मंगलवार, 20 जुलाई 2010

एग्रीगेटर हमारी वाणी, सुनो हमारी जुबानी

कल दिन में बिजली चली गयी थी, इसलिए कुछ काम नहीं हो पाया। इसलिए आज रात में एक नींद के बाद जाग गया, सो कम्प्युटर पर चला आया। ब्लाग पर देखा हमारी वाणी की एक टिप्पणी पड़ी हुई थी। पूर्व में हमारी से इस तरह की टिप्पणियाँ आती रही हैं।

लेकिन उस समय इनका एग्रीगेटर फ़ीडकल्स्टर पर बना हुआ था। इस तरह का एग्रीगेटर  हमने शिल्पकार के नाम से भी बना रखा है। जिससे हम अपनी पसंद की पोस्ट पढ लेते है।

ब्लागिरी एग्रीगेटर भी खुलने में समय लेता था। आज कुछ सु्धार हुआ। जल्दी खुलने लगा। जिज्ञासावश हमारीवाणी एग्रीगेटर पर गया। तो उसका कलेवर बदला हुआ था। स्क्रिप्ट ब्लागवाणी जैसी ही है। जल्दी खुल गया तो अच्छा लगा। उसमें हमने रजिस्टर करके देखा और अपने सभी ब्लाग की रिक्वेस्ट भेज दी।

मुझे लगा की एग्रीगेटर की तलाश पूरी हो गयी। लेकिन इसमें भी वही ब्लागवाणी वाली बीमारी नजर आई। नापसंद और पसंद वाली। ब्लागवाणी पर झगड़ा इसी बात का था कि लोग नापसंद की सुविधा का गलत उपयोग कर रहे थे। 

यहां भी नापसंद सुविधा का गलत उपयोग होने की पूरी आशंका है। ब्लागवाणी पर भी यही हो रहा था। लोग बिना पढे ही कुंठा निकालने के लिए अच्छी से अच्छी पोस्ट को नापसंद कर गड्ढे में डाल रहे थे। जिससे सभी ब्लागर प्रभावित हुए।

हमारी वाणी एग्रीगेटर के माडरेटर से मेरा निवेदन है कि अभी आपको एग्रीगेटर लाए कुछ दिन ही हुआ है और यह विज्ञापित एवं स्थापित ब्लागरों के सहयोग से होगा। इसलिए विवादास्पद विजेट अभी से बंद कर दें। जैसे नापसंद वाले विजेट। तो भविष्य के लिए सही रहेगा।

ब्लागवाणी के बंद होने के बाद हमने देख लिया कि हमारे ब्लाग पर पाठकों की आमद में कोई ज्यादा अंतर नहीं पड़ा। पाठक आते रहे। पाठक सर्च इंजन से आते हैं और ब्लागर एग्रीगेटर से। इसलिए बिना एग्रीगेटर के भी ब्लाग पढे जा रहे हैं। इंडली स्वचालित एग्रीगेटर नहीं होने से फ़ेल है। वह स्वयं फ़ीड नहीं लेता।

मेरा आपसे यही आग्रह है कि यदि आप हमारी वाणी को निर्विवादित रुप से चलाना चाहते है तो पहले नापसंद वाले विजेट को हटाएं एवं जैसे इंडली ने एक सुविधा दी है कि विवादित पोस्ट को अलग से दिखाना।

विवादित ब्लाग और पोस्ट को आपको दिखाना है तो उसके लिए अलग से टैग बनाकर वहां दि्खाएं। जिससे बाकी ब्लाग प्रभावित न हों।

अगर आपको हमारी बात समझ में आती है तो सुने और सुधार करें। हमारी वाणी के नए कलेवर के साथ आने पर मैं आपको हार्दिक बधाई देता हूँ और हमारी वाणी लोकप्रिय हो इसके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूँ।

सोमवार, 19 जुलाई 2010

ये इश्क नहीं आसां जानम तुम समझा करो

ये रात भीगी-भीगी ये मस्त फ़िजाएं,उठा ये धीरे-धीरे वो चांद प्यारा, हूँ हूँ हूँ हो हो हो, बरसात को देखते हुए बस युं ही गाने का मन हो गया, रास्ते में भीग गए और कुछ पंक्तियां गा बैठे, गा क्या बैठे, मुसीबत मोल ले ली, फ़ंस गए जंजाल में, मन में बसी पुरानी यादों का घायल पंछी फ़ड़फ़ड़ाने लगा। उमड़ घुमड़ कर यादों के बादल बरसने लगे।

तनहाई में सोई हुई यादें फ़िर जाग उठी, तन मन सब भीगा था। रपटीली राह में मील के पत्थर भीग रहे थे, मैं उन्हे देख रहा था। कब से मेरे सफ़र के साथी बने हुए हैं। याद करके रोमांचित था ।कितना सफ़र तय कर लि्या, इतने कम समय में,

सोच रहा था, आज रपट जाएं तो हमें न उठईयो, हमें जो उठईयो तो खुद भी रपट ज़ईयो, ज़ाने कब से इंतजार है उनके रपटने का, लेकिन आज तक रपटे नहीँ और न ही हमें उठाया। हम युं ही गुनगुनाते रहे हैं।सावन के महीने में,एक आग सी सीने में, लगती है तो पी लेता हूँ, दो चार घड़ी जी लेता हूँ।

मौसम के साथ इश्क के फ़ूल भी खिलते और मुरझाते हैं। तितलियाँ भी अवसर देख कर आती है, फ़ूलों पर मंडराती हैं,भंवरे भी तभी गुनगुनाते हैं, जब मौसम आता है तितलियों का।

दो ही अवसर होते हैं जब जवान से लेकर बुढे भी दिन में सपने देखते हैं। आइना देख कर मुस्कुराते हैं, मुंह बनाते हैं। पुराने फ़कीरों के भी दिल के जख्म हरे हो जाते हैं, एक सावन में दुसरा फ़ागुन में। बाकी साल के 10 महीने कुछ नहीं होता। कहीं कोई शमा नहीं सुलगती, कहीं कोई परवाना नहीं जलता। कहीं तितली नहीं कहीं भंवरा नहीं, फ़ूल भी नहीं मुस्काते,कहीं कोई काव्य का निर्झर नहीं झरता,

कहीं कोई -"खिड़की से यार को बु्लाए रे" फ़ाग नहीं सुनाता। कहीं बादल नहीं गरजता,कहीं बादल नहीं बरसता, कहीं कालीदास के मेघदूत की चर्चा होती,यही दो मौसम हैं जो संयोग-वियोग के काव्य सौंदर्य को सरिता सी बहाते हैं।

गाना गाते-गाते एक हूक सी दिल में उठती है और बेचैनी के बादल उमड़-घुमड़ आते हैं। आज फ़िर मिलने की तमन्ना है आज फ़िर मरने का इरादा है, कुछ ऐसी ही उलझन दिल-ओ-दिमाग पर छाने लगती है।

कभी इंतजार रहता था उनको भी हमारे आने का, हमें बेसब्री रहती थी उनसे मिलने की, लेकिन साल भर बरसात और फ़ागुन का मौसम नहीं रहता,

जब कोई गाता हुआ मिले दुवारी पर"घर आया मेरा परदेशी, प्यास बुझी मेरी अंखियन की, परदेशी भी कहती थी और मेरा भी कहती थी, जाने कब से उन्हे इंतजार था, और कब तक इंतजार करती, अंखियों की प्यास बुझने का,

बस शाम से छज्जे पर खड़ी हो जाती, अपनी आंखे सेंकते हुए। लाला जी नीचे गल्ले पर और बे्गम अटरिया पर लोटन कबुतर उड़ा रही होती थी। क्योंकि पतंगे सभी कट चुकी थी, आसमान खाली-खाली, जैसे कबुतर उड़ाते हुए मेरा मन। उड़ा चला जाता खोज में सात समंदर पार।

बरसात में हमसे मिले तुम सजन, तुमसे मिले हम, बरसात में, पुराने रेड़ियो पर यह नया गाना बज रहा है। हम खाट पर पड़े सोच रहे हैं कि कैसे मिले बरसात में? अंधियारी रात है, मुसलाधार बरसात है। रास्ता देखने लिए लालटेन भी काम नहीं आने वाली शीशा फ़ूट जाएगा और बुझ जाएगी।

बाहर पैर रखते ही साँप बिच्छु का डर अलग से है उनके बिल में पानी भरने से सब बाहर निकल आए होगें। सामने गली में बंशी के छप्पर के नीचे बूढा खाट डाले पड़ा होगा खांसते हुए,निगहबानी करते हुए।

फ़िर आगे नदिया पार करने का खतरा। अब सजन जाए तो जाए कैसे बरसात में? कोई तुलसीदास तो है नहीं, जो चला ही जाए। इतना पा्गल प्रेमी नहीं हूँ,

न आऊं तो समझ जाना, सजन नहीं आए बरसात में। तुम्हे बरसात में ही सजन की क्यों याद आती है, कोई दूसरा मौसम नही है?  

इतना न मुझसे प्यार बढा मैं हूँ बादल आवारा, कैसे किसी का सहारा बनुं। इतना तो झल्ला नहीं हूँ कि नदी पार करने का खतरा उठाऊं। कभी-कभी मेरे दिल में एक ख्याल आता है, ख्याल ही क्यों, बहुत बुरे-बुरे डरावने सपने आते हैं।

उस बरसात में भीगना मुझे अभी तक डरा जाता है। सोचकर सारा रोमांस काफ़ूर हो जाता है जब हमें डाकू छलिया मिल गया था और तुमसे पू्छा था किसकी बेटी हो?

तुमने तुरंत सफ़ाई से झूठ बोल दिया था कि सुदामा मल्लाह की बेटी हो और उसने हमें छोड़ दिया था। अगर तुम अपने असली बाप या असली पति लाला जी का नाम बता दिया होता तो तुम्हे उठाकर ही ले जाता।

आज के जमाने में कितना जरुरी हो गया है,दो-दो बाप होना, दो-दो पतिनुमा प्राणी होना, सुरक्षा की खातिर। फ़िर भी तुम्हे सबक नहीं मिला, कहती हो सजन नहीं आए बरसात में। 

जिन्दगी भर नहीं भूलेगी वो बरसात की रात, कैसे भूल सकता हूँ? जब बादल गरजता था तो तुम डरकर सिमट जाती थी मेरे पहलु में।

कल्पना करता हूँ, बिजली की चमक में वह दृश्य किसी श्वेत श्याम चित्रपट के पोस्टर की तरह दिख रहा होगा। शिव मंदिर के खंडहर में हमें सिर छुपाने की जगह मिली थी, पूरी तरह हम भीग चुके थे।

पानी से भीगा हुआ जब तुम पल्लु निचोड़ रही थी तो उससे फ़ूलझड़ी की तरह चिंगारियाँ निकल रही थी। कितना जोश और गर्मी होती है जवानी में। बस क्या कहूँ, उस दिन की बात-वो थी हमारे जीवन की आखरी रात।

तुम्हारे से मिलने आना मुश्किल है क्योंकि बरसात वैसी ही है,लेकिन प्यार में वो जु्म्बिश नहीं रही। लाला ने मुस्टण्डे पाल लिए हैं, दुगना खतरा बढ गया है।

ये इश्क नहीं आसां, जानम तुम समझा करो। बस इतनी ही अर्ज है-" बचपन की मुहब्बत को, दिल से न जुदा करना। जब याद मेरी आए, मिलने की दुआ करना, मिलने की दुआ करना.......!