सोमवार, 20 अप्रैल 2015

रथचक्र में कालचक्र : कलिंग यात्रा


विशाल रथ के विशाल पहिए, हाँ भई विशाल्र रथ को खींचने के लिए विशाल पहियों की योजना की आवश्यकता थी। अधिष्ठान की ऊंचाई को ध्यान में रख कर पहियों की ऊंचाई भी तय की गई थी। प्रत्येक पहिया तीन मीटर का है अर्थात नौ फ़ुट नौ इंच ऊंचाई होगी। पहिए भी साधारण नहीं है, किसी भी गहने को महीनता से निर्मित करने में एक स्वर्णकार जितना श्रम करता है, उससे अधिक श्रम एवं अलंकरण प्रत्येक पहिए में बिसु (विष्णु) महाराणा के कारीगरों ने किया है। धातु पर कार्य करने अपेक्षा शिलाओं पर कार्य करना अत्यधिक कठिन है। शिलाओं पर जो भी कार्य होता है वह पूर्णता की ओर ही बढ़ता है। एक छेनी गलत चल जाने पर सुधार की गुंजाईश नहीं रहती। फ़िर वह दोष सहस्त्राब्दियों तक के लिए स्थाई हो जाता है।

मैं चक्र का निरीक्षण कर रहा था और बिकाश का ध्यान चक्र के साथ फ़ोटो लेने में था। यह वही स्थान है जहाँ अधिकतम पर्यटक एक चित्र जरुर लेते हैं। बिकाश मेरे सुक्ष्म निरीक्षण में व्यवधान उत्पन्न कर रहा था। कहते हैं "लौंडों की दोस्ती, जी का जंजाल"। बस कुछ ऐसा ही मामला था। उसकी रुचि कोणार्क के सतही दर्शन में थी और मेरी इच्छा गहन अध्ययन करने में। बस अपनी आंखो से देख कर समझने पर विश्वास है। जो देखा उसके विषय में मंतव्य अपनी मंत्रणा के हिसाब से देता हूँ। बिकाश की ईच्छा पूर्ण करनी पड़ी। वर्तमान में एक नई समस्या का सामना भी करना पड़ रहा है। कैमरे से फ़ोटो खींचने के साथ वही दृश्य मोबाईल से भी खींचना पड़ता है। एक ही दृश्य को दो-दो बार कैद करना पड़ता है। डिजिटल युग ने फ़ालतु के काम बढ़ा दिए। 

सूर्य रथ समस्त चक्र (पहियों) की परिकल्पना एक जैसी है। प्रत्येक में 8 आरे है और इन आरों के मध्य इतने ही लघु आरे भी हैं। अगर थोड़ा सा दिमाग लगाए और खोपड़ी खुजाएं तो निर्माणकर्ता ने प्रत्येक पहिए को 24 घंटे का बनाया और इस 24 घंटे को 8 बड़े एवं 8 छोटे आरों में विभक्त किया है। अब बड़े आरे 24 घंटे को आठ भागों में विभक्त करते हैं तो प्रत्येक आरा मध्य के हिस्से तीन घंटे आते हैं। इसी तरह छोटे आरे मध्य के हिस्से नब्बे मिनट आते हैं। इन नब्बे मिनटों को पाठे के 30 लघु गोलकों  में बांटा गया है इस तरह प्रत्येक लघुगोलक के हिस्से तीन मिनट आते हैं और लघु गोलक पर पड़ने वाली छाया को तीन हिस्से में बाटने पर एक मिनट का समय होता है। जो घंटे की प्रथम इकाई है। यह सूर्य घड़ी न्यूनतम इकाई मिनट तक का समय बता सकती है।  इससे तय होता है कि यह एक सूर्य घड़ी है। जो सूर्य की परछांई के हिसाब से समय बताती है। 

सूर्य रथ के इन चक्रों में जीवन स्पंदित होता है, जिस तरह हम वर्तमान के चलचित्र देखते हैं और उसमें जीवन से संबंधित सभी कारक एवं कारण दिखाई देते हैं, उसी तरह इन चक्रों में उत्कीर्ण वृक्ष, वल्लरियाँ, वन चर, जल चर, थलचर, नभचर एवं मानवों के साथ देवताओं को स्थान दिया गया है। प्रतीत होता है स्वर्ग यहीं उतर आया है। प्रथम चक्र में अवतारों को स्थान दिया है। सूर्योदय के समय व्यक्ति की दिनचर्या में ईश्वर स्तुति उपासना प्रमुख कार्य होता है, जो देवताओं के स्मरण के बगैर संभव नहीं है। जिस तरह लौकिक परम्परा में गणपति का प्रथम स्थान है, उसी तरह शिल्पकार भी छेनी और हथौड़ी उठाता है तो सर्वप्रथम स्वमान्य, कुलमान्य ईष्टदेव का स्मरण कर कार्य को प्रारंभ करता है। 

चक्र के प्रत्येक भाग को महीनता से अलंकृत किया गया है, अलंकरण देख कर ऐसा लगता है कि शिल्पकार दत्तचित्त होकर प्रस्तर पर आभुषणों का निर्माण कर रहा हो। चक्र की धूरी पर अलंकृत कील अत्यधिक महत्वपूर्ण है, भले ही इसका निर्माण अलंकरण की दृष्टि से किया है परन्तु इस पर रथ संचालन का समस्त भार है। सूर्य रथ का चालक अरुण रथ हांकने से पहले एक दृष्टि तो अवश्य धूरी की कील पर डालता ही होगा। धूरी पर पद्मांकन किया गया है जो इसके सौंदर्य में वृद्धि कर रही है। चक्र के पार्श्व में गज, नर, वानर, सिंह इत्यादि को उत्कीर्ण किया गया है। जैसे की सम्पूर्ण वनांचल ही अर्क रथ का स्वागत करने चला आया हो। 

अगले चक्र में सांझ का वर्णन दिखाई दे रहा था। सांझ के समय सूर्य अस्ताचल को जाता है और दिन भर के कार्य सम्पादन के पश्चात मनुष्य को आलस घेर लेता है और वह रात की प्रतीक्षा करता है, या फ़िर सांझ ढ़लते ही दिवस भर से नायिका प्रियतम की प्रतीक्षा में उकता कर उबासियाँ और अंगड़ाईयाँ लेते हुए द्वार आहट को सुनने के लिए व्यग्र रहती है। इन भावों का प्रभावोत्पादक ढ़ंग से इस चक्र आठों आरों पर चित्रण किया गया है। किसी चित्र में नायिका आ उत्तरीय हवा से उड़कर उसके पुष्ट सौंदर्य को प्रदर्शित कर रहा है तो कहीं वह चौकी पर बैठी हुई व्यग्रता से प्रतीक्षारत दिखाई देती है।  … जारी है, आगे पढ़ें……।

रविवार, 19 अप्रैल 2015

कोणार्क का अठपहरिया : कलिंग यात्रा


हमारे समक्ष दो-दो सूर्य रथ थे। एक धरा पर समक्ष और दूसरा आकाश से सिर पर तप रहा था। जहाँ पाषाण होते हैं, वहां सर्दी-गर्मी में सहज ही वृद्धि हो जाती है। सूर्य की दो पत्नियाँ हैं, पहली प्रभा और दूसरी छाया। प्रभा तो सूर्य के साथ रथ पर सवार थी और छाया जो शीतलता देती है, वह कहीं निद्रालीन हो गई, क्योंकि सूर्य मंदिर मंदिर में छाया दिखाई नहीं दे रही थी। छाया देवी ही मातृरुप वत्सल हैं, जो सूर्य के कोप से जन की रक्षा करती हैं। सूर्य का हृदय पिता के समान कठोर है तो छाया का हृदय माता भगवती के जैसा स्नेहील और ममत्व भरा। हम चूक गए उनका स्नेह पाने से। खैर दिन ढलने लगेगा तो छाया देवी पुन: सक्रीय हो जाएगी अपना आंचल फ़ैला कर और सूर्य के कोप से कुछ राहत मिलेगी।
नाट मंडप एवं जगमोहन (भोग मंडप)
हमारे द्वारा नाट मंडप की पैड़ियाँ उतरने के बाद समक्ष विशाल जगमोहन दिखाई देता है। कलिंग निर्माण शैली में मंदिरों में मंडप के स्थान पर जगमोहन निर्मित करने की परम्परा है। नाट मंडप एवं जगमोहन के मध्य प्रांगन में अरुण स्तंभ लगा हुआ था। इस स्तंभ पर गरुड़ विराजमान हैं। विक्रम कहता है कि इस अरुण स्तंभ को मराठा शासन के समय एक मराठा साधू उखाड़ कर ले गया और उसे 21 मील दूर पुरी के जगन्नाथ मंदिर के समक्ष स्थापित कर दिया। दरअसल यह मंदिर भग्न हो चुका था और इस स्थान पर घनघोर प्राकृतिक जंगल बन गया तथा यह स्थान चोर डकैतों की शरण भी हो गया। इसलिए इस मंदिर की सामग्री का उपयोग पुरी के जगन्नाथ मंदिर में किया गया।
अरुण स्तंभ पुरी : कहते हैं इसे कोणार्क से लाया गया
हमारे सामने सूर्य विशाल रथ खड़ा है, जिसमें एक तरफ़ तीन एवं दूसरी तरफ़ चार अश्व जुते हैं। अश्वों के अगले पैर हवा में है अर्थात अर्करथ वायू की गति से उड़ता जा रहा है। यह समय चक्र का प्रतीक है, समय भी तीव्र गति से उड़ रहा है। सप्ताश्व सप्ताह के सातों दिनों के प्रतीक हैं। समय चक्र और सूर्य रथ की गति, दोनो समान है। मैं सूर्य मंदिर निर्माता शिल्पकारों की कुशलता पर मुग्ध था। इस विशाल संरचना के निर्माण के लिए उन्होने सटीक योजना बनाई थी। निर्माण कार्य में प्राचीन काल से गोली, गुनिया, लेबल, सूत नामक चार उपकरणों का प्रयोग किया जाता है, जो दिखने में तो साधारण है, पर इनके बिना किसी भी निर्माण की कल्पना नहीं की जा सकती है। भले ही वर्तमान में इंजीनियरिंग कीर्तिमान गढ़ रही हो पर इन साधारण से उपकरणों का प्रयोग आज भी छोटे से लेकर बड़े निर्माण में होता है।
अर्क रथ एवं उसमें जुते अश्व
खड़ी भींत की सीधाई नापने के लिए धागे में धातू की गोली लटका कर भींत की सिधाई नापी जाती है। गुनिया कोण नापने के काम आता है। वास्तु शास्त्र में इस उपकरण का अत्यधिक महत्व है। मयमत्तम कहता है कि किसी भी भवन के कोण 90 अंश के ही होने चाहिए, न्यून या अधिक होने पर वास्तु दोष उत्पन्न हो जाता है। लेबल नामक उपकरण तल को सम (बराबर) करता है तथा सूत या धागा अन्य भिन्न कार्यों में प्रयोग होता है। इससे गुनिए से लेकर गोलाई बनाने के लिए प्रकार का कार्य भी लिया जाता है। खैर इन उपकरणों से आगे बढ़ें तो देखते हैं कि निर्माण छोटी से लेकर बड़े प्रस्तर खंडो का प्रयोग हुआ है। जो लेट्राईट, खंडोलाईट एवं क्लोराईट के हैं। समय की मार से लेट्राईट खंड जल्दी ही तबाह हो जाते हैं। वैसे भी इस इलाके में भवन निर्माण में वर्तमान में भी लेट्राईट के खंडो का प्रयोग होता दिखाई देता है।
समय चक्र (अठप्रहरी)
भोग मंडप (जगमोहन) एवं देऊल (गर्भ गृह) एक ही जगती (अधिष्ठान) पर निर्मित हैं। भूतल से अधिष्ठान तक पहुंचने के लिए 14 पैड़ियों का निर्माण किया गया है, ये जीर्णोद्धार होने के कारण कम ज्यादा भी हो सकती हैं और भोग मंडप के मुख्य द्वार तक पहुंचने के लिए जगती पर 7 पैड़ियों का निर्माण हुआ है। जगती में दोनो ओर बारह-बारह, कुल 24 चक्रों का निर्माण किया गया है। इन चक्रों को हम आभुषण मान सकते हैं। प्रत्येक चक्र स्वयं में बहुत ही मनमोहक अलंकरण है। हम दर्शन कार्य जगती के बाईं तरफ़ से प्रारंभ करते हैं। जगती के नीचे गजथर निर्मित है, जिसमें विभिन्न मुद्राओं में हाथियों का सजीव चित्रण किया गया है। इन हाथियों की संख्या लगभग दो हजार होगी। 
बहुत कुछ खास है कोणार्क में
गजथर के उपर की पंक्ति में प्रतिमाएं निर्मित की गई है, जिनमें देवी-देवता, नर, किन्नर, गंधर्व, अप्सराएं, भिन्न भिन्न भाव भंगिमा युक्त नारी चित्रण मनमोहक है। हम देखें तो सारा संसार ही सूर्य रथ पर विद्यमान है। तत्कालीन समाज की एक झांकी यहाँ उत्कीर्ण है, ऐसा लगता है कि समय का रथ यहीं आकर ठहर गया और लोगों को कहता है कि आओ देखो, जानो हमारे सामाजिक क्रिया कलापों को,  हमारे रहन सहन को और हमारी निर्माण क्षमता के समक्ष नतमस्तक हो जाओ। सूर्यरथ के सप्ताश्व सप्ताह के सातों दिनों का प्रतिनिधित्व करते हैं और 24 चक्र वर्ष के 24 पक्षों का। सूर्य रथ का कैलेंडर प्राचीन भारतीय पंचाग की गणना के हिसाब से चल रहा है। न यहाँ आगस्टस है और न जुलियस सीजर, है तो सिर्फ़ राजा विक्रम और काल चक्र………। जारी है, आगे पढ़ें……