शुक्रवार, 31 मई 2013

मन पखेरु उड़ चला फ़िर : परिचर्चा से लौट कर

कार्यक्रम - परिचर्चा : मन पखेरु उड़ चला फ़िर
स्थान - कान्स्टिट्युशन क्लब डिप्टी स्पीकर हॉल नई दिल्ली
दिनांक-18 मई 2013, समय - 5 बजे सांय

काव्य संग्रह का पुनः लोकार्पण 
घन चक्करों से घुरते-फ़िरते दिल्ली के गोल चक्करों के चक्कर काटते हुए मेजबान के साथ वीपी हाउस के समीप स्थित कान्स्टिट्युशन क्लब कुछ विलंब से पहुंचे। द्वार पर पहुंचते ही सुनीता शानु जी का चित्र लगा फ़्लेक्स बैनर दिखाई दिया। इससे प्रमाणित हो गया कि सही स्थान पर पहुंच गए। हाथों में गुलदस्ते थामे डिप्टी स्पीकर हॉल की ओर बढते हुए हमारी ओर लोगों की निगाहें जमी हुई थी। गुलदस्ता चीज ही ऐसी है, दिल्ली की सारी राजनीति और औपचारिकताएं गुलदस्तों पर टिकी है। ये दिल्ली है भाय, गुलदस्ता किसी का होता है और मौज कोई और ले जाता है गुलदस्ते के दाम चुकाने वाला खोपड़ी खुजाते रहता है कि सोचा था क्या और क्या हो गया? पलक झपकते ही परदा बदल जाता है, रामलीला की जगह कृष्णलीला( अश्वत्थामा हत: नरो वा कुंजरो वा) का प्रहसन शुरु हो जाता है। कांच के दरवाजे को खोलते ही सामने एक बड़ा फ़्लेक्स लगा दिखाई देता है। जिससे प्रदर्शित होता है कि प्रकाशक ने "मन पखेरु उड़ चला फ़िर" काव्य संग्रह पर परिचर्चा करने हेतु बड़ा आयोजन किया है।

सम्मानित अथितिगण 
बड़ी बड़ी धवल प्राचीरों के मध्य नीले रंग की कुर्सियाँ  गजब का कांट्रास्ट बना रही थी। सर्व प्रथम शैलेष भारतवासी ने आगे बढ कर अभिवादन किया और उसके पश्चात रतनसिंह शेखावत जी के साथ हमारा मेंट्रो अखबार के प्रधान सम्पादक राजकुमार अग्रवाल जी से भेंट हुई। विशेष अतिथि, मुख्यातिथि एवं अथिति श्रोता इत्यादि धीरे-धीरे सभागृह में स्थान ग्रहण कर चुके थे। आज काव्य संग्रह की परिचर्चा में आनंद कृष्ण (जबलपुर) मैत्रेयी पुष्पा (दिल्ली) लक्ष्मी शंकर बाजपेयी (दिल्ली) को बोलना था और संचालन का जिम्मा ओम निश्चल (बनारस) के जिम्मे था। सुनीता शानु जी को अपने काव्य संग्रह से कविता पाठ भी करना था। ये एक ऐसा अवसर था जब दो वर्षों के पश्चात मेरी भेंट ब्लॉगर मित्रों से होनी थी। साथ ही साहित्य जगत की महा हस्तियों के भी दर्शन होने थे।

ब्लॉगर रतनसिंह, ललित शर्मा, अविनाश जी 
कार्यक्रम प्रारंभ हो गया। सारी नीली कुर्सियाँ भर चुकी थी। सम्मानादि की औपचारिकता के पश्चात आनंद कृष्ण जी ने कविता संग्रह पर प्रकाश डाला। शैलेष भारतवासी बारातियों के स्वागत में व्यस्त दिखाई दिए। राजीव तनेजा, संजु तनेजा, मोहिन्दर कुमार, अनिवाश वाचस्पति, संतोष त्रिवेदी, पवन चंदन, सुमीत प्रताप सिंह, सिद्देश्वर जी उत्तराखंड से, अंजु चौधरी, वंदना गुप्ता, डॉ अरुणा जी, आलोक खरे, शाहनवाज हुसैन, राघवेंद्र अवस्थी, मुकेश सिन्हा, बबली वशिष्ठ (हेमलता), बलजीत कुमार, राजीव कुमार इत्यादि ब्लॉगर उपस्थित हो चुके थे। सारी कुर्सियों ने मेहमानों का भार वहन कर लिया था। साथ ही सामने रखे सोफ़े पर भी मेहमान शोभायमान हो चुके थे। आनंद कृष्ण जी ने काव्य संग्रह की गहन समीक्षा की। इसके पश्चात लक्ष्मीशंकर बाजपेयी जी ने काव्य संग्रह की सराहना करते हुए सुनीता जी से अपेक्षा रखी कि वे अब छंद बद्ध, मुक्त कविता, दोहे, गजल इत्यादि के पृथक संग्रह प्रकाशित करें। मैत्रेयी पुष्पा जी ने कहा कि कोई भी कथाकार पूर्व में कवि होता है। मैं भी कविताएं लिखती थी उसके बाद ही गद्य लेखन लेखन प्रारंभ किया।

एक चौका हमने भी मार दिया छत्तीसगढ़ी कविता का
इसके पश्चात दूसरे सत्र में कुछ कवियों द्वारा कविता पाठ किया गया। जिसमें मुकेश कुमार सिन्हा, ब्लॉगर ललित शर्मा, अंजु चौधरी, सिद्देश्वर जी, बबली वशिष्ठ, अमन दलाल, नीलम नागपाल मेंहदी रत्ता, संगीता विज के साथ ओम निश्चल एवं लक्ष्मी शंकर बाजपेयी ने कविता पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन मंचीय कवियत्री ममता किरण ने किया। कार्यक्रम सम्पन्न होने पर सभी कवियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए, इसके पश्चात भोजन की घोषणा हो गयी और ब्लॉगर साथियों के साथ चर्चा करने का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की उपलब्धि यह रही कि "मन पखेरु उड़ चला फ़िर" के बहाने ब्लॉगर साथियों के साथ एक अर्से के बाद मुलाकात हो गयी। भोजनोपरांत कार्यक्रम में उपस्थित सभी देवी एवं देवता अपने-अपने ग्राम को प्रस्थान कर गए और मेरा ग्राम दूर होने के कारण मैं दिल्ली का मेहमान बना रहा।

कवियत्री हेमलता को स्मृति  चिन्ह देते अविनाश जी 
काव्य संग्रह के विमोचन का कार्यक्रम पिलानी में रखा गया था, लेकिन व्यवधान होने से मैं पहुच नही पाया। इसलिए दिल्ली के कार्यक्रम में उपस्थित होना अत्यावश्यक हो गया था। कार्यक्रम बढ़िया रहा, इसकी सफ़लता का श्रेय परदे के पीछे से संचालन कर रहे सुनीता जी के पतिदेव पवन चोटिया जी को देना होगा। उनकी अथक मेहनत एवं परिश्रम से यह आयोजन सफल हो सका। ये उनका स्नेह ही था जिसने मुझे 1500 किलो मीटर दूर से दिल्ली खींच लिया। सुनीता जी की रचनाधर्मिता से तो सारा ब्लॉग जगत एवं साहित्य जगत परिचित है। कम्पनी के कार्यों में व्यस्त रहने के बावजूद भी उनका लेखन कार्य 25 वर्षों से अहर्निश जारी है। व्यंग्य लेखन में उन्हे महारत हासिल है। पवन जी उन्हे हमेशा प्रेरित करते रहते हैं। तीन दशकों के लेखन के बाद पवन जी चाह्ते थे कि सुनीता जी का काव्य संग्रह भी साहित्य जगत के सामने आए और वह घड़ी आ गई जब सुनीता जी का काव्य संग्रह " मन पखेरु उड़ चला फ़िर" के नाम से सामने आया।

अगली शाम सुनीता जी, पवन जी के साथ 
सुनीता जी को लेखन के प्रति प्रोत्साहित करने के पीछे सारा परिवार ही दिखाई देता है। जिसमें उनके माता-पिता, सास-ससुर, पति पवन चोटिया जी , पुत्र आदित्य तथा अक्षय का नाम उल्लेखनीय है। पवन जी ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में कोई कसर बाकी नहीं रखी, दिल खोल कर खर्च किया और कहीं अहसास नहीं होने दिया कि यह आयोजन उनका है। सभी को यही लगा कि हिन्दी युग्म में बड़े पैमाने पर इस काव्य संग्रह की लांचिग की है। फ़िर भी शैलेष जी ने काफ़ी मेहनत की उन्हे साधुवाद। साथ ही सुनीता शानु जी को भी प्रथम काव्य संग्रह के प्रकाशन मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं। वे उत्तरोत्तर प्रगति की ओर अग्रसर हों। अस्माकं वीरा/वीरांगना उत्तरे भवन्तु की कामना के साथ साधुवाद। :) 
कार्यक्रम उपरांत एक विमोचन फुटपाथ पर 
मिलते हैं अगली कथा में .......... जारी है।

रविवार, 12 मई 2013

तरीघाट में प्राचीन सभ्यता के अवशेष

 जे. आर. भगत 

भनपुर से 14 किलोमीटर की दूरी पर प्रवाहित खारुन नदी के बांए तट पर बसा है तरीघाट गाँव। तरीघाट जैसा की नाम से प्रतीत होता है कि यह कोई नदी का निचले किनारे स्थित घाट होगा, इसलिए तरीघाट कहलाता है। खारुन नदी रायपुर एवं दुर्ग जिले को विभाजित करती है। एक किनारा रायपुर जिले में है और दूसरा किनारा दुर्ग जिले में। खारुन नदी में पानी बारहों महीने रहता है और भिलाई या पाटन जाने के लिए इस नदी को डोंगी से पार करके जाना पड़ता था। फ़िर एक दशक पूर्व पास के गाँव वाले रपटा बना लेते थे और उससे जाने वाले से कुछ शुल्क लेकर कमाई करते थे। मैने मोटर सायकिल से खारुन नदी को कई बार पार किया और कभी इसके काई लगे पत्थरों पर बाईक सहित गिरकर घुटने भी फ़ोड़वाए। कुछ वर्षों पहले इस नदी पर पुल बन गया और आवागमन सहज होने लगा।

अतुल प्रधान, नरेन्द्र शुक्ल, जे. आर. भगत उत्खनन का शुभारम्भ  
अभनपुर से दुर्ग जाने के लिए इस रास्ते का प्रयोग सदियों से हो रहा है। अब इस अंचल से प्राचीन कालीन मानव बसाहट के अवशेष मिलने लगे हैं। रास्ते  के गाँव चंडी में देवी का प्रसिद्ध मंदिर है तथा इसका निर्माण भोसला राजाओं द्वारा किया प्रतीत होता है। मंदिर की दक्षिण दिशा में तालाब का भी निर्माण हुआ है तथा सैनिक बसाहट के भी चिन्ह मिलते हैं। इससे आगे चलने पर नदी के दांए तट पर परसुलिडीह गाँव एवं बांए तट पर तरीघाट गाँव बसा है। परसुलिडीह से ही नदी के उस पार बड़े बड़े टीले दिखाई देने लगते हैं। इन टीलों पर अकोल के वृक्षों की भरमार है। इन टीलों की सतह पर काले और लाल मृदा भांड के अवशेष पाए जाते हैं। जिससे सिद्ध होता है कि इस स्थान प्राचीन बसाहट रही होगी। ग्रामीणों ने यहाँ महामाया का मंदिर बना रखा है और एक टीले पर रावण भी विराजमान होने से यह रावण भाटा भी है।

पॉटरी यार्ड
छत्तीसगढ़ शासन के पुरातत्व विभाग के उप संचालन जे आर भगत ने विधिवत सर्वे कर शासन से इस स्थान पर उत्खनन की अनुमति प्राप्त की। 17 मार्च को लगभग सांय 4 बजे तत्कालीन पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग के संचालक नरेन्द्र शुक्ला ने उत्खनन का शुभारंभ किया और इस स्थान पर उत्खनन प्रारंभ हो गया। उत्खनन सहयोगी के रुप में अतुल प्रधान यहाँ मुस्तैदी से तैनात हैं। कुछ दिनों के बाद रावण भाटा वाले स्थान पर उत्खनन प्रारंभ हो गया। 23 मार्च को मैं यहाँ पहुंचा तो बसाहट के चिन्ह उजागर हो चुके थे। यहाँ बसाहट के कई स्तर प्राप्त हुए हैं। प्रागैतिहासिक काल से लेकर मौर्य काल, शुंग काल, कुषाण काल एवं गुप्त काल तक के अवशेष प्राप्त हो रहे हैं। इससे यह तो तय है कि छत्तीसगढ़ में मल्हार के बाद पहली बार कहीं इतनी पुरानी सभ्यता के चिन्ह प्राप्त हो रहे हैं।

टीले पर उत्खनन और पार्श्व में खारुन नदी 
उत्खनन में सिरपुर जैसी कोई बड़ी संरचना तो प्राप्त नहीं  हो रही, परन्तु टेराकोटा के बर्तन, मूर्तियाँ, बीटस बड़ी मात्रा में प्राप्त हो रहे हैं। साथ ही लोहा, तांबा से बनी वस्तुएं भी प्राप्त हुई हैं। मानवोपयोगी दैनिक जीवन में उपयोग में आने वाली वस्तुएं दिया, मटकी, सुराही, मर्तबान, सिल-बट्टा, सिरेमिक का एड़ी घिसने का बट्टा इत्यादि भी प्राप्त हो रहा है। सुत्रों से प्राप्त सूचना के आधार ज्ञात हुआ है कि कुषाण वंशीय तांबे के सिक्कों के साथ गुप्त कालीन सोने के सिक्के भी प्राप्त हुए हैं। लोहे के औजारों में भालों के फ़ाल, ठेकी के मुसल का लोहा इत्यादि प्राप्त हुआ है। इन प्राप्तियों से छत्तीसगढ़ के इतिहास में परिवर्तन होगा एवं इतिहास समृद्ध भी होगा। जे आर भगत उत्खनन में प्राप्त वस्तुओं से उत्साहित है और कहते हैं कि हो सकता है यहाँ 16 महाजनपदों में से किसी एक जनपद के अवशेष प्राप्त हो जाएं तो कोई आश्चर्य नहीं होगा। इस साईट की तिथि सिरपुर से भी आगे निकल गई है।

उत्खनन में प्राप्त संरचना का स्तर 
तरीघाट के आस-पास के गाँवों में भी पुरा सामग्रियाँ प्राप्त हो रही हैं। जिसका तत्त्कालिक उदाहरण ग्राम पंदर में मनरेगा के दौरान उत्खनन में प्राप्त वस्तुएं हैं। इससे जाहिर होता है कि सातवाहनों का प्रसार पाटन तक था एवं गाँव का पंदर नाम बंदर का अपभ्रंश हो सकता है। नदी के किनारे यहाँ पर पहले कभी डाक यार्ड रहा होगा। तरीघाट में स्थित इन 4 टीलों के चारों तरफ़ पत्थर के परकोटे बने हुए हैं। जब यहाँ बसाहट थी तो ये परकोटे सुरक्षा घेरे का काम करते थे। उत्खनन के दौरान ज्ञात हुआ कि सभी घर पंक्तिबद्ध रुप से बसे थे और उनके बीच चौड़ी सड़क के साथ गलियाँ भी थी। कई घरों से रसोई प्राप्त हुई है, जहाँ चुल्हे की राख के साथ के मिट्टी के दैनिक उपयोग के बर्तन प्राप्त हुए हैं। मिट्टी के दीये बड़ी संख्या में दिखाई देते हैं। उत्खनन सतत चल रहा है तथा प्राचीन सभ्यता के चिन्ह निरंतर अनावृत हो रहे हैं। मेरा अनुमान है कि नदी के किनारे इस स्थान पर सैनिक छावनियाँ हो सकती हैं। आगे उत्खनन से और भी स्थिति साफ़ होगी तथा ज्ञात होगा कि इस स्थान का इतिहास में क्या महत्व  था?

शनिवार, 4 मई 2013

त्रिपुरी के कलचुरि

त्रिपुर सुंदरी तेवर
प्रारंभ से पढें
ज का दिन भी पूरा ही था हमारे पास। रात 9 बजे रायपुर के लिए मेरी ट्रेन थी। मोहर्रम के दौरान हुए हुड़दंग के कारण कुछ थाना क्षेत्रों में कर्फ़्यू लगा दिया गया था। आज कहीं जाने का मन नहीं था। गिरीश दादा को फ़ोन लगाए तो पता चला कि वे डूबलिया कार्यक्रम में डूबे हुए हैं। ना नुकर करते 11 बज गए। आखिर त्रिपुर सुंदरी दर्शन के लिए हम निकल पड़े। शर्मा जी नेविगेटर और हम ड्रायवर। दोनो ही एक जैसे थे, रास्ता पूछते पाछते भेड़ाघाट रोड़ पकड़ लिए। त्रिपुर सुंदरी मंदिर से पहले तेवर गाँव आता है। यही गाँव विजय तिवारी जी का जन्म स्थान एवं पुरखौती है। हमने त्रिपुर सुंदरी देवी के दर्शन किए और कुछ चित्र भी लिए। मंदिर के पुजारी दुबे जी ने बढिया स्वागत किया। 

तेवर का तालाब
ससम्मान देवी दर्शन के पश्चात हम तेवर गाँव पहुंचे। राजा हमे सड़क पर खड़ा तैयार मिला। तेवर गाँव में प्रवेश करते ही विशाल तालाब दिखाई देता है। कहते हैं कि यह तालाब 85 एकड़ में है। अभी इसमें सिंघाड़े की खेती हो रही हैं। तेवर पुरा सामग्री से भरपूर गांव है। जहाँ देखो वहीं मूर्तियाँ बिखरी पड़ी हैं। कोई माई बाप नहीं है। खंडित प्रतिमाए तो सैकड़ों की संख्या में होगी। इससे मुझे लगा कि यह गाँव कोई प्राचीन नगर रहा होगा। तालाब के किनारे पर शिवालय दिखाई दे रहा था और एक चबुतरे पर शिवलिंक के साथ कुछ भग्न मूर्तियाँ भी रखी हुई थी। ग्राम के मध्य में एक स्थान पर खुले में उमा महेश्वर की प्रतिमा रखी हुई है, यहाँ कुछ लोग पूजा कर रहे थे। ढोल बाजे गाजे के साथ कुछ उत्सव जैसा ही दिखाई दिया।

तेवर की बावड़ी
इससे आगे चलने पर एक विशाल बावड़ी दिखाई देती हैं। इसके किनारे पर एक मंदिर बना हुआ है, इस मंदिर में एक शानदार पट्ट रखा हुआ है जिसमें बहुत सारी मूर्तियाँ बनी हुई हैं। इस मंदिर के ईर्द गिर्द सैकड़ों मूर्तियाँ लावारिस पड़ी हुई हैं जिनका कोई माई बाप नहीं है। इसके बाद राजा हमें एक घर में मूर्तियाँ दिखाने ले जाता है, वहां पर सिंह व्याल की लगभग 5 फ़िट ऊंची प्रतिमा है, जिसे रंग रोगन लगा दिया गया है और उसके साथ ही दर्पण में प्रतिबिंब देखते हुए श्रृंगाररत अप्सरा की सुंदर प्रतिमा भी दिखाई थी। पास ही चौराहे पर उमामहेश्वर की एक बड़ी भग्न प्रतिमा रखी हुई है। राजा यहाँ से हमें झरना दिखाने ले चलता है। 

झरने में गड्ढे
4-5 किलो मीटर कच्चे रास्ते पर जाने के बाद एक स्थान पर झरना दिखाई देता है। इस स्थान के आस-पास बड़े टीले हैं और टीलों के बीच के मैदान में गाँव के बच्चे क्रिकेट खेलते हैं। उम्मीद है कि इन टीलों में भी कोई न कोई मंदिर या भवन के अवशेष अवश्य ही दबे पड़े होगें। झरने का जल निर्मल है, हमने यहीं पर बैठ कर भोजन किया और झरने के निर्मल जल पीया। झरने की तलहटी में लगभग 1 फ़ीट त्रिज्या के कई गड्ढे बने हुए हैं और यहीं पर शिवलिंग भी विराजमान है। साथ ही एक दाढी वाले बाबा की मूर्ति भी रखी हुई है जिसे विश्वकर्मा जी बताया जा रहा है। अवश्य ही यह किसी राजपुरुष की प्रतिमा होगी। विजय तिवारी जी ने बताया था कि त्रिपुर सुंदरी मंदिर के रास्ते में खाई में महल के अवशेष भी दिखाई देते हैं। 

विशाल मंदिर का मंडप
हम महल के अवशेष देखने के लिए खाई पर पहुंचे, वहाँ सब्जी बोने वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। कहते हैं कि सड़क निर्माण के दौरान यहाँ से बहुत सारी पुरासामग्री निकली है और मिट्टी के कटाव में बहुत सारे मृदा भांड के अवशेष हमें भी दिखाई दिए। झाड़ झंखाड़ के बीच हम खाई में उतरे और मंडप तक पहुंचे। यह किसी विशाल मंदिर का मंडप है। गर्भगृह के स्थान पर एक गड्ढा बना हुआ है, खजाने के खोजियों ने यहाँ पर भी अपना कमाल दिखा रखा है। इस गड्ढे को लोग सुरंग कहते हैं। बताया जाता है यहाँ से रास्ता महल तक जाता था। खाई में सैकड़ों की संख्या में बिल दिखाई दे रहे थे ऐसी अवस्था में अधिक देर हमने ठहरना मुनासिब न समझा। क्योंकि यह स्थान सांपों के लिए मुफ़ीद स्थान है। 

अप्सरा
अब तेवर के ऐतिहासिक महत्व की चर्चा करते हैं, पश्चिम दिशा में भेड़ाघाट रोड पर स्थित वर्तमान तेवर ही कल्चुरियों की राजधानी त्रिपुरी है जो कि शिशुपाल चेदि राज्य का वैभवशाली नगर था। इसी त्रिपुरी के त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध करने के कारण ही भगवान शिव का नाम ‘त्रिपुरारि‘ पड़ा। यहाँ स्थित देवालयों एवं भग्नावशेषों से ही ज्ञात होता है कि कभी यह नगर वैभवशाली रहा होगा। तेवर की प्राचीनता हमें ईसा की पहली शताब्दी तक ले जाती है। तेवर जिसे हम त्रिपुरी कहते हैं यह चेदी एवं त्रिपुरी कलचुरियों की राजधानी रहा है।  गांगेय पुत्र कल्चुरी नरेश कर्णदेव एक प्रतापी शासक हुए,जिन्हें ‘इण्डियन नेपोलियन‘ कहा गया है। उनका साम्राज्य भारत के वृहद क्षेत्र में फैला हुआ था। सम्राट के रूप में दूसरी बार उनका राज्याभिषेक होने पर उनका कल्चुरी संवत प्रारंभ हुआ। कहा जाता है कि शताधिक राजा उनके शासनांतर्गत थे।

भग्नावशेषों का निरीक्षण करते हुए
जबलपुर के पास ही गढ़ा ग्राम पुरातन "गढ़ा मण्डलराज्य' के अवशेषों से पूर्ण है। गढ़ा-मण्डला गौड़ों का राज्य था गौड़ राजा कलचुरियों के बाद हुए हैं। जबलपुर के पास की कलचुरि वास्तुकला का विस्तृत वर्णन अलेक्ज़ेन्डर कनिंहाम ने अपनी रिपोर्ट (जिल्द ७) में किया है। प्रसिद्ध अन्वेषक राखालदास बैनर्जी ने बी इस विषय पर एक अत्यन्त गवेष्णापूर्ण ग्रंथ लिखा है। भेड़घाट और नंदचंद आदि गाँवो में भी अनेक कलापूर्ण स्मारक हैं। भेड़ाघाट में प्रसिद्द "चौंसठ योगिनी' का मंदिर। इसका आकार गोल है। इसमे ८१ मूर्तियों के रखने के लिए खंड बने हैं। यह १०वीं शताब्दी में बना है। मन्दिर के भीतर बीच में अल्हण मन्दिर है। इन सभी स्थानों में मन्दिरों और मूर्तियों में जिस प्रकार की कला पाई जाती है। 

हमारा त्रिपुरी दर्शन पूर्णता की ओर था। राजा को गाँव में छोड़ कर हम जबलपुर वापस आ गए, मुख्यमार्ग में कर्फ़्यू लगे होने के कारण कई घुमावदार रास्तों से गुजरते हुए हम सिविल लाईन पहुंचे। यहाँ से स्टेशन थोड़ी ही दूर है, 9 बजे हमारी ट्रेन का टाईम था और अमरकंटक एक्सप्रेस हमारी रायपुर वापसी थी। नियत समय पर ट्रेन पहुंच गई और जबलपुर की यादें समेटे हुए चल पड़ा अपने गंतव्य की ओर नर्मदे हर नर्मदे हर का जयघोष करते हुए। इति जाबालिपुरम् यात्रा