बुधवार, 8 अप्रैल 2015

शिल्पियों का पराक्रम और कपार फ़ोड़ गर्मी - कलिंग यात्रा

विक्रम, विक्रम दास। हाँ उसने अपना नाम विक्रम ही बताया था। वाह! कितना सुंदर नाम है, विक्रम। लगा कि अर्कसाल में पहुंच कर साक्षात विष्णु ही प्रकट हो गए हैं हमारा मार्ग दर्शन करने के लिए। पान चबाते हुए हाथों से भंगिमा बना कर जब विक्रम मुझसे अपनी बात कह रहे थे तो लग रहा था कि कोई बहुत बड़ा पुराशास्त्री मुझ नासमझ को समझा रहा हो। सच तो यही था, उस स्थान से मैं अपरिचित था, अस्तु नासमझी भी थी। अर्करथ सिर पर पहुंच चुका था, उसकी रश्मियाँ सीधे ही हमला कर कपार फ़ोड़े दे रही थी। श्वेद बिंदू चूह कर आँखों टपकने लगे। नमकीन जल जलन पैदा कर रहा था। रुमाल निकाल कर चेहरे को पोंछा और बोतल से जल निकाल कुछ छींटे मारे, तब विक्रम से पराक्रम से परिचित होने लायक उर्जा आई। विकम, कोणार्क स्मारक का शासकीय रक्षक है और वही अब हमारा गाईड बन गया था। 
विक्रम दास 
कोणार्क परिसर में ही एक विशाल वट वृक्ष है, जिसकी जड़ों ने सैकड़ों नए वट तैयार कर लिए, मूल वृक्ष लगभग गायब ही हो चुका है। इसकी उम्र देख कर लगता था कि यह कोणार्क के निर्माण एवं पतन का साक्षी है। कुछ देर के लिए हम इसकी छाया में बैठ गए और बिकास बाबू कैमरे से धड़ाधड़ चित्र लेने लगे। दोपहर के दो बज रहे थे और यह समय किसी स्थान पर भ्रमण के लिए उपयुक्त नहीं था। उपयुक्त न होने पर भ्रमण तो कर सकते थे, परन्तु प्रकाश संयोजन अनुकूल न होने से फ़ोटोग्राफ़ी के समस्या उत्पन्न हो जाती है। फ़ोटोग्राफ़ी के लिए सुबह एवं शाम का समय ही सर्वथा उपयुक्त होता है। प्रकृति अपनी लय ताल पर चलती है और आदित्य राजा को कौन रका है? कौन थाम सका है उनके अश्वों की लगाम। त्रिभुवन में ऐसा कोई न हुआ फ़िर हम तो क्षुद्र मानव है, जिन्हें जन्म से ही हर उस वस्तु के आगे सिर झुका कर चलना सिखाया है जो उसकी पहुंच के बाहर है। 
भुबनेश्वर स्टेशन 
प्रारंभ से ही विलंब हो गया था। हमारी ट्रेन सुबह साढे सात बजे भुवनेश्वर स्थानक पर पहुच चुकी थी और हमें गेस्ट हाऊस के आरक्षण के विषय में बता दिया गया था, साथ ही संबंधित अधिकारी का मोबाईल नम्बर भी दे दिया गया था। उनसे हमने ट्रेन में सवार होते ही पता पूछ लिया था और निश्चिंत हो गए थे। कलिंग भ्रमण का कार्यक्रम हमारा अन्य कार्यक्रमों की तरह अचानक ही बना था। बिकाश ने साप्ताहिक छुट्टी ले रखी थी और मैं भी कहीं जाने के मुड में था। मैं चाहता था कि 2-3 हजार किलोमीटर का बाईक से ही सफ़र किया जाए। पर बिकाश इसके लिए तैयार नहीं हुआ। तो हमने ट्रेन से ही पुरी जाने की सोची। रायपुर से शाम सवा पाँच बजे दुर्ग - पुरी इंतरसिटी एक्सप्रेस पुरी के लिए प्रस्थान करती है। हमने सोचा कि ट्रेन में ही स्लीपर का आरक्षण मिल जाएगा इसलिए सामान्य टिकिट लेकर टीटी से सम्पर्क किया। पता चला कि स्लीपर में एक भी सीट खाली नहीं है। तो हमें वातानुकूलित बोगी की ओर जाना पड़ा। वहां सीट खाली मिल गई और अतिरिक्त 17 सौ रुपए की चपत भी लग गई।
भुबनेश्वर शहर 
भुवनेश्वर पहुंचने पर हमने 4 दिन बाद का आरक्षण पहले करा लिया। उसके बाद आटो वालों से सम्पर्क कर पता बताया तो कोई सामतापुर, कोई सामतारायपुर कोइ सांतरापुर कहता था। अब इसके ही फ़ेर में हम पड़ गए। मुझे पता चला था कि लिंगराज मंदिर के समीप ही यह गेस्ट हाऊस है। एक बंदा 70 रुपए में वहाँ तक जाने को तैयार हुआ और खुद न जाकर उसने दूसरा आटो वाला हमारे लिए भेज दिया। हमने लिंग राज मंदिर पहुंच कर पता पूछा तो पुलिसवाली ने दूसरी जगह बता दिया। अब आटो वाला कहने लगा कि वहाँ ले जाने का डबल किराया लुंगा। जबकि वह मुस्किल से 2 किलोमीटर ही आया होगा। मुझे ऐसा लगने लगा कि हिन्दीभाषी होने और उड़िया न समझने के कारण लूटना चाहता है। घड़ी का कांटा सरकते जा रहा था और हमें विलंब हो रहा था। पुलिस वाली के बताए स्थान पर भी वह गेस्ट हाऊस नहीं मिला। तो फ़िर उस अधिकारी को फ़ोन लगाया जिससे कल बात हुई तो पता चला कि वह सांतरापुर है। फ़िर हम सांतरापुर गेस्ट हाऊस पहुंच और आटो वाले पंडे का पूजन कर सुबह सुबह 150 की दक्षिणा देनी पड़ी।
भूभनेश्वर में ऑटो की सवारी 
नहाते-धोते नाश्ता करते 11 बज गए, अब हमने तय किया कि पहले कोणार्क चला जाए। हमें बताया गया कि सांतरापुर से थोड़ी दूर कल्पना चौराहे से कोणार्क के लिए बस मिल जाएगी। साढ़े ग्यारह बजे हमें एक ठसाठस भरी हुई बस मिली और उसमें हम चढ़ गए। उड़ीसा में बसों का किराया हमारे प्रदेश की अपेक्षा काफ़ी कम है। लगभग 65 किलोमीटर के सफ़र के लिए हम दोनो से 70 रुपए किराया लिया गया तो आश्चार्य हुआ। पब्लिक ट्रांसपोर्ट इतना सस्ता है, वैसे बंगाल में भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट बहुत सस्ता है। हमारे छत्तीसगढ़ में दुगना और तिगुना किराया है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट वालों ने तो लूट मचा रखी है। खैर बिकाश बाबू के अथक प्रयासों के माध्यम से हमें बैठने लिए सीट मिल गई और लगभग डेढ बजे हम कोणार्क पहुंच गए।  कोणार्क के मेडिकल चौक पर बस ने हमें उतार दिया और वहाँ से पैदल-पैदल हम मंदिर तक पहुंच गए। मंदिर में प्रवेश करने के लिए भारतीयों से प्रति वयस्क 10 रुपए शुल्क लिया जाता है। मैने 2 टिकिट खरीद ली और उससे पुरातत्व के आफ़िस का पता पूछा तो एक गार्ड हमें आफ़िस तक पहुंचा आया।
नवग्रह शिला कोणार्क 
कोणार्क के कंजरवेटर आफ़िसर महापात्रा भुवनेश्वर गए हुए थे और हमें मंदिर भ्रमण कराने की जिम्मेदारी विक्रम पर डाल दी गई। यह वही विक्रम है जिसका जिक्र मैने पहले किया है। भूख तो लगने लगी थी पर सोचा कि पहले मंदिर भ्रमण भ्रमण किया जाए। कोणार्क का प्रसिद्ध सूर्य मंदिर। जिसके चित्र ही हम देखते आए थे, भारत में दूर-दूर तक खूब भ्रमण किया परन्तु पड़ोसी राज्य उड़ीसा के इन प्रसिद्ध समारकों तक पहुंच न सका। आज वह समय आ ही गया था। जब सूर्य मंदिर को अपनी आखों से देखुंगा। वट वृक्ष की राह में एक बड़ा ग्रेनाईट का तराशी हुई शिला पड़ी है। जिसकी लम्बाई लगभग बीस फ़ुट होगी एवं चौड़ाई और ऊंचाई 3X3 फ़ुट। इसके विषय में पूछने पर विक्रम ने बताया कि इस शिला में नवग्रह का निर्माण किया गया था। जिसे काट कर जगन्नाथ मंदिर में लगा दिया गया। इस शिला को देखने से ही मंदिर निर्माण करने वाले शिल्पियों के पराक्रम की एक झांकी दिखाई दे गई। जारी है, आगे पढ़ें। 

शनिवार, 4 अप्रैल 2015

शांगरी-ला : भूटान यात्रा - अंतिम किश्त

प्रारम्भ से पढ़ें 
सिलीगुड़ी में सुबह हुई, शहर घूमने का कार्यक्रम बना। सिलीगुड़ी में काफ़ी हिन्दी भाषी लोग भी रहते हैं और यहीं से नार्थ ईस्ट के लिए सभी गाड़ियाँ जाती है। गंगटोक, दार्जलिंग जाने वालों को यहीं आना पड़ता है। गोवाहाटी के लिए भी यहां से बस सेवा है। हमारी गाड़ी रात को न्यूजलपाईगुड़ी से थी। सिलीगुड़ी में चाईना मार्केट है और ऐसी ही एक मार्केट बस स्टैंड में भी है जहाँ वही सामान मिलता है जो चाईना मार्केट में मिलता है। हमने कुछ गर्म शाल खरीदे। नार्थ ईस्ट का डिजाईन कुछ अलग होता है और काफ़ी सुंदर भी दिखता है। इसलिए सोचा कि यादगार के तौर पर ले लिया जाए। क्योंकि भूटान में तो कैमरे के लिए सेल और चार्जर लेने में ही 1800 खर्च हो गए थे। वहां यह समान काफ़ी मंहगा मिला। अगर मुझे वहाँ पर ड्यूरो सेल मिल जाते तो दो ढाई सौ में ही काम चल जाता और 500 का सामान 1800 में नहीं खरीदना पड़ता।
सिलीगुड़ी में डाभ का स्वाद
मार्केट से लौटकर भोजन किया और बाकी साथी बागडोगरा एयरपोर्ट मार्केट चले गए और मैं होटल में ही बैठा रहा। ये अंधेरा होने पर पहुंचे। मुझे 5 घंटे बैठे बैठे गुजारने पड़े। इनके आते ही हम आटो लेकर न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पहुंच गए। सिलीगुड़ी से न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर है और यही एकमात्र है स्टेशन है जो उत्तर पूर्व को भारत से जोड़ता है। न्यू जलपाईगुड़ी में हमारी ट्रेन लग चुकी थी। मैने खाना नहीं नहीं खाया था। स्टेशन पर ही जल्दी से चावल और सब्जी लेकर खाई और ट्रेन में सवार होते ही ट्रेन अगली मंजिल की ओर चल पड़ी।
न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन
सुबह हम 9 बजे हावड़ा जंक्शन में पहुंचे। यहां रिटायरिंग रुम में रुम के लिए इंतजार करना पड़ा। बिना नहाए धोए दिन की शुरुवात करना ठीक नहीं लगता पर मजबूरी थी। क्या करते, कुछ देर बाद नम्बर आया तो पता चला कि रुम चार्ज 1200 रुपए है। हमें तो सिर्फ़ सामान ही रखना था और फ़्रेश होना था। अब फ़्रेश होने के लिए सार्वजनिक शौचालय का उपयोग करना पड़ा और सामान क्लार्क रुम में रख कर हम हावड़ा स्टेशन की जेट्टी की ओर चल दिए। हमारे साथियों को हावड़ा पुल देखना था और ऐसे स्थान की टिकिट लेनी थी जिसका स्टीमर हावड़ा पुल के नीचे से गुजरता हो। 5-5 रुपए में हमने गोलाघाट की टिकिट ली और हावड़ा ब्रिज की खूब फ़ोटुएं खींची।
लैंडमार्क ऑफ़ कोलकाता हावड़ा ब्रिज
इसके पश्चात कुछ अन्य स्थान देखने के लिए बाबू घाट की ओर चल पड़े। स्टीमर ने हमें बाबू घाट छोड़ा और सड़क पर आकर हम बिछड़ गए। भूटान में ठंड के कारण न ठीक से पानी पीया जा रहा था और न ठीक भोजन कर पाया था। बाबू घाट की पटरी पर स्ट्रीट फ़ुड की दुकाने हैं, जहां मैने देखा कि एक स्थान पर गर्मागर्म चावल, दाल, 3 सब्जी, चटनी सलाद के साथ भोजन दिया जा रहा है। बस मैने वहीं बेंच संभाल ली और पेट भर भोजन किया आत्मा तृप्त हो गई। पैसे देते समय मूल्य पूछा तो होटल वाले ने सिर्फ़ 40 रुपए लिए। इस 40 रुपए के भोजन में वह आनंद आया जो 15 दिनों के फ़ाईव स्टार के ढकोसलों में नहीं आया। इसके बाद बस से मैं हावड़ा आकर साथियों का इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद वे भी आ गए और हम अपनी ट्रेन पकड़ने के लिए शालीमार स्टेशन आ गए।
घाटशिला रेल्वे स्टेशन
शालीमार से हमारी ट्रेन सही समय पर चल पड़ी। मैं अपनी बर्थ पर थोड़ी देर के लिए सो गया। हल्ला गुल्ला होने के बाद नींद खुली तो पता चला कि ट्रेन किसी स्टेशन में खड़ी है और यह अब आगे नहीं जाने वाली। मैने स्टेशन मास्टर से पूछा तो पता चला कि आगे राउरकेला पास कहीं पर कोई विधायक रेल की पटरियों पर अपने सर्मथकों के साथ बैठे और रेल रोको आन्दोलन चला रखा है। सवारियों को ट्रेन छोड़ने की सलाह बार बार माईक से दी जा रही थी। एलाऊंस किया जा रहा था कि यह ट्रेन वापस शालीमार जाएगी और जिन्हें वहां जाना है वह इस ट्रेन से जा सकते हैं और जिन्हे नहीं जाना है वे ट्रेन छोड़ दे। हम झारखंड के सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड में थे।
बिलासपुर - आखिर छत्तीसगढ़ पहुंच गए
हमारे साथी तय नहीं कर पा रहे थे कि क्या किया जाए। पर मैने ट्रेन छोड़ना तय कर लिया था और अपना सामान लेकर प्लेटफ़ार्म की बेंच पर बैठ गया। वे भी कुछ देर में स्थिति को समझ कर आ गए। घाट शिला में रिश्तेदारों को फ़ोन किया और वे हमें लेने के लिए स्टेशन आ गए। इस तरह नेता जी एवं रेल्वे विभाग की कारस्तानी के कारण हमें जबरदस्ती एक दिन और 2 रात घाटशिला में गुजारनी पड़ी। इसके अलावा कोई रास्ता भी नहीं था। अगले दिन हमने कुर्ला हावड़ा की टिकिट ली और रात को घर पहुंचे। खुबसूरत भूटान की खुबसूरत यात्रा करके लौट आए। मुझे नेपाल से भूटान बहुत ही अच्छा लगा। कभी समय मिला तो कुछ दिन भूटान में और गुजारना चाहुंगा। आखिर इसे "सांगरिला" (स्वर्ग भूमि) जो कहते हैं।