सूर्य मंदिर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सूर्य मंदिर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 11 अगस्त 2016

मरखेरा का सूर्य मंदिर: टीकमगढ़

आरम्भ से पढ़ें 
आज की सुबह टीकमगढ़ में हुई, स्नान ध्यान के पश्चात मरखेड़ा का सूर्य मंदिर देखने का कार्यक्रम था। सुबह का नाश्ता मरावी साहब के घर पर हुआ और सपरिवार हम मड़खेरा का मंदिर देखने के लिए चल दिए। टीकमगढ़ के विषय में आरंभिक जानकारी है कि यह टीकमगढ़ जिले का मुख्यालय है। शहर के मूल नाम 'टेहरी' था। 1783 ई ओरछा विक्रमजीत (1776 - 1817 के शासक) में ओरछा से अपनी राजधानी टेहरी में स्थानांतरित कर दिया है और यह टीकमगढ़ टीकम (नाम कृष्ण के नामों में से एक है)। टीकमगढ़ जिला बुंदेलखंड क्षेत्र का एक हिस्सा है। यह जामनी, बेतवा और धसान की एक सहायक नदी के बीच बुंदेलखंड पठार पर है।
मरखेड़ा का सूर्य मंदिर
मरखेड़ा का सूर्य मंदिर टीकमगढ़ से लगभग 20 किमी की दूरी पर है। थोड़ी देर के सफ़र के बाद हम सूर्य मंदिर के समक्ष पहुंच गए। यह ऊंचे अधिष्ठान पर निर्मित है। इस मंदिर के विषय में जानकारी के लिए कोई भी सूचना फ़लक इस स्थान पर नहीं है। मध्यप्रदेश पुरातत्व विभाग के अधीन इस मंदिर की दुर्दशा प्रथम दृष्टया ही दिखाई पड़ती है। शिखर आमलक युक्त इस मंदिर में लघु मंडप है, जो चार स्तंभों पर खड़ा है। गर्भ गृह में सूर्य की स्थानक प्रतिमा है। जिसका जल चढाने के कारण क्षरण हो रहा है। मंदिर की जंघा में स्थापित सभी प्रतिमाओं पर यहां के लोग जल चढाते हैं, जिससे वे भी क्षरण के कगार पर हैं। एक महिला सभी प्रतिमाओं पर जल छिड़क रही थी, मैने उसे मना किया और उससे होने वाली हानि के विषय में समझाया।
अपर कलेक्टर टीकमगढ़ श्री मंंगल सिंह मरावी संग
मंदिर के द्वार पट में मिथुन शाखा एवं पुष्प वल्लरी शाखा निर्मित है, इसके दोनो तरफ़ गंगा एवं यमुना नदी देवियों का परिचारिकाओं के संग स्थापन है। द्वार के सिरदल पर मुख्य सप्त अश्वरथारुढ भगवान सूर्य विराजमान हैं। उसके अतिरिक नवग्रह भी दिखाई देते हैं। इसके अतिरिक्त व्यालांकन भी है। भित्तियों में कुबेर, दिक्पाल, अश्वारुढ सूर्य, ब्रह्माणी, वराह अवतार, नृसिंह अवतार, स्थानक गणपति, निर्मांसा चामुंडा, कीर्तिमुख, अप्सराएँ, गंधर्व, दंडधर इत्यादि स्थापित हैं। प्रतिमा अलंकरण की दृष्टि से यह मंदिर समृद्ध है। इसके समक्ष एक प्राचीन कुंआ भी है। इसके अतिरिक्त कुछ प्रतिमाएं प्रांगण में भी रखी हुई हैं।
वराह अवतार
भारत में सूर्य मंदिरों की संख्या कम ही है, परन्तु बुंदेलखंड में सूर्य मंदिर बहुत सारे हैं। टीकमगढ़ जिले में ही लगभग नौ सूर्य मंदिर बताए जाते है। बुंदेलखंड में वाकाटकों का शासन भी रहा है। मरखेड़ा के सूर्य मंदिर का निर्माण वाकटकों ने कराया था। सूर्य मंदिर दर्शन कर हम लौट रहे थे तो एक स्थान पर सड़क के दोनो तरफ़ बैरक दिखाई दीं। इनके बीच से होकर सड़क का टीकमगढ़  की ओर जाती है। पता चला कि यह टीकमगढ़ राजा की निजि संपत्ति है। पहले इस स्थान पर राज्य के अपराधियों को रखा जाता था। सड़क दोनो छोर पर द्वार हैं, जिन्हें सांझ को बंद कर दिया जाता था। 
कुबेर
इस स्थान हमें एक द्वार पर 1770 में निर्मित श्री महारानी कुंवर जू की बावरी लिखा दिखाई दिया। तो बावड़ी देखने की इच्छा से गाड़ी रुकवा ली गई। द्वार बंद था, ऊपर छत पर एक वृद्ध दिखाई दिया, जो हमारी गाड़ी देखते ही एक कक्ष में समा गया। उसे बहुत आवाज देने पर बड़ी मुश्किल से बाहर आया और द्वार खोलने से मना कर दिया। थोड़ा सनकी टाईप का डोकरा लगा। बावड़ी देखने की हमारी इच्छा अधूरी रह गई। कहते हैं कि किसी कलेक्टर ने इस जेल के दोनो तरफ़ बने हुए दरवाजों को तुड़वा दिया था। तब से राजा साहब नाराज हैं। ड्रायवर ने बताया कि द्वार होने से दूसरी तरफ़ का कुछ दिखाई नहीं देता था और दुर्घटनाएँ हो जाती थी।
रजवाड़े की जेल और बावड़ी
 टीकमगढ के समीप ही आलमपुरा ग्राम पंचायत के अधीन बजरंग बली एवं विश्वकर्मा जी का मंदिर है। हमें यह स्थान सड़क से दिखाई दिया तो उधर चल दिए। यहां बजरंग बली के दो मंदिर हैं, विशेष पर्व पर यहां श्रद्धालुओं का मेला भरता है। इस स्थान को बाड़ से घेरा गया है। जिसके कारण गाड़ी पीछे ही छोड़नी पड़ी। मंदिर में भोग का समय हो गया था। हमने बजरंग बली और भगवान विश्वकर्मा के दर्शन किए और प्रसाद इत्यादि ग्रहण कर टीकमगढ़ लौट आए। दोपहर का भोजन करने के बाद थोड़ी देर आराम किए। उसके बाद सांझ को बरसात होने लगी। हमको झांसी से आज संपर्क क्रांति से घर की ओर लौटना था। 
आलमपुरा का हनुमान मंदिर
बस स्टैंड से हम ओरछा के लिए निकल लिए। मुकेश पाण्डेय जी स्टैंड तक आ गए थे। इसके बाद रात का भोजन होटल राजमहल में किए। हमारी ट्रेन रात साढ़े ग्यारह बजे थे। मुकेश जी झांसी छोड़ने जा रहे थे, होटल मालिक ने कहा कि इन्हें मैं छोड़ दुंगा स्टेशन तक। हमारे पास ओरछा जाने के लिए आधा घंटा था पर पन्द्रह मिनट ओरछा स्टेशन पर क्रासिंग का गेट बंद होने के कारण खराब हो गए। हम तो मान बैठे थे कि अब गाड़ी हाथ आने वाली नहीं है। बड़ी मुश्किल से तत्काल में टिकट कन्फ़र्म हुई थी और एक बड़ी समस्या यह है कि छत्तीसगढ़ की ओर आने-जाने वाली सभी गाड़ियाँ झांसी से रात को ही गुजरती हैं।
सफ़र के दौरान यह भी मिली
सेंगर जी ने स्टेशन के गेट पर छोड़ा, हमने गोली की तरह छूटते हुए स्टेशन में प्रवेश किया। प्लेट फ़ार्म पर कोई ट्रेन दिखाई नहीं दे रही थी। हमने द्वार पर खड़े टीटी से पूछा तो उसने कहा कि इन्क्वारी में पूछिए, मुझे नहीं पता। अब इन्क्वारी में पूछ कर टाईम खराब करना था । यहां तो एक एक सेंकंड कीमती था। फ़िर भी इन्क्वारी तक पहुंचे तो उसने बताया कि ट्रेन तीन घंटे विलंब से चल रही है। तब जाकर सांस में सांस आई और हमारा घर की ओर आना कन्फ़र्म हुआ। बाकी के तीन घंटे प्लेट फ़ार्म पर भजन करते हुए गुजारने पड़े। 31 मई से श्रुति का इंजीनियरिंग का एक्जाम प्रारंभ होना है और सेंटर घर से 9 किमी की दूरी पर गांव में है, उसे कॉलेज तक छोड़ने और लेने जाना पड़ता है। लगा कि अब भले ही देर से सही घर तो पहुंच जाएंगे।
ओरछा का बस स्थानक
सोशल मीडिया ने भी बहुत सारे दोस्त दिए हैं, जो इस जन्म में मिलने वाले थे वे प्रत्यक्ष मिल लिए और जो पिछले जन्म के मित्र थे, वो आभासी दुनिया से मिल रहे हैं, ऐसा मेरा मानना है। इनमें कुछ मित्र तो ऐसे मिले जिनसे पारिवारिक संबध स्थापित हो गए। लगता ही नहीं कि कभी मिले थे। कटनी पहुंचने के पूर्व फ़ेसबुक मित्र सुधीर तिवारी जी का फ़ोन आया। यहां सम्पर्क क्रांति तीन घंटे विलंब से पहुंच रही थी। वे स्टेशन पर मिलने के लिए आए और गर्मागर्म नाश्ता भी साथ लेकर आए। मुसाफ़िर से यह मुलाकात भी अच्छी रही।  थोड़ी चर्चा के बाद एक सेल्फ़ी ली गई यादगार के लिए और फ़िर ट्रेन चल पड़ी। विलंब से ही सही लेकिन समय पर घर पहुंच गए। इस तरह कई प्रदेशों से गुजरते हुए एक लम्बी यात्रा सम्पन्न हुई।

गुरुवार, 24 सितंबर 2015

सूर्य मंदिर कोणार्क के विध्वंस की कथाएं - कलिंग यात्रा

प्रारंभ से पढ़े…… जब इतिहास के पन्नों पर समय की गर्द जमा हो जाती है तो सत्यता भी प्रभावित होती है। तब बहुत सारी किंवदन्तियाँ, मिथक, कहानियां एवं गल्प कथाएं उसका स्थान लेकर सत्य को ढक कर भ्रमित कर देती हैं। यही स्थिति कोणार्क की भी है। इसके विध्वंस के पार्श्व में कई तरह के मिथक एवं लोकमान्यताएं प्रचलित हैं। इनके बीच सत्यान्वेषण करना कठिन एवं दूरुह कार्य है। लिखित अभिलेख एवं प्रमाण मिलने पर सत्यता सामने आ जाती है, परन्तु प्रमाण न होने के कारण सिर्फ़ कयास ही लगाए जा सकते हैं या जनश्रुतियों एवं लोकमान्यताओं पर ही आधारित रहना होता है।

चुम्बक पत्थर - विध्वंस के पीछे जनश्रुति है कि सूर्य मंदिर के शिखर पर एक चुम्बक पत्थर लगा था, इसके प्रभाव से समुद्र से गुजरने वाले सागरपोत इस ओर खींचे चले आते थे जिससे उन्हें भारी क्षति होती थी और उनके दिशा निरुपण यंत्र चुम्बक के प्रभाव में आने के कारण भ्रमित हो जाते थे। जिससे दिशा भ्रम हो जाता था। इसलिए मुस्लिम नाविक इसे निकाल ले गए। केन्द्रीय शिला के स्थान पर यह चुम्बक प्रयुक्त होता था, इसे निकालने के कारण मंदिर की भित्तियों का संतुलन बिगड़ गया और दीवारे गिर पड़ी। इस घटना कोई आधार नहीं मिलता न कोई लिखित अभिलेख। सबसे पहले प्रश्च यह उठता है कि शिखर की टनों वजनी शिला को आवेशित कर चुम्बक किस तरह बनाया गया होगा? आठ सौ वर्षों पूर्व इतने बड़े चुम्बक बनाने का उदाहरण कहीं नहीं मिलता। इससे प्रतीत होता है कि चुम्बकीय पत्थर की कहानी कपोल कल्पित है।

वास्तु दोष - कई वास्तु शास्त्री मानते हैं कि मंदिर निर्माण परिकल्पना में वास्तु दोष था। यह भवन वास्तु के नियमों के विपरीत तैयार हुआ था। वास्तु शास्त्री तर्क देते हैं कि - मंदिर का निर्माण रथ आकृति होने से पूर्व, दिशा, एवं आग्नेय एवं ईशान कोण खंडित हो गए। पूर्व से देखने पर पता लगता है, कि ईशान एवं आग्नेय कोणों को काटकर यह वायव्य एवं नैऋर्त्य कोणों की ओर बढ़ गया है। प्रधान मंदिर के पूर्वी द्वार के सामने नृत्यशाला है, जिससे पूर्वी द्वार अवरोधित होने के कारण अनुपयोगी सिद्ध होता है। नैऋर्त्य कोण में छायादेवी के मंदिर की नींव प्रधानालय से अपेक्षाकृत नीची है। उससे नैऋर्त्य भाग में मायादेवी का मंदिर और नीचा है। आग्नेय क्षेत्र में विशाल कुआं स्थित है। दक्षिण एवं पूर्व दिशाओं में विशाल द्वार हैं, जिस कारण मंदिर का वैभव एवं ख्याति क्षीण हो गई हैं। मै मानता हूं कि सूर्यमंदिर के पतन में कोई वास्तु दोष कार्य नहीं कर रहा था। यह मानव के दिमाग की उपज मात्र है। बिसु महाराणा उत्तम दर्जे का वास्तुकार था, उसके कार्य पर संदेश नहीं किया जा सकता।

राजा की अकाल मृत्यू - यह कई इतिहासकारों का मत है, कि कोणार्क मंदिर के निर्माणकर्ता, राजा लांगूल नृसिंहदेव की अकाल मृत्यु के कारण, मंदिर का निर्माण कार्य खटाई में पड़ गया। इसके परिणामस्वरूप, अधूरा ढांचा ध्वस्त हो गया। लेकिन इस मत को एतिहासिक आंकड़ों का समर्थन नहीं मिलता है। पुरी के मदल पंजी के आंकड़ों के अनुसार और कुछ १२७८ ई. के ताम्रपत्रों से पता चला, कि राजा लांगूल नृसिंहदेव ने १२८२ तक शासन किया। कई इतिहासकार, इस मत के भी हैं, कि कोणार्क मंदिर का निर्माण १२५३ से १२६० ई. के बीच हुआ था। अतएव मंदिर के अपूर्ण निर्माण का इसके ध्वस्त होने का कारण होना तर्कसंगत नहीं है। ऐतिहासिक प्रमाणों की दृष्टि से यह दावा भी खारिज हो जाता है।

शिल्पकार की मृत्यू - जन श्रुति है कि इस मंदिर में कभी पूजा नहीं हुई, एक दंतकथा प्रचलित है कि संपूर्ण प्रकार के निर्माण हो जाने पर शिखर के निर्माण की एक समस्या उठ खड़ी हुई। कोई भी स्थपति उसे पूरा कर न सका तब मुख्य स्थपति के धर्मपाद नामक 12 वर्षीय पुत्र ने यह साहसपूर्ण कार्य कर दिखाया। उसके बाद उसने यह सोचकर कि उसके इस कार्य से सारे स्थपतियों की अपकीर्ति होगी और राजा उनसे नाराज हो जाएगा, उसने उस शिखर से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मौत के पश्चात इस मंदिर में न प्राण प्रतिष्ठा हुई और न कोई पूजा हो सकी। इसलिए देख रेख के अभाव में मंदिर ढहते गया।

एक कथा के अनुसार, गंग वंश के राजा नृसिंह देव प्रथम ने अपने वंश का वर्चस्व सिद्ध करने हेतु, राजसी घोषणा से मंदिर निर्माण का आदेश दिया। बारह सौ वास्तुकारों और कारीगरों की सेना ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा और ऊर्जा से परिपूर्ण कला से बारह वर्षों की अथक मेहनत से इसका निर्माण किया। राजा ने पहले ही अपने राज्य के बारह वर्षों की कर-प्राप्ति के बराबर धन व्यय कर दिया था। लेकिन निर्माण की पूर्णता कहीं दिखायी नहीं दे रही थी। तब राजा ने एक निश्चित तिथि तक कार्य पूर्ण करने का कड़ा आदेश दिया। 

बिसु महाराणा के पर्यवेक्षण में, इस वास्तुकारों की टीम ने पहले ही अपना पूरा कौशल लगा रखा था। तब बिसु महाराणा का बारह वर्षीय पुत्र, धर्म पाद आगे आया। उसने तब तक के निर्माण का गहन निरीक्षण किया, हालांकि उसे मंदिर निर्माण का व्यवहारिक ज्ञान नहीं था, परन्तु उसने मंदिर स्थापत्य के शास्त्रों का पूर्ण अध्ययन किया हुआ था। उसने मंदिर के अंतिम केन्द्रीय शिला को लगाने की समस्या सुझाव का प्रस्ताव दिया। उसने यह करके सबको आश्चर्य में डाल दिया। लेकिन इसके तुरन्त बाद ही इस विलक्षण प्रतिभावान का शव सागर तट पर मिला। कहते हैं, कि धर्मपाद ने अपनी जाति के हितार्थ अपनी जान तक दे दी। सूर्य मंदिर से हम चंद्रभागा के तट की ओर चल पड़े ………   आगे पढ़े जारी है………