अशोक बजाज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अशोक बजाज लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 16 दिसंबर 2011

"मेरे दिल की बात" का विमोचन के बाद चले गुजरात की ओर -- ललित शर्मा

छत्तीसगढ के यशस्वी ब्लॉगर साहित्यकार स्वराज्य करुण का नाम परिचय का मोहताज नहीं है,लगभग-35-40 वर्षों से उनकी सतत साहित्य साधना जारी है। एक दिन फ़ोन पर बताया कि उनका द्वितीय काव्य संग्रह "मेरे दिल की बात" प्रकाशित हो चुका है। उन्होने काव्य संग्रह के विमोचन के लिए तारीख तय करने कहा। हमने 15 दिसम्बर तारीख तय की। स्वराज्य जी ने कहा कि अशोक बजाज जी बंगले "चौपाल" पर ही एक छोटा सा कार्यक्रम किया जाए और कुछ ब्लॉगर मित्रों की उपस्थिति में काव्यसंग्रह का विमोचन किया जाए। ब्लॉगर के काव्य संग्रह का विमोचन एक ब्लॉगर के हाथ और ब्लॉगर्स के साथ हो। इससे बड़ी क्या बात हो सकती है। बस कार्यक्रम तय हो गया।


मुझे 16 दिसम्बर को गुजरात भ्रमण पर जाना था। हावड़ा से अहमदाबाद जाने वाली सभी गाड़ीयाँ रिशेडयुल चल रही हैं। रायपुर सुबह आने वाली गाड़ियां शाम को पहुंच रही हैं। इससे हावड़ा अहमदाबाद मार्ग पर चलने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए मैने एक सप्ताह पहले पुरी अहमदाबाद से अपना जाने का आरक्षण करवाया, पर 15 तारीख तक आरक्षण कनफ़र्म नहीं हुआ। इसलिए आपातकालीन कोटे से आरक्षण करवाने के लिए मुझे रायपुर डी आर एम कार्यालय से सम्पर्क करना था अर्थात रायपुर जाना तय था। दोपहर में डी आर एम ऑफ़िस से आरक्षण का पत्र देकर राहुल भाई के पास पहुंच गए। यहाँ पहुंचने पर सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक ज्ञान में वृद्धि हो ही जाती है। बैठे-बिठाए कुछ ज्ञान प्राप्त हो जाता है। 

शाम को अरुणेश दवे जी का फ़ोन आने पर उन्हे राहुल भैया के आफ़िस में ही बुला लिया गया। थोड़ी देर बाद वरिष्ठ ब्लॉगर जी के अवधिया जी भी पहुंच गए। धीरे-धीरे ब्लॉगर साथी उपस्थित होने लगे। विमोचन का समय शाम 7 बजे का तय किया गया था। तब तक अशोक भाई भी चौपाल में पहुंच चुके थे। गिरीश पंकज, जी के अवधिया, राहुल सिंह, हबीब साहब, गुरबीर चावला, अरुणेश दवे, अल्पना देशपांडे एवं पिथौरा से उपस्थित श्रृंखला साहित्य मंच के प्रवीण प्रवाह, बंटी छत्तीसगढिया, शिवा मोहंती, शंकर गोयल  की गरिमामय उपस्थिति में "मेरे दिल की बात" का विमोचन भाई अशोक बजाज के द्वारा किया गया। सभी ने करतल ध्वनि से स्वराज्य करुण जी का स्वागत करते हुए काव्य संग्रह के विमोचन पर उन्हे ढेर सारी बधाईयाँ दी। स्वल्पाहार के दौर के पश्चात गिरीश पंकज जी ने नयी कविता और छन्द बद्ध कविता पर अपने विचार प्रगट किए। उपस्थित सभी साथियों ने भी अपने विचार इस कार्यक्रम के दौरान रखे। इस दौरान राज भाटिया, अर्चना चावजी, बीएस पाबला जी ने फ़ोन पर अपनी शुभकामनाएं दी।विमोचन कार्यक्रम सम्पन्न होने के पश्चात मैने चलते-चलते टिकिट का पी एन आर देखा तो टिकिट कन्फ़र्म हो चुकी थी। मतलब अब गुजरात का भ्रमण पक्का हो चुका था।

ठंड बढ चुकी है, इसका अहसास रात 9 बजे के बाद घर आने के दौरान रास्ते में हुआ। मैने रात विनोद गुप्ता जी को फ़ोन लगा कर गुजरात के मौसम के विषय में पूछा तो उन्होने बताया कि एक स्वेटर की ठंड है उधर। साथ ही एकाध कोट लाने की हिदायत भी उन्होने दे दी। अब कल सुबह 7-25 को हम अहमदाबाद पहुंचेगे, फ़िर तय किया जाएगा कि किधर घूमना है? गुजरात जाने का कार्यक्रम अगस्त माह से बन रहा था, लेकिन कुछ न कुछ अवरोध अवश्य उपस्थित हो जाता था। यात्रा टल रही थी, इस बीच कई जगह जाना पड़ा। मित्रों अब गुजरात का सफ़र जारी हो चुका है। अहमदाबाद में कोई ब्लॉगर मित्र हैं तो अवश्य जानकारी दें, उनसे मिलने का प्रयास किया जाएगा। रात उमड़त-घुमड़त विचार ने बताया कि नागपुर में भी अच्छी ठंड हो गयी है। रजाई का इस्तेमाल किया जा रहा है पर हल्की रजाई में ठंड नहीं रुक रही।  शरद कोकास भाई को भी नागपुर की शादी के दौरान ठंड लग गयी। फ़ोनिक चर्चा के दौरान उन्होने ठंड लगने की जानकारी दी। अब लेते हैं शार्ट ब्रेक और मिलते हैं अहमदाबाद में।

शनिवार, 3 दिसंबर 2011

सिर चढकर बोलता आवाज का जादू -------- ललित शर्मा

जिधर चले रास्ता 
गाड़ी आगे बढती है, शहर की अट्टालिकाओं को पीछे छोड़ती हुई, बलखाती सड़क खेतों को चीरते हुए चली जा रही। हम भी खिड़कियों से आस-पास की हरियाली देख रहे हैं। धान की फ़सल पक गयी है, किसान फ़सल की कटाई कर रहे हैं। सड़क के किनारे भराही गाड़ा लगे हुए हैं। एक पेड़ के नीचे किसान पैरा डोरी बना रहा है काटे हुए धान के गट्ठर को बांधने के लिए। उसने पेड़ की डाली से रेड़ियो टांग रखा है। सुनता भी जा रहा है और साथ ही हाथ भी चल रहे हैं, डोरी भी बनते जा रही है। शहर से गाँवों की ओर जाते हुए बहुत कुछ बदल जाता है। यहाँ ड्राईंग रुम में हाथ में रिमोट लिए लोग दिखाई नहीं देते। हमने भी गाड़ी में रेड़ियो चालु कर लिया और उससे आवाज आई, "305.81 मीटर अर्थात 981 किलो हर्ट्ज पर ये आकाशवाणी रायपुर है, 11 बजे हैं प्रस्तुत है कार्यक्रम फ़ोन इन फ़रमाईश। प्रस्तुत कर्ता हैं दीपक हटवार।" अब शुरु हो जाता है फ़ोन इन कार्यक्रम, श्रोताओं के फ़ोन से उनकी फ़रमाईश पर सुरीले गीतों का कार्यक्रम सुनने लगते हैं।

हरिभूमि समाचार - रेड़ियो श्रोता सम्मेलन
आकाशवाणी रायपुर से दीपक हटवार की गंभीर आवाज हवा में तैरते हुए हम तक पहुंचती है और हम उनके साथ जुड़ जाते हैं रेड़ियो कार्यक्रम के माध्यम से। हमारे जैसे लाखों श्रोताओं के घर सुबह का चिंतन लेकर दीपक हटवार पहुंचते हैं। आकाशवाणी रायपुर में 1990 से उनकी आवाज गूंज रही है। चिंतन के माध्यम से उनसे लोग रुहानी तौर पर जुड़े हैं। आवाज तो उनकी लाखों लोगों ने सुनी है, मगर देखा कुछ सैकड़ों ने है।आकाशवाणी रायपुर से खेल गतिविधियां, आज का चिंतन, फ़ोन इन कार्यक्रम, रंग तरंग, हास्य झलकी, नाटक एवं रुपक दीपक हटवार की आवाज में प्रसारित होते हैं। रेड़ियो के माध्यम से किसी कार्यक्रम को सुनने का आनंद ही अलग है। रेड़ियो उद्घोषक का श्रोताओं से सीधा संबंध होता है, श्रोताओं के पत्र उस तक पहुंचते हैं, अधिकतर पत्र कार्यक्रम की तारीफ़ के होते होगें तो एकाध लानत-मलानत के भी, क्योंकि सभी को संतुष्ट कर पाना संभव नहीं। किसी के पत्र कार्यक्रम शामिल नहीं होते होगें तो उनकी नाराजगी तो झेलनी ही पड़ेगी।

दीपक हट्वार और लेखक
फ़ोन इन कार्यक्रम सुनते हुए हम चले जा रहे हैं और मेरे साथ ही गाड़ी में रायपुर आकाशवाणी के उद्घोषक दीपक हटवार भी बैठे है। रेड़ियो के माध्यम से उनके कार्यक्रम को सुनना एवं उनके साथ साक्षात सफ़र पर जाना अच्छा लग रहा है। मैं जिज्ञासावश उनसे कुछ प्रश्न करता हूँ, क्योंकि मुझे फ़िल्मों की जानकारी नही के बराबर ही है। जीवन में बहुत कम फ़िल्मे ही देखी है। गाने भी पुराने सुनता हूँ। जो 1972 के पहले के होते हैं, जिन गानों में कुछ सार्थक संदेश होता है, जो रुहानी होते हैं, जिसके बोल जाग उठते हैं और मुझे अंतस की गहराईयों में सहज ही उतार कर उसमें डुबकी लगाने को मजबूर कर देते हैं। पर दीपक हटवार जी के पास नए-पुराने सभी गानों के रचनाकार, संगीतकार और फ़िल्म के नाम सहित अथाह जानकारियाँ भरी पड़ी है। चर्चा के दौरान मोहम्मद रफ़ी के गानों की जिक्र छेड़ बैठे। उन्होने बताया कि उनके आकाशवाणी के संग्रह में गांव की "गोरी फ़िल्म" का गाना "दिलदार की ऐसी की तैसी" नहीं है। जिसे मोहम्मद रफ़ी और जी एम दुर्रानी ने गाया था।

मोहम्मद रफ़ी साहब
मैं एक ऐसे व्यक्ति को जानता हूँ जो रफ़ी साहब का पागलपन की हद तक दीवाना है, उसके पास यह गाना अवश्य मिल जाएगा। मैने तुरंत राजेश नायक को फ़ोन लगाया और उन्होने कहा कि यह गाना उनके संग्रह में है। जान बड़ी खुशी हुई कि दीपक हटवार जो गाना ढूंढ रहे थे वह मिल गया। उन्होने बताया कि जो भी फ़िल्मी गाना रेड़ियो पर बजाया जाता है उसके कापी राईट होल्डर रायल्टी देनी पड़ती है। रेड़ियो स्टेशन की लॉगबुक में उस गाने के बजाए जाने की तारीख और समय दर्ज होता है। मुफ़्त में नहीं बजा सकते। हम तो अपने टेप पर मुफ़्त में ही बजाते रहे हैं, यही सोचते थे कि रेड़ियो वाले भी मुफ़्त में बजाते होगें।:) रेड़ियो पर उद्घोषक को अपने श्रोताओं को टी वी एंकर जैसे उंगली दिखा कर धमकी नहीं देनी पड़ती। एक टीवी चैनल पर एकंर कहता है कि "कहीं जाईएगा नहीं, हम लौटकर आते हैं एक ब्रेक के बाद।" टीवी चैनल वालों को डर रहता है कि दर्शक टीवी के सामने से उठ कर न चला जाए, जबकि श्रोता के साथ रेड़ियो स्वयं ही चला जाता है।

मनोहर महाजन, अशोक बजाज, ललित शर्मा
गत वर्ष रायपुर में आयोजित रेड़ियो श्रोता सम्मेलन में रेड़ियो सीलोन के उद्घोषक मनोहर महाजन, रिपुसुदन एलाबादी एवं विजयलक्ष्मी डिसेरम रायपुर पहुंचे थे। इनसे मिलने मुंबई तक के श्रोता रायपुर पहुंचे थे। मुंबई से आए दो वयोवृद्ध श्रोता बंधु मनोहर महाजन से मिलने के लिए मंच तक पहुंचे तो उनसे मिल कर उनकी आँखों में आँसु आ गए। स्नेह मिलन उन्हे द्ववित कर गया। मनोहर महाजन भी भावुक हो गए। उन वयोवृद्ध श्रोताओं ने मनोहर महाजन के समक्ष कहा कि -" उनकी अंतिम इच्छा है कि जब उनकी अर्थी उठे उसकी रनिंग कमेंट्री आप करें।" ऐसी अंतिम इच्छा उन्ही की हो सकती है जो रेड़ियो के माध्यम से उद्घोषकों से आत्मीय तौर पड़ जुड़े जाते है। इस दृश्य का साक्षी वहां उपस्थित श्रोताओं के साथ मैं भी था। मुन्ना भाई फ़िल्म की तर्ज पर श्रोता रेड़ियो उद्घोषक का काल्पनिक चित्र अपने जेहन में उसकी आवाज सुनकर बना लेते हैं। जबकि वास्तविकता अलग होती है।

दीपक हटवार  - आवाज का जादू
इसी संबंध में दीपक हटवार ने अपने कुछ संस्मरण सुनाए। उन्होने बताया कि एक बार रेड़ियो स्टेशन में उनसे मिलने के लिए वृद्ध पति-पत्नी आए। उन्होने आकर मेरे विषय में पूछा, जब मैं सामने आया तो उन्होने मुझे साष्टांग प्रणाम किया। जिससे मैं भौंचक रह गया और असहज महसूस करने लगा। उन्हे उठाया और आने का कारण पूछा तो उन्होने मेरे से मिलने आने की बात कही। फ़िर उन्होने पूछा कि नहाने के लिए कहीं तालाब है क्या? शहर में तालाब तो दूर हैं, तो मैने उनके नहाने की व्यवस्था रेड़ियो स्टेशन के बाथरुम में की। उन्होने नहाने के बाद नए कपड़े पहने और मुझे फ़ल-फ़ूल और मिठाई भेंट किए तथा झोले से निकाल कर 50,000 की राशि देने लगे। मैने मना किया, लेकिन वे मान नहीं रहे थे। उनका कहना था कि यह सब हम आपको भेंट करने के लिए लाए हैं और वापस नहीं ले जाएगें। हम आपका चिंतन प्रतिदिन सुनते हैं, इससे हमारे मन में आपके लिए कुछ भेंट देने की इच्छा है। तो स्टेशन के सभी लोगों ने समझाया। तब उन्होने राशि तो वापस ली लेकिन फ़ल-फ़ूल और मिठाई देकर ही गए।

दिल का खिलौना हाय टूट गया
दुसरे सस्मरण में दीवानगी हद बताते हुए दीपक हटवार कहते हैं कि -"एक बार रेड़ियो स्टेशन में एक महिला मिलने के लिए आई। उसने आते ही मेरे बारे में पूछा। तो उसे मेरे पास भेज दिया गया। वह आकर कुर्सी पर बैठ गयी और पूछा कि -" आपकी शादी हो गयी है?" मेरे हाँ कहने पर उसका चेहरा कुछ मुरझा गया। फ़िर उसने कहा कि चलेगा, कोई बात नहीं, आपका घर कहाँ है? मैने पूछा क्यों? तो उसका कहना था वह मेरा घर देखना चाहती है। मैने कहा कि - अभी ड्युटी पर हूँ इसलिए घर नहीं दिखा सकता। लेकिन आप घर क्यों देखना चाहती हैं? तो उसका कहना था कि- मैं अपने तीन बच्चों और पति को हमेशा के लिए छोड़ कर आ गयी हूँ और आपके साथ ही रहना चाहती हूँ। आप मना करेगें तो वापस कहाँ जाऊंगी, जब घर-द्वार छोड़ दिया है।" सुनकर मैं भी चक्कर में पड़ गया, अपने साथियों को बताया तो सबने मिल कर उसे समझाया और उसे घर भेजा। तब जाकर बड़ी मुस्किल से मेरा पीछा छूटा।

रेड़ियो श्रोता सम्मेलन में ब्लॉगर का सम्मान
उद्घोषक को श्रोता पागलपन की हद तक अपना स्नेह और प्यार देते हैं, जिसकी कोई सीमा नहीं है। ऐसा भी कुछ घटता है जीवन में जो हमेशा के लिए एक याद बनकर रह जाता है। कुछ कार्यक्रम ऐसे हैं जो श्रोताओं के सर चढ कर बोलते हैं। मेरे एक मित्र नामदेव जी हैं, जिनका रेड़ियो कभी बंद ही नहीं होता। रेडियो स्टेशन बंद होता है तब रेड़ियो चुप होता है और रेड़ियो से प्रसारण प्रारंभ होने से प्रारंभ होता है। अब रेड़ियो का जमाना फ़िर लौट कर आ रहा है। अब तो एफ़ एम वाले भी पुराने गाने बजाने लगे हैं। श्रोता नए गाने सुन-सुनकर थक चुके हैं और पुराने गाने श्रोताओं की थकान उतार कर उन्हे तरोताजा कर कर रहें है। दीपक हटवार से मेरी मुलाकात रेड़ियो श्रोता संघ के कार्यक्रम में 20 नवम्बर को कवर्धा जाते समय हुई थी। हमारी यह मुलाकात एक यादगार रही और इस भेंट के सुत्रधार "नशा हे खराब, झन पीहू शराब" नारे के जन्मदाता बने। एक बात तो है कि "आवाज का जादू सर चढ कर बोलता है", इसमें कोई दो मत नहीं है।


सोमवार, 12 सितंबर 2011

रेडियो का जादू --- ललित शर्मा

रेडियो ही रेडियो - खरीद लो जितने चाहो 
रेडियो नाम सुनते ही कानों में सुरीली मधुर आवाज गूंज जाती है, यह तन्हाई का वह साथी है जो उदास नहीं होने देता. मैं इसे स्वस्थ मनोरंजन का सर्वोत्तम साधन मानता हूँ. रेडियो एक ऐसा यंत्र है जिसका इस्तेमाल करते हुए हम अपना काम भी कर सकते हैं. यह आदमी को बुद्धू बक्से जैसे निठल्ला दर्शक नहीं बनाता, बल्कि  काम करने की भी पूरी स्वतंत्रता देता है. इसकी पहुँच धरती से लेकर अन्तरिक्ष तक है. चाहे सीमाओं की रक्षा  करता सिपाही हो या खेत में हल चलाता किसान हो सभी के मनोरंजन का एक मात्र सर्वसुलभ साधन है. रेडियो के इन दीवानों मैं भी शामिल हूँ. देर रात घर कार से लौटते समय मुझे मनपसन्द गीत सुनाते हुए यह किसी और ही दुनिया में ले जाता है. एक-दो बार तो हादसा होते-होते रह गया. ह्रदय स्पर्शी गीत और नगमे अंतर्मन की गहराइयों में उतर जाते हैं. मुझे यह पता नहीं रहता कि गीतकार, संगीतकार, गायक कौन है? इतना जानता हूँ रेडियो सुन रहा है.

छत्तीसगढ़ के परमपरागत वाद्य 
जब बचपन में रेडियो सुनते थे तो लगता था कि इसके भीतर लोग घुस कर बैठे हैं. वही आपस में बात कर रहे हैं, गीत गा रहे हैं, समाचार सुना रहे हैं. फिर सोचता था कि आदमी तो बड़ा होता है और रेडियो छोटा, तो फिर इसके भीतर वे समाते कैसे होंगे? जब इस सवाल का जवाब मुझे नहीं मिला. तब एक दिन मैंने पेचकस से रेडियो खोल दिया, उसके भीतर से कुछ बल्ब और तार निकले. लेकिन बोलने वाला आदमी नहीं मिला. रेडियो का सत्यानाश करने के कारण डांट भी खानी पड़ी. इसके रहस्य से तब वाकिफ हुआ जब हमारे घर में टेपरिकार्डर आया. बड़ी चकरी पर रील लगी होती थी और जो माइक से बोलते थे वह हु-ब-हु सुनाई देता था. यह एक बड़ा चमत्कार था. स्वयं की आवाज सुनना अद्भुत  था. तब अंदाजा लगा कि टेप रिकार्डर से रिकार्ड करके कोई रेडियो में बोलता है.तब रेडियो का आकर्षण सर चढ़ कर बोल रहा था.

मरफ़ी रेडियो का विज्ञापन 1966
हमारे यहाँ एक चौकीदार था. उसे ५ रूपये रोज का मेहनताना मिलता था. उसके मन में बरसों से तमन्ना थी कि उसके पास भी एक ट्रांजिस्टर होता. उसने रूपये बचाकर पुराना मरफ़ी ट्रांजिस्टर १७५ रूपये में ख़रीदा. उस समय रेडियो खरीदना सम्पत्ति खरीदने जैसा ही समझा जाता था. चौकीदार के ट्रांजिस्टर खरीदने की बाकायदा रसीद लिखी गई " अमुक व्यक्ति ने अमुक व्यक्ति से एक अदद मरफ़ी कम्पनी निर्मित दो बैंड, तीन बड़े सेल का ट्रांजिस्टर ख़रीदा है, जिसकी लायसेंस फीस ७ रुपये सालाना है. दो गवाहों की मौजूदगी में १७५ रूपये नगद प्राप्त किए ......... रसीद, सनद रहे वक्त जरुरत पर काम आवे........ सही ...  क्रेता - विक्रेता दो गवाह....... और १० पैसे की रसीदी टिकिट....... उसके बाद ट्रांजिस्टर चौकीदार के शरीर का एक अंग बन गया. कंधे पर लटका ही रहता. २४ घंटे का साथी. स्थानीय रिले केंद्र से ३६ गढ़ी गीत बजते  " काबर रिसा गे दामाद बाबु दुलरू, भांटा के भरता पाताल के चटनी." और इसका आन्नद हम सब लेते. खेत जोतते समय भी किसान हल के जुड़े में रेडियो लटका कर सुनते रहते थे. भले ही कार्यक्रम कुछ भी आ रहा हो. आवाज आनी चाहिए जिससे उसका ध्यान काम में लगे रहे.

बचका मल का सम्मान करते  हुए अशोक बजाज 
बोवाई का समय होता तो मै भी जेटकिंग कम्पनी का छोटा दो बैंड का ट्रांजिस्टर लेकर खेत की मेड पर बैठता और बनिहारों के काम को देखता रहता. कहते हैं......खेती अपन सेती. अगर खेती की तरफ मालिक ध्यान नहीं देगा तो बनिहार- नौकर कमा के नहीं देने वाले. बुद्धू बक्से ने रेडियो का चलन कम कर दिया, लेकिन पूरी तरह चलन से बाहर नहीं कर पाया. रेडियो को हम जेब में डाल कर कहीं भी ले जा सकते थे, लेकिन टी.वी को नहीं. इसीलिए ग्रामीण अंचल में रेडियो लोकप्रिय हुआ और कालांतर में समाज सुधार एवं सूचनाओं के प्रचार -प्रसार का एक सशक्त माध्यम भी बना. चाहे किसान भाइयों कार्यक्रम हो, बच्चों, युवाओं, महिलाओं, एवं फौजी भाइयों का कार्यक्रम हो, सभी में लोकप्रियता हासिल की. चिट्ठी-पत्री के माध्यम से लोग जुड़ने लगे. पत्र भेजने वाले श्रोताओं के कारण भाटापारा को झुमरी तलैया भी कहा जाने लगा. श्रोताओं के पत्र फरमाईशी कार्यक्रमों में पढ़े जाने लगे. सभी वर्ग के श्रोता रेडियो के साथ जुड़ गए. चाहे स्थानीय कार्यक्रम हो या विविध भारती के कार्य्रक्रम. सभी ने श्रोताओं का सम्मान एवं प्यार पाया.

श्रोताओं की मांग पर शेख हुसैन गीत गाते हुए 
२० अगस्त को रेडियो श्रोता दिवस मनाया जाता है. गत वर्ष एवं वर्तमान में मुझे इस कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. यह एक ऐसा दिन है, जब आकाशवाणी के उद्घोषक एवं श्रोता एक दुसरे से मिलते हैं. उद्घोषक भी चाहते हैं कि वे उनसे मिले जिनके पत्र वे अपने कार्यक्रमों में पढ़ते हैं और श्रोता भी चाहते हैं कि उस उद्घोषक से रु-ब-रु हों जिसकी आवाज वे रेडियो के माध्यम से सुनते हैं. श्रोता दिवस पर दोनों का भाव पूर्ण मिलन देखने मिलता है. इस वर्ष रेडियो श्रोता दिवस का कार्यक्रम रेडियो के प्रसिद्द श्रोता "बचकामल" की नगरी भाठापारा में आयोजित हुआ. जनकपुरी होने के कारण अशोक भाई के साथ मै भी इस कार्यक्रम का साक्षी बना. जिसमे रेडियो श्रोताओं के साथ-साथ उद्घोषको का भी सम्मान किया गया. ३६ गढ़ी गीतों के गायक एवं गीतकार शेख हुसैन जी को सुना. उम्र के ढलान पर भी उनकी आवाज में वही जुम्बिस एवं दम है जो आज से ३० बरस पूर्व हुआ करता था. उन्होंने "गुल गुल भजिया खा ले, बटकी मा बासी अऊ चुटकी मा नून, चल जाबो खल्लारी मेला वो" आदि गीत गाकर मन मोह लिया.

कविता और कांति लाल बरलोटा  गपियाते हुए 
दो विशेष श्रोताओं से मेरी मुलाकात हुयी, जिनका उल्लेख किये बिना मेरी लेख अधुरा ही मानुगा. इनसे मिलकर मुझे प्रसन्नता हुयी. मन की आँखों से देखने वाले लोग निर्मल होते हैं. कांतिलाल बरलोटा प्रज्ञा चक्षु हैं साथ ही विकलांगता देकर नियति ने साथ क्रूर व्यवहार किया है. कांति लाल जी हमारे साथ रायपुर से ही भाठापारा गए थे. इन्होने शारीरिक अक्षमताओं के बावजूद दुर्गा कालेज रायपुर से बी.ए. की डिग्री प्राप्त की, कमलादेवी संगीत महाविद्यालय से गायन में एम. ए. किया एवं खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय से गीतांजली का कोर्स किया. रास्ते मैंने इनसे कुछ बंदिशें भी सुनी. तबियत ख़राब होने के पश्चात भी इनका श्रोता सम्मेलन में उपस्थित होना रेडियो के प्रति अनुराग प्रदर्शित करता है. १९९४ से कांतिलाल विद्यार्थियों को संगीत की शिक्षा दे कर ऋषि परम्परा को आगे बढा रहे हैं.

प्रज्ञा चक्षु कविता देशमुख से कार्यक्रम स्थल पर मेरी मुलाकात कांति लाल ने करायी. कविता खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय से गायन में स्नातकोत्तर उपाधि ले रही हैं. किसी की भी आवाज एक बार सुनकर उसकी हु-ब-हु नक़ल करके उसे चौंका देती है. कार्यक्रम के दौरान दोनों मेरे समीप ही बैठे थे. मेरा ध्यान इनकी बातों की ओर था. दोनों आपस में तय कर रहे थे कि ललित अंकल को फोन करके कब और कैसे चौंकाना है और मौज लेनी है. मुझे चौंकाने के मनसूबे बांधे जा रहे थे और मैं इनकी निश्छल बातें सुनकर मन ही मन मुदित हो रहा था. ईश्वर ने कुछ कमी की तो उसकी भरपाई कही और से कर दी. इन्हें जीवन जीने का मार्ग दे दिया. मुझे इनसे मिलकर अच्छा लगा ऐसे ही व्यक्तित्व किसी और की भी प्रेरणा बनते हैं. कार्यक्रम के कुछ दिनों के बाद कविता ने मुझे फोन करके चौंका ही दिया. बोली - "मै आकाशवाणी रायपुर से बोल रही हूँ, आपका कार्यक्रम आकाशवाणी में तय हो गया है, जल्दी ही रिकार्डिंग की तारीख बता दी जाएगी". काफी देर बाद मुझे इसकी आवाज समझ में आई और खूब ठहाके लगाये.

उद्घोषकगण आकाशवाणी रायपुर -बिलासपुर - चित्र-साभार संज्ञा जी 
ऍफ़.एम के आने से आज रेडियों ने पुन: टेप रिकार्डर, केसेट , सी.डी. प्लेयर सभी को पीछे छोड़ दिया. रेडियो सुनने वाले श्रोताओं की संख्या फिर बढ़ रहती है. इसी की परिणिति रेडियो श्रोता संघ के कार्यक्रम रूप में देखने मिली. कार्यक्रम के माध्यम से सभी श्रोताओं और उद्घोषकों का वार्षिक मिलन एक स्थान पर होना रेडियो के प्रचार-प्रसार लिए नव जीवन है.  वैसे रेडियो अभी भी सरकार के नियंत्रण में है, जो सरकार चाहती है वही बोलता है, अगर आकाशवाणी को स्वायतता दे दी जाये तो लोग खबरों के लिए बी.बी.सी. की ओर नहीं जायेंगे. फिर भी हमें गर्व है कि रेडियो के कार्यक्रम को हम सपरिवार सुनकर सकते हैं, यह अभी सांस्कृतिक प्रदुषण फ़ैलाने के सामाजिक अपराध  से कोसों दूर है. श्रोता सम्मलेन में आकाशवाणी रायपुर के अधिकारी यादराम पटेल, समीर शुक्ल, उद्घोषक  दीपक हटवार, श्याम वर्मा, के.परेश, बिलासपुर से हरीशचन्द्र वाद्यकार, राजू भैया,उमेश  तिवारी, एवं शोभनाथ साहू  अंबिकापुर का स्मृति चिन्ह देकर अशोक बजाज एवं शिवरतन शर्मा के हाथों  सम्मान किया गया. कार्यक्रम में ब्लॉगर संज्ञा टंडन नहीं पहुच पाई.  कमल लखानी रायपुर , डॉ. प्रदीप जैन सिमगा. रतन जैन रायपुर, सहित लगभग २०० श्रोता कार्यक्रम में उपथित थे.   

NH-30 सड़क गंगा की सैर

गुरुवार, 7 जुलाई 2011

हसदा-2 में शाला प्रवेशोत्सव -- ललित शर्मा

अभनपुर ब्लॉक के ग्राम हसदा-2 में 5 जुलाई को शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ राज्य भंडारण निगम के अध्यक्ष अशोक बजाज जी, सरपंच, सरपंच प्रतिनिधि व्यासनारायण साहू, स्कूल के प्राचार्य कार्ले, किसान राईसमील के अध्यक्ष माधो लाल मिरी एवं ग्राम के वरिष्ठ नागरिक एंव शाला परिवार के साथ विद्याथी उपस्थित थे। रंगारंग सांस्कृति कार्यक्रम के साथ विद्यार्थियों को पुस्तकों के साथ गणवेश वितरण किया गया। अशोक बजाज जी ने नव प्रवेशी विद्यार्थियों का मिठाई खिला कर स्वागत किया। वृक्षारोपण के साथ विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरुक रहने एवं नशा मुक्ति का संदेश इस अवसर पर अशोक बजाज जी ने दिया। कार्यक्रम की कुछ झलकियाँ चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत हैं:-

सरपंच, अशोक बजाज, ललित शर्मा, माधो  लाल, नोहरु राम
नशा मुक्ति कार्यक्रम
 विद्यार्थी
पुस्तक एवं शालेय गणवेश वितरण
विद्यार्थी
शालेय प्रांगण में बजाज जी के द्वारा
शालेय प्रांगण में मेरे द्वारा

NH-30 सड़क गंगा की सैर

शनिवार, 18 दिसंबर 2010

दिल्ली में मिलेंगे भाई अशोक बजाज

कल भाई अशोक बजाज से मिलने गए बधाई देने के लिए। भाई अशोक बजाज कार्यकर्ताओं के प्रिय है। सहज मिलन सार और सबकी सुनने वाले व्यक्तित्व के स्वामी होने के कारण कोई  भी पीड़ित व्यक्ति अपनी बात आसानी से कहता और उसका उचित समाधान भी पाता है। इसलिए इनके यहाँ हमेशा मिलने वालों का तांता लगा रहता है।
ललित शर्मा और अशोक बजाज जी

आप 5 वर्षों तक रायपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष भी रहे है जिसके कारण जनता तक सीधी पहुंच भी रही है। जब से इन्हे राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष की महती जिम्मेदारी मुख्यमंत्री रमन सिंग जी ने सौंपी है. कल का दिन इनके साथ ही गुजरा। 22 तारीख को दोपहर 1 बजे पदभार ग्रहण कार्यक्रम होगा जिसमें सभी वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल होगें। इस कार्यक्रम आप सभी आमंत्रित हैं।
भिलाई के जनप्रतिनिधि

आज शाम को भाई अशोक बजाज दिल्ली पहुंच रहे हैं। पार्टी के कार्यक्रम में शरीक होने के लिए। चाणक्यपुरी छत्तीसगढ सदन में मिलेगें। और 20 तारीख को शाम की फ़्लाईट से रायपुर पहुंचेगे। वे दिल्ली के ब्लागर बंधुओ से भी मिलेगें। दिल्ली के ब्लागर बंधु पाबला जी और अजय झा जी से सम्पर्क कर सकते हैं। पाबला जी का मेल आई डी bspabla@gmail.com है अन्य जानकारी के लिए छत्तीसगढ सदन के फ़ोन नम्बर 011-46156000 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

अभनपुर नगर की पुर्व अध्यक्ष प्रमिला सिंन्हा और कार्यकर्ता

मंगलवार, 14 दिसंबर 2010

ब्लॉगर बंधु अशोक बजाज जी को मिली लाल बत्ती


सुबह के अखबार ने सूचना दी है कि  ब्लॉगर बंधु अशोक बजाज जी को मुख्यमंत्री रमन सिंग जी ने लाल बत्ती थमा दी है। उन्हे स्टेट वेयर हाऊस कार्पोरेशन का चेयरमेन बनाया गया है। इस अवसर पर हमारी कोटिश: शुभकामनाएं एवं बधाईयाँ।

शनिवार, 23 अक्टूबर 2010

ये देश है वीर जवानों का--भारतीय सेना को सलाम----------ललित शर्मा

“ये देश है वीर जवानों का, अलबेलों का मस्तानों का” जब इस गीत को सुनता हूँ तो मुझे हाथ में रायफ़ल लिए सीमाओं की रक्षा करते जवान याद आ जाते हैं। वैसे भी मेरा लगाव सदा से सेना के साथ रहा है क्योंकि मेरे परिवार का दाना-पानी सेना के पैसे से ही चलता था। वर्दी पहने हुए जवान अपने आभूषणों से सूसज्जित होकर जब कदम ताल करते हैं तो उनके बूटों की धमक से धरती भी हिलने लगती है। लड़ाई का मैदान हो, शांति का समय या सेवानिवृति के बाद का समय, सैनिक आजीवन सैनिक ही बना रहता है। ऐसा अनुशासन सेना में एक 17 साल के रंगरुट को सिखाया जाता है।

छत्तीसगढ में सेना सिर्फ़ एन.सी.सी. के संचालन में ही दिखाई देती थी और कहीं नहीं। एक समय था कि सेना में जाने का जज्बा यहां अन्य प्रदेशों से बहुत कम होता था। आज तो कुछ नवयुवक अपना रुख सेना की तरफ़ कर रहे हैं। विगत दिनों मैं एक मित्र की बेटी की शादी में राजस्थान के झुंझनु जिले के भड़ुन्दा खुर्द गाँव में गया था। वहां जाने पर मुझे पता चला कि वहां से लगभग 800 जवान सेना में हैं और गांव की सारी व्यवस्था सेना के जवान ही संभालते हैं,पंचायत से लेकर साफ़ सफ़ाई तक में अपनी हिस्सेदारी बंटाते हैं क्योंकि हमेशा 200 जवान तो छुट्टी में गांव आए ही रहते हैं। सेना के प्रति मैंने ऐसा आकर्षण इस गांव में देखा।

अभी दो दिनों पहले मैने जब सुना कि भारतीय सेना छत्तीसगढ में “राष्ट्र प्रहरी” थीम पर “अपनी सेना को जाने” नाम से सैन्य मेला कर रही है तो मेले में शिरकत करने की इच्छा प्रबल हो गयी। सेना का यह सराहनीय कदम है जिससे देश के नागरिक अपनी सेना को करीब से जान सकें। सेना ने छत्तीसगढ और उड़िसा का सब-एरिया ऑफ़िस रायपुर में स्थापित किया है। इस दो दिवसीय मेले का शुभारंभ राज्यपाल शेखर दत्त ने किया। इस मेले से नवजवानों को सेना में भर्ती होने के अवसरों एवं अहर्ताओं की जानकारी भी मिलेगी। इस अवसर पर सैनिकों ने अपने करतब भी दिखाए, लेकिन एक अन्य कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण हम इस स्थल पर विलंब से पहुंचे।

सेना के माध्यम से अपना कैरियर बनाने का सपना कुछ प्रदेशों के नौजवान बचपन से ही देखते हैं, जब सेना में भर्ती नहीं हो पाते तो मास्टरी की तरफ़ अपना रुख करते हैं। अब सेना में छत्तीसगढ के नव जवान भी भर्ती होकर अपने राज्य देश और माता-पिता का नाम रोशन कर सकेंगें। इस मेले से उनके अंदर भी सेना को अपना कैरियर बनाने का जज्बा पैदा होगा। आज छत्तीसगढ से अन्य प्रदेशों की अपेक्षा सेना में बहुत ही कम लोग हैं। अब नव जवान रुचि लेने लगे हैं, इसका सबूत सेना की भर्ती रैलियों में देखने मिलता है।आज सेना में जाने के लिए छत्तीसगढ के जवान भी उत्सुक दिखाई पड़ते है और जा भी रहे हैं।

कल भाई अशोक बजाज से चर्चा हो रही थी कि इस मेले को देखने जाना है और वादे के अनुसार मेले में पहुंचे जरुर, लेकिन कुछ विलंब हो चुका था और बरसात मजा किरकिरा कर चुकी थी, मैदान में कीचड़ हो चुका था। फ़िर भी हम सेना के अत्याधुनिक हथियार देखने का लोभ नहीं छोड़ सकते। वहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। नौजवान सैन्य अधिकारियों से हथियारों के विषय में जानकारी ले रहे थे। हम भी मैदान में पहुंचे तो सबसे पहले सत्ता परिवर्तन वाली एवं कारगिल युद्ध जिताने वाली 155 एम एम की तोप पर निगाह पड़ी। उसका बैरल सामने की ओर था। सैनिक उसके फ़ंक्सन चला कर बता रहे थे। हमने वहां एक सैनिक से पूछा कि यह तोप कौन सी है? तो उसने बताया कि 155 एम एम, फ़िर धीरे से कहा कि बोफ़ार्स हैं। हा हा हा मैने इसलिए इसे सत्ता परिवर्तन करने वाली तोप कहा।12000 किलो की यह तोप तत्कालीन कांग्रेस सरकार के लिए पृथ्वी से भी भारी हो गयी थी।

फ़िर आगे चले तो एक टैंक था, उसके पास श्री भगवान नामक सैनिक अफ़सर खड़े थे। हमने उस टैंक के विषय में विषय में उनसे माकूल जानकारी ली। कुछ एन सी सी के कैडेट भी टैंक के सामने खड़े होकर फ़ोटो खिंचवा कर मेले को यादगार बना रहे थे। श्री भगवान ने बताया की यह टैंक उबड़-खाबड़ मैदान, रेगिस्तान और पानी में समान रुप से चलता है। इसकी रफ़्तार 65 किलो मीटर प्रति घंटा है। इसकी तोप प्रत्येक परिस्थिति में लगातार गोले दाग सकती है। इस तरह यह टैंक सेना के लिए काफ़ी कारगर है। इनसे उत्सुकतावश एक मित्र ने पूछ लिया कि आप इसे कहां से लाए हैं तो श्री भगवान ने कहा कि आप क्या करेंगे जानकर? तो मैने कहा यार बच्चे खेलेंगे इससे। इसलिए पूछ रहे हैं। सुनकर ये भी मुस्कुराए।

तभी हमारी निगाहें सामने खड़ी एक लम्बी गाड़ी पर पड़ी। जिसमें तीन मिसाईलें लोड थी। हम उसके पास पहुंचे तो देखा कि यह ब्रह्मोस मिसाईल थी। डी आर डी ओ ने इसे अपनी तकनीक का इस्तेमाल करके बनाया है। वहां उपलब्ध एक अधिकारी ने बताया कि 2-2 सेकंड के अंतराल पर 6 सेकंड में तीनों मिसाईल एक साथ दागी जा सकती हैं तथा 300 किलोमीटर तक इनका निशाना सटीक है। मैं वहां खड़ा सोच रहा था कि गोली बंदुक तो चलाए, एक बार मिसाईल चलाने का मौका मिल जाए तो क्या कहने। लेकिन इस जन्म में वह दिन नहीं आएगा। शायद इसे चलाने के लिए सेना में अगला जन्म लेना पड़े ।

सेना ने रायपुर राजधानी में सैन्य मेला लगा कर युवाओं को सेना के प्रति आकर्षित करने का काम किया है। मैं देख रहा था कि लोग टैंक और तोपों को हाथ लगा कर देख रहे थे। इससे पहले सिर्फ़ चित्रों और फ़िल्मों में ही देखा था। वीरता का जज्बा हमारे देश के नौजवानों में कूट-कूट कर भरा है आवश्यकता है केवल उन्हे सही दिशा देने की। सेना अनुशासन और उत्तरदायित्व सीखाती है। यहां हुक्म उदुली करना बहुत ही कठिन है। आदेश पर पालन सभी परिस्थितियों में करना है। कहीं भी कोई शक की गुंजाईश नहीं होती। अगर देश के युवाओं में अनुशासन लाना है तो प्रत्येक युवा  के 12 वीं पास होते ही 5 साल के लिए सेना में सेवा करना अनिवार्य कर देना चाहिए। उसके पश्चात ही वह अन्य सेवाओं के लिए पात्र हो सके। देश का प्रत्येक नागरिक सैनिक होगा और संकट का समय आने पर दो-दो हाथ करना भी जानता होगा। इसी लिए कहा गया है कि “शस्त्र रक्षिते राष्ट्रे शास्त्र चर्चा प्रवर्तते।“

सोमवार, 18 अक्टूबर 2010

रावण भाटा से सीधी रपट---------ललित शर्मा

दशहरा पर्व की चित्रावलियाँ--रावण भाटा से सीधी रिपोर्ट

रावण तैयार है युद्ध के लिए

उदय भी  पहुंच चुके हैं युद्ध के मैदान में

हा हा हा हा मैं ही हूँ दशानन

युद्ध का मैदान सज रहा है

तब तक गोल गप्पे का मजा ले लिया जाए

चाट वाले राजु की दृष्टि से रावण भाटा

गुब्बारे वाले भी हैं-उदय को चाहिए

राम लीला शुरु हो चुकी है

राम रमापति कर धनु लेहू

कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू और अशोक भाई पधार चुके हैं

अशोक भाई विजयादशमी की शुभकामनाए देते हुए

कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहु, ललित शर्मा, राधा कृष्ण टंडन

दो लाख का अनुदान दो-मैं प्राणोत्सर्ग करने तैयार हूँ

रावण दहन की तैयारी

रावण के पुतले में मंत्री जी ने आग लगाई

धू धू करके जलता रावण

प्रतिवर्ष यही गति है रावण की

एखर का भरोसा चोला माटी के हे