वर्षगांठ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
वर्षगांठ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 14 सितंबर 2011

ललित डॉट कॉम की वर्षगांठ ----------- ललित शर्मा

ब्लॉग जगत में आये तीसरा वर्षा चल रहा है...... आज ललित डॉट कॉम की वर्षगांठ है. इन वर्षों में ऐसा लगता है कि एक पूरी जिन्दगी रज्ज के जी ली. जब ब्लॉग लिखना शुरू किया था तो सोचा नहीं था कि इतने दिनों तक टिक जाऊंगा, पर अब तो यह लत लग चुकी है, यह नशा जीवन के साथ ही जायेगा. 
ब्लोगिंग में जब आया तो सबसे पहले हिंदी लिखने की समस्या थी. अमूमन सभी नए ब्लोगर्स के साथ होती है. पाबला जी से हिंदी राईटर मिला और उससे ब्लोगिंग का सफ़र शुरू हुआ. संजीव तिवारी जी से भी बहुत कुछ सीखने मिला. आज यह सफ़र ब्लॉग की ५०० पोस्ट तक पहुच गया. १०,००० टिप्पणियों तक भी पहुच बन गयी है. इसमें मेरे द्वारा की गयी जवाब स्वरूप टिप्पणियाँ लगभग ५० ही होंगी.  ब्लॉग जगत में आकर बहुत कुछ सीखने मिला. धर्म, स्त्री-पुरुष वाद-विवाद आदि विषयों में मेरी रूचि कभी नहीं रही और आज भी नहीं है.
१९९७ में जब नेट पर आया तो हिंदी न के ही बराबर थी. डायल अप की किरर्र कुर्रर टिंग टोंग की फेक्स  टोन मिलती थी तब नेट कनेक्ट होता था. नेट की दीवानगी इतनी थी कि टेलीफोन का बिल ही महीने का ६००० से ऊपर पहुँच जाता था. शुशा फॉण्ट से ही कुछ साईट लिखी जाती थी. नेट पर हिंदी का प्रचार प्रसार करने के श्रेय नि:संदेह ब्लॉग जगत को ही जाता है. अब नेट पर हिंदी की कमी नहीं है, ब्लोगर्स ने बहुत कुछ लिख कर नेट पर डाल दिया है. अगर हम किसी विषय पर सर्च करते हैं तो उससे सम्बंधित कुछ न कुछ सामग्री हिंदी में मिल ही जाती है. 
ब्लॉग जगत में आने के बाद कुछ अच्छे मित्र लोग भी मिले. जिनके साथ ब्लोगिंग का सफ़र चलता रहा.  ब्लोगर्स द्वारा हिंदी ब्लोगिंग को समृद्ध करने का प्रयास निरंतर चल रहा है, यह ख़ुशी की बात है, नए ब्लोगर्स आ रहे हैं. जिससे हिंदी ब्लॉग जगत समृद्ध हो रहा है.. मैं भी अपने सामर्थ्य के हिसाब से प्रयासरत हूँ, साहिर लुधियानवी का एक शेर प्रासंगिक है....... "दुनिया ने तजुर्बात-ओ-हवादिश की शक्ल में, जो कुछ मुझे दिया वो लौटा रहा हूँ मैं."  सैकड़ों लोगों के ब्लॉग भी बनाकर दिए. जीवन का महत्वपूर्ण समय लगाया. ब्लॉग4वार्ता के माध्यम से ब्लोगर्स को पाठक देने का प्रयास निरंतर जारी है.
कुछ व्यवधान बीच में अवश्य आये. लेकिन वो जिन्दगी ही क्या जिसमे व्यवधान और समाधान न हो. उसका समाधान भी निकला. तभी आज तक ब्लोगिंग जारी है.हिंदी दिवस के दिन १४ सितम्बर २००९ को ललित डॉट कॉम पर पहली पोस्ट लगायी गयी थी. जिसमें पहली टिप्पणी संगीता पूरी जी की थी और दूसरी टिप्पणी समीर भाई याने उड़नतश्तरी की. एक बात तो समझ आई कि नए ब्लॉगर के लिए टिप्पणियों का बहुत ही महत्त्व है. उसे सकारात्मक टिप्पणियों से निरंतर ब्लोगिंग की उर्जा मिलती है और नकारात्मक टिप्पणियाँ उसे ब्लोगिंग से दूर भी कर सकती हैं. 
पुराने ब्लोगर्स को टिप्पणियों के लेन-देन से कोई फर्क नहीं पड़ता ऐसा बड़े गुरूजी कहते हैं , उन्होंने टिप्पणी व्यापार बंद कर रखा है. किसी ने लिखा था कि एक टिप्पणी आपको बीमार भी कर सकती है. रक्तचाप बढ़ा सकती है. इसलिए किसी कि तबियत ख़राब करने के बजाय सकारात्मक टिप्पणी देने का ही प्रयास किया. मुझे जब भी समय मिलता है तो अवश्य ही नए ब्लोगर्स का टिप्पणियों द्वारा उत्साह वर्धन करने का प्रयत्न करता हूँ पर उड़नतश्तरी नहीं होने के कारण अधिक स्थानों पर नहीं पहुँच पाता. इतने दिनों में कई ब्लॉगर आये और गए. कुछ लोग ही हैं जो खूंटे पर टिके हुए हैं.
मैं मानता हूँ कि ब्लॉग जगत एक परिवार ही है. अगर कोई ब्लॉगर मित्र मुसीबत में हैं तो उसकी सहायता भी करते मैंने यही ब्लॉग जगत में देखा है. अगर किसी को किसी से लगाव नहीं होगा तो कौन सहायता करेगा? लोगों की गम और ख़ुशी में शरीक होने की संवेदनाये ब्लॉग जगत को एक परिवार के रूप में स्थापित करती हैं. जिस तरह एक परिवार में सभी विचारों के लोग रहते हैं, उनमे विचार विमर्श भी होता है. कभी किसी मुद्दे को लेकर तनातनी भी होती है. लेकिन सब रहते एक साथ ही हैं. 
ऐसा ब्लॉग जगत में भी है. किसी मुद्दे पर विचार भिन्नता हो सकती है और उसका हल भी निकल सकता है. ब्लॉग जगत के सभी जिंदादिल दोस्तों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ. ब्लॉग एक ऐसा मंच है जो हमें अपनी बात कहने की स्वतंत्रता देता है. हम इसका उपयोग कितना सकारात्मक रूप में कर सकते है वह हमारे विवेक पर निर्भर करता है. पाठकों एवं ब्लॉगर मित्रों का स्नेह और साथ रहा तो कुछ बरस और भी ब्लॉग जगत में टिके रह सकते हैं.........जब तक हैं तब तक आनंद लें......थ्री चीयर्स 


हिन्दी दिवस पर अर्पित हैं चंद फूलों की कलियाँ
है गांव का अल्हड़पन कुछ गांव की गलियां
कुछ हिमालयी पीर दुष्यन्ति कुछ फूल शंकरी
कुछ लहरें मन उमंग की कुछ फूलों की डलियाँ

हिंदी दिवस के अवसर पर सभी ब्लॉगर मित्रों को मेरी सादर शुभकामनायें..


बुधवार, 27 अप्रैल 2011

पांडे के पोथी पतरा अऊ पंडियाईन के मुखगरा -- ललित शर्मा

सुबह-सुबह कम्प्युटर का बटन दबा कर अंतरजाल से जुड़े ही था कि श्रीमती जी ने टेबल पर सरोता ला कर रख दिया। हम सरोता देखते ही समझ गए कि आज कैरियाँ जिबह करनी पड़ेगीं अचार के लिए। साथ ही उन्होने कह दिया कि पेड़ से कैरियाँ भी तोड़नी पड़ेगीं। आदेश का तत्काल पालन किया और दादी ने कैरियाँ तोड़ी उदय ने सायकिल की टोकरी में रख कर घर पहुंचाया। अचार के लिए पेड़ से हाथ से तोड़ी गयी कैरियाँ ही श्रेष्ठ होती है। पेड़ से जमीन पर गिरी हुई कैरियों का अचार सड़ जाता है। इधर मैने सरोता संभाल लिया। मनोयोग से कैरियों के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। श्रीमती जी मसाले तैयार करने में जुटी थी। अचार बनाना श्रम साध्य कार्य है। भोजन का मुख्य अंग होने के कारण अचार का प्रचलन सम्पूर्ण भारत में है। लेकिन घर के बने अचार की तो बात ही निराली है। बनाते वक्त सावधानी भी रखनी पड़ती है, नहीं तो फ़फ़ूंद लग कर सड़ने का खतरा निरंतर बना रहता है। बाजार के अचार तो खाने लायक ही नहीं रहते। घर के बने अचार की विशिष्टता यह है कि एक तरह का मसाला डालने के बाद भी अलग-अलग घरों के अचारों में स्वाद का बदलाव पाया जाता है।

एक बार हरिद्वार में हर की पौड़ी के पास मैने एक अचार की दुकान देखी थी। जिसमें तरह-तरह के अचार बरनियों में सजे थे। अचार देखकर लालच आ गया और सोचा कि कुछ अचार ले लिए जाए। आम, नींबू, मिर्च, कटहल, गोभी, करील, केर, गाजर, सिंगरी और भी न जाने कितने तरह के अचार थे। मैने सभी आचार 100-100 ग्राम लिए। वहाँ से मुझे मसूरी तक की यात्रा करनी थी। रास्ते में अचार का स्वाद लिया जाएगा सोच कर बैग के हवाले किया और चल पड़े। द्रोणाचार्य गुफ़ा (झंडु नाला) के पास बैठ कर सभी अचारों का स्वाद लिया। किसी भी अचार में पृथक स्वाद नहीं मिला। सब में एक जैसा ही स्वाद था। पूरा मजा किरकिरा हो गया। तब जाकर घर के अचार का महत्व समझ में आया। घर के बने अचार के तो कहने ही क्या हैं।

कल 25 अप्रेल का दिन था, इस दिन वैवाहिक बंधन में बंध कर स्वेच्छा से अपनी स्वतंत्रता को खोया था  कुछ बंधन जीवनोपयोगी होते हैं। इसमें वैवाहिक बंधन को पवित्र बंधन माना गया है। वैवाहिक जीवन में आचार और सरोते का बड़ा महत्व है। अचार से ही आचार संहिता बनती है, जिसमें प्रेम, विश्वास, सम्मान, समर्पण, एवं परिवार के प्रति जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प इत्यादि मसाले डाले जाते हैं त्तब कहीं जाकर ग़ृहस्थी नामक अचार का निर्माण होता है। जिस तरह किसी राष्ट्र को चलाने के लिए स्वनिर्मित संविधान की प्रमुख भूमिका होती है ठीक उसी तरह गृहस्थी को चलाने के लिए स्वनिर्मित आचार संहिता की भूमिका महत्वपूर्ण है। स्वघोषित आचार संहिता के सहारे बिना किसी विघ्न बाधा के जीवन नैया खेते हुए वैतरणी पार हो सकते हैं।

हाँ! एक बात है सरोता का ध्यान रखना पड़ता है। यह सरोता सिर्फ़ काटने का ही काम करता है, जोड़ने के काम तो इसकी प्रवृति में ही नहीं है। इसका निर्माण काटने के उद्देश्य से ही हुआ है। इसे चलाते वक्त नजर चूकी और यह घायल करने से नहीं चूकने वाला। इस तरह सरोते का प्रयोग करते हुए सावधानी जरुरी है। समाज में सरोते जगह-जगह मिल जाएगें जो अवसर मिलते ही आपके विश्वास को काटने का प्रयत्न करते हैं। इन सरोतों से निपटने के लिए व्यक्ति को अच्छा श्रोता होना जरुरी है। तभी सार्थक चिंतन कर नीर-क्षीर किया जा सकता है। इतिहास गवाह है राम राज में भी ऐसे ही एक सरोते ने सीता की अग्नि परीक्षा कराई थी। सरोते ने अपना काम कर दिया। आगे अब तुम भुगतो। भगवान को भी गहरा संताप सहना पड़ा। सरोते का कुछ नहीं बिगड़ा, वह आज तक चल रहा है, जैसा पहले चला करता था।

सरोते कई तरह के होते हैं, छोटी सरोती से लेकर बड़े सरोते तक मिलते हैं। सुपारी आम काटने वाले से लेकर मधुर संबधों को भी काटने वाले सरोते मिलते हैं। सरोते ऐसा नहीं है कि दाम्पत्य जीवन में ही मिलते हैं वे तो आपको प्रत्येक जगह मिल जाएगें। सरोते को साधकर आचार संहिता का पालन करते हुए अब हमारी गृहस्थी बालिग हो चुकी है। समाज में तरह-तरह के सरोते मिलते हैं, प्राचीन काल का विभीषणी सरोता प्रसिद्ध है, इसने ही अपने भाई रावण का सर्वनाश कराया था। वर्तमान में जयचंदी सरोते चलन में हैं, जो घर परिवार से लेकर देश का सर्वनाश करने पर आमादा हैं। विभीषणी एवं जयचंदी सरोते मौका देखते ही काम कर जाते हैं। पर विडम्बना यह है कि इनसे काम पड़ ही जाता है, घर में ही संभाल कर रखना पड़ता है। आवश्यकता पड़ने पर पड़ोसी भी मांग कर ले जाते हैं, लेकिन वापस कर जाते हैं। घर में रखना खतरे से खाली नहीं है।
सरोते से काम ले लिया। आम काट कर अचार बना लिया। घर में था इसलिए फ़टाफ़ट काम आ गया नहीं तो पड़ोसी से मांग कर लाना पड़ता। श्रीमती जी ने वर्षगांठ की सुबह ही सरोता सामने रख कर चिंतन करने पर मजबूर कर दिया। श्रोता को भी सरोता कहा जाता है। श्रोता वाला सरोता बनने में कोई बुराई नहीं है। अच्छा सरोता सभी पसंद करते हैं, अच्छा सरोता ही उम्दा वक्ता होता है। पांडे के पोथी पतरा अऊ पंडियाईन के मुखगरा, दुनो एकेच होथे। (पंडित जी जो पोथी पत्रा देख कर बताएंगे वह पंडिताईन मुंह जबानी ही बता देती है) क्योंकि पंडिताईन ने सरोता होने का मरम जान लिया है। इनके फ़जल से मैं भी अच्छा सरोता बनने के उद्यम में हूँ। क्योंकि वर्षगांठ पर इससे अच्छा तोहफ़ा कोई दूसरा नहीं हो सकता। आखिर कहना ही पड़ेगा सरोता जिंदाबाद।