने सिरपुर भ्रमण का श्रीगणेश सुरंग टीला से करना उपयुक्त समझा। सुरंग टीला रेस्ट हाउस से लग कर ही है।यह शिवालयों का समूह है, प्रथम दृष्टया क़रीब साढ़े चार मीटर ऊंचे अधिष्ठान पर स्थित सुरंग टीला मिश्र के किसी पिरामिड से कम नहीं लगता जिसने चित्रों में पिरामिड देखा है उसे वह उतना ही विशाल लगता है। यह पंचायतन शैली का पश्चिम मुखी मंदिर है। 

सुरंग टीला 
इतिहास को समझने  में किंवदन्तियो, जनश्रुतियों एवं कहावतों की बड़ी भूमिका होती है। सुरंग टीला के विषय में किंवदंती है कि प्राचीन काल में यहाँ महल था, यहाँ की रानी नदी में प्रतिदिन कमल पुष्प पर बैठ कर नहाती थी। एक बार उसने प्रजा पर अनावश्यक कर लगा दिया। जिससे प्रजा परेशान हो गयी। दुसरे दिन जब वह नहाने गयी तो कमल पुष्प पर बैठते ही डूब गयी। उसके बाद शत्रु राजा ने आक्रमण करके सब तहस-नहस कर दिया। दूसरी किंवदंती थी कि इस टीले में इतना धन गड़ा है जिससे सारे संसार का ढाई दिन का खर्च चलाया जा सकता है। इसके बाद धन के लुटेरे इस टीले से धन प्राप्त करने की कोशिशो में लगे रहे। यह खबर रायपुर में स्थित अंग्रेज मिस्टर चिशाम तक पहुची। उसने मजदुर लगा कर इस टीले की खुदाई प्राम्भ की। वह टीले को बीच से गहरा करवाते रहा।टीला गहरा होने पर भीतर एक मजदुर की मौत हो गयी। घबरा कर चिशाम  ने खुदाई बंद करवा दी। कालांतर में वही गड्ढा सुरंग में तब्दील हो गया और लोग इसे सुरंग टीला कहने लगे।

मंडप एवं विष्णु-शिव तांत्रिक मंदिर 
मंदिर प्रांगण में पवेश करते ही 32 स्तंभों का विशाल महामंडप दिखाई देता है, इसके बाद अन्तराल एवं फिर 43 सीढियों की चढ़ाई चढ़ कर मंदिर समूह तक पंहुचा जाता है। इसका निर्माण 7वीं शताब्दी में यहां के प्रतापी शासक महाशिवगुप्त बालार्जुन ने कराया था। सामने से सीढियों को देखने पर अहसास होता है कि कभी यह मंदिर भूकंप आदि से ढहा होगा। लेकिन इसकी सीढियों की बनावट नौकाकार है, जिसके कारण दूर से सीढियाँ दबी हुई दिखाई देती हैं, काली मिटटी में नींव होने के कारण सामने की कुछ सीढियाँ धंस गयी होंगी, ऐसा मेरा अनुमान है। अंतराल में हाथी-घोड़े बांधने के लिए पत्थर के खूंटे लगे हैं। अधिष्ठान पर स्थित मंदिरों में 4 शिवलिंग हैं और 1 गणेश जी का मंदिर है। मंदिरों के स्तंभों पर सुन्दर मूर्तियाँ उकेरी गयी हैं।यही के एक स्तम्भ पर कुटिल नगरी लिपि में शिल्पकार का नाम "ध्रुव बल" उत्कीर्ण है। यह मंदिर समूह तीन खंड में है लेकिन आपस में जुड़ा हुआ है।ऐसा इसे भूकंप से बचाने  के लिए बनाया गया है।

सुरंग टीला से पुजारी आवास एवं तालाब का दृश्य 
दक्षिण दिशा में पुजारी का घर है, जिसके पीछे तालाब है, वास्तु आधारित निर्माण में दक्षिण दिशा में पुजारी का घर एवं उसके साथ लगा हुआ कुआँ या तालाब होता है। आग्नेय कोण में पाकशाला है, साथ यहाँ पर एक ही अधिष्ठान पर युगल मंदिर भी स्थापित है, एक तरफ विष्णु एवं दूसरी तरफ शिवालय है, बीच के खाली स्थान में उत्खननकर्ता अरुण शर्मा ब्रम्हा का स्थान कहते है और इसे तांत्रिक मंदिर मानते हैं। शैव एवं वैष्णव सम्प्रदायों के में मंदिर एक ही अधिष्ठान पर स्थापित होना बड़ी बात है। हो सकता है कि किसी ने बाद में विष्णु की मूर्ति ला कर स्थापित कर दी होगी। यदि हम तांत्रिक मंदिर मान भी ले तो शिव के साथ शक्ति की उपासना होती है। अघोरपंथी तांत्रिक क्रियाएं करते हैं, लेकिन वैष्णव संप्रदायी अपने को सतोगुणी मानते है और तंत्र क्रिया नहीं करते। छत्तीसगढ़ में गौरी के साथ गौरा की पूजा होती है। अनुमान है कि वहां शिव के साथ शक्ति रही होगी या फिर उसके तांत्रिक मंदिर होने का अनुमान गलत होगा।

ललितादित्य - राजीव रंजन सुरंग टीला पर 
प्रभात सिंह ने बताया कि जब इस टीले का उत्खनन प्रारंभ किया गया तो कोई भी मजदुर मृत्यु के भय से उत्खनन के लिए तैयार नहीं हुआ। तब अरुण कुमार शर्मा जी ने स्वयं कुदाल से खुदाई प्राम्भ की तब मजदूरों को विश्वास हुआ और यहाँ उत्खनन प्राम्भ हुआ। सुरंग टीले के पंचायतन शैली के मंदिर का निर्माण वास्तु शास्त्र मयमत्तम के आधार पर हुआ है, देव शिल्पी विश्वकर्मा के 5 पुत्रों (मनु,मय, त्वष्टा, देवज्ञ, शिल्पी ) में से दुसरा पुत्र मय कुशल शिल्पी था। इसने ही मयमत्तम नामक  शिल्पशास्त्र की रचना की थी। जिसे अब रावण के श्वसुर मय राक्षस के साथ जोड़ दिया जाता है। सुरंग टीला के स्तम्भों पर  नायिकाएँ, मिथुन युगल और लघुकाय द्वारपाल उत्कीर्ण हैं। एक स्तम्भ का निरीक्षण करते हुए मुझे गर्भवती स्त्री की मूर्ति प्राप्त हुई। इस तरह मूर्ति भोरमदेव एवं मदवा महल में भी दिखाई देती है। गर्भवती स्त्री को स्तम्भ में स्थान देने के पीछे शिल्पकार की क्या मंशा रही होगी इसका पता नहीं चलता है या उस समय की कोई महत्वपूर्ण घटना होगी जिसे शिल्पकार ने स्तम्भ में स्थान दिया है।

गर्भवती स्त्री की प्रतिमा, अप्सराएँ और योनी पीठ पर धारा लिंग 
सुरंग टीला से धारा लिंग (धाराशिव) के साथ अत्यंत दुर्लभ 16 कोणीय योनीपीठ मूल स्थिति में मिली है। पुरातत्वविद  ए.के. शर्मा ने बताया कि पुरातनकाल में भगवान शंकर की प्रतिमा नहीं बनाई जाती थी तथा शिवलिंग की ही पूजा की जाती थी. इसलिए, सिरपुर में भी उत्खनन से ज्यादातर शिवलिंग ही मिले है. वहीं, प्रतिमाओं में केवल भैरव व नटराज की ही मूर्ति प्राप्त हुई है. मयमत्तम के ग्रंथ का हवाला देते हुए ए.के. शर्मा ने बताया कि शिवलिंग का निर्माण 4 रंग के पत्थरों से किया जाता है. प्रथमत:  पत्थर पुरुष पत्थर होना चाहिए. पुरुष पत्थर से मतलब संबंधित चट्टान महीन कणों से बना हो तथा उसमें एकरुपता हो. पूरा पत्थर एक ही रंग का हो. उसमें यदि शिवलिंग के आकार की धारियां बनी हों, तो ज्यादा अच्छा है. उन्होंने बताया कि एक ऐसा विशाल काला शिवलिंग सिरपुर के एक शिव मंदिर से प्राप्त हुआ है. सफेद शिवलिंग की स्थापना ब्राह्मण, लाल रंग के क्षत्रिय, पीले रंग के वैश्य व काला शिवलिंग की स्थापना शुद्र करते थे. लेकिन, स्थापना के बाद सभी रंगों के शिवलिंगों की पूजा पूरा समुदाय करता है।पंचायतन शिवमंदिर याने सुरंग टीला की सैर के वक्त आदित्य सिंग ने हमारा बहुत ज्ञान वर्धन किया। यहाँ से उनके साथ हम "धसकूड़" की और चल पड़े। ...... जारी है ...... आगे पढ़ें 

बुधवार, 18 जुलाई 2012

जादू-टोने रहस्यमय संसार : छत्तीसगढ़

जादू-टोना-टोनही शब्द ही भय उत्पन्न करने के लिए पर्याप्त होता है। बचपन से सुनते आए हैं कि तंत्र-मंत्र से प्राप्त शक्ति द्वारा किसी का भी अहित किया जा सकता है। अहित करने वाला टोनहा-टोनही कहलाता है। इन तंत्र मंत्र की शक्ति के दुष्प्रभाव से बचाने या उसे निष्प्रभावी करने कार्य बैगा या तांत्रिक के जिम्मे होता है। गॉड पार्टिकल ढूंढने का दावा करने वाला समाज भी इन गैबी ताकतों के होने से इनकार नहीं करता। तंत्र मंत्र समाज के मानस में इतने गहरे बैठ चुका है कि अंधेरा होते ही अज्ञात भय के कारण रस्सी भी सांप दिखाई देने लगती है। ग्रामीण अंचल में आज भी किसी को बुखार हो जाए तो वह डॉक्टर के पास जाने की बजाए सबसे पहले बैगा-गुनिया या तांत्रिक से ही सम्पर्क करता है और उसी के ईलाज पर विश्वास करता है। फ़िर चाहे प्राण ही क्यों न निकल जाएं, अंतिम समय में उसके परिजन ही उसे डॉक्टर के पास ईलाज के लिए पहुंचाते हैं या सीधे श्मशान जाता है।

बचपन में सुनी गई टोनही जनित घटनाएं और कहानियाँ कोमल मन मस्तिष्क पर स्थाई असर डालती हैं, जिससे व्यक्ति जीवन भर नहीं उबर पाता। लोग कहते हैं कि अनपढ ही गैबी ताकतों पर विश्वास करते हैं, लेकिन मैने पढे लिखे उच्चपदों पर बैठे व्यक्तियों को भी तंत्र-मंत्र-तांत्रिकों, बैगा गुनियों के चंगुल फ़ंसे देखा है। तंत्र मंत्र का असर होता है कि नहीं? टोनही-टोनहा होता है कि नहीं? इस सत्यता को जानने का मैने बहुत प्रयास किया। लेकिन जानकार लोग इसे गुप्त ही रखना चाहते हैं। गोपनीयता की शपथ या गुरु बनाए बिना बताना नहीं चाहते। अगर किसी प्रक्रिया से आप जान भी गए या सीख भी गए तो आपको भी इसे गुप्त रखने की शर्तों का पालन करना होगा, अन्यथा मंत्रों की शक्तियाँ निष्प्रभावी होने का भय बताया जाता है। दीक्षा के वक्त शपथ दिलाते हुए गुरु यह बात अपने शिष्य के कान में अवश्य डालते हैं। 

गाँव में बिजली नहीं थी, घर के सामने तालाब में कोई रोशनी जलती थी तो बुजुर्ग कहते कि "वो दे, रक्सा बरत हे। (वह देख रक्सा [कुंवारा भूत] जल रहा है) हम भी मान लेते थे और रात के वक्त बोईर तरिया की तरफ़ नहीं जाते थे। तालाब के पार पर बहुत सारे बेर के वृक्ष थे जिसके कारण उसे बोईर तरिया कहते हैं। बेर के वृक्ष में परेतिन का वास बताया जाता है और ईमली में प्रेत का। रामगोपाल बैगाई करता है और मैं उसके साथ इन विषयों पर चर्चा करता था। वह टोनहीं के एक से एक किस्से बताता और किस्सा सुनते और चर्चा करते सुकवा (भोर के समय दिखने वाला चमकीला तारा) उग जाता था। तब कहीं जाकर हमारी बातें खत्म होती थी। नागपंचमी के दिन वह दक्षिणा लेकर अपने गुरु से भेंट करने अवश्य जाता था। तंत्र मंत्र सीखने के लिए गुरु बनाने एवं शिष्यों द्वारा अपने गुरु का मानदान करने एवं गुरु द्वारा पाठ-पीढा (उत्तराधिकार) सौंपने का ग्रामीण अंचल में यही दिन माना जाता है।

कहते हैं टोनही का मंत्र ढाई अक्षर का होता है। टोनही जब सभी मंत्र सिद्ध कर लेती है वह सोधे हो जाती है अर्थात टोनही से बड़ा पद प्राप्त कर लेती है। टोनही नकारात्मक शक्तियों की स्वामिनी होती है, मान्यता है कि वह जो चाहे वह कर सकती है। जन मानस में प्रचलित है कि टोनही अपनी शक्तियों से किसी को मार सकती है, अपंग कर सकती है, बीमार कर सकती है। शरीर को कमजोर कर सकती है, घर से वस्तुएं गायब कर सकती है, गाय भैंस से लेकर लईकोरी स्त्री के स्तनों का दूध सुखा सकती है, पागल कर सकती है, फ़सल को उजाड़ सकती है, शारीरिक नुकसान कर सकती है। इसलिए आदमी अपने अनिष्ट की आशंका से भयभीत रहता है और हमेशा ही इससे बचना चाहता है। रामगोपाल बताता है कि तंत्र मंत्र सीखने के लिए हरेली अमावस एवं दीवाली की रात महत्वपूर्ण होती हैं। 

अमावस की रात जादू-टोना सीखने वाले महिलाएं मध्य रात्रि को गाँव या नगर के बाहर सुनसान स्थान मरघट में एकत्र होती हैं, मुख्य टोनही के मार्गदर्शन में नग्न होकर शौच करती हैं, अपने-अपने मल से दीपक बनाती हैं। उसके बाद सोधे (मुख्य टोनहीं) उन्हे एक जड़ी देती है जिसे मुंह में रखने से लार बनती हैं, फ़िर इस लार को दीपक में डालते हैं जिससे आग निकलती है, दीपक से आग निरंतर निकलते रहती है और टोनही सीखने वाली महिला बाल खुले करके अपने सिर को उपर नीचे झुकाती है (सिर उपर नीचे झुकाने को झूपना कहते हैं)। बलि के रुप में नींबू काटा जाता है, सोधे यहीं पर सीखने वालियों को मंत्र याद करवाती है तथा उन्हे ईष्ट देव को निर्धारित जीवों की बलि देने का संकल्प दिलाती है। जिन साधिकाओं को मंत्र याद हो जाता है उन्हे गुरुपूर्णिमा को "चलानी पाठ" दिया जाता है। उन्हे शिक्षा दी जाती है कि किस मंत्र का प्रयोग कैसे करना है।   

सवाल पर गंभीर मुद्रा
तारक बैगा से भी टोनही के विषय में चर्चा हुई, वे कहते हैं कि सोधे होने के बाद टोनही के पास ऐसी शक्तियाँ आ जाती हैं जिससे वह इच्छित प्राप्ति कर सकती है। इन कार्यों के लिए उसके पास गण होते हैं जिन्हे बीर कहते हैं। इन बीरों को मटिया और मसान कहा जाता है। चटिया बीर को टोनही मारण कर्म के लिए उपयोग में लाती है। चटपट काम करके लौटने के कारण इसे चटिया कहा जाता है। जब टोनही इसे भेजती है तो यह चिन्हित को मार कर ही वापस आता है। इस पर किसी बैगा, गुनिया, तांत्रिक के मंत्रों का कोई असर नहीं होता। टोनही का मटिया बीर चिन्हित को शारीरिक और आर्थिक नुकसान पहुंचाता है। गांवों में मान्यता है कि यह जहाँ भी जाता है वहां की वस्तुएं स्वत: ही गायब होने लगती हैं। घर में खाने-रांधने का सामान भी नहीं छोड़ता। पूरा घर ही खाली कर देता है। चटिया-मटिया के रहने का स्थान जानवरों का कोठा बताया जाता है तथा ये कद में छोटे होते हैं, बच्चों के साथ खेलते हैं सिर्फ़ उन्हे ही दिखाई देते हैं अन्य किसी को दिखाई नहीं देते। इनके द्वारा गायब की हुई वस्तुओं का पता नहीं चलता।

मेरे सवाल पर मुस्काते हुए बैगा
कहते हैं कि टोनही आत्माओं से भी बात करती है। उनका आह्वान कर उनसे जानकारी भी ले सकती है। टोनही अपनी शक्ति बढाने के लिए मसान भी साधती है, मसान दो तरह के होते हैं, तेलिया मसान और मरी मसान। टोनही मसान की सवारी करती है। किसी इंसान पर सवार होने के बाद बैगा की झाड़-फ़ूंक के दौरान मसान ही प्रभावित के मुख से बैगा को जवाब देता है। टोनही अपनी नजर से किसी के जीवन को प्रभावित कर सकती है। टोनही का बीर मटिया काले रंग, उल्टे पैर का बौना भूत होता है, यह अपने साथ सदा कांवड़ और टोकरी रखता है। मटिया अपनी कांवड़ से दुनिया भर की चीजें ढो सकता है। चटिया-मटिया जोड़े में रहते हैं। जिसके घर में मटिया रहता है उसे मालामाल कर देता है, अगर उस घर में इसका सम्मान नहीं होता तो उसका सर्वनाश भी कर देता है। मैने एक सम्पन्न व्यक्ति के घर में मटिया का असर देखा था। वे अपने घर में खाने-पीने का सामान, रुपया पैसा, धन धान्य नहीं रखते थे। खाना पकाने का सामान रोज खरीदते थे। अधिक सामान रखने पर मटिया उसे गायब कर देता था। 

बैगा कहते हैं कि मसान की आँखें अंधेरे में लाल बल्ब जैसे चमकती हैं यह कुत्ते के रुप में मसान निर्जन इलाके में या घर पर भी रहता है। एक बार रक्सा ने इनकी भैंसा गाड़ी को पलटा दिया था। यह रक्सा आग के गोले की तरह दिखाई देता है और यह गोला उपर उठते दिखाई देता है जिसमें विस्फ़ोट होता है। कहते हैं कि जो कुंवारा मरता है वह रक्सा बनता है। अकाल मृत्यु वाले लोग परेत-परेतिन बनते हैं तथा अपनी आयु पूर्ण होने तक भटकते रहते हैं, टोनही इन्हे साध लेती है। जनश्रुति है कि परेत बेर के पेड़ में रहता है। जिस स्त्री की प्रसव के दौरान मृत्यु हो जाती है वह परेतिन बनती है। इसलिए परेतिन अपने बच्चे के साथ ही दिखाई देती है। कहते हैं कि हाट-बाजार में परेत-परेतिन अपना सामान खरीदने आते हैं। लेकिन लोग उन्हे पहचान नहीं पाते। कहते हैं कि परेतिन किसी भी रुप में आकर संबंध बना लेती है, बैगा कहते हैं रास्ते में कहीं परेतिन नजर आ जाए तो डरकर अपनी राह नहीं छोड़नी चाहिए, प्ररेतिन अपना भयानक रुप दिखा कर रास्ते से हटाने की कोशिश करती है, राहगीर के रास्ता छोड़ते ही वह परेतिन का शिकार हो जाता है। कहते हैं कि परेतिन के बाल पकड़ लिए जाएं और उसकी साड़ी बांस के खोल में भर कर रखने से जब तक उसे साड़ी नहीं मिलती वह मानव रुप में ही रहती है।

तारक बैगा
मिरचुक झालर के बल्ब जैसा जलता बुझता है, टोनही तीया (तीज नहावन) के दिन परेत जगाती है। जागने पर परेत टोनही का गुलाम हो जाता है और उसी के लिए काम करता है। टोनही के लिए हरेली अमावस एवं दीवाली की अमावस की रात महत्वपूर्ण होती है। इन दोनों रातों की साधना में इन्हे सम्मिलित होना अत्यावश्यक है। बैगा कहते हैं कि तीन साल तक लगातार अमावस साधना में न आने पर वह सभी मंत्र स्वत; ही भूल जाती है। शनिचरहा से भी लोग भय खाते हैं, जिस व्यक्ति का जन्म शनिवार को होता है उसकी नजर बिना तंत्र मंत्र सीखे ही लग जाती है। पुरुष टोनहा हो्ता है, टोनही एवं टोनहा मंत्र सीखने की प्रक्रिया एक जैसी ही है। रामगोपाल कहता था कि अगर कहीं टोनही-टोनहा या भूत परेत नजर आए तो पेशाब से गोल बना कर उसमें बैठ जाएं और बाहर न निकलें। हानि पहुचाने वाली शक्तियां उस गोले के भीतर प्रवेश नहीं करती। इससे बचाव हो जाता है। कहते हैं जिस घर की औरत टोनही बन जाती है उसके घर वालों को ही पता नहीं चलता कि वह टोनही या सोधे हो गई है। आधी रात को अपने घर वालों को जड़ी सुंघाकर बेहोश कर देती है और अपना मंत्र सिद्ध करने के लिए चली जाती है।

डिस्क्लैमर: पोस्ट लिखने उद्देश्य टोना-टोटका एवं टोनही के रहस्यमयी गुप्त दुनिया से परिचय कराना है। समाज में इस विषय को लेकर बहुत सारी बातें चलती रहती हैं। लोग मनोरंजन की दृष्टि से भी भूत-प्रेत की कहानियाँ गढते हैं और चौक-चौराहों पर बैठ कर समय व्यतीत करने की दृष्टि से चर्चा करते हैं। जब सदियों से ये मान्यताएं चली आ रही हैं तो इसके पीछे अवश्य ही कोई सच भी होगा। जिज्ञासु होने के बाद भी मुझे अभी तक टोनही इत्यादि का साक्षात्कार नहीं हुआ है। लेकिन कुछ घटनाएं ऐसे घट चुकी हैं जिन्हे नकारने या स्वीकार करने की स्थिति में नहीं हूँ। उन घटनाओं को सिर्फ़ अपने मन का भ्रम या संयोग मानकर  दरकिनार करते आया हूं। 

सोमवार, 16 जुलाई 2012

हरेली अमावस: टोनही मंत्र शोधने का दिन

धरती हरियाली से मस्त
सावन का महीना प्रारंभ होते ही चारों तरफ़ हरियाली छा जाती है। नदी-नाले प्रवाहमान हो जाते हैं तो मेंढकों के टर्राने के लिए डबरा-खोचका भर जाते हैं। जहाँ तक नजर जाए वहाँ तक हरियाली रहती है। आँखों को सुकून मिलता है तो मन-तन भी हरिया जाता है। यही समय होता है श्रावण मास के कृष्ण पक्ष में अमावश्या को "हरेली तिहार" मनाने का। नाम से ही प्रतीत होता है कि इस त्यौहार को मनाने का तात्पर्य भीषण गर्मी से उपजी तपन के बाद वर्षा होने से हरियाई हुई धरती के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना ही होता है, तभी इसे हरेली नाम दिया गया। मूलत: हरेली कृषकों का त्यौहार है, यही समय धान की बियासी का भी होता है। किसान अपने हल बैलो के साथ भरपूर श्रम कृषि कार्य के लिए करते हैं, तब कहीं जाकर वर्षारानी की मेहरबानी से जीवनोपार्जन के लिए अनाज प्राप्त होता है। उत्सवधर्मी मानव आदि काल से ही हर्षित होने का कोई मौका हाथ से नहीं जाने देता और खुशी प्रकट करने, रोजमर्रा से इतर पकवान खाने की योजना बना ही लेता है, यह अवसर हमारे त्यौहार प्रदान करते हैं।

चारागन में गायें
हरेली के दिन बिहान होते ही पहटिया (चरवाहा) गाय-बैल को कोठा से निकाल कर चारागन (गौठान) में पहुंचा देता है। गाय-बैल के मालिक अपने मवेशियों के लिए गेंहु के आटे को गुंथ कर लोंदी बनाते हैं। अंडा (अरंड) या खम्हार के पत्ते में खड़े नमक की पोटली के साथ थोड़ा सा चावल-दाल लेकर चारागन में आते हैं। जहाँ आटे की लोंदी एवं नमक की पोटली को गाय-बैल को खिलाते हैं तथा चावल-दाल का "सीधा" पहटिया (चरवाहा) को देते हैं। इसके बदले में राउत (चरवाहा) दसमूल कंद एवं बन गोंदली (जंगली प्याज) देता है। जिसे किसान अपने-अपने घर में ले जाकर सभी परिजनों को त्यौहार के प्रसाद के रुप में बांट कर खाते हैं। इसके बाद राऊत और बैगा नीम की डाली सभी के घर के दरवाजे पर टांगते हैं, भेलवा की पत्तियाँ भी भरपूर फ़सल होने की प्रार्थना स्वरुप लगाई जाती हैं। जिसके बदले में जिससे जो बन पड़ता है, दान-दक्षिणा करता है। इस तरह हरेली तिहार के दिन ग्रामीण अंचल में दिन की शुरुवात होती है।     

बन गोंदली - द्शमूल कांदा - फ़ोटो डॉ पंकज अवधिया
ग्रामीण अंचल में बैगाओं को जड़ी-बूटियों की पहचान होती है। परम्परा से पीढी-दर-पीढी मौसम के अनुसार पथ्य-कुपथ्य की जानकारी प्राप्त होते रहती है। कौन सी ॠतु में क्या खाया जाए और क्या न खाया जाए। कौन सी जड़ी-बूटी, कंद मूल बरसात से मौसम में खाई जाए जिससे पशुओं एवं मनुष्यों का बचाव वर्षा जनित बीमारियों से हो। सर्व उपलब्ध नीम जैसा गुणकारी विषाणु रोधी कोई दूसरा प्रतिजैविक नही है। इसका उपयोग सहस्त्राब्दियों से उपचार में होता है। वर्षा काल में नीम का उपयोग वर्षा जनित रोगों से बचाता है। दसमूल (शतावर) एवं  बन गोंदली (जंगली प्याज) का सेवन मनुष्यों को वर्ष भर बीमारियों से लड़ने की शक्ति देता है। साथ ही अंडापान (अरंड पत्ता) एवं खम्हार पान (खम्हार पत्ता) पशुओं का भी रोगों से वर्ष भर बचाव करता है। उनमें विषाणुओं से लड़ने की शक्ति बढाता है। पहली बरसात में जब चरोटा के पौधे धरती से बाहर आते हैं तब उसकी कोमल पत्तियों की भाजी का सेवन किया जाता है।  

गेड़ी का आनंद - फ़ोटो रुपेश यादव
हम बचपन से ही गाँव में रहे। हरेली तिहार की प्रतीक्षा बेसब्री से करते थे क्योंकि इस दिन चीला खाने के साथ "गेड़ी" चढने का भी भरपूर मजा लेते थे। जो ऊंची गेड़ी में चढता में उसे हम अच्छा मानते थे। हमारे लिए गेड़ी बुधराम कका तैयार करते थे। ध्यान यह रखा जाता था कि कहीं अधिक ऊंची न हो और गिरने के बाद चोट न लगे। गेड़ी के बांस के पायदान की धार से पैर का तलुवा कटने का भी डर रहता था। तब से ध्यान से ही गेड़ी चढते थे। गेड़ी पर चढकर अपना बैलेंस बनाए रखते हुए चलना भी किसी सर्कस के करतब से कम नहीं है। इसके लिए अपने को साधना पड़ता है, तभी कहीं जाकर गेड़ी चलाने का आनंद मिलता है। अबरा-डबरा को तो ऐसे ही कूदते-फ़ांदते पार कर लेते थे। बदलते समय के साथ अब गांव में भी गेड़ी का चलन कम हो गया। परन्तु पूजा के नेग के लिए गेड़ी अभी भी बनाई जाती है। छोटे बच्चे मैदान में गेड़ी चलाते हुए दिख जाते हैं।

फ़ुरसत में किसान
इस दिन किसान अपने हल, बैल और किसानी के औजारों को धो मांज कर एक जगह इकट्ठा करते हैं। फ़िर होम-धूप देकर पूजा करके चावल का चीला चढा कर जोड़ा नारियल फ़ोड़ा जाता है जिसे प्रसाद के रुप में सबको बांटा जाता है। नारियल की खुरहेरी (गिरी) की बच्चे लोग बेसब्री से प्रतीक्षा करते हैं। टमाचर, लहसून, धनिया की चटनी के साथ गरम-गरम चीला रोटी के कहने ही क्या हैं, आनंद आ जाता है। पथ्य और कुपथ्य के हिसाब से हमारे पूर्वज त्यौहारों के लिए भोजन निर्धारित करते थे। सभी त्यौहारों में अलग-अलग तरह का खाना बनाने की परम्परा है। भोजनादि से निवृत होकर खेलकूद शुरु हो जाता है। इन ग्रामीण खेलों की प्रतीक्षा वर्ष भर होती है। कहने का तात्पर्य यह है कि हरेली परम्परा में रचा बसा पूर्णत: किसानों का त्यौहार है।

दरवाजे पर नीम की डाली-फ़ोटो डॉ पंकज अवधिया
खेल कूद के लिए ग्रामीण मैदान में एकत्रित होते हैं और खेल कूद प्रारंभ होते हैं जिनमें नगद ईनाम की व्यवस्था ग्राम प्रमुखों द्वारा की जाती है। कबड्डी, गेड़ी दौड़, टिटंगी दौड़, आंख पर पट्टी बांध कर नारियल फ़ोड़ना इत्यादि खेल होते हैं। गाँव की बहू-बेटियां भी नए कपड़े पहन कर खेल देखने मैदान में आती हैं, तथा उनके भी खेल होते हैं, खेलों के साथ सभी का एक जगह मिलना होता है, लोग एक स्थान पर बैठकर सुख-दु:ख की भी बतिया लेते हैं। खेल-कूद की प्रथा ग्रामीण अंचल में अभी तक जारी है। खेती के कार्य के बाद मनोरंजन भी बहुत आवश्यक है। किसानों ने हरेली तिहार के रुप में परम्परा से चली आ रही अपनी सामुहिक मनोरंजन की प्रथा को वर्तमान में भी जीवित रखा है।

पहाटिया (चरवाहा)-फ़ोटो डॉ पंकज अवधिया
हरेली तिहार के दिन का समय तो देवताओं के पूजा पाठ और खेल कूद में व्यतीत हो जाता है फ़िर संध्या वेला के साथ गाँव में मौजूद आसुरी शक्तियां जागृत हो जाती हैं। अमावश की काली रात टोनहियों की सिद्धी के लिए तय मानी जाती है। यह सदियों से चली आ रही मान्यता है कि हरेली अमावश को टोनही अपना मंत्र सिद्ध करती हैं, सावन माह मंत्र सिद्ध करने के लिए आसूरी शक्तियों के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। शहरों के आस-पास के गाँवों में अब टोनही का प्रभाव कम दिखाई देता है लेकिन ग्रामीण अंचल में अब भी टोनही का भय कायम है। हरियाली की रात को कोई भी घर से बाहर नहीं निकलता, यह रात सिर्फ़ बैगा और टोनहियों के लिए ही होती है। टोनही  को लेकर ग्रामीणों के मानस में कई तरह की मान्यताएं एवं किंवदंतियां स्थाई रुप से पैठ गयी हैं। विद्युतिकरण के बाद भूत-प्रेत और टोनही दिखाई देने की चर्चाएं कम ही सुनाई देती हैं। टोनही के अज्ञात भय से मुक्ति पाने में अभी भी समय लगेगा।    

शनिवार, 30 जुलाई 2011

हरेली अमावस और जादू-टोना की रात

पंजा जोड़ी- बैगा ने पत्थर से निकालना बताया, जीवाश्म हो सकता है
छत्तीसगढ अंचल में सावन माह को तन्त्र-मंत्र और जादू टोने के साथ जोड़ा जाता है एवं सावन माह को ग्रामांचल में काफ़ी महत्व दिया जाता है। प्रत्येक ग्राम में एक बैगा होता है, जो गाँव के देवी-देवताओं की पूजा करके उन्हे परम्परागत ढंग से मनाता है। सावन में प्रत्येक ग्राम वासी से चंदा करके गाँव बांधने एवं देवी-देवताओं की पूजा की जाती है।  इसे सावनाही बरोना कहते हैं, सावन के प्रथम सोमवार की रात को पूजा का सामान लेकर अपने चेलों के साथ बैगा गाँव की चौहद्दी सीमा (सरहद-सियारा-मुनारा) में अपने चेलों के साथ जाता है, तथा जिस स्थान पर देवी-देवता का स्थान नियत है, उस स्थान पर होम-धूप देकर पूजा करता है। ग्राम के बाहर खार (खेत) में भैंसासुर, सतबहनिया, शीतला, ग्राम देवता, आदि का निवास माना जाता है तथा ग्राम की भीतर सांहड़ा देव, महादेव, हनुमान जी, दुर्गा देवी एवं अन्य देवताओं का निवास मानते हैं।

सावनाही रेंगाना - ग्राम सीमा में टोटका
बैगा खार (खेतों) के नियत स्थानों पर पर देवी-देवताओं की पूजा करके गाँव की सीमा में एक स्थान पर विशेष पूजा करता है, जिसे गांव बांधना कहते हैं। सावन सोमवार को गाँव बांधने की पूजा के कारण ही सभी स्कूलों की आधे दिन की छुट्टी रहती है, जब हम स्कूल में पढते थे तब भी होती थी और आज भी होती है। इस दिन गाँव के सभी लोग छुट्टी करते हैं काम से और किसी दुसरे गाँव भी नहीं जाते। गाँव बांधने की तांत्रिक पूजा में लाल, काले, सफ़ेद छोटे छोटे झंडे, नींबु, काली हंडी, बांस की टोकनी (चरिहा) खुमरी (बांस की बनी टोपी) नारियल होम-धूप, लकड़ी की बैलगाड़ी का प्रतीक, दारु, मुर्गी इत्यादि का प्रयोग होता है। इस पूजा में बैगा सभी देवी-देवताओं का आह्वान करके उनसे गाँव की रक्षा का निवेदन करता है कि गाँव में धूकी (हैजा-कालरा) भूत-प्रेत, टोना-टोटका एवं अन्य दैविय प्रकोप न हो। इसके बाद एक मुर्गी को जिंदा छोड़ा जाता है और फ़िर उस पूजा स्थल को दुबारा पीछे मुड़ के नहीं देखा जाता। बीमारियों को दैविय प्रकोप से जोड़ कर देखा जाता है। गाँव बांधने बाद सभी लोग घर नहीं जाते, गाँव के बाहर स्थित स्कूल, मंदिर या ग्राम पंचायत भवन में रात गुजार देते हैं। मान्यता है कि इनके साथ कहीं भूत-प्रेत गांव में प्रवेश न कर जाए। फ़ोड़े गए नारियलों का प्रसाद ये ही लोग खाते है, घर लेकर नहीं जाते।

टोटका का सामान-  श्वेत-लाल-काले ध्वज
गाँव में किसी के बीमार होने पर लोग सबसे पहले बैगा के पास ही इलाज के लिए जाते हैं, बैगा झाड़-फ़ूंक एवं परम्परागत जड़ी-बूटियों से इलाज करता है। बैगा के इलाज से स्वस्थ न होने पर ही लोग कस्बों एवं शहरों की तरफ़ इलाज के लिए उन्मुख होते हैं। इन्हे अपनी परम्परागत चिकित्सा एवं टोने-टोटके में अत्यधिक विश्वास है। इनका पारम्परिक मान्यताओं पर विश्वास ही पढे लिखे लोगों को अंधविश्वास दिखाई देता है। जबकि पारम्परिक जड़ी-बूटियों से भी कारगर इलाज होता है। विद्याअध्यन काल में मीठा खाकर घर से बाहर निकलने पर मुझे बुखार जैसा लग कर हाथ पैरों में दर्द के साथ ठंड लगने लगती थी। तब चुल्हे के पास बैठ कर उसकी गर्मी से बदन को सेकता था। एक बैगा हमारे यहाँ काम करता था, उसके एक बार झाड़ने फ़ुंकने से ही मैं ठीक हो जाता था। अब तो बरसों से ऐसी स्थिति नहीं बनी है। लगता है कि बैगा की विद्या भी काम करती थी।

बैलगाड़ी के प्रतीक का उपयोग
सावन की अमावस को हरेली का त्यौहार मनाया जाता है। इस दिन बैगा और उसके चेले मंत्र सिद्ध करते हैं। गुरु नए चेलों को मंत्र दीक्षा भी देते हैं। गाँव के एकांत में नियत स्थान पर एकत्र होकर सभी तांत्रिक क्रियाओं को अंजाम देकर बैगा चेलों को जड़ी-बूटियों की पहचान भी बताते हैं। मेरी भेंट सिलोंधा निवासी दल्लु बैगा से हुई, ये साँप भी पकड़ते हैं एवं बैगाई-गुनियाई भी करते है। इनके पास मैने एक से एक सांप देखे जिसमें लगभग 9 फ़िट का किंग कोबरा भी था। जब उसकी फ़ोटो लेने लगा तो वह सिर उठाकर फ़ोटोशेसन करवाने लगा। सिर घुमाकर चारों तरफ़ देखता था। मैने दल्लु बैगा से टोनही देखाने को कहा। तो बैगा ने कहा कि टोनही तीन प्रकार की होती है,श्वेत, लाल और काली। आपको टोनही देखना है तो दैइहान (चारागन-जहां पशु एकत्र होते हैं) में अमावस की रात 12-1 बजे को एक नारियल लेकर खड़े हो जाओ, सब दिख जाएगा। एक से एक टोनही मिलेगी झुपते हुए, लेकिन उसके लिए तंत्र-मंत्र का इंतजाम करना पड़ेगा।

दल्लु बैगा - सिलोंधा वाले
मैने उसे अपने साथ चलकर टोनही दिखाने का आग्रह किया। उसने अनजान आदमी के लिए खतरा बताया। मैने कहा कि अपनी गारंटी मैं लेता हूँ और तुम्हे लिखित में देता हूँ कि अनहोनी होने पर मैं स्वयं जिम्मेदार हूँ। उसे मेरा प्रस्ताव पसंद नहीं आया। उसने कहा कि-"मैं आपको जड़ी दे सकता हूँ, उसके प्रभाव से आपको कुछ नहीं होगा, लेकिन मैं आपके साथ नहीं जाऊंगा, आपको अकेले ही जाना पड़ेगा।" इसका तात्पर्य यह था कि वह पल्ला झाड़ना चाहता था। परन्तु मैं भी जिद्दी आदमी हूँ, समय मिलने पर उसके गाँव तक जाऊंगा और सत्यान्वेषण करुंगा, छोड़ुंगा नहीं। उसने सांपों का जहर सेवन की भी बात बताई। उसका कहना था कि वे सांपों का जहर निकाल कर खाते भी हैं और बेचेते भी हैं। मैं जहर निकाल कर खाते हुए फ़िल्माना भी चाहता हूँ। देखते हैं यह अवसर कब आता है?

हत्था  जोड़ी
आज हरेली त्यौहार है, कुछ और बैगाओं को पकड़ते है, जिससे हमें भी ज्ञान मिले। अज्ञात से ज्ञात होना तो सभी चाहते हैं, लेकिन जो जानकार होने का दावा करते हैं वे सामने आने पर बहाना बनाकर भाग जाते हैं।हरेली त्यौहार मूलत: किसानों का त्यौहार है जिसमें बोआई के पश्चात किसान अपने कृषि यंत्रों को धो मांज कर उनकी पूजा करते हैं। घर में पकवान बनाकर भगवान को होम जग देते हैं। सावन में जल-जनित बीमारियाँ की रोकथाम के लिए गाँव के देवताओं से निवेदन करते हैं। गेंडी चलाकर उत्सव मनाते हैं। पता नहीं कैसे हरेली त्यौहार को लोगों ने टोना-टोटका एवं तंत्र-मंत्र से जोड़ दिया। मुझे भूत-प्रेत एवं जादू टोने पर विश्वास नहीं है। ऐसे अवसर ढूंढते रहता हूँ कि भूत-प्रेत से भेंट हो, पर नहीं होती तो क्या करें। आज जंगल के गावों में जाकर जादु-टोना देखने का विचार है, रात को बैगाओं के तंत्र-मंत्र के प्रयोग भी देखना है। सभी को हरेली त्यौहार की शुभकामनाएं।

NH-30 सड़क गंगा की सैर

शुक्रवार, 6 नवंबर 2009

और वो चमत्कारी तांत्रिक बाबा अंतरध्यान हो गया!!!

टोनही पर एक समाचार से प्रारम्भ हुयी चर्चा पाठकों की प्रतिक्रियाओं  के आधार पर आगे बढ़ रही है और हम इससे सम्बंधित सभी पहलुओं पर चर्चा कर रहे हैं.जिससे यह चर्चा आगे बढ़ते हुए पूर्णता को प्राप्त  होगी. आगे हम पाठकों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं को शामिल कर रहे हैं.

खुशदीप सहगल ने कहा… भूतन की महिमा भूतन जाने...हमें तो नेता रूपी ज़िंदा भूतों से बचाओ..जो लोगों को जीते-जी भूत बनाने में लगे हैं...जय हिंद... 

 संगीता पुरी ने कहा… बुद्धिमान लोगों की अतिरिक्‍त बुद्धि और बेवकूफों की अतिरिक्‍त बेवकूफी ही टोने टोटके , नजर लगने और झाडकर उतारनेवाले बाबाओं के महत्‍व में वृद्धि के लिए जिम्‍मेदार है !!

वाणी गीत ने कहा… हाँ ...पारिवारिक जिम्मेदारियों से बचने के लिए भी कई बार भूत भूतनियों का अवतरण हो जाता है ...देखा है ..!! 

M VERMA ने कहा… बहुत सुन्दर पर इन बाबाओ का भी भूत भी तो उतरना चाहिये, हमें उपरोक्त प्रतिक्रियायें प्राप्त हुयी. अब हम ढोंगी तांत्रिक किस तरह लोगों को बेवकूफ बनाकर ठगते हैं इस पर चलते हैं. चर्चा में शामिल घटनाएँ सत्य हैं. जो मैंने अपने जीवन में देखी हैं और जो मेरे साथ घटित हुयी हैं, हाँ कही पर पात्रों के नाम अवश्य बदल दिये गये हैं.

हमारे छत्तीसगढ़ के पलारी ब्लॉक के एक गांव की ओर आपको ले चलता हूँ यहाँ एक दोंगी बाबा तांत्रिक ने गांव के तालाब के पास मंदिर में आकर डेरा डाला. हमारे यहाँ दैनिक निस्तारी तालाबों से ही होती है. 

महिला हो पुरुष तालाब में ही नहाते है और कपडा धोना मवेशियों को धोना,उन्हें पानी पिलाना आदि समस्त काम तालाब पर ही होते हैं. इस तरह ग्रामवासियों का दिन रात तालाब पर आना जाना लगा रहता है. 

नहाने के बाद लोग तालाब की पार बने मंदिर में जल चढा कर पूजा भी करते हैं,एक अच्छे दिन के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी करते हैं. 

उन लोगों देखा की मंदिर में एक बाबा जी ने डेरा डाल रखा है. तो बाबा जी से उनकी वार्तालाप होने लगी.बाबाजी के पास भोजन सामग्री भी वे गांव के नौजवान पंहुचा देते थे. 

बाबाजी रोज मंदिर में पूजा करते और भगवान के भोग लगाते. इसके लिए वो एक छोटे बर्तन में एक मुट्ठी चावल डालते और किसी लड़के से तालाब का पानी एक गिलास उसमे डलवाकर उस बर्तन को पेड़ की डाल पर लटका देते थे. १५ मिनट में चावल बिना किसी आग के पेड़ पर लटकाने से ही पक जाता था. उसके बाद उस चावल का भोग वो भगवान को लगा कर बाकी चावल पानी में बहा देते थे.  

बिना आग के चावल पकाने का चमत्कार लोगो में आग की तरह फ़ैल गया, बाबा बहुत बड़ा तांत्रिक है और चमत्कार करता है, हमने अपनी आँख से देखा है. ये चर्चा जंगल की आग की तरह फैली. आस पास के गांवों की भीड़ वहां लगने लगी. 

अन्धविश्वासी लोग चढावा चढाने लगे अपनी समस्या बताने लगे-चमत्कारी बाबा से चमत्कार की आशा करने लगे. इस तरह बाबा ने कुछ लोगों को अपने विश्वास में ले लिया, 

एक दिन कहा कि मैं तुम्हारी सेवा से खुश हूँ और तुम्हे कुछ देना चाहता हूँ. आज तुम जितना भी पैसा दोगे तुम्हे दुगनाकर दूंगा. 

लोंगों ने विश्वास करके उसे पैसे लाकर दिये. और बाबा रात को ढाई लाख रुपया लेकर चंपत हो गया. 

जब दुसरे दिन लोगों को नही मिला तो पुलिस थाने में रिपोर्ट की गई, मिडिया में समाचार बना, और वो चमत्कारी तांत्रिक बाबा अंतरध्यान हो गया, आज तक नही मिला है.उसकी तलाश जारी है.........................   

गुरुवार, 5 नवंबर 2009

तांत्रिक बाबा ने उतारा मियादी भूत

अभी हमारी चर्चा तांत्रिकों के हथकंडों पर चल रही है. की किस तरह वो लोंगो पर अपने हथकंडों का प्रयोग करके अपनी रोजी रोटी चलाते हैं. और लोगों को कैसे लुटते हैं.  कई लोग अपनी दुश्मनी निकलने या किसी को बदनाम करके उसे परेशान करने के लिए भी तांत्रिक से मिली भगत करके अपना ऊल्लू साधते है. हमारे पास कल की प्रतिक्रियाएं उत्साह वर्धक हैं.

Ratan Singh Shekhawat ने कहा… सही लिखा आपने लोग ऐसे ही फंसते है और जगहंसाई से बचने के लिए बात को छुपा जाते है और इन बाबाओं की दुकानदारी चलती रहती है | ऐसे बाबाओं को तो मेरे स्वर्गीय नाना जी सबक सिखाते थे वे ऐसे किसी भी गांव में घूमते हुए साधू को पकड़ लेते और कहते आ एक टांग पर खड़े होकर दोनों तपस्या करते है देखते है हम दोनों में से कौन साधू बना रहता और और कौन बाधू | ये सुनने के बाद कभी कोई साधू उनके पास रुकता ही नहीं था |

संगीता पुरी ने कहा… जादू के दो खेल सीखकर इतनी तेजी से ये बाबा लोगों को भयभीत करने वाली दो बातें बोलकर उनपर अपना जादू डाल देते हैं कि .. सचमुच आपको सोंचने का भी मौका नहीं मिलता .. और आप सभी लुट जाते हैं .. जो लुटता है वो बेवकूफ बनने के भय से इस बात की चर्चा भी नहीं करता .. इस कारण समाज में अन्‍य लोग भी लुटते चले जाते हैं .. टेलीवीजन, रेडियो या पत्र पत्रिकाएं भी कारगर तरीके से समाज के लुटेरे इन व्‍यक्तियों को सामने नहीं लाते .. बल्कि इन्‍हें और अच्‍छे ढंग से प्रस्‍तुत किया जाता है .. इसलिए समस्‍याएं सुलझने के बजाय उलझती जा रही है !!

Science Bloggers Association ने कहा… आशा है इससे सीख लेकर आगे लोग लुटने से बचेंगे।

अब हम चर्चा को आगे बढ़ते हैं कि लोगों में जादू-टोना या तंत्र-मंत्र का अन्धविश्वास इतने गहरे पैठ चूका है कि वो इससे अलग होकर सोचने की स्थिति में ही नहीं हैं. 

हमारे मोहल्ले में दो पड़ोसियों राधे और किशोरी के बीच नल पर पानी भरने को लेकर आपस में तू-तू में-में हुई  और नौबत हाथा-पाई-मार-पीट तक पहुँच गई.  

इसके कुछ दिन बाद राधे की बीवी कुछ असामान्य हरकतें करने लगी, बाल खोल कर नाचती और मुंह टेढा करके अजीब तरह की आवाजें निकलती.आदमी की मोटी आवाज में बोलती , उसकी आवाज बदल जाती थी,  देखने से ही बडा डर लगता था. 

बैगा बुलाया जाता वाह तंत्र-मंत्र करता और वाह एक-दो घंटे में नार्मल हो जाती. इसके बाद ये कार्यक्रम लगभग रोज ही चलने लगा. 

एक दिन वह सडक पर फिर रौद्र रूप में आ गयी और चिल्लाने लगी की किशोरी की घरवाली टोनही है और उसने ही मेरे ऊपर-मारण मंत्र का प्रयोग करवाया है. 

उसे लेकर एक बाबाजी के पास गये वह तांत्रिक था. उसने भी अभी गाँव में नयी दुकान खोली थी. में भी उनके साथ गया. बाबाजी के पास पहुचे तो उसने पूजा कमरे में बिठाया और झाड़ फूंक करने लगा. 

पूजा कमरे का माहौल बडा खौफनाक था. सामने काली माई की मूर्ति और भी बहुत सारे देवी देवताओं की मूर्तिया लगी थी, कमरे में अँधेरा था सिर्फ दीपक की ही रौशनी थी. 

वहां पहुँचते ही वह महिला फिर ऐंठने लगी, मुंह तिरछा बनाकर आदमी की मोटी आवाज में बोलने लगी. बाबा ने एक फ़ूल लिया और फर्श पर गोला बनाया. फिर उसमे जैसे ही जोड़ का चिन्ह बनाया, वह चीखने लगी "मुझे मत जलाओ" मुझे मत जलाओ " 

बाबा बोला"बोल "तू कहाँ से आया है-कौन है ? तुझे किसने भेजा है" 

तो उसने उसके पडोसी किशोरी का नाम लिया और बोला "उसने फलां तांत्रिक के माध्यम से मुझे इसके घर में भेजा है" 

बाबा बोला "चले जा" 

वह बोला"मेरी मियाद है-मैं इसे लेकर ही जाऊंगा" 

बाबा बोला चला जा नहीं तो मैं तेरा बहुत बुरा हल कर दूंगा. 

वह महिला फिर मुह टेढा करके चिल्लाने लगी और बोली "नहीं जाऊंगा-मैं इसे लेकर ही जाऊंगा" 

बाबा बोला " जाओ रे लोहे का सरिया एक दम लाल होते तक गरम करके लाओ-उसे इसके मुह में डालूँगा" 

तो वह बोला नहीं-नहीं ऐसा मत करो, 

ये सब तमाशा मैं वहां पर बैठ कर देख रहा था. फिर बाबा ने कुछ मंत्र बुदबुदाया और उस पर पानी का छींटा मारा वह औरत जोर से चिल्ला कर शांत हो गयी. 

इस तरह उसका पडोसी जादू-मंतर करने वाला घोषित हो गया. उसकी दुकान में ग्राहकों ने जाना बंद कर दिया. और उसके पडोसी राधे की घरवाली रोज इसी तरह की हरकतें करके किशोरी का ही नाम लेती थी कि उसने ही जादू टोना करवाया है. 

आखिर हार कर किशोरी ने अपना घर और दुकान बेच दिया और वह शहर में रहने चला गया, तब से उसके पडोसी राधे की घरवाली ठीक हो गयी और आज तक उस पर कोई भुत प्रेत नहीं आया है 

बाबा की दुकानदारी बडे जोर से चल रही है, अब तो काफी लोग दूर -दूर से आते हैं अपना भुत उतरवाने। 

बुधवार, 4 नवंबर 2009

अघोरी तांत्रिक से ठगाकर गंवाए रुपए

हम "टोनही" चर्चा पर आगे चलते हैं.अभी हमारी चर्चा पहले कारण वहम और भय पर चल रही थी जिस पर पत्रिकियाए आई. और उनसे हमारा भी उत्साह बढा और यह चर्चा अब अपना मुकम्मल रूप लेती जा रही है.मैंने तो इसका प्रारंभ मात्र एक पोस्ट से ही किया था लेकिन पाठकों को जिज्ञासा और प्रतिक्रियाओं को देखते हुए इसके सभी पहलुओं पर विचार करना आवश्यक हो गया है. 

पी.सी.गोदियाल ने कहा… हा-हा-हा... दोनों रोचक किस्से ! सच में इस डर का कोई इलाज नहीं !!

संगीता पुरी ने कहा… हमारी मन:स्थिति हमारे शरीर के एक एक सेल को प्रभावित करती है .. आपका सारा काम मनोनुकूल होता रहे .. तो आपका स्‍वास्‍थ्‍य बिल्‍कुल सामान्‍य रहेगा .. जबकि आपके काम में अडचनें आनी शुरू हो जाएं .. तो आपका स्‍वास्‍थ्‍य बिगडने लगेगा .. भय या तनाव हमारे शरीर में किसी भी स्थिति को जन्‍म दे सकते हैं .. और अचानक शरीर में उत्‍पन्‍न परिस्थिति के लिए हम किसी भूत या आत्‍मा को जिम्‍मेदार समझ लेते हैं !!

Murari Pareek ने कहा… हा..हा..हा.. मरा सांप भी डस गया !!! और खुद ही भुत बन कर खुद को ही दारा लिया दरअसल ऐसे भुत ही होते है !!! ललितजी शानदार !!!

अब हम इसके दूसरे कारण की ओर चलते हैं जो पाठकों ने ही अपनी टिप्पणियों के माध्यम से प्रकट किया है. वह है तांत्रिको की रोजी रोटी। 

.तांत्रिक, बैगा, सयाना, शेवडा, इत्यादि नामो से जाने जाना वाला व्यक्ति आपको पुरे भारत में मिल जायेगा, इनका रोजगार भयदोहन ही है. अज्ञात के प्रति भय बनाये रखो और झाड़ फूंक के नाम पर अपनी दुकान चमकाए रखो. 

मैं एक सत्य घटना की ओर ले चलता हूँ. जो मेरे साथ घटी. आप आंकलन करना उस समय मेरी मानसिक स्थिति क्या रही होगी? बात उन दिनों की है. मैं जब कोलेज में अध्यनरत था. मेरी दोस्ती हमेशा अपने से १०-१५ वर्ष बड़े लोगो से ही रही है. एक मेरे मित्र फिजिक्स-केमेस्ट्री के लेक्चरार हैं. हम लोग रोज मिलते थे और हमारी बैठक में शतरंज खेलते थे, 

काम के दिनों में शाम को और छुट्टियों में दोपहर में भी बैठ जाते थे. मेरे पिताजी की मृत्यु हुए ४-५ महीने ही हुए थे. और हम हमेशा दिन रात अचानक घटी इस दुर्घटना के विषय में ही सोचा करते थे. पूरा परिवार सदमे में था. 

एक दिन दोपहर में मैं और गुरूजी दोनों बैठक में शतरंज में मशगुल थे, दोनों के मोहरों में घमासान युद्ध मचा हुआ था. 

अचानक आवाज आई- "अलख निरंजन" हमने सर उठा के देखा तो एक नंग -धड़ंग अघोरी था, उसकी वेश बड़ा डरावना था गले में खोपडी की हड्डी लटकी हुई थी. पूरे शरीर पर भस्म मली हुई थी. आँखें एकदम लाल जलती हुई. और एक कमंडल चिमटा उसके पास था. 

मैंने कहा "क्या सेवा है बाबाजी?' 

ऐसा सुनते ही वो मेरे उपर जोर से बरस पड़ा "तू क्या सेवा करेगा मेरी" 

मैं बोला "कुछ चाय पानी नाश्ता" 

वो बोला "जो मै खाता हूँ वो तू नहीं खिला सकता-मैं गू खाता हूँ, सडा हुआ मांस खाता हूँ. दारू पीता हूँ.खून पीता हूँ बोल' 

मैं चुप हो गया। एक बार तो डर लगा, फिर गुरूजी की तरफ देख कर आश्वस्त हुआ कि मैं अकेला नहीं हूँ, गुरूजी भी साथ में है। मैंने सुन रखा था अघोरी बड़े बदमाश होते हैं, इनके मुँह नही लगना चाहिए. फिर वो सामने पड़ी कुर्सी पर बैठ गया और चाय पिलाने के लिए कहा. मैने चाय मंगवाई। 

उसने कहा कि मैं चाय पीने के बाद तुम्हारे से एक प्रश्न करूँगा उसका जवाब देना. मैंने कहा ठीक है।. 

चाय पीते ही वह बोला -'बोल क्या मांगता है?" 

मैं सोच में पड़ गया कि आज तक तो मुझे मांगने वाले ही मिले आज देने वाला आया है. मैं अभिभूत हो गया कि क्या मांगू. मेरा दिमाग इस पर तुरंत चलने लगा कई चित्र उभरने लगे, मेरे पास क्या नहीं है? जो इससे मांगू, जो नहीं है क्या यह दे सकता है? 

मैंने काफी सोच समझ के जवाब दिया - "जो आप दे सको" 

उसने कहा ' आ, ले." 

मुझे अपने पास बुलाया. और हथेली आगे करने कहा, मैंने जैसे ही हथेली आगे की, उसने चिमटे को नीचे किया उसकी नोक से दूध जैसी कोई धार जो मेरी हथेली पे गिरी, उसने कहा पी जा और मैंने पी लिया

उसके बाद उसने बीडी का एक टुकडा मुह से तोडा' बोला इसका ताबीज बना ले और मंगलवार को पूजा करके पहन लेना, तेरे सभी कष्ट दूर हो जायेंगे. 

इसके बाद गुरूजी को बुलाया उसके बाल पकड़ कर खींचे और उससे भभूत निकली। उसने भभूत गिराते हुए कहा- तुने बहुत पाप किये हैं, ये देख तेरे पाप उतार रहा हूँ।  उसके बाद वैसे ही चिमटे से दूध निकालकर गुरूजी को भी दिया. 

वह बोला "एक चीज मैं मांगू वो दोगे?" तब तक हम उसके प्रभाव में आ चुके थे. 

मैंने कहा बोलो? उसने कहा तुम्हारे से मुझे "पॉँच किलो काली मिर्च" चाहिए. 

मैंने कहा ठीक है अभी ला देता हूँ और गुरूजी से लंगोटी के लिए एक छोटा सा काला कपडा माँगा. अब देखिये क्या हो रहा है? मैंने कभी किराने का सामान नही खरीदा था। मुझे किसी चीज का भाव पता नहीं था. मैंने अपने इनफिल्ड उठाई और काली मिर्च लेने चला गया, दादी ने मुझे १७०० रूपये दे रखे थे किसी काम के लिए. गुरूजी लंगोटी लेने चला गया. 

हम दोनों उसे बैठक में अकेला छोड़ कर दुकानों की तरफ उसका सामान लेने चले गए, 

मैं दुकान में पंहुचा और दुकानदार को बोला कि मुझे पॉँच किलो काली मिर्च दे जल्दी से। . 

तो वो बोला "क्या करोगे महाराज" 

मैंने उसे कुछ नहीं बताया. तो वो बोला पुरे गांव में ५ किलो काली मिर्च नही मिलेगी. मैंने कहा जितनी है उतनी ही दे-दे। इसके पास सवा किलो ही निकली. भाव पूछा तो १८० रूपये किलो. मेरी तो बत्ती हरी हो गयी कि 

"इतनी महँगी है काली मिर्च" मैंने कभी सामान ख़रीदा ही नहीं था, सब नौकर लाते थे, इसलिए मुझे किसी सामान का भाव पता नही था। सोचा कि ज्यादा से ज्यादा ४०-५० रूपये किलो होगी. फिर दूसरी दुकान में गया वहां २५० रूपये किलो, तीसरी दुकान में २२० रूपये किलो ऐसे करके मुझे कुल साढ़े तीन किलो काली मिर्च ही मिली. मैं लेकर वापस आया तो वह बाबा वहीँ बैठा था, 

गुरूजी लंगोटी का काला कपडा लाकर उसके पास बैठा था. मैंने उसको बताया कि इतनी काली मिर्च मिली है पूरी दुकानों में. 

उसने कहा कि बाकी का रूपये नगद दे-दे मैं कहीं से और खरीद लुंगा, 

मैंने उसे साढ़े तीन सौ रूपये और दिए. वो लेकर "अलख निरंजन" कहते हुए चल दिया. उसके जाने के बाद हमें होश आया कि हमने क्या किया है? आज तो दिन दहाड़े ही लुट गए. 

मैंने गुरूजी को कहा कि आप तो बड़े थे-और होशियार भी,.आपको ही संभालना था. 

गुरूजी बोले यार सोचने का मौका ही नहीं मिला, उधर मेरे पैसे चले गये थे, हम दिन दहाड़े लुट चुके थे. होशियार कहने वाले लोग मुर्ख बन चुके थे।  

ये घटना हम किसी को बता भी नहीं सकते थे, अगर बताते तो, जग हंसाई होती, लोग बेवकूफ अलग समझे, इ़धर दादी के डंडे की मार का डर अलग बना हुआ था।.